: गाडरवारा, 944 वे सप्ताह कदम ने किया पौधारोपण
Sun, Feb 4, 2024
944 वे सप्ताह कदम ने किया पौधारोपण
गाडरवारा।जन्मोत्सव पर पौधारोपण करती आ रही कदम संस्था का साप्ताहिक पौधारोपण अभियान का 944 वें सप्ताह का पौधारोपण नर्मदा कालोनी स्थित सरस्वती शिशु उच्चतर माध्यमिक विद्यालय गाडरवारा में संपन्न हुआ जिसमें - श्रीमती बसंती पालीवाल ,चिरंजीव तनय बृजपुरिया ,कुमारी महिमा कौरव ,चिरंजीव अक्षय सोनी,के जन्म दिवस के अवसर पर एवं श्रीमती निर्मला अशोक जी राजपूत, श्रीमती मंजू अजय खत्री ,श्रीमती आशा राव संदीप सिंह, श्रीमती अनीता महेश मालपानी ,और श्रीमती गौरी अर्पित राजपूत की शादी की सालगिरह के अवसर पर पौधा रोपित हुआ ।पौधारोपित करने वाले सभी को कदम साथियों ने गायत्री मंत्र व महामृत्युंजय मंत्र के माध्यम से अपनी शुभकामनाएं दीं ।इस अवसर पर कदम साथियों के अलावा नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति ने कार्यक्रम को मव्यता प्रदान की ।
: मध्यप्रदेश लीडरशिप समिट से शासन में बढ़ेगी कुशलता और दक्षता -मुख्यमंत्री डॉ. यादव
Sat, Feb 3, 2024
मंत्रालयों और विभागों के साथ तालमेल और समन्वय को सीखने का अवसर
नेतृत्व क्षमता को विकसित करने वाला प्रबोधन कार्यक्रम
जन-प्रतिनिधि और नीति आयोग के विशेषज्ञों का हुआ उद्बोधन
अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मंत्रि-परिषद का ओरिएंटेशन प्रोग्राम
मध्यप्रदेश लीडरशिप समिट से शासन में कुशलता और दक्षता आयेगी। यह मंत्रि-परिषद की नेतृत्व क्षमता को विकसित करने वाला प्रबोधन कार्यक्रम है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान में मध्यप्रदेश लीडरशिप समिट में मंत्रि-परिषद के दो दिवसीय प्रशिक्षण और ओरिएंटेशन कार्यक्रम को संबोधित कर रहें थे। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि राज्य की मंत्रि-परिषद के निर्णय से प्रदेश की समूची जनता प्रभावित होती है। इसलिए मंत्रि-परिषद के सदस्यों का समय-समय पर प्रशिक्षण आवश्यक है। प्रशिक्षण से शासन की बारीकियां सीखने का अवसर मिलेगा जिससे प्रशासन में कसावट आयेगी और इसका सीधा लाभ मंत्रि-परिषद के निर्णयों के माध्यम से प्रदेश की जनता को मिलेगा। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि प्रशिक्षण से मंत्रि-परिषद के सदस्यों को भारत सरकार के मंत्रालयों और राज्य सरकार के विभागों के साथ तालमेल और समन्वय को सीखने का अवसर मिलेगा। वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि और नीति आयोग के विशेषज्ञों के उद्बोधन से मंत्रि-परिषद का आत्मविश्वास बढ़ेगा। इससे न सिर्फ शासन में बल्कि व्यक्तिगत जीवन को भी अनुशासित और सफल बनाने में मदद मिलेगी। अटल बिहारी वाजपेयी सुशासन एवं नीति विश्लेषण संस्थान मध्यप्रदेश द्वारा रामभाऊ म्हाळगी प्रबोधनी संस्थान के साथ जन-प्रतिनिधियों के लिये दो दिवसीय ओरिएंटेशन प्रोग्राम "लीडरशिप समिट" चल रही है। समिट के पहले दिन जन-प्रतिनिधियों के ओरिएंटेशन के लिये मुख्यमंत्री डॉ. यादव, वरिष्ठ जन-प्रतिनिधि और नीति आयोग के विशेषज्ञों के उद्बोधन के विभिन्न सत्र आयोजित हुए। मध्यप्रदेश लीडरशिप समिट के पहले दिन रामभाऊ म्हाळगी प्रबोधनी संस्थान के कार्यकारी संचालक डॉ. जयंत कुलकर्णी ने प्रशिक्षण की रूपरेखा और आवश्यकताओं पर प्रकाश डाला। सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, श्री शिवप्रकाश और श्री व्ही. सतीश ने शासन में नेतृत्व और कुशलता पर अपने विचार रखें। अंतिम सत्र में “आकांक्षाएँ एवं संकल्प भारत सरकार की अहम पहल’’ विषय पर आकांक्षी ब्लॉक कार्यक्रम अंतर्गत नीति आयोग भारत सरकार के श्री आनंद शेखर ने बताया कि नीति आयोग मध्य प्रदेश के साथ मिलकर 4 डिस्टिंक्ट एरिया में कार्य कर रहा है। सतत विकास के लक्ष्य जिसका नीति आयोग कस्टोडियन है, उसमें मध्यप्रदेश के साथ मिल कर दिनों दिन प्रगति की जा रही है। साथ ही “तनाव प्रबंधन’’ पर डॉ. विक्रांत तोमर का उद्बोधन हुआ। लीडरशिप समिट के दूसरे दिन 4 फरवरी को सुबह 10 बजे से शाम 7:30 बजे तक विभिन्न सत्रों का आयोजन होगा। इनमें “विधायी कार्य-प्रणाली’’, “अवसर एवं चुनौतियाँ’’, “आकांक्षाएँ एवं संकल्प-भारत सरकार की अहम पहल’’ एवं “प्रौद्योगिकी एवं सुशासन’’ विषय पर सत्रों का आयोजन होगा। इन सत्रों को विधानसभा अध्यक्ष श्री नरेन्द्र सिंह तोमर, पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल, श्वेता सिंह, डॉ. विनय सहस्रबुद्धे, नगरीय आवास एवं विकास मंत्री श्री कैलाश विजयवर्गीय संबोधित करेंगे।
: नरसिंहपुर, कलेक्टर द्वारा रबी फसलों का अवलोकन
Sat, Feb 3, 2024
कलेक्टर द्वारा रबी फसलों का अवलोकन
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्रीमति शीतला पटले द्वारा करेली विकासखंड के ग्राम करताज में खेतों का भ्रमण कर रबी फसलों का अवलोकन किया। उन्होंने यहां किसान श्री मनोज शर्मा के खेत जाकर काबली चना की गन्ने के साथ अंतर्वर्ती, गेंदा के साथ टमाटर की खेती, रिजवेड पर ड्रिप से प्याज, लहसुन की फसल का अवलोकन कर कृषक से चर्चा की। उन्होंने कृषि मे लगने वालीं आदान सामग्री की जानकारी ली। किसान श्री मनोज शर्मा ने बताया कि जिले में इस वर्ष उर्वरक मिलने में कोई कठिनाई नहीं आई। जिले मे पर्याप्त उर्वरक भंडारण हैंl इसके बाद कलेक्टर ने श्री राकेश दुबे के जैविक प्रक्षेत्र, ऑर्गेनिक गुड़ भट्टी से गुड़ निर्माण यूनिट का अवलोकन किया। कृषक श्री दुबे ने गन्ने के रस से गुड़ केंडी, गुड़ से चाकलेट, गुड़ से चाय मसाला, मार्केटिंग कैसे की जा रही है, विस्तार से कलेक्टर को बताया। करेली का गुड़ को भारत मे ख्याति प्राप्त है, जिसे सभी के द्वारा बहुत पसंद किया जाता है। यहां की गुड़ की विदेशों मे अच्छी मांग है। इसके बाद कलेक्टर ने शक्ति सुगर मिल जाकर पूरी यूनिट फैक्ट्री का अवलोकन किया। उन्होंने अपने समक्ष गन्ने की तुलाई व्यवस्था, भुगतान की पूरी जानकारी मिल प्रबंधन से ली। उन्होंने गन्ना विक्रय करने आए किसानो से भी चर्चा की। भ्रमण के दौरान उप संचालक कृषि श्री उमेश कुमार कटहरे, सहायक संचालक गन्ना श्री अभिषेक दुबे, वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी श्री एसके सोनी, सहायक तकनीकी प्रबंधक आत्मा रुचि शर्मा, श्री आरके उईके, श्री रवि ठाकुर और किसान मौजूद थे।