: Gadarwara विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी ने किया निरीक्षण
Tue, Jan 5, 2021
गाडरवारा। बीते सोमवार को साईंखेड़ा विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी डी के चतुर्वेदी ने शासकीय हाई स्कूल व एकीकृत माध्यमिक शाला चिरहकला, एकीकृत शासकीय माध्यमिक शाला सांगई एवं शासकीय माध्यमिक व प्राथमिक शाला बगदरा का निरीक्षण किया । उन्होंने निरीक्षण के दौरान शिक्षको से समय पर स्कूल आने जाने, कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मोहल्ला कक्षाओं के विधिवत संचालन, शासकीय रिकार्ड पूर्ण रखने, शाला परिसर की साफ सफाई रखने के निर्देश दिए। इस अवसर पर उनके साथ लिपिक अमित पटैल, मधुसूदन पटैल, राहुल कोरी, सचिन लहरिया भी मौजूद रहे।
: गाडरवारा,राष्ट्रीय गणित दिवस मनाया .
Tue, Dec 22, 2020
गाडरवारा। मंगलवार को समीपी ग्राम सांगई अंतर्गत शासकीय एकीकृत नवीन माध्यमिक शाला की मुहल्ला कक्षा में राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल एवं जिला शिक्षा केन्द्र के निर्देशानुसार विश्वविख्यात गणित शास्त्री श्रीनिवास रामानुजम के जन्मदिन के अवसर पर राष्ट्रीय गणित दिवस कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए मनाया गया। कार्यक्रम में बच्चों को देश के गणितज्ञों एवं उनके गणित के योगदान के बारे में जानकारी दी गई एवं गणित के रोचक प्रश्नों से संबंधित एक क्विज प्रतियोगिता रखी गई जिसमे बच्चों से विभिन्न प्रश्न पूछे गए। कार्यक्रम मे गणित विषय के माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने बच्चों को राष्ट्रीय गणित दिवस मनाए जाने से जुड़ी जानकारी देते हुए बताया की हमारे देश मे आर्यभट्ट, श्री निवास रामानुजम का गणित विषय को आगे बढ़ाने में अहम योगदान है। बच्चों को गणित विषय से घबराना नही चाहिए बल्कि आत्मविश्वास बनाये रखते हुए गणित के प्रश्नों को हल करना चाहिए। कार्यक्रम में क्विज उपरांत सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन के आधार पर पूजा केवट, छवि केवट, गुड़िया केवट सहित अन्य को लेखन सामग्री एवं टॉफियां देकर पुरुस्कृत किया गया। कार्यक्रम में बुजुर्ग शिक्षक श्यामस्वरूप खरे, प्राथमिक शिक्षक देवेंद्र ठाकुर, किरणलता ठाकुर , स्थानीय निवासी रोशनलाल केवट एवं छात्र छात्राओं में शिवम केवट, बसन्त केवट, सुनील केवट सहित अन्य उपस्थित रहे।
: नरसिंहपुर,लॉक डाउन के खाली समय का शिक्षा के संचार में किया सदुपयोग- "सफलता की कहानी"
Tue, Nov 24, 2020
नरसिंहपुर। कोरोना संक्रमण की रोकथाम के लिये किये गये लॉकडाउन में जब सभी गतिविधियां बंद थी, लोगों का घर से बाहर निकलना प्रतिबंधित था, तब भी जिले के लोकीपार ग्राम के विद्यार्थियों के जीवन में शिक्षा का संचार होता रहा। इस दौरान न तो लॉकडाउन के नियम टूटे और ना ही कोरोना गाइडलाइन का उल्लंघन हुआ। शासकीय एकीकृत माध्यमिक शाला लोकीपार की प्रधान पाठक सुश्री शिखा शर्मा ने अपने ग्राम लोकीपार में शिक्षा के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया। उन्होंने मोहल्ला क्लासेस व ऑनलाइन शिक्षा शुरू की। लॉक डाउन के दौरान समन्वय व सतर्कता के साथ इस तरह किये गये समय के सदुपयोग के कारण बच्चे पढ़ाई में पीछे नहीं रहे।
प्रधान पाठक सुश्री शर्मा ने बताया कि लॉकडाउन में मैं कुछ ऐसा करना चाहती थी जिससे बच्चों की पढ़ाई में कोई अवरोध न आए। तब कॉलेज में पढ़ने वाले गांव के युवक भी अपने- अपने घरों में ही थे। मैंने संपर्क कर उनसे अपने- अपने मोहल्ले के बच्चों को पढ़ाने का आग्रह किया, तो वे मान गये। चारों युवकों को ऑनलाइन जोड़कर हमने पढ़ाई शुरू की। योगेश मेहरा के अलावा कॉलेज के 3 अन्य छात्रों ने अपने- अपने मोहल्ले के विद्यार्थियों को पढ़ाना आरंभ किया और घरों के आंगन में ही अलग- अलग स्थानों पर चार मोहल्ला क्लासेस शुरू हो गई, जिनमें स्कूल के माध्यमिक स्तर के 35 विद्यार्थी लाभांवित होने लगे। इन युवकों के मोबाइल पर शैक्षिक सामग्री और संबंधित वीडियो भेजे जाते थे। इस तरह बच्चों, शिक्षकों व शिक्षित युवाओं ने लॉक डाउन में पूरी ऐहतियात के साथ अपने समय का सदुपयोग किया। प्रधान पाठक ने बताया कि ऑनलाइन पढ़ाने में डाटा का जो खर्च आता था वह है मैं ही वहन करती थी।
जुलाई में जब शासन द्वारा "हमारा घर- हमारा विद्यालय" अभियान प्रारंभ किया गया तो, विद्यालय के चारों शिक्षकों को एक- एक मोहल्ले का प्रभारी बनाया गया। वे विद्यार्थियों को ऑनलाइन पढ़ाने के साथ घर- घर जाकर भी मार्गदर्शन देने लगे। स्कूल की प्रधान पाठक और अन्य शिक्षक श्रीमती नेहा शर्मा, श्रीमती कमलेश साहू, श्रीमती रेहाना खान द्वारा शुरू किया गया यह सिलसिला अब भी लगातार जारी है।
वर्तमान में स्कूल द्वारा गांव में बच्चों के बीच व्यायाम, योग के साथ अन्य गतिविधियां भी संचालित की जा रही हैं। चारों मोहल्ले में लगने वाली मस्ती की पाठशाला में बच्चे कहानी, चुटकुले, गीत, कविता आदि सुनाते हैं। मस्ती की इस पाठशाला में शिक्षकों द्वारा उन्हें खेल- खेल में पढ़ाने व सिखाने की कवायद की जाती है। इस दौरान बच्चों द्वारा कोरोना के प्रति जागरूकता फैलाने के लिए गांव में रैली भी निकाली गई। विद्यालय द्वारा वर्तमान में प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर किस सभी बच्चों को ऑनलाइन शिक्षा के लिए जोड़ लिया गया है।