: बगदरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान मेला आयोजित
Tue, Feb 28, 2023
बगदरा में राष्ट्रीय विज्ञान दिवस पर विज्ञान मेला आयोजितगाडरवारा। बीते मंगलवार को समीपी ग्राम बगदरा की शासकीय माध्यमिक शाला में माध्यमिक शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता के सार्थक प्रयासों से राष्ट्रीय विज्ञान दिवस मनाया गया। इस अवसर पर शाला में विज्ञान मेले का आयोजन किया गया जिसमें बगदरा एवं सांगई के माध्यमिक विभाग के छात्र छात्राओं ने सहभागिता करते हुए परावर्तन के नियम, चुम्बक के सिद्धांत, गुरुत्वाकर्षण बल, सोखता टैंक , द्रव्य पदार्थो से जुड़े मॉडल बनाकर उनका प्रदर्शन किया। कार्यक्रम के प्रथम सत्र में बीटीआई स्कूल गाडरवारा से रसायन शास्त्र विभाग के उत्कृष्ट नवाचारी शिक्षक के के राजौरिया, सांगई से माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने छात्र छात्राओं के विभिन्न मॉडलों का अवलोकन करते हुए उनसे मॉडलों के विषय मे जानकारी ली। इस अवसर पर के के राजौरिया ने छात्र छात्राओं को विज्ञान के प्रति प्रोत्साहित करते हुए उनकी जिज्ञासाओं का समाधान करते हुए उपयोगी जानकारी दी। मेले के द्वितीय सत्र में साईंखेड़ा बीएसी संदीप स्थापक ,जनशिक्षक अपसार खान ने भी विज्ञान मॉडल प्रदर्शित कर रहे छात्र छात्राओं से चर्चा करते हुए उनके मॉडलों के विषय मे जानकारी ली। इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक राजेंद्र गुप्ता ने सभी अतिथियो का गुलदस्ता देकर स्वागत किया। मेले में प्रधानपाठक टीकाराम कोरी, अनिल पटैल,प्रकाश नामदेव मदनगोपाल चौधरी सहित छात्र छात्राएँ उपस्थित रहे
: गाडरवारा, कन्या शाला की पत्रिका प्रवाहिनी का विमोचन एवं छात्राओं का विदाई कार्यक्रम आयोजित
Tue, Feb 21, 2023
कन्या शाला की पत्रिका प्रवाहिनी का विमोचन एवं छात्राओं का विदाई कार्यक्रम आयोजितगाडरवारा। गत दिवस स्थानीय शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में शाला के शिक्षको एवं छात्राओं द्वारा रचित तथा डॉ मंजुला शर्मा द्वारा तैयार पत्रिका प्रवाहिनी का विमोचन किया गया । कार्यक्रम उपरांत 11 वी की छात्राओं ने 12 वी की छात्राओं को विदाई दी । कार्यक्रम का शुभारंभ अतिथियों ने विद्या की देवी माँ सरस्वती के चित्र का पूजन कर किया। तदोपरांत अतिथियॉ का स्वागत विद्यालय की छात्राओं ने किया। कार्यक्रम के अगले चरण में अतिथियॉ ने शाला की पत्रिका प्रवाहिनी का विमोचन किया। इस अवसर पर सर्वप्रथम संस्था के प्राचार्य अनूप शर्मा ने सभी अतिथियों को स्मृति चिन्ह भेंट किए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि नपा अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा ने अपने उदबोधन में कहा कि शाला स्तर पर पत्रिका प्रवाहिनी का विमोचन एक शानदार प्रयास है। पत्रिका के जरिये शिक्षको , छात्राओं की रचनाओं, लेखों , विचारों का समावेश किया गया है जो कि उत्तम कार्य है। पार्षद सुरेन्द्र गुर्जर ने कहा कि बोर्ड परीक्षाएं नजदीक है छात्राएँ बेहतर पढ़ाई करें। साहित्यकार कुशलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि शिक्षको एवं छात्राओं के विचारों की अभिव्यक्ति के लिए पत्रिका प्रवाहिनी एक बेहतर माध्यम है। कार्यक्रम को साईंखेड़ा बीईओ प्रतापनारायण,सेवानिवृत प्राचार्य राजेश बरसैयां ,आरती पाठक , डॉ राकेश बोहरे, डॉ बबीता सिंह सहित शाला की वरिष्ठ शिक्षक शायरा अली, साधना श्रीवास्तव एवं श्रीमती मालती मेहरा ने भी संबोधित किया। कार्यक्रम का संचालन श्रीमती अल्पना नाहर ने किया । कार्यक्रम में पीएस पटैल, नगेन्द्र त्रिपाठी, ज्योत्सना दुबे सहित अनेक शिक्षको एवं छात्राओं की उपस्थिति उल्लेखनीय रही।
: प्री बोर्ड मूल्यांकन शालाओं में जारी
Sun, Feb 19, 2023
प्री बोर्ड मूल्यांकन शालाओं में जारीगाडरवारा। जिला शिक्षा केन्द्र नरसिंहपुर के निर्देशानुसार 5 वी एवं 8 वी के शासकीय स्कुलो के छात्र छात्राओं को बोर्ड मूल्यांकन की तैयारी कराने के उद्देश्य से 14 फरवरी से शुरू हुई प्री बोर्ड परीक्षाएं क्षेत्र के साईंखेड़ा एवं चीचली विकासखण्ड की शालाओं में जारी है। हालांकि 5 वी की प्री बोर्ड परीक्षा 17 फरवरी को ही संपन्न हो गई है लेकिन 8 वी प्री बोर्ड परीक्षा 21 फरवरी को समाप्त होगी। विदित हो कि प्रतिदिन सुबह साढ़े 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक आयोजित होने वाली परीक्षा के तहत शिक्षको को उसी दिन कापियों को जाँचने का कार्य करते हुए विश्लेषण प्रपत्र को भरना होता है एवं गूगल लिंक पर आवश्यक जानकारी भेजनी होती है।