: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार,सुशासन के उच्चतम मापदंड स्थापित करने की कलेक्टर ने दिलाई शपथ
Aditi News Team
Fri, Dec 23, 2022
तत्काल मिला राशन
नरसिंहपुर। नरसिंहपुर के शांति नगर नकटुआ की कु. कमलेश तिवारी ने कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना को आवेदन देकर बताया कि उनके परिवार में कुल 4 सदस्य हैं, जो मजदूरी कर अपना एवं अपने परिवार का भरण- पोषण करते हैं। उन्हें प्रतिमाह राशन दिलाया जाये। इस पर कलेक्टर सुश्री बाफना ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिये। कलेक्टर के निर्देश पर कु. कमलेश तिवारी को तत्काल 8 किलो गेहूं एवं 12 किलो चावल साथ ही प्रधानमंत्री गरीब कल्याण अन्न योजना के तहत 20 किलो चावल प्रदान किया गया।
सीएम हेल्पलाइन में ज़िला ए ग्रेड के साथ सातवें स्थान पर
नरसिंहपुर।राज्य शासन की अतिमहत्वकांक्षी कार्यक्रम सीएम हेल्पलाइन 181 पर प्राप्त होने वाली शिकायतों के निराकरण उपरांत प्रति माह शासन स्तर से जारी होने वाली समस्त 52 जिलों की ग्रेडिंग में नरसिंहपुर जिला द्वितीय समूह के जिलों में 80.06 प्रतिशत वेटेज स्कोर के साथ 7 वें स्थान पर ए श्रेणी के अतंर्गत रहा है।
माह नवंबर- 2022 में कुल प्राप्त 4825 शिकायतों में नरसिंहपुर जिले को संतुष्टि के साथ बंद शिकायतों के वेटेज स्कोर (60 प्रतिशत) में से 48.17 प्रतिशत अंक प्राप्त हुए। वही अक्टूबर माह में नरसिंहपुर जिला कुल प्राप्त 4918 शिकायतों के निराकरण उपरांत कुल 75.77 वेटेज स्कोर के साथ बी श्रेणी में तथा 18 वें स्थान पर रहा था।
सुशासन के उच्चतम मापदंड स्थापित करने की कलेक्टर ने दिलाई शपथ
नरसिंहपुर।भारत के पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी द्वारा स्थापित सुशासन के उच्चतम मापदण्डों के महत्व को प्रतिपादित करते हुए उनके जन्म-दिवस 25 दिसम्बर के एक दिन पूर्व 24 दिसम्बर को सुशासन दिवस मनाया जाता है। शनिवार 24 दिसम्बर को शासकीय अवकाश होने से 23 दिसम्बर को राज्य शासन के निर्देशानुसार सुशासन दिवस के रूप में जिले में मनाया गया। इस अवसर पर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित कार्यक्रम में अधिकारियों और कर्मचारियों ने सुशासन के उच्चतम मापदंड स्थापित करने की शपथ ली। यह शपथ कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने दिलाई।
शपथ को दोहराते हुए शासकीय सेवकों ने कहा कि मैं सत्य निष्ठा से शपथ लेता/ लेती हूं कि प्रदेश में सुशासन के उच्चतम मापदंडों को स्थापित करने के लिए सदैव संकल्पित रहूंगा/ रहूँगी और शासन को अधिक पारदर्शी, सहभागी, जनकल्याण केन्द्रित तथा जवाबदेह बनाने के लिए हर संभव प्रयास करता रहूंगा/रहूँगी। प्रदेश के नागरिकों के जीवन स्तर में सुधार लाने के लक्ष्य को पाने के लिए सदैव तत्पर रहूंगा/रहूँगी।
इस मौके पर अन्य अधिकारी और कर्मचारी मौजूद थे। सुशासन दिवस पर जिले के अन्य शासकीय कार्यालयों में भी सुशासन की शपथ ली गई।
अंत्येष्टि सहायता राशि प्रदान
नरसिंहपुर। पाठक वार्ड नरसिंहपुर निवासी श्री गनेश लखेरा की मृत्यु हो जाने पर उनके पुत्र विपिन लखेरा का संबल पोर्टल पर वैध पंजीयन होने पर 5 हजार रुपये की अंत्येष्टि सहायता राशि नगर पालिका नरसिंहपुर द्वारा प्रदान की। यह राशि श्री अरविन्द कहार एवं श्री सौरभ बंशकार द्वारा प्रदान की गई।
3195 किलोग्राम महुआ लाहन व 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद
अवैध मदिरा के 5 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुर। जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत गुरूवार को वृत्त गाडरवारा के अंतर्गत कुचबंदिया मोहल्ला में दबिश देकर 3195 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) व 30 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य एक लाख 62 हजार 750 रूपये है। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 5 आपराधिक प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये।
कलेक्टर ने जैविक कृषकों के खेतों का किया मुआयना
नरसिंहपुर। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने गुरूवार को विकासखंड गोटेगांव के ग्राम रीछा, बासनपानी, बौछार में जैविक खेती करने वाले कृषकों के खेतों का मुआयना किया।
रीछा निवासी कृषक श्री लक्षमण सिंह पटैल ने बताया कि वे अपने खेतों में कीट नियंत्रक दशपर्णि अर्क एवं जीवामृत का उपयोग करते हैं। पिछले कुछ वर्षों से उन्होंने खेतों में रासायनिक कीटनाशकों एवं उर्वरकों का इस्तेमाल पूर्णत: बंद कर दिया है। इसका फायदा यह हुआ है कि फसलों पर इल्लियां नहीं होती, जिससे फसल नुकसान नहीं होता। उत्पादन में बढ़ोत्तरी हुई। भूमि की उर्वरा शक्ति पुन: लौटी। श्री पटैल ने बताया कि उन्होंने पिछले वर्ष अपने एक एकड़ खेत में मटर की फसल लगाई थी, जिसमें उन्हें लगभग 72 क्विंटल मटर की पैदावार हुई। कीट नियंत्रक दशपर्णि अर्क का उपयोग करने से मवेशी खेतों में नहीं आते हैं। इससे फसल नुकसान नहीं होता है। अपनी फसल को वह गोटेगांव और नरसिंहपुर मंडी में ले जाकर बेचते हैं। उनके जैविक खेती करने के इस प्रयास को अन्य कृषक भी अपना रहे हैं। उनके द्वारा फार्म स्कूल, कृषि कार्यशाला में प्रशिक्षण भी दिया जाता है। उन्होंने अपने फार्म में आम, आलू, गेंदा, मिर्ची व अन्य सब्जियां भी लगाई हैं।
बासनपानी में कृषक श्री महेन्द्र सिंह पटेल अर्न्तवर्ती खेती के माध्यम से अच्छा मुनाफा अर्जित कर रहे हैं। उस वर्ष उन्होंने अपने खेतों में चने के साथ सरसों लगाई है। सरसो के बीच की दूरी 12 फीट रखी है। इस जगह उन्होंने चने की फसल लगाई है। श्री पटेल बताते हैं कि इस नवाचार से फसलों में इल्ली नहीं लगती। फसल की सुरक्षा पाले एवं कोहरे से होती है। इनसे अब खेती में काफी फायदा हो रहा है।
ग्राम बौछार में कृषक श्री शरद मेहरा बनाते हैं कि कृषि विभाग की सहायता से उन्होंने अपने खेतों में मसूर लगाई है। इसके साथ उन्होंने गन्ने की फसल भी लगाई है। अंतर्वर्ती फसल के इस प्रयोग से उन्हें अच्छा उत्पादन हो रहा है। कृषि विभाग द्वारा उन्हें अपने खेतों के लिए स्प्रिंकलर के लिए अनुदान भी मिला है। वे बताते हैं कि उन्हें इस प्रयोग से 6.7 क्विंटल मसूर आसानी से हो जाती है। साथ ही गन्ने की पैदावार में भी वृद्धि होती है।
मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना हेतु आवश्यक दस्तावेज
नरसिंहपुर। सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण विभाग की मुख्यमंत्री कन्या विवाह एवं निकाह योजना के अंतर्गत वर्ष 2022- 23 में आयोजित किये जाने वाले सामूहिक विवाह/ निकाह का आयोजन जनपद एवं नगरीय निकायों द्वारा जनवरी माह के अंत में व फरवरी- 2023 में किया जाना है। अत: मुख्यमंत्री कन्या विवाह/ निकाह योजनांतर्गत आयोजित, सामूहिक विवाह में सम्मिलित होने वाले हितग्राही आवश्यक दस्तावेजों सहित संबंधित जनपद/ नगरीय निकायों में सम्पर्क कर सकते हैं। हितग्राही को मप्र का मूल निवासी प्रमाण पत्र, समग्र आईडी, आधार कार्ड, पासपोर्ट साइज की दो फोटो, वर/ वधु/ अभिभावक का मोबाइल नम्बर, कल्याणी (विधवा) होने की स्थिति में पूर्व पति का मृत्यु प्रमाण पत्र, परितक्ता महिला होने की स्थिति में तलाक का न्यायालयीन आदेश और कर्मकार मंडल के अंतर्गत पंजीकृत श्रमिक का पंजीयन कार्ड होना आवश्यक है। यह जानकारी उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण नरसिंहपुर ने दी है।
Tags :