: मंत्री पटेल की मौजूदगी में अंतर्राष्ट्रीय 10 वां योग दिवस सम्पन्न,श्री अन्न संवर्धन अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ नियमित तौर पर योग करें और अपने शरीर को स्वस्थ रखें- मंत्री श्री पटेल
Aditi News Team
Fri, Jun 21, 2024
मंत्री श्री पटेल की मौजूदगी में अंतर्राष्ट्रीय 10 वां योग दिवस सम्पन्न,श्री अन्न संवर्धन अभियान कार्यक्रम का शुभारंभ
नियमित तौर पर योग करें और अपने शरीर को स्वस्थ रखें- मंत्री श्री पटेल
नरसिंहपुर, 21 जून 2024. प्रदेश के पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री श्री प्रहलाद सिंह पटेल के विशेष आतिथ्य में 21 जून को 10 वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिला मुख्यालय उत्कृष्ट विद्यालय स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में जिला स्तरीय सामूहिक योग प्रदर्शन का आयोजन किया गया।
मंत्री श्री पटेल ने सभी योग साधकों एवं उपस्थित जनों को अंतरराष्ट्रीय योग दिवस की हृदय से बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि योग एक संपूर्ण विधा है, जो भारतीय संस्कृति, परम्परा व जीवनशैली को रेखांकित करता है। योग जीवन जीने की कला सिखाता है। जब हम योग करते हैं तो मांसपेशियों में खिंचाव, मरोड़, मरोड़ और खिंचाव जैसी कई क्रियाएं होती हैं। इससे हमारे शरीर की थकान दूर होती है और हम हमेशा तरोताजा महसूस करते हैं। अपने प्रेरणादायी उद्बोधन में मंत्री श्री पटेल ने कहा कि जब हमारा शरीर स्वस्थ होगा, तो हम स्वयं की और दूसरों की मदद करने के लायक बनेंगे। शरीर का मात्र स्वस्थ होना महत्वपूर्ण नहीं है, बल्कि हम शारीरिक और मानसिक रूप से कितने स्वस्थ हैं, यह महत्वपूर्ण है। योग हमें शारीरिक और मानसिक रूप से एकजुट करता है। हमारे नैतिक मूल्य समाज का आधार है, जो हमें बड़ो का आदर, सम्मान, अनुशासन पूर्ण जीवन जीने के लिए प्रेरित करते हैं। भारतीय में व्यक्ति की व्यवस्था सदाचार है, तो वही समाज की व्यवस्था नैतिकता है और मोक्ष आत्मा की व्यवस्था है। व्यक्ति अगर सदाचारी है, तो उसके नैतिक होने की गारंटी है। यह नैतिक मूल्य एवं संस्कार हमें अपने बच्चों को देने होंगे। भारत की इस अमूल्य धरोहर को विश्व में स्थान दिलाने के लिए यशस्वी प्रधानमंत्री जी के प्रयासों से आज 'योग' पूरे विश्व में लोगों की जीवन शैली बन चुका है। लगभग 178 देशों में आज यह अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस का कार्यक्रम किया जा रहा है। यह हमारे लिए गर्व का विषय है।
मोटे अनाज को आहार में शामिल करने की आवश्यकता- मंत्री श्री पटेल
कार्यक्रम में श्री अन्न के बारे में बताते हुए उन्होंने कहा कि विश्व अब अपनी जरूरतों को पूरा करने के लिए मोटे अनाजों की तरफ बढ़ रहा है। मोटे अनाज कम पानी में एवं खराब पानी में भी उगने वाला अनाज है। इसे बोने की जरूत नहीं होती है। हमारे पूर्वजों ने इसे अपने भोजन शैली में शामिल किया। इसके अंतर्गत ज्वार, बाजरा, रागी, मडुआ, जौ, कोदो, सामां, सांवा, कुटकी, कांगनी और चीना जैसी फसलों को शामिल गया है। पोषक तत्वों से भरपूर यह स्वास्थ्य के लिए बेहद फायदेमंद होती हैं। इसलिए मोटे अनाज को सुपरफूड के नाम से भी जाता है। वर्तमान में यह हमारी भोजन की थाली में नहीं दिखाई दे रहा है। आज फिर हमें मोटे अनाज को अपनाने की आवश्यकता है। इसके लिए उन्होंने कृषकों को मोटे अनाज उगाने के लिए भी मंच से प्रेरित किया।
अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर जिले भर में सामूहिक योग के कार्यक्रम आयोजित किये गये। यहां लोगों ने सामूहिक रूप से आसन, प्राणायाम और ध्यान की यौगिक क्रियाओं में भाग लिया।
स्टेडियम ग्राउंड नरसिंहपुर में सामूहिक योग कार्यक्रम की शुरूआत प्रार्थना से हुई। इसके बाद लोगों को योग की चालन क्रियायें, योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया।
कार्यक्रम में कृषि विभाग द्वारा श्री अन्न का स्टाल लगाकर लोगों को बीजों का प्रदर्शन किया गया। उप संचालक कृषि श्री उमेश कटहरे ने लोगों को इसके फायदे बताये।
कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री और आभार प्रदर्शन योजना अधिकारी श्री जीके नायक ने किया।
कार्यक्रम में मंत्री श्री पटेल ने राज्य मिलेटस योजना अंतर्गत श्री अन्न संवर्धन अभियान में चयनित कृषकों को कुटकी, कोदो व रागी के बीज वितरित किये। मंत्री श्री पटेल ने चांवरपाठा विकासखंड के ग्राम महगुवा के कृषक श्री गजेन्द्र सिंह, बोहानी के कृषक श्री आलोक शर्मा, धुधवारा के कृषक श्री कृष्णकुमार लोधी, ग्राम गौरछापर के कृषक श्री राजेश गौड़ और कृषक श्री दिनेश को कोदो एवं रागी के बीज वितरित किये। मंत्री श्री पटेल ने शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय नरसिंहपुर के कक्षा 10 वीं के छात्र वंश रजक ने राष्ट्रीय विज्ञान संगोष्ठी में श्री अन्न एक मूल्य वर्धिन पौष्टिक अथवा भ्रांति आहार विषय पर आयोजित राज्य स्तरीय संगोष्ठी में प्रथम स्थान तथा राष्ट्रीय विज्ञान केन्द्र दिल्ली में आयोजित संगोष्ठी में तृतीय स्थान प्राप्त करने पर कार्यक्रम में सम्मानित किया।
इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति नीलेश काकोड़िया, पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटैल, कलेक्टर श्रीमती शीतला पटले, पुलिस अधीक्षक श्री अमित कुमार, सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार, श्री महंत प्रीतमपुरी गोस्वामी, श्री बंटी सलूजा, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिकों मौजूद थे।
Tags :