अधिवक्ताओं,पत्रकारों के हितों का संरक्षण जरूरी,हार्डिया : एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट के साथ ही जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट वर्तमान दौर की प्रमुख आवश्यकता है।
Aditi News Team
Thu, Oct 29, 2026
अधिवक्ताओं और पत्रकारों के हितों का संरक्षण जरूरी - श्री हार्डिया
इंदौर। एडवोकेट प्रोटेक्शन एक्ट के साथ ही जर्नलिस्ट प्रोटेक्शन एक्ट वर्तमान दौर की प्रमुख आवश्यकता है। क्योंकि आम जनता के हितों की लड़ाई और जनता का विश्वास इन्हीं दोनों संस्थाओं पर टिका हुआ है। यह बात आज बार काउंसिल ऑफ इंडिया के नवनिर्वाचित सदस्य एडवोकेट हितोषी जय हार्डिया ने इंदौर प्रेस क्लब में आयोजित सम्मान समारोह में कही।
गौरतलब है कि स्टेट बार काउंसिल के दूसरी बार सदस्य बने श्री हार्डिया हाल ही में आल इंडिया बार काउंसिल के लिए निर्वाचित हुए हैं। श्री हार्डिया ने कहा कि एड. विवेक सिंह बड़े भाई की तरह हैं, इसलिए जीत की खुशी तो है मगर उत्साह नहीं। बार काउंसिल ऑफ इडिया में निर्वाचित होने वालों में श्री हार्डिया सबसे कम उम्र के सदस्य हैं। अपने सम्मान के प्रत्युत्तर में उन्होंने आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वकील और पत्रकार का संबंध बहुत गहरा होता है और दोनों एक दूसरे के हितों का संरक्षण करते हुए ही समाज को न्याय दिला सकते हैं। जल्द ही एक संयुक्त कार्यशाला आयोजित कर विस्तृत मसौदा तैयार किया जाएगा, जिसे केंद्र और राज्य सरकार को भेजा जाएगा। आगामी कार्ययोजना के संबंध में उन्होंने कहा कि प्रदेश के विधि महाविद्यालयों का उन्नयन हो और शिक्षा के स्तर में सुधार हो इसके लिए प्रयास और तेज होगा।
एक अनौपचारिक कार्यक्रम में श्री हार्डिया का सम्मान किया गया। इंदौर प्रेस क्लब के पूर्व अध्यक्ष अरविंद तिवारी ने इस मौके पर कहा कि यह गौरव की बात है कि श्री हार्डिया ने इतनी कम उम्र में एक बड़़ा मुकाम हासिल किया है। प्रेस क्लब अध्यक्ष दीपक कर्दम ने भी संबोधित किया और श्री हार्डिया का सम्मान किया। इस मौके पर प्रेस क्लब उपाध्यक्ष संजय त्रिपाठी, सचिव अभिषेक चेंडके, कोषाध्यक्ष मुकेश तिवारी, कार्यकारिणी सदस्य प्रमोद दीक्षित, अभय तिवारी, श्याम कामले, विजय भट्ट, अभिषेक रघुवंशी, वरिष्ठ पत्रकार शैलेष पाठक, विपिन नीमा, राजेंद्र कोपरगांवकर, डॉ. अर्पण जैन सहित बड़ी संख्या में मीडिया के साथी उपस्थित थे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
इंदौर प्रेस क्लब
जय हार्डिया बार काउंसिल ऑफ इडिया