: पचमडी मे रेल्वे प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधन के द्वारा पौधारोपण किया गया
Sun, Apr 9, 2023
आज साड़ा क्षेत्र में श्री वेणु गोपाल जी, प्रमुख मुख्य परिचालन प्रबंधन, परिचालन विभाग/मुख्यालय, पश्चिम मध्य रेलवे, साथ ही पचमढ़ी की अन्य राज्यों से रेलवे की ओर बेहतर कॉनेक्टिविटी हो सके, इस हेतु पिपरिया रेलवे स्टेशन पर ट्रेन स्टॉपेज को लेकर विस्तार से चर्चा हुई। साथ में श्री नवनीत राज, वरिष्ठ रेलवे अधिकारी एवं उनके साथ परिवार के सदस्य भी शामिल रहे।
: मध्यप्रदेश निरंतर लिख रहा है विकास की गाथा: प्रधानमंत्री श्री मोदी
Sat, Apr 1, 2023
उमंग और तरंग का प्रतीक है नए भारत की वंदे भारत ट्रेन
मैं इतने कम अंतराल में दूसरी बार मध्यप्रदेश आया हूँ
हमारी नीति विकास और संतुष्टिकरण की है राजनीतिक तुष्टीकरण की नहीं
भारत का रेल नेटवर्क दुनिया का श्रेष्ठ नेटवर्क
बदलता भारत प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और मोदी विजन का चमत्कार - मुख्यमंत्री श्री चौहान
मध्यप्रदेश के 80 रेलवे स्टेशनों को बनाया जा रहा है वर्ल्ड क्लास: रेल मंत्री श्री वैष्णव
प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रानी कमलापति स्टेशन से वंदे भारत ट्रेन को दिखाई हरी झंडी
प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने कहा है कि मध्यप्रदेश निरंतर विकास की गाथाएँ लिख रहा है। खेती, उद्योग, गरीबों के लिए घर, हर घर जल से नल, गेहूँ उत्पादन आदि अनेक क्षेत्रों में प्रदेश अग्रणी है। पहले बीमारू कहा जाने वाला राज्य आज हर क्षेत्र में प्रशंसनीय कार्य कर रहा है। हमें विकसित भारत में मध्यप्रदेश की भूमिका को और बढ़ाना है। नई वंदे भारत ट्रेन इसी संकल्प का हिस्सा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि आधुनिक भारत में नई व्यवस्था, नई परंपरा बन रही है। वंदे भारत ट्रेन नए भारत की उमंग और तरंग का प्रतीक है। यह भारत की आधुनिकतम ट्रेन है, जिसके लोकार्पण का मुझे सौभाग्य मिला है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि रेलवे के इतिहास में यह पहली बार हुआ है कि कोई प्रधानमंत्री इतने कम अंतराल में किसी रेलवे स्टेशन पर दोबारा किसी कार्यक्रम में आया है। मैं पहले रानी कमलापति स्टेशन के लोकार्पण पर आया था और आज वंदे भारत ट्रेन को हरी झंडी दिखा रहा हूँ। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने राज्यपाल श्री मंगूभाई पटेल, मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान, केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्विनी वैष्णव की उपस्थिति में आज रानी कमलापति स्टेशन से हरी झंडी दिखाकर वंदे भारत एक्सप्रेस को रवाना किया। इससे पहले प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ट्रेन के प्रथम कोच में जाकर स्कूली बच्चों से बातचीत की। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने ड्राइविंग कैब के क्रू मेम्बर्स के साथ भी संवाद किया। वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेन पर लघु फिल्म का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान जन-प्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, जिला प्रशासन तथा रेलवे के अधिकारी और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित थे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि पहले की सरकारें वोट बैंक के तुष्टीकरण की नीति अपनाती थी। हम देशवासियों के संतुष्टिकरण पर ध्यान दे रहे हैं। पहले की सरकार एक ही परिवार को प्रथम परिवार मानती थी और गरीब मध्यम वर्गीय परिवारों पर ध्यान नहीं देती थी। हमारी सरकार हर भारतीय परिवार के कल्याण और संतुष्टि के लिए कार्य कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि भारतीय रेल सामान्य भारतीय परिवार की सवारी है। पुरानी सरकारों ने राजनीतिक स्वार्थ के चलते रेलवे का आधुनिकीरण नहीं किया। वर्ष 2014 तक नॉर्थ ईस्ट रेलवे से नहीं जुड़ा। हमारी सरकार आने के बाद हमने उसे रेलवे से जोड़ा और रेलवे का कायाकल्प किया। आज भारत का रेल नेटवर्क दुनिया का श्रेष्ठ नेटवर्क है। पहले हजारों मानवरहित फाटक थे, जहाँ आए दिन दुर्घटनाएँ होती रहती थी। आज पूरा ब्रॉडगेज मानव रहित, फाटक मुक्त है। रेल यात्री सुविधा को हमने मेड इन इंडिया कवच प्रणाली से लैस किया है। तकनीकी का प्रयोग कर शिकायतों का निराकरण किया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि हमने "वन स्टेशन-वन प्रोडक्ट'' योजना से कारीगरों के कपड़े, कलाकृतियों, पेंटिंग्स, बर्तन इत्यादि का विक्रय के लिए पूरे भारत में 600 से अधिक आउटलेट रेलवे स्टेशन पर खोले हैं, जिसका लाभ आज लाखों लोग ले रहे हैं। रेलवे स्टेशनों का आधुनिकीकरण किया गया है, 6 हजार रेलवे स्टेशन वाईफाई है और 900 रेलवे स्टेशन पर सीसीटीवी का काम पूरा हो गया है। वंदे भारत ट्रेन पूरे भारत में सुपरहिट रही है और हर कोने से इन्हें चलाने की माँग आ रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा कि रेलवे के बजट में भी रिकॉर्ड वृद्धि की जा रही है। वर्ष 2014 से पहले मध्यप्रदेश का रेलवे बजट औसतन 600 करोड़ रूपए हुआ करता था, जो अब बढ़ कर 13000 करोड़ हो गया है। मध्यप्रदेश सहित देश के 11 राज्यों में रेलवे ट्रेक का शत-प्रतिशत इलेक्ट्रिफिकेशन हो गया है। इलेक्ट्रिफिकेशन की रफ्तार वर्ष 2014 से पहले 600 किलोमीटर प्रति वर्ष थी, अब वह बढ़कर 6000 किलोमीटर प्रति वर्ष हो गई है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दी है प्रदेश को वंदे भारत ट्रेन की सौगात: मुख्यमंत्री श्री चौहान मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश के सौभाग्य का फिर से उदय हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी फिर से हमारे प्रदेश पधारे हैं। जो कभी पिछली सरकारों में गंदे और बदबू मारते हुए रेलवे स्टेशन होते थे, उनको वर्ल्ड क्लास शानदार रेलवे स्टेशन में बदला गया है, यह मोदी विजन है। प्रधानमंत्री श्री मोदी पहली बार आए तो हबीबगंज रेलवे स्टेशन का नाम रानी कमलापति स्टेशन किया गया, और आज यह वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बना है। इस बार प्रधानमंत्री श्री मोदी प्रदेश को वंदे भारत ट्रेन की सौगात दे रहे हैं। इससे हम भोपाल से दिल्ली कम समय में पहुँच सकेंगे। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने दिया स्वदेशी का मंत्र मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पिछली सरकारों ने हमें विदेशी तंत्र दिया था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश को स्वेदशी का मंत्र दिया है। वंदे भारत रेल पूरी तरह से स्वदेशी है। भोपाल में लगे फौजी मेले में प्रदर्शित युद्ध पोत, टैंक और अन्य उपकरण भी स्वदेशी हैं। यह प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व और मोदी विजन का चमत्कार है। उनके नेतृत्व में पूरे देश के साथ मध्यप्रदेश भी बदल रहा है। वंदे भारत ट्रेन ही नहीं शानदार हाई-वे, साढ़े चार लाख लम्बी सड़कें मध्यप्रदेश की धरती पर बनी हैं। सिंचाई क्षमताओं का विस्तार हुआ है, 98 लाख गरीबों को मकान, 82 लाख गैस कनेक्शन, 80 लाख किसानों को सम्मान निधि, एक करोड़ 15 लाख लोगों को राशन, 3 करोड़ से ज्यादा आयुष्मान कार्ड और 25 लाख लोगों का मुफ्त इलाज दर्शाता है कि प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में देश के साथ मध्यप्रदेश भी बदल रहा है। मुख्यंमत्री श्री चौहान ने कहा कि धीरे-धीरे नशे पर नियंत्रण भी मोदी विजन का ही एक मंत्र है। इस दिशा में आज 1 अप्रैल से मध्यप्रदेश में शराब की दुकानों के साथ चलने वाले अहाते बंद कर दिये गये हैं। रानी कमलापति स्टेशन के आधुनिकीकरण ने 1200 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने का मार्ग प्रशस्त किया केन्द्रीय रेल मंत्री श्री अश्वनी वैष्णव ने कहा कि पिछले 9 वर्षों में प्रधानमंत्री श्री मोदी ने रेलवे में अभूतपूर्व परिवर्तन किए है। विशेष रूप से मध्यप्रदेश में रेलवे के क्षेत्र में प्रधानमंत्री श्री मोदी के विजन के परिणाम स्वरूप बहुत विकास हुआ है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने देश भर में वर्ल्ड क्लास रेलवे स्टेशन बनाने का संकल्प लिया था। इस संकल्प की सिद्धि में रानी कमलापति रेलवे स्टेशन का महत्वपूर्ण स्थान है। इस स्टेशन के आधुनिकीकरण से जो अनुभव प्राप्त हुए उसके आधार पर प्रधानमंत्री श्री मोदी ने पूरे देश में 1200 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास स्टेशन बनाने का निर्णय लिया है। मध्यप्रदेश में छोटे-बड़े कुल 80 स्टेशनों को वर्ल्ड क्लास बनाने का काम जारी है। जनता को अधिक से अधिक सुविधाएँ मिलें, यह डबल इंजन की सरकार का लक्ष्य है। केन्द्रीय रेल मंत्री श्री वैष्णव ने मध्यप्रदेश में रेलवे प्रोजेक्टस में सहयोग के लिए मुख्यमंत्री श्री चौहान का आभार माना।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Tue, Mar 28, 2023
जनसुनवाई में कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्यायें
जनसुनवाई में आये 94 आवेदन
नरसिंहपुर। कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर के जनसुनवाई हाल में मंगलवार 28 मार्च को जिले के विभिन्न स्थानों पहुंचे लोगों ने कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना को अपनी समस्यायें बताई और आवेदन दिये। कलेक्टर ने लोगों की समस्याओं को गंभीरतापूर्वक सुना। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवेदनों के समय सीमा में निराकरण के निर्देश दिये। उन्होंने विभिन्न आवेदनों का मौके पर भी निराकरण कराया। कलेक्टर ने वीसी के माध्यम से भी अधिकारियों को निराकरण के लिए आवश्यक निर्देश दिये। कलेक्ट्रेट में हुई जनसुनवाई में 94 आवेदन आये। अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य एवं सीईओ जिला पंचायत श्रीमती सुनीता खंडायत ने भी लोगों के आवेदन लिये और निराकरण के लिए अधिकारियों को निर्देशित किया।
नहरों से फसलों की सिंचाई के लिए पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित होगी
धारा 144 के तहत कलेक्टर द्वारा प्रतिबंधात्मक आदेश जारी
नरसिंहपुर।जिले में बरगी की नहरों से फसलों की सिंचाई के लिए बगैर व्यवधान के लिए पानी की सुचारू आपूर्ति सुनिश्चित करने के उद्देश्य से जिला दंडाधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने दंड प्रक्रिया संहिता की धारा 144 के तहत जिले की सीमा में नहरों के संबंध में प्रतिबंधात्मक आदेश जारी किया है। यह आदेश तत्काल प्रभाव से जिले की सम्पूर्ण सीमा क्षेत्र के लिए प्रभावशील होगा। इस आदेश का उल्लंघन भारतीय दंड विधान की धारा 188 एवं अन्य प्रचलित विधियों के अधीन दंडनीय होगा।इस सिलसिले में जारी आदेश में कहा गया है कि जिले में किसी भी स्थान पर नहरों के संचालन के कमांड के किसानों द्वारा अतिक्रमण नहीं किया जायेगा, ताकि सिंचाई कार्य बाधित न हो। गेटों पर कोई भी व्यक्ति उपस्थित होकर कर्मचारियों को भयभीत नहीं करेगा और ना ही वहां पर भीड़ इक्ट्ठी होगी। गेटों का संचालन केवल संबंधित विभाग के कर्मचारियों द्वारा किया जायेगा। किसी अन्य व्यक्ति द्वारा गेट का संचालन करने का प्रयास नहीं किया जायेगा। संबंधित विभाग के कर्मचारियों के साथ किसी भी व्यक्ति द्वारा अभद्रता या मारपीट नहीं की जायेगी। ऐसी घटनायें होने पर संबंधित व्यक्ति के विरूद्ध तत्काल पुलिस थाने में प्राथमिकी दर्ज कराई जायेगी। कोई भी व्यक्ति नहर में नहाने, कपड़े धोने, पशुओं को नहलाने, वाहन धोने आदि का कार्य नहीं करेगा। किसी भी व्यक्ति द्वारा नहर के पानी के बहाव की दिशा का परिवर्तन नहीं किया जायेगा और ना ही पानी को रोका जायेगा।चनाटोला, जामुनपानी, बकौरी एवं बरहटा/ गोटेगांव, करहैया एवं हिनौतिया/ नरसिंहपुर, सिमरिया, शाहपुर एवं खंचारी/ करेली आदि स्थानों पर संबंधित विभाग द्वारा दल बनाकर पेट्रोलिंग कराई जायेगी तथा आदेश का पालन सुनिश्चित किया जायेगा। आवश्यकता पड़ने पर कार्यपालिक मजिस्ट्रेट तथा पुलिस के संयुक्त दल द्वारा पेट्रोलिंग की जायेगी।आदेश में स्पष्ट किया गया है कि निर्देशों का पालन नहीं करने या कराने पर भारतीय दंड संहिता 1860 की धारा 188 के अनुसार पुलिस कार्रवाई करेगी। इस संबंध में विधि अनुसार दोषी व्यक्ति को गिरफ्तार कर प्रकरण सक्षम न्यायालय में सजा दिलाने के लिए नियमानुसार प्रस्तुत किया जायेगा। पुलिस अधीक्षक से कहा गया है कि अधीनस्थ अधिकारियों के माध्यम से आदेश का कठोरता से पालन कराया जावे। आदेश का पालन नहीं करने वाले व्यक्तियों को नियमानुसार गिरफ्तार करायें।इस सिलसिले में कार्यपालन यंत्री रानी अवंती बाई लोधी डिस्नेट संभाग नरसिंहपुर ने कलेक्टर को अवगत कराया था कि वर्तमान में बरगी की मुख्य नहर की आरडी 63.42 से 135 किमी तक एवं समस्त वितरण प्रणाली से ग्रीष्म सिंचाई के लिए नहरों में पानी चलाया जा रहा है। इस कार्य में विभिन्न कारणों से व्यवधान हो रहा है, इस कारण से उक्त आदेश जारी किया गया है।
महावीर जयंती का अवकाश अब 3 अप्रैल को
नरसिंहपुर, 28 मार्च 2023. राज्य शासन ने महावीर जयंती के उपलक्ष्य में 3 अप्रैल को प्रदेश में सामान्य एवं सार्वजनिक अवकाश घोषित किया है। महावीर जयंती के लिये पूर्व में घोषित 4 अप्रैल के अवकाश को निरस्त कर दिया है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान एमएसएमई उद्यमियों को देंगे 400 करोड़ की अनुदान सहायता
नरसिंहपुर। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान 29 मार्च को प्रदेश के 1500 सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के 2000 मामलों में 400 करोड़ रूपए की अनुदान सहायता राशि उद्यमियों के खाते में अंतरित करेंगे। कार्यक्रम मुख्यमंत्री कार्यालय के समत्व सभागार में प्रात: 11:45 बजे से होगा। एमएसएमई मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा भी कार्यक्रम में सम्मिलित होंगे। प्रदेश के औद्योगिक संगठनों के प्रतिनिधि और हितलाभ वाले उद्यमी कार्यक्रम में वर्चुअली शामिल होंगे। इस दौरान नरसिंहपुर जिले की 10 औद्योगिक इकाईयों को भी अनुदान वितरण किया जायेगा।सचिव एमएसएमई श्री पी. नरहरि ने बताया कि कार्यक्रम का सीधा प्रसारण दूरदर्शन, क्षेत्रीय न्यूज़ चैनल और सोशल मीडिया के विभिन्न प्लेटफार्म पर भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि सूक्ष्म, लघु और मध्यम उद्यमों के विकास के लिए वर्ष 2021 में लागू की गई एमएसएमई नीति में इन उद्यमों को विभिन्न प्रकार के अनुदान एवं सेक्टर्स को विशेष पैकेज दिए जाने का प्रावधान है।
महिलायें अपने निष्क्रिय बैंक खाते को सक्रिय करायें
खाते में आधार एवं मोबाइल नम्बर जुड़वाना होगा
नरसिंहपुर।मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के अंतर्गत जिले में महिलाओं के बैंक खाते सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया के साथ- साथ सभी बैंकों में खोले जा रहे हैं। यह जानकारी अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जयदेव विश्वास ने दी है। उन्होंने कहा है कि जिन महिलाओं के बैंक खाते पहले से बैंक में खुले हैं, परंतु लेनदेन नहीं होने के कारण वे निष्क्रिय हो गये हैं, तो महिलायें स्वयं का आधार एवं मोबाइल नम्बर जुड़वाकर अपने बैंक खाते को सक्रिय करवा सकती हैं। इससे लाड़ली बहना योजना की राशि सीधे उनके बैंक खाते में जमा हो सकेगी। इसके साथ ही खाता खोलते समय एटीएम डेबिट कार्ड और मोबाइल बैंकिंग की सुविधा भी बैंक से प्रदान की जा सकती है।
सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की अप्रेंटिस की भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि 3 अप्रैल
नरसिंहपुर।सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया द्वारा 5 हजार अप्रेंटिस की भर्ती की जा रही है। पात्र आवेदक अप्रेंटिस भर्ती के लिए ऑनलाइन आवेदन 3 अप्रैल 2023 तक कर सकते हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी वेबसाइट www.centralbankofindia.co.in पर देखी जा सकती है। अप्रेंटिस के लिए आवेदक की न्यूनतम आयु 20 वर्ष एवं अधिकतम आयु 28 वर्ष के बीच होनी चाहिये। इसमें एससी/ एसटी/ ओबीसी/ पीडब्ल्यूबीडी आदि वर्ग के लिए भारत सरकार के दिशा निर्देशों के अनुरूप छूट मिलेगी। यह जानकारी अग्रणी जिला प्रबंधक श्री जयदेव विश्वास ने दी है।
10 वर्ष पुराने आधार कार्ड अपडेट कराने होंगे
नरसिंहपुर।आधार कार्ड एक व्यक्ति की पहचान के प्रमाण और विभिन्न सरकारी योजनाओं का लाभ उठाने के लिए प्रदेश में विगत वर्षों से उपयोग किया जा रहा है। ऐसे व्यक्ति जिन्होंने 10 साल या इसके पहले अपना आधार कार्ड बनवाया था और अपना परिवर्तित पता या अन्य जानकारी अपडेट नहीं कराई है, वे अपने नवीनतम विवरण के साथ आधार डाटा को अपडेट करवा लें। यह जानकारी जिला प्रबंधक ई- गवर्नेंस श्री ब्रजकिशोर बादल ने दी है।श्री बादल ने बताया कि आधार कार्डधारकों की सहूलियत के लिए विकसित की गई नई सुविधा को myaadhar Portal के माध्यम से ऑनलाइन एक्सेस किया जा सकता है। स्थानीय आधार केन्द्र में जाकर भी आधार अपडेशन कराया जा सकता है। आधार सेंटर पर जाकर आधार डाटा अपडेट कराने के लिए 50 रुपये का शुल्क निर्धारित किया गया है। नागरिक myaadhar Portal पर जाकर डाटा अपडेट की नि:शुल्क सुविधा का लाभ उठा सकते हैं।