: 24, 25 एवं 26 अगस्त अवकाश के दिन भी पीडीएस दुकानों में मिलेगी राशन सामग्री
Sat, Aug 24, 2024
24, 25 एवं 26 अगस्त अवकाश के दिन भी पीडीएस दुकानों में मिलेगी राशन सामग्रीसार्वजनिक वितरण प्रणाली के तहत उचित मूल्य दुकानों में राशन सामग्री का वितरण 24, 25 एवं 26 अगस्त अवकाश के दिनों में भी किया जायेगा। खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने बताया है कि उपभोक्ताओं की सुविधा के लिये इस माह में अवकाश के दिनों में भी राशन वितरण की सुविधा उपलब्ध कराई गई है।
: नरसिंहपुर, नशा मुक्ति एवं राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर सेमीनार आयोजित
Sat, Aug 24, 2024
नरसिंहपुर,नशा मुक्ति एवं राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस पर सेमीनार आयोजित
राष्ट्रीय कैडेट कोर सेवा और सामुदायिक गतिविधियों के अंतर्गत 1 मध्य प्रदेश बटालियन एनसीसी जबलपुर के कमान अधिकारी कर्नल विवेक बटारा एवं प्रशासनिक अधिकारी कर्नल समीर बोडस के निर्देशानुसार डायरेक्टर जनरल एनसीसी द्वारा संचालित नशा मुक्ति नया सवेरा योजना एवं राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर एम.आई.एम.टी. कॉलेज नरसिंहपुर में संचालित एन.सी.सी कंपनी द्वारा सेमीनार का आयोजन किया गया । निर्धारित विषय विशेषज्ञ डाॅ. गुलाब खातरकर, जिला नोडल ऑफिसर टोबैको कंट्रोल प्रोग्राम एवं महामारी विशेषज्ञ नरसिंहपुर द्वारा डी एडिक्शन ऑफ ड्रग्स एंड अल्कोहल/टोबेको विषय पर पावर पाॅइन्ट प्रजेंटेशन के माध्यम से नशा नियंत्रण अधिनियम, स्वस्थ्य समस्याऐं एवं निदान, पर्यावरण के लिये खतरा, आर्थिक एवं सामाजिक नुकसान आदि विषयों को समाहित करते हुए सदन को जागरूक किया गया। डॉ. अशोक कुमार गर्ग प्राचार्य , एम.आई.एम.टी. कॉलेज नरसिंहपुर द्वारा राष्ट्रीय अंतरिक्ष दिवस के अवसर पर जय विज्ञान जय अनुसंधान थीम के अंतर्गत चंद्रमा पर चंद्रयान तृतीय की सफल लैंडिंग विषय पर सारगर्भित व्याख्यान दिया गया। उन्होने भारतीय अंतरिक्ष विज्ञान प्रोद्यौगिकी की गौरव गाथा, स्वदेशी तकनीक और चन्द्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर चन्द्रयान तृतीय की सफल लैंडिग को इसरो एवं भारत की गौरवशाली उपलब्धि निरूपित किया। इसके पूर्व कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन एवं सरस्वती पूजन से किया गया। कार्यक्रम का संचालन एन.सी.सी. अधिकारी मेजर डाॅ. पराग नेमा तथा आभार लेफ्टि. जितेन्द्र कुमार मिश्रा द्वारा किया गया। इस अवसर पर एम.आई.एम.टी. स्टाॅफ मेम्बर्स, अण्डर आॅफिसर्स राजीव कौरव, रिया शर्मा, दिया कुशवाहा सहित एन.सी.सी. केड्टिस एवं छात्र-छात्राओं की विशेष उपस्थिति रहीं।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Sat, Aug 24, 2024
उप चुनाव वाले स्थानों पर आचार संहिता प्रभावशील
शस्त्र लाइसेंस निलंबित
नरसिंहपुर।
मप्र राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष- 2024 के रिक्त पदों के चुनाव के लिए निर्वाचन की सूचना 21 अगस्त को जारी की गई है। उक्त तिथि से जिन जनपद पंचायतों के ग्रामों में उप चुनाव होने हैं, उन स्थानों पर आदर्श आचार संहिता प्रभावशील हो गई है।
आचार संहिता प्रभावशील हो जाने के कारण पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष 2024 सरपंच/ जनपद सदस्य के निर्वाचन शांतिपूर्ण कराये जाने के उद्देश्य से जिले की जनपद पंचायतों के ग्रामों में जारी लायसेंसधारियों के शस्त्र लायसेंस तत्काल प्रभाव से निलंबित कर संबंधित थाने में शस्त्र अनिवार्य रूप से जमा कराया जाना आवश्यक है।
जिला दंडाधिकारी नरसिंहपुर श्रीमती शीतला पटले ने शस्त्र अधिनियम 1959 की धारा 17 उपधारा 3 (ख) के प्रावधानों के अनुसार जिले की जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत खमरिया, झांसीघाट, बेलखेड़ी (नर्मदा) व सिलारी एवं जनपद पंचायत करेली की ग्राम पंचायत बीतली व ग्वारीकला के क्षेत्रांतर्गत शस्त्र लायसेंसधारियों को जारी शस्त्र लायसेंस निर्वाचन अधिसूचना दिनांक 21 अगस्त 2024 से निर्वाचन परिणाम दिनांक 15 सितम्बर 2024 तक तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है।
जिला दंडाधिकारी ने यह भी निर्देश जारी किये हैं कि उक्त सभी शस्त्र लायसेंसधारी उनके लायसेंस में दर्ज सभी शस्त्र संबंधित थाना गोटेगांव व करेली में तीन दिवस के भीतर अनिवार्य रूप से जमा कर पावती प्राप्त करेंगे। साथ ही जिन ग्राम पंचायत/ जनपद पंचायत के सीमा क्षेत्रों में चुनाव सम्पन्न होना है, वहां किसी भी प्रकार के अस्त्र- शस्त्र प्रवेश व धारण करना वर्जित होगा। आदेश का उल्लंघन पाये जाने पर संबंधित शस्त्र लायसेंसधारियों के विरूद्ध सख्त वैधानिक कार्यवाही की जायेगी। यह आदेश बैंक सुरक्षा गार्ड, शासन के स्वीकृत गार्ड, सुरक्षा बलों, पुलिस सुरक्षा बलों, अर्द्धसैनिक बलों पर लागू नहीं होगा।
उल्लेखनीय है कि जिले की जनपद पंचायत गोटेगांव की खमरिया, झांसीघाट, बेलखेड़ी (नर्मदा) व सिलारी में जनपद सदस्य और जनपद पंचायत करेली की ग्राम पंचायत बीतली व ग्वारीकला में सरपंच पद के लिए निर्वाचन होना है।
पीएम जन मन के तहत विशेष कैम्प का होगा आयोजन
नरसिंहपुर।
प्रधानमंत्री जनमन पीवीटीजी मिशन के अंतर्गत पिछड़ी जनजातियों (भारिया) के संबंधित मुखिया/ परिवारजनों को विभिन्न शासकीय योजनाओं का लाभ दिलाये जाने के लिए कैम्प आयोजित किये जायेंगे। ये कैम्प जनपद पंचायत बाबई चीचली की ग्राम पंचायत भिलमाढाना के ग्राम भिलमाढाना राजस्व, भिलमाढाना वन, कोटरी व हींगपानी में कैम्प लगाये जायेंगे। ग्राम पंचायत भिलमाढाना में 27, 28, 29, 30 व 31 अगस्त को कैम्प आयोजित किये जायेंगे।
सीईओ जिला पंचायत श्री दलीप कुमार ने ब्लाक स्तरीय नोडल अधिकारी एवं सहायक नोडल अधिकारियों को नियुक्त किया है। उन्होंने जारी आदेश कर संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
शासकीय दर पर मत्स्य बीज उपलब्ध
नरसिंहपुर।
जिले की जनपद पंचायत गोटेगांव की ग्राम पंचायत बगासपुर में शासकीय मत्स्य बीज प्रक्षेत्र में पर्याप्त मात्रा में शासकीय दर पर मत्स्य बीज उपलब्ध हैं। मछुआ सहकारी समितियां, समूह एवं अन्य मत्स्य पालक मत्स्य बीज क्रय कर तालाबों व जलाशयों में मत्स्य बीज संचयन कर सकते हैं।
मत्स्य बीज उपलब्धता के संबंध में नरसिंहपुर, गोटेगांव, करेली, सांईखेड़ा, चांवरपाठा व चीचली के जनपद सीईओ को सहकारी समितियों, समूहों एवं अन्य मत्स्य पालकों को जानकारी से अवगत कराने के लिए कहा गया है। इस संबंध में मत्स्य बीज प्रक्षेत्र प्रभारी मत्स्य निरीक्षक श्री एसके बक्शी के मोबाइल नम्बर 9926770650 से सम्पर्क कर जानकारी प्राप्त की जा सकती है। यह जानकारी सहायक संचालक मत्स्योद्योग नरसिंहपुर ने दी है।
पंचायतों के उप निर्वाचन के तहत बनाया गया जिला स्तरीय कंट्रोल रूम
नरसिंहपुर।
पंचायतों के उप निर्वाचन वर्ष- 2024 के मद्देनजर उप जिला निर्वाचन अधिकारी स्थानीय निर्वाचन नरसिंहपुर ने जिला स्तरीय निर्वाचन कंट्रोल रूम बनाया है। यह कंट्रोल रूम कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन के कक्ष क्रमांक 4 में बनाया गया है, जिसका टेलीफोन नम्बर 07792- 230681 है। कंट्रोल रूम के नोडल अधिकारी सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग श्रीमती अंजना त्रिपाठी को नियुक्त किया गया है। नोडल अधिकारी कंट्रोल रूम में कार्यरत कर्मचारियों की ड्यूटी अपने स्तर से लगाना सुनिश्चित करेंगी। निर्वाचन से संबंधित सूचनायें व शिकायतों को जिला निर्वाचन अधिकारी एवं उप जिला निर्वाचन को अवगत करायेंगी।