: भोपाल,मध्यप्रदेश को टेक्सटाईल हब बनाया जाएगा
Wed, Sep 1, 2021
बड़ी संख्या में लोगों को मिलेगा रोजगार
मुख्यमंत्री श्री चौहान से सागर ग्रुप के चेयरमेन श्री अग्रवाल ने मुलाकात की
भोपाल। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि मध्यप्रदेश में टेक्सटाईल क्षेत्र में निवेश की बड़ी संभावना है। प्रदेश को टेक्सटाईल हब बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है, जिससे बड़ी संख्या में लोगों को रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान से आज मंत्रालय में सागर ग्रुप के चेयरमेन श्री सुधीर कुमार अग्रवाल ने मुलाकात कर प्रदेश में निवेश संबंधी चर्चा की। श्री अग्रवाल ने बताया कि टेक्सटाईल के क्षेत्र में सागर ग्रुप द्वारा प्रदेश में 1000 करोड़ रुपए का निवेश किया गया है, जिसमें लगभग 4000 लोगों को सीधा रोजगार मिला है। सागर ग्रुप भोपाल में होशंगाबाद रोड पर एक मल्टी स्पेशलिटी अस्पताल भी शीघ्र ला रहा है, जिससे लगभग 1000 व्यक्तियों को रोजगार मिल सकेगा। ग्रुप प्रदेश में टेक्सटाईल सेक्टर, खाद्य प्र-संस्करण सेक्टर, रियल एस्टेट और शिक्षा के क्षेत्र में काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने आश्वस्त किया कि सरकार द्वारा निवेशकों एवं उद्योगों को हर आवश्यक सुविधा एवं सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा।
: भोपाल,मुख्यमंत्री चौहान कालबेलिया समुदाय के हस्त कौशल से हुए रूबरू
Tue, Aug 31, 2021
फैशन डिजाइनर करेंगे कालबेलिया समाज द्वारा बनाए वस्त्रों की मार्केटिंग,मुख्यमंत्री चौहान ने जनजातीय संग्रहालय में निस्पंदन शिविर का किया अवलोकन
भोपाल। मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कालबेलिया समुदाय के हस्त कौशल पर आयोजित एकाग्र शिविर निस्पंदन का अवलोकन किया। जनजातीय संग्रहालय में आयोजित शिविर में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कालबेलिया समुदाय द्वारा निर्मित गुदड़ी, मनका आभूषण, कांच के कलात्मक कार्य, सुरमा निर्माण तथा देशज व्यंजनों का अवलोकन किया।
चिन्हारी सोविनियर शॉप पर उपलब्ध होंगे कालबेलिया समुदाय के उत्पाद
प्रमुख सचिव संस्कृति तथा जनसम्पर्क शिव शेखर शुक्ला ने मुख्यमंत्री श्री चौहान को अवगत कराया कि कालबेलिया समुदाय गुदड़ी के साथ अन्य वस्त्र बनाने में निपुण हैं। इस समुदाय द्वारा बनाये गये गुदड़ी तथा अन्य वस्त्रों की डिजाइनिंग के लिए फैशन डिजाइनर्स
को समुदाय के कलाकारों को जोड़ा जाएगा। फैशन डिजाइनर्स के माध्यम से मार्केटिंग की गतिविधियाँ संचालित की जाएंगी। समुदाय की आय में वृद्धि के उद्देश्य से यह गतिविधियाँ संचालित की जा रही हैं। इनके उत्पादों की बिक्री मध्यप्रदेश जनजातीय संग्रहालय की चिन्हारी सोविनियर शॉप के माध्यम से भी की जाएगी।
मनका आभूषण
, सुरमा बनाने में निपुण हैं कालबेलिया
साज-सज्जा सामग्री तथा जीवन की जरूरतों के लिए अन्य सामान जैसे मनका आभूषण, काँच पर कलात्मक कार्य, सुरमा, जड़ी-बुटी और पत्थर टांकने जैसे कार्य भी समुदाय द्वारा कलात्मक रूप से किये जाते हैं। इन उत्पादों को शिल्प कला के रूप में स्थापित करने और नगरीय समाज में इसे प्रचारित कर स्वीकार्य बनाने के लिए भी प्रयास आरंभ किये गये हैं। मध्यप्रदेश के कलाकारों को इन कार्यों में प्रशिक्षण प्रदान करने के लिए राजस्थान से कालबेलिया समुदाय के ग्यारह कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। प्रथम कला शिविर में प्रदेश के 30 कलाकारों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है।
3 सितम्बर 2021 तक जारी रहेगा कला शिविर
उल्लेखनीय है कि प्रदेश में 30 घुमन्तु अर्द्धघुमन्तु और विमुक्त जातियाँ निवासरत हैं। इन जनजातियों की सांस्कृतिक परंपरा का अब तक किसी भी प्रकार का अध्ययन नहीं हुआ है। उनके कला वैशिष्ट का रेखांकन भी नहीं हुआ है। संस्कृति विभाग ने ऐसे समुदायों की कला और कलात्मक प्रतिभा को एक शिल्प परंपरा के रूप में स्थापित करने के लिए कार्य शुरू किया है। इन समुदायों की जातीय विशिष्टता के रूपाकारों को केन्द्र में रखकर कला शिविरों की एक श्रृंखला आरंभ की गई है। पहले शिविर के रूप में मध्यप्रदेश की कालबेलिया घुमन्तू जनजाति की गुदड़ी निर्माण को रेखांकित करने के उद्देश्य से कला शिविर का आयोजन 25 अगस्त से आरंभ हुआ है, जो 3 सितम्बर 2021 तक जनजातीय संग्रहालय में जारी रहेगा।
: भोपाल,औद्योगिक इकाईयों को मिलेंगी जरूरी सुविधाएँ
Wed, Aug 25, 2021
मुख्यमंत्री श्री चौहान से मिले अर्न इंडिया मैन्यूफेक्चरिंग के सीईओ श्री लेविटिन
भोपाल । मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि प्रदेश में किसी भी तरह की औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के लिए राज्य सरकार आवश्यक सुविधाएँ देने के लिए प्रतिबद्ध है। कोविड के दौर के बाद आर्थिक और वित्तीय क्षेत्र को जिस संबल की आवश्यकता है, उसे प्रदान करने में राज्य सरकार कोई कोर-कसर नहीं छोड़ेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज मंत्रालय में अर्न इंडिया मैन्यूफेक्चरिंग के सह-संस्थापक और सीईओ श्री शाई लेविटिन से चर्चा कर रहे थे। इस अवसर पर संस्थान की वाइस प्रेसीडेंट श्रीमती आइरिस लेविटिन और पदाधिकारी भी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान को श्री लेविटिन ने बताया कि वे मध्यप्रदेश में करीब 200 करोड़ रूपए के निवेश से एलइडी लाइट्स और स्मार्ट होम प्रोडेक्ट्स की इकाई की स्थापना के लिए इच्छुक हैं। इसके लिए उन्होंने इंदौर और निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्रों का भ्रमण भी कर लिया है। प्रस्तावित इकाई से करीब एक हजार लोगों को प्रत्यक्ष और एक हजार लोगों को अप्रत्यक्ष रोजगार प्राप्त हो सकेगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान से भेंट के अवसर पर अर्न इंडिया मैन्यूफेक्चरिंग के श्री अरशद कुरैशी, श्री शैलेश शर्मा और श्री आकाश सिंघल भी उपस्थित थे। प्रमुख सचिव उद्योग श्री संजय शुक्ला ने प्रस्तावित निवेश के संबंध में प्रचलित प्रक्रिया की जानकारी दी।