जिम्मेदारों पर कठोरतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित की जाएCM : मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिले में अवैध जहरीली शराब से हुई लोगों की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की
Aditi News Team
Wed, Sep 9, 2026
➡️जिम्मेदारों पर कठोरतापूर्वक कार्रवाई सुनिश्चित की जाए - मुख्यमंत्री डॉ यादव
➡️मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने सागर जिले में अवैध जहरीली शराब से हुई लोगों की मृत्यु पर शोक संवेदना व्यक्त की
➡️कानून-व्यवस्था सुदृढ़ रहे, असामाजिक तत्वों पर हो कठोर कार्रवाई
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव
➡️ पुलिस, प्रशासनिक अधिकरियों एवं जनप्रतिनिधियों की संयुक्त बैठक सम्पन्न
➡️ निर्दाेष न फंसे, अफवाह फैलाने वालों पर सख्ती के निर्देश
➡️ जन-सहयोग से नशा मुक्ति अभियान चलाया जाये
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि सागर जिले के बंडा-शाहगढ़ क्षेत्र में अवैध जहरीली शराब से लोगों की हुई मृत्यु के प्रकरण में जिम्मेदार अधिकारियों - कर्मचारियों पर कठोरतापूवर्क कार्रवाई सुनिश्चित की जाए। किसी भी दोषी को बक्शा नहीं जाए। नीचे से लेकर ऊपर स्तर तक पूरी गंभीरता से कार्रवाई हो। जिले में नशा मुक्ति अभियान भी चलाया जाए जिससे ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो। उन्होंने मृत्कों के प्रति अपनी शोक संवेदना भी व्यक्त की।
उन्होंने कहा कि क्षेत्र में अवैध जहरीली शराब सामग्री को जप्त करने की भी कार्रवाई की जाए जिससे कोई फिर से इसका सेवन नहीं कर सके। मुख्यमंत्री डॉ. यादव आज सागर के बुन्देलखंड मेडिकल चिकित्सा महाविद्यालय के सभागार में जनप्रतिनिधियों, पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों को कानून-व्यवस्था पूरी तरह चाक-चौबंद रखने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की समीक्षा बैठक में कहा राज्य शासन अपराध और असामाजिक गतिविधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति पर काम कर रहा है।
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा जिले भर के साथ-साथ आस-पास और सीमावर्ती क्षेत्रों में गहन जांच अभियान चलाया जाए। उन्होंने कहा जहाँ कहीं भी शंका या संदिग्ध गतिविधि की गुंजाइश हो, वहाँ तत्परता से पड़ताल की जाए और सख्त कार्रवाई अमल में लाई जाए।
➡️ निष्पक्षता और विवेकशीलता से हो कार्रवाई
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को ताकीद किया कि पूरी प्रक्रिया में निष्पक्षता और विवेकशीलता बनाए रखना अनिवार्य है। उन्होंने कहा अपराधियों पर कड़ी से कड़ी कार्रवाई हो, लेकिन यह सुनिश्चित किया जाना आवश्यक है कि किसी निर्दाेष के विरुद्ध कार्रवाई न हो और कोई बेकसूर व्यक्ति न फंसे।
➡️ अनावश्यक अफवाह फैलाने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई की जाये
मुख्यमं़़त्री डा यादव ने शांति एवं सौहार्द बिगाड़ने की मंशा से सोशल मीडिया या अन्य माध्यमों पर अनावश्यक अफवाह फैलाने वाले तत्वों पर पैनी नजर रखने और उनके खिलाफ कठोर दंडात्मक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।
➡️ समाज को साथ लेकर चलेगा नशा विरोधी अभियान
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने प्रदेश में नशा विरोधी अभियान को गति देने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने कहा कि नशे के अवैध कारोबार को पूरी तरह ध्वस्त किया जाए। साथ ही, नशा मुक्ति के क्षेत्र में कार्यरत स्वयंसेवी संस्थाओं और सामाजिक संगठनों को साथ लेकर जनजागरूकता और नशा मुक्ति के प्रभावी कार्यक्रम संचालित किए जाएं।
➡️ प्रदेश में कठोर कानून का है प्रावधान
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आज यहां घटना के कारण शराब से पीड़ित और बीमार सभी लोगों से मिला हूं। हमारी सरकार के रहते हुए, पूर्व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के समय कठोर कानून बनाया गया कि इसमें धारा 49 और बाकी 304 जोड़ते हुए हत्या से लेकर आजीवन कारावास और फांसी तक की सजा देने का प्रावधान है। जो इस प्रकार की घटना में लिप्त है, उस पर कठोर कार्रवाई की जाएगी। हमने प्रशासन को फ्री हैंड दिया है कि वह उस पर कठोर से कठोर कार्रवाई करें। अभी भी जहां-जहां ऐसी और आवश्यकता लगती है, वह सब भी काम करें। जिनके अवैध अतिक्रमण हैं या अलग से किसी ने इस प्रकार से अपना साम्राज्य चलाया है, उस पर भी काम करें। बॉर्डर से सटे राज्यों के साथ भी संबंध बनाएं और इस प्रकार से घायलों को तत्परता के साथ जो यहां हो सकता है, वह यहां भी करेंगे। उम्मीद करेंगे कि यह सबक ऐसा लगेगा कि दोबारा ऐसी किसी की हिम्मत न हो।
➡️ नशा मुक्ति के लिए सबको मिलकर प्रयास करने की जरूरत
पूरे राज्य में भी हमने निर्देश जारी किए हैं कि शराब किसी भी प्रकार से वैध हो या अवैध, शराब से जो खतरा होता है, उससे आगे जाकर नशा मुक्ति अभियान चलाने के लिए धार्मिक संस्थाओं के साथ, सामाजिक संस्थाओं के साथ-साथ अलग-अलग स्तर पर शासन की ओर से भी नशा मुक्ति के अभियान चलाने की आवश्यकता है। जिनके घर में एक बच्चा, दो बच्चा, तीन बच्चा या पिता-पुत्र भी चले गए, यह वाकई कष्टकारी है। सबको मिलजुलकर ऐसी घटना में एकजुटता भी दिखनी चाहिए। हम सबको इससे निपटने के लिए सामाजिक स्तर पर भी प्रतिबद्धता की जरूरत पड़ेगी।
इस दौरान दमोह सांसद श्री राहुल सिंह लोधी, रहली विधायक श्री गोपाल भार्गव, खुरई विधायक श्री भूपेन्द्र सिंह, सागर विधायक श्री शैलेन्द्र जैन, नरयावली विधायक श्री प्रदीप लारिया, बंडा विधायक श्री वीरेन्द्र सिंह लोधी, बीना विधायक श्रीमती निर्मला सप्रे, देवरी विधायक श्री ब्रज बिहारी पटेरिया, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री हीरा सिंह राजपूत, जिला अध्यक्ष श्री श्याम तिवारी, महापौर श्रीमती संगीता तिवारी, नगर निगम अध्यक्ष श्री वृन्दावन अहिरवार, श्रीमती रानी कुशवाहा, श्री शैलेष केशरवानी, कमिश्नर श्री दिलीप कुमार, डीआईजी श्री एसएस चौहान, कलेक्टर श्रीमती प्रतिभा पाल, पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया, प्रभारी डीन डॉ. अमर गंगवानी, अधीक्षक डॉ. राजेश जैन, डॉ. सौरभ जैन सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधि
कारी, डाक्टर्स, मेडिकल स्टाफ मौजूद था।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव
रहली विधायक गोपाल भार्गव,