गन्ना उत्पादक किसान सभा का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न : ₹600 प्रति क्विंटल से कम दाम पर मिल की होगी तालाबंदी
Aditi News Team
Thu, Oct 29, 2026
गन्ना उत्पादक किसान सभा का प्रदेश स्तरीय सम्मेलन संपन्न
₹600 प्रति क्विंटल से कम दाम पर मिल की होगी तालाबंदी
गाडरवारा। लंबे समय से मिल मालिकों द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों का दाम से लेकर घटतौली और अनेक तरीके से भारी शोषण हो रहा है ,सरकारें भी मिल मालिकों के पक्ष में किसान विरोधी नीतियां बना रही हैं,मध्य प्रदेश गन्ना उत्पादक किसान सभा के तत्वाधान में पहली बार जिले के सभी लड़ाकू किसान नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा मंडी में एकत्रित हुए हैं।
मध्य प्रदेश गन्ना उत्पादक किसान सभा के केंद्रीय कमेटी सदस्य जगदीश पटेल ने विज्ञप्ति जारी कर बताया की 28 अक्टूबर 2026 को मध्य प्रदेश के नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा मंडी में आयोजित सम्मेलन की अध्यक्षता नरसिंहपुर जिले के गन्ना उत्पादक किसान सभा के संयोजक बृजमोहन कौरव एवं राम सिंह वर्मा की अध्यक्षता एवं अखिल भारतीय गन्ना उत्पादक किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव पुष्पेंद्र त्यागी के मुख्य अतिथि एवं अखिल भारतीय किसान सभा के राष्ट्रीय संयुक्त सचिव बादल सरोज मुरैना से सहकारी शुगर मिल कैलारस के पूर्व डायरेक्टर गयाराम सिंह धाकड़ ,कृषि वैज्ञानिक सुभाष शर्मा भोपाल, जितेंद्र आर्य ग्वालियर, मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश महासचिव अखिलेश यादव के अध्यक्ष मंडल में संपन्न हुई। जिले के समस्त किसान संगठनों के नेतागण एवं हजारों की संख्या में गन्ना उत्पादक किसानों ने भागीदारी की। अखिल भारतीय गन्ना उत्पादक किसान सभा के राष्ट्रीय महासचिव पुष्पेंद्र त्यागी ने मुख्य वक्ता के रूप में उद्घाटन भाषण से सम्मेलन की शुरुआत करते हुए गन्ना उत्पादक किसानों की देश भर के किसान आंदोलनो , मिल मालिकों द्वारा किसानों के हो रहे शोषण को साझा किया, उन्होंने बताया महाराष्ट्र कर्नाटक तमिलनाडु पंजाब हरियाणा उत्तर प्रदेश बिहार आंध्र प्रदेश जैसे राज्यों में हमारा संगठन लगातार संघर्ष करके किसानो की शोषण के खिलाफ संघर्ष कर रहा है। केंद्र सरकार शुगर मिलों की मुनाफे के लिए किसानो के खिलाफ नीतियां बनाकर सरेआम ठगने का काम कर रहे हैं ,मध्य प्रदेश जैसे कई राज्यों में राज्य समर्थित मूल्य (एस ए पी)जो पंजाब हरियाणा उत्तर प्रदेश की सरकार देती हैं नहीं दे रही है, इसलिए देश भर के सभी गन्ना उत्पादक किसानों को एकजुट होकर संघर्ष में उतरने का आह्वान करते हैं, उन्होंने कहा अभी कर्नाटक के गन्ना किसानों ने 12 घंटे तक हाईवे जाम किया, परिणाम स्वरूप केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान एवं खाद एवं नागरिक आपूर्ति मंत्री को गन्ना किसानों के प्रतिनिधिमंडल को बातचीत के लिए बुलाना पड़ा और अति शीघ्र गन्ना उत्पादक किसान सभा के प्रतिनिधियों को नीति बनाने में शामिल करने का आश्वासन दिया गया, तब जाकर किसानों ने जाम खोला। मध्य प्रदेश गन्ना उत्पादक किसानों से भी मिल स्तर से लेकर राष्ट्रीय स्तर पर नीतियां बनाने वाली सरकार तक संघर्ष में शामिल होने का आवाहन किया गया।
उद्घाटन भाषण के उपरांत गन्ना उत्पादक किसान सभा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य जगदीश पटेल ने मध्य प्रदेश की रिपोर्ट रखी, सम्मेलन को अखिल भारतीय किसान सभा के संयुक्त सचिव बादल सरोज ,कृषि वैज्ञानिक सुभाष शर्मा, कैलारस सहकारी शुगर मिल के पूर्व डायरेक्टर गया राम सिंह धाकड़, ग्वालियर से जितेंद्र आर्य ,नर्मदा पुरम से जितेंद्र भार्गव के अलावा के के पटेल, लोकेश पटेल, सुरेश पटेल, खेत सिंह पटेल ,जी भाई पटेल, प्रतीक शर्मा, देवेंद्र पाठक, बाबूलाल पटेल ,आनंद कौरव ,देवेंद्र वर्मा ,नेपाल सिंह गुर्जर, बृजमोहन कौरव, राकेश खेमरिया, महेश गुमास्ता ने संबोधित किया। जगदीश पटेल ने आगामी आवाहन करते हुए कहा कि हर मिल स्तर पर 11 _11 लोगों की टीम अति शीघ्र बनाई जाए, 24सूत्रीय मांगपत्र में दर्शित मांगो पर प्रशासन विस्तृत चर्चा कराए,एवं ₹600 कुंतल से कम पर कोई भी मिल खरीदी शुरू करती है तो उस मिल के गेट पर तालाबंदी करने का निर्णय लिया गया। अंत में मध्य प्रदेश किसान सभा के प्रदेश महासचिव अखलेश यादव ने समापन भाषण के दौरान गन्ना उत्पादक किसानो के एकजुट संघर्ष में किसान सभा द्वारा हर स्तर से साथ देने का कहा।
सम्मेलन स्थल पर प्रशासन की ओर से तहसीलदार अतुल कुमार श्रीवास्तव को माननीय मुख्यमंत्री , कलेक्टर महोदय, एवं एस डी एम के नाम 24सूत्रीय गन्ना उत्पादक किसान संबंधी और ई टोकन प्रणाली समाप्त करने एवं निर्धारित बिजली निर्बाध रूप से प्रदाय सुनिश्चित करने ज्ञापन सौंपा गया, किसानों ने जिले के वरिष्ठ अधिकारी को ज्ञापन लेने मांग की गई थी लेकिन एस डी एम तक ज्ञापन लेने नहीं आईं इस पर काफी नाराजगी जाहिर की है, भविष्य में ऐसा होता है अधिकारियों द्वारा किसानों को नजरअंदाज करने पर भी आंदोलन खड़ा होगा।
अंत में सम्मेलन को सफल बनाने में तन मन धन से सहयोग करने वाले किसान भाइयों का आभार व्यक्त किया गया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
गन्ना उत्पादक किसान सभा गाडरवारा