: दिव्यांगजनों के लिये लगाये जायेंगे चलित न्यायालय प्रथम चलित न्यायालय 17 अक्टूबर को
Thu, Aug 22, 2024
दिव्यांगजनों के लिये लगाये जायेंगे चलित न्यायालय
प्रथम चलित न्यायालय 17 अक्टूबर को
प्रदेश में दिव्यांगजनों की समस्याओं के निराकरण के लिये चलित न्यायालय लगाये जायेंगे। इन न्यायालयों में दिव्यांगजन अधिकार अधिनियम-2016 के तहत प्रदेश एवं केन्द्र शासन द्वारा संचालित योजनाओं से संबंधित दिव्यांगजनों की समस्याओं का निराकरण मौके पर किया जायेगा। चलित न्यायालयों की व्यवस्थाओं के संबंध में आयुक्त नि:शक्तजन कार्यालय में सांसद सीधी डॉ. राजेश मिश्र की अध्यक्षता में बैठक आयोजित की गई। बैठक में रेडक्रॉस सोसायटी के अध्यक्ष डॉ. श्री गगन कोले, सचिव श्री रामेन्द्र सिंह और डॉ. दीपमाला रावत उपस्थित थे।राज्य आयुक्त नि:शक्तजन श्री संदीप रजक ने बताया कि दिव्यांगजनों की समस्याओं के त्वरित निराकरण के लिये जिला स्तर पर चलित न्यायालय आयोजित करने का निर्णय लिया गया है। प्रदेश का प्रथम चलित न्यायालय 17 अक्टूबर को सीधी और सिंगरौली जिले में आयोजित किया जायेगा। चलित न्यायालयों में दिव्यांगजनों को केन्द्र और राज्य सरकार की योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में आ रही दिक्कतों का मौके पर ही निराकरण किया जायेगा। इसमें सिकल सेल एवं बहु-दिव्यांगता श्रेणी के दिव्यांगजनों को दिव्यांगता प्रमाण-पत्र, यूडीआईडी कार्ड उपलब्ध कराने, व्हील-चेयर, मोटराइज्ड ट्राइसिकल, क्रेचेश, कृत्रिम अंग, श्रवण यंत्र और स्व-रोजगार हेतु ऋण उपलब्ध कराये जाने की समीक्षा भी की जायेगी।आयुक्त श्री रजक ने बताया कि चलित न्यायालय की व्यवस्थाओं के संबंध में जिला स्तरीय एडव्होकेसी की बैठक 28 अगस्त को सीधी तथा 29 अगस्त को सिंगरौली में आयोजित की जायेगी।
: गाडरवारा,सिविल अस्पताल में डेंगू किट बॉक्स किए भेंट
Thu, Aug 22, 2024
सिविल अस्पताल में डेंगू किट बॉक्स किए भेंट
गाडरवारा। वर्तमान समय मे डेंगू बुखार से पीड़ित मरीजों की संख्या में वृद्धि हो रही है। ऐसे में डेंगू पीड़ित मरीजों के हितार्थ समाजसेवी एवं स्कूल शिक्षा विभाग के कर्मचारी भी पीड़ित मानवता की सेवा के लिए आगे आये है। गत दिवस सिविल अस्पताल गाडरवारा में डेंगू जांच किटों की कमी के चलते अस्पताल प्रबंधन के विशेष अनुरोध पर समाजसेवी मुकेश बसेडिया ने एक डेंगू किट बॉक्स, एक सौंसर बॉक्स, कॉटन पैकिट एवं स्कूल शिक्षा विभाग से शिक्षक राजेश गुप्ता, सिराज अहमद सिद्दिकी, मधुसूदन पटैल , राजेंद्र गुप्ता एवं बीईओ कार्यालय के लिपिक अमित पटैल ने संयुक्त रूप से एक डेंगू किट बॉक्स सिविल अस्पताल में सीएमएचओ डॉ ए पी सिंह, सिविल अस्पताल प्रभारी डॉ पी डी पंथी को सौंपा। इस अवसर पर अस्पताल प्रबंधन ने दान पत्र संबंधितो को सौंपकर उनका धन्यवाद ज्ञापित किया।
: नरसिंहपुर,मूंग का भुगतान न होने के चलते परेशान किसानों ने जिला प्रशासन का ज्ञापन
Thu, Aug 22, 2024
किसान परेशान, नहीं हो रहा मूंग का भुगतान
नरसिंहपुर। समर्थन मूल्य पर बेंची गई मूंग का भुगतान नही होने से किसानों में रोष बढ़ता जा रहा है। इसे लेकर गुरुवार को किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम जिला प्रशासन को ज्ञापन सौपा। ज्ञापन में उल्लेख किया गया है कि किसानों द्वारा 1 माह पूर्व समर्थन मूल्य पर शासन द्वारा अधिकृत वेयरहाउसओं में जो मूंग बैची गई थी उसका भुगतान आज दिनांक तक नहीं हुआ है जिससे किसानों को भारी समस्याओं का सामना करना पड रहा है। उक्त भुगतान को 7 दिवस में कराया जाये अन्यथा किसान भोपाल में मुख्य मंत्री आवास पर जाकर धरना देने के लिए विवश होगें। ज्ञापन देने आए किसानों ने बताया कि समर्थन मूल्य पर खरीदी गई मूंग का जो अभी तक शासन द्वारा भुगतान किया गया है उस में भी सहकारी बैंको के खाते में कोई राशि नहीं पहुंची है । इस त्रुटि को भी दूर किया जाए। किसानों ने आक्रोश व्यक्त करते हुए कहा कि एक तरफ सरकार किसानों के हित की बात करती है और भुगतान के लिए लटकाया जा रहा है। भुगतान न होने के कारण किसान आर्थिक तंगी का सामना कर रहे हैं । उक्त मौके पर प्रतीक शर्मा, आनन्द कौरव, नरेश रजक,सचित शर्मा, तिलकराज कौरव, छूटू कौरव,अमन शर्मा,विष्णु कौरव, कुलदीप कौरव सहित अनेक किसान मौजूद थे।