: अल्पविराम कार्यक्रम का प्रशिक्षण संपन्न मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में अच्छा कार्य करने वाले सम्मानित,उपार्जन केन्द्रों पर नोडल अधिकारी की ड्यूटी
Aditi News Team
Sat, Apr 8, 2023
अल्पविराम कार्यक्रम का प्रशिक्षण संपन्न
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना में अच्छा कार्य करने वाले सम्मानित
नरसिंहपुर।मध्यप्रदेश शासन के आनंद विभाग के अंतर्गत अल्पविराम प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन नरसिंह भवन कलेक्ट्रेट कार्यालय में सम्पन्न हुआ। इस कार्यक्रम में ज़िले के अधिकारियों- कर्मचारियों को राज्य आनंद संस्थान भोपाल से आए हुए मास्टर ट्रेनर ने प्रशिक्षण दिया।
प्रशिक्षण का शुभारंभ करते हुए कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफ़ना ने कहा कि सिर्फ़ भौतिक प्रगति व सुविधाओं से अनिवार्य रूप से प्रसन्न रहना संभव नहीं है। पूर्ण विकास नागरिकों की मानसिक, शारीरिक एवं भावनात्मक उन्नति तथा प्रसन्नता से ही संभव है।
इस मौके पर कलेक्टर सुश्री बाफ़ना ने ज़िले में मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना के तहत ग्राम पंचायत एवं नगरीय निकाय में अच्छा कार्य करने वाले अधिकारियों कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया।
उपार्जन केन्द्रों पर नोडल अधिकारी की ड्यूटी
नरसिंहपुर।खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग मध्यप्रदेश शासन द्वारा रबी विपणन वर्ष 2023- 24 में समर्थन मूल्य पर गेहूं का उपार्जन पंजीकृत कृषकों से एक अप्रैल से 15 मई 2023 तक किया जाना है। शासन के निर्देशानुसार कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना द्वारा जिले में गेहूं उपार्जन कार्य हेतु जिले के 69 उपार्जन केन्द्रों पर अधिकारी- कर्मचारियों की ड्यूटी नोडल अधिकारी के रूप में तत्काल प्रभाव से आगामी आदेश तक लगाई गई है।
जारी आदेश के अनुसार उपरोक्त गठित दल के अधिकारी- कर्मचारी सौंपे गये उपार्जन केन्द्र पर उपार्जन प्रारंभ होने के पूर्व समस्त भौतिक एवं मानव संसाधन होने की पुष्टि से अनुविभागीय राजस्व अधिकारी व जिला आपूर्ति अधिकारी के माध्यम से प्रतिवेदित किया जाना सुनिश्चित करेंगे। साथ ही उपार्जन केन्द्र पर सम्पूर्ण व्यवस्था पर निगरानी रखेंगे। उपार्जन केन्द्र पर आने वाली उपज की गुणवत्ता (FAQ/ NON FAQ) का सतत पर्यवेक्षण करेंगे। उपार्जन कार्य में किसी भी प्रकार की कोई समस्या उपार्जन केन्द्र पर आती है, अपने स्तर पर उसका निराकरण करेंगे और आवश्यकतानुसार उपार्जन एजेंसी जिला विपणन अधिकारी, जिला प्रबंधक नागरिक आपूर्ति निगम और उपायुक्त सहकारिता, महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक, संबंधित राजस्व/ तहसीलदार को सूचित कर आवश्यक निराकरण कराना सुनिश्चित करेंगे। ड्यूटी पर तैनात अधिकारी- कर्मचारी उपार्जन केन्द्र पर उपार्जन अवधि के दौरान पूरे समय उपस्थित रहेंगे। उपार्जन कार्य राज्य शासन का सर्वोच्च प्राथमिकता का कार्य है, जिसे समय- सीमा में पूर्ण कराया जाना है। इस आदेश को तत्काल प्रभावशील किया गया है।
Tags :