: नरसिंहपुर, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की समीक्षा
Aditi News Team
Wed, Oct 26, 2022
मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की समीक्षा
नरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने बुधवार को नरसिंह भवन सभागार में मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान की विस्तृत समीक्षा की। उन्होंने मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान द्वारा पूर्व में वीडियो कॉन्फ़्रेन्स के माध्यम से समीक्षा किये गए बिंदुओं पर भी चर्चा की और अधिकारियों को दिशा निर्देश दिये।
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि ज़िले में खाद्यान्न वितरण व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। खाद्य विभाग द्वारा मिठाइयों के नमूने लिए जायें। लंपी वायरस की रोकथाम के लिए उन्होंने पशुपालन विभाग, समस्त अनुविभागीय राजस्व अधिकारी एवं मुख्य नगर पालिका अधिकारियों को इस पर विशेष ध्यान देने के निर्देश दिये। महिला एवं बाल विकास विभाग के अंतर्गत एडाप्ट एन आंगनबाड़ी में प्रगति की भी समीक्षा की। कलेक्टर ने जल जीवन मिशन के तहत नल- जल योजना के अंतर्गत ग्राम पंचायतों में खोदी गई सड़कों की जानकारी भी ली।
विभागीय कार्यों की जानकारी का हो प्रचार- प्रसार
कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि शासन की मंशा अनुसार विभागों के द्वारा किए जाने वाले नवाचारों एवं बेहतर कार्यों की जानकारी लोगों तक प्रिंट मीडिया व सोशल मीडिया के माध्यम से पहुँचे। मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के तहत पात्र व्यक्तियों को योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राजस्व विभाग के अंतर्गत नक़्शा शुद्धिकरण के लिए विशेष मुहिम चलायी जाए। नगरीय निकायों में विशेष वाहनों के माध्यम से दीपावली के परोपर लोगों द्वारा घरों में साफ़- सफ़ाई की गई। इस दौरान पुराने कपड़े एवं अन्य सामग्री एकत्रित की जाएगी। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि दोपहिया वाहन चालक हेलमेट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें, यह सुरक्षा अत्यंत आवश्यक है।
बैठक में अनुपस्थित अधिकारियों के वेतन काटने के निर्देश
बैठक में सिविल सर्जन डॉक्टर मुकेश जैन एवं उप संचालक कृषि श्री राजेश त्रिपाठी के बग़ैर अनुमति के मुख्यालय से बाहर रहने पर उनका एक दिन का वेतन काटने के निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने बैठक में दिये।
अटल पेंशन योजना का दिलायें लाभ
कलेक्टर श्री सिंह ने मुख्यमंत्री बाल आशीर्वाद योजना, प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना, संनिर्माण कर्मकार मंडल, अटल पेंशन योजना पर भी चर्चा की। कलेक्टर श्री सिंह ने कहा कि लोगों को अटल पेंशन योजना की जानकारी प्रदान की जाए। कार्यालय में अधिकारी अपने स्टाफ़ के परिवार के सदस्यों को इस योजना का लाभ दिलवाने के लिए प्रेरित करेंगे।
Tags :