: डाॅ मंजुला शर्मा के दो कृतियों का विमोचन
Tue, Feb 7, 2023
डाॅ मंजुला शर्मा के दो कृतियों का विमोचन।जिले की गौरवशाली साहित्यक यात्रा का चित्रण।गाडरवारा । विगत दिनों साहित्य को समर्पित चेतना संस्था के तत्वाधान में डाॅ. मंजुला शर्मा द्वारा सृजित दो कृतियां ‘‘मंजुल मंजूषा’ और ‘जिले का साहित्य विकास’’ का विमोचन समारोह वरिष्ठ साहित्यकार डाॅ. प्रकाश चन्द्र डोंगरे के मुख्यआतिथ्य में, डाॅ सुनीता गुप्ता प्रोफेसर पीजी कालेज गाडरवारा और देवराम जानकी मंदिर के महंत बालकदासजी के सारस्वत आतिथ्य में तथा वरिष्ठ साहित्यकार कुशलेन्द्र श्रीवास्तव की अध्यक्षता में आयोजित किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ मंचासीन अतिथियों द्वारा माॅ सरस्वती जी की प्रतिमा पर माल्यार्पण एवं दीप प्रज्जवलित कर किया गया । सरस्वती वंदना नरसिंहपुुर से पधारे युवा कवि प्रशांत शर्मा ने प्रस्तुत की एवं स्वागत भाषण वेणीशंकर पटैल ‘ब्रज’ में दिया । मंचासीन अतिथियों के स्वागत उपरांत करतल ध्वनि के बीच दोनों कृतियों का विमोचन अतिथियों द्वारा किया गया, इस अवसर पर चेतना संस्था की ओर से विजय नामदेव, पोषराज मेहरा, वृन्दावन बैरागी द्वारा कृतिकार का सम्मान शाल श्रीफल एवं सम्मानपत्र से किया । दोनों कृतियों की समीक्षा, प्रकाशक एवं साहित्यकार सतीश तिवारी द्वारा प्रस्तुत की गई । कृति में उल्लेखित रचनाकार महेश प्रसाद झारिया, पी. एस. विश्वकर्मा और डाॅ डोंगरे का सम्मान शाल श्रीफल से किया गया । कृतिकार मंजुला शर्मा ने अपने उद्बोधन में अपने बचपन के दिनों को याद करते हुए कहा कि मंजुल मंजुषा कृति में अपने बाल्यजीवन की संघर्ष यात्रा को चित्रित किया गया है । आर्थिक, पारिवारिक और शैक्षणिक संघर्ष ने उन्हें मजबूत किया । अपनी दूसरी कृति साहित्य के विकास के संबंध में उन्होने कहा कि उनका शोधग्रंथ का यह एक भाग है । अमृत महोत्सव काल में नरसिंहपुर जिले के भारत की स्वतंत्रता के पूर्व जन्मे साहित्यकारों का परिचय सभी के समक्ष आना गौरव की बात है, ये वे साहित्यकार है जिन्होने अपनी कलम कें माध्यम से भारत की स्वतंत्रता के संग्राम को मजबूती देने का प्रयास किया । मुख्यअतिथि डाॅ डोंगरे ने अपने उद्बोधन में कहा कि साहित्य समाज के तात्कालीन परिस्थितयों का चित्रण करता है । नरसिंहपुर जिला की साहित्यक यात्रा गौरवांवित करने वाली है । हमारे जिले का स्वतंत्रता का आन्दोलन और साहित्य सृजन ने जिले कांे राष्ट्रीय पटल पर अंकित किया है । कार्यक्रम के अध्यक्ष कुशलेन्द्र श्रीवास्तव ने कहा कि हर व्यक्ति को अपने क्षेत्र का इतिहास जानना ही चाहिए । नरसिंहपुर जिला का स्वतंत्रता आन्दोलन और साहित्य का इतिहास राष्ट्रीय स्तर की साहित्यक विकास में महत्वपूर्ण योगदान देता है । जिले के अनेक साहित्यकारों ने राष्ट्रीय स्तर पर पहचान बनाई है। आजादी के अमृत महोत्सव का उदे्श्य ही यह है कि क्षेत्र के नागरिक अपने इतिहास से परिचित हों, ऐसे में मंजुला की कृति महत्वपूर्ण भूमिका निभायेगी । मंहत बालकदास जी ने रचनाकार को शुभकमानाएं देते हुए कहा कि हर व्यक्ति के ऊपर अपनी जन्मभूमि का ऋण होता है, मंजुला ने इन कृतियों के माध्यम से अपने ऋण को उतारने का प्रयास किया है । डाॅ सुनीता गुप्ता ने कहा कि हम सभी अपने अतीत को विस्मृत करते जा रहे हैं ऐसे में ऐसी कृतियां हमें अपने गौरवशाली अतीत से जोड़ती हैं । नररसिंहपुर जिले का योगदान राष्ट्रीय स्तर पर रेखांकित है, केवल हमें अपनी पीढ़ी को उससे अवगत करना है । विमोचित कृति की प्रथम प्रति श्रीमती निर्मला पराशर ने क्रय करते हुए उन्हें बधाई दी । कार्यक्रम का आभार नगेन्द्र त्रिपाठी ने किया और सफल संचालन प्रसि़द्ध कवि विजय नामदेव ने किया । जिले के विभिन्न अंचलों से पधारे श्रोताओं की गौरवांवित करने वाली उपस्थिति के बीच जिले की अनेक संस्थाओं ने कृतिकार का सम्मान किया ।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Mon, Feb 6, 2023
गन्ना किसानों को भुगतान नहीं करने पर मे. आरआर एग्रो खांडसारी इकाई के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित
कलेक्टर ने की कार्रवाई प्रस्तावित
नरसिंहपुर, 06 फरवरी 2023.
जिले में पैराई सत्र 2021- 22 में 287 किसानों से क्रय किये गये 5 करोड़ 13 लाख 88 हजार 501 रुपये मूल्य के गन्ना का भुगतान संबंधित किसानों को नहीं करने पर कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने मे. आरआर एग्रो खांडसारी इकाई, बड़गुवां रोड नयागांव तहसील नरसिंहपुर के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की है। उन्होंने गन्ना आयुक्त मध्यप्रदेश को कार्रवाई के लिए अनुमति एवं उक्त इकाई के विरूद्ध बकाया राशि एवं ब्याज की वसूली के लिए प्रमाण पत्र प्रदान करने के लिए पत्र प्रेषित किया है, ताकि नियमानुसार कार्रवाई के उपरांत गन्ना किसानों की बकाया राशि का भुगतान कराया जा सके।
उक्त इकाई के विरूद्ध मध्यप्रदेश गन्ना प्रदाय एवं क्रय नियमन अधिनियम 1958 की धारा 20 के प्रावधानों के तहत बकाया राशि एवं ब्याज की वसूली के लिए प्रमाण पत्र- आरआरसी जारी कर वसूली की कार्रवाई और विभिन्न अनियमितताओं के लिए उक्त अधिनियम की धारा 26 के प्रावधानों के तहत कार्रवाई प्रस्तावित की गई है।
उल्लेखनीय है कि विरूद्ध मध्यप्रदेश गन्ना प्रदाय एवं क्रय नियमन अधिनियम 1958 की धारा 20 (3) के अनुसार उपरोक्त इकाई को गन्ना क्रय की दिनांक से 14 दिनों के भीतर किसानों को गन्ना मूल्य का भुगतान करना था एवं उक्त अवधि में भुगतान नहीं किया गया, तो संबंधित किसानों को 7 प्रतिशत वार्षिक दर से ब्याज सहित गन्ना मूल्य का भुगतान करना था, जो नहीं किया गया। उक्त इकाई द्वारा गन्ना किसानों से धोखाधड़ी की गई एवं उन्हें लंबे समय उपरांत भी गन्ना राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। भुगतान हेतु चैक जारी किये गये हैं, किंतु इकाई के खाते में राशि न होने के कारण चैक बाउंस हो रहे हैं। इसके अतिरिक्त जो चैक जारी किये गये हैं, उनके बैंक से पैमेंट पर उक्त इकाई द्वारा रोक भी लगा दी गई है। उक्त इकाई द्वारा किसानों की बकाया राशि के भुगतान के लिए कोई ठोस प्रयास नहीं किये जा रहे हैं एवं अनावेदक द्वारा पर्याप्त समय दिये जाने के बावजूद संबंधित किसानों को बकाया राशि का भुगतान नहीं किया जा रहा है। उक्त इकाई की किसानों की बकाया राशि भुगतान में कोई रूचि भी नहीं है। इस कारण से उक्त इकाई के विरूद्ध कार्रवाई प्रस्तावित की गई।
जिले में 5 फरवरी से 2 मार्च तक निकाली जायेगी विकास यात्रा
नरसिंहपुर, 06 फरवरी 2023. जिले में संत रविदास जी की जयंती 5 फरवरी से 2 मार्च तक विकास यात्रायें निकाली जा रही हैं। इसके लिए जिले के चार विधानसभा क्षेत्रों गोटेगांव, नरसिंहपुर, तेंदूखेड़ा व गाडरवारा में कुल 88 क्लस्टर बनाये गये हैं। इनमें 450 ग्राम पंचायतों के 1048 ग्राम और 8 नगरीय निकायों के 142 वार्ड शामिल किये गये हैं। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने जिले में विकास यात्राओं के सुचारू आयोजन के लिए संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
नरसिंहपुर विधानसभा क्षेत्र में 7 एवं 8 फरवरी को विकास यात्रा के रूट
विकास यात्रा विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर के अंतर्गत 7 फरवरी को रूट क्रमांक 3 सगौनी खुर्द क्लस्टर में ग्राम पंचायत अमोदा से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और यात्रा का समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत सगौनी खुर्द में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत अमोदा, हीरापुर, बंदरोहा, ढाना एवं सगौनी खुर्द के ग्रामों को शामिल किया गया है। इसी तरह 8 फरवरी को रूट क्रमांक 4 धमना क्लस्टर में यात्रा ग्राम पंचायत खमरिया जर. से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत घाटपिपरिया में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत खमरिया जर., सुपला, धमना, तिंदनी, करहैया नर्मदा एवं घाटपिपरिया के ग्रामों को शामिल किया गया है।
गोटेगांव विधानसभा क्षेत्र में 7 एवं 8 फरवरी को विकास यात्रा के रूट
विकास यात्रा विधानसभा क्षेत्र गोटेगांव के अंतर्गत 7 फरवरी को रूट क्रमांक 3 कमती क्लस्टर में ग्राम पंचायत पोनिया (डुंगरिया) से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और यात्रा का समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत मेख में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत पोनिया (डुंगरिया), कमती, इमलिया, टिकरी, मानेगांव एवं मेख के ग्रामों को शामिल किया गया है। इसी तरह 8 फरवरी को रूट क्रमांक 4 चांदनखेड़ा क्लस्टर में यात्रा ग्राम पंचायत गोटेगांवखेड़ा से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत चांदनखेड़ा में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत गोटेगांवखेड़ा, बरौदा, देवनगर पुराना, राजाकछार, पिपरसरा एवं चांदनखेड़ा के ग्रामों को शामिल किया गया है।
तेंदूखेड़ा विधानसभा क्षेत्र में 7 एवं 8 फरवरी को विकास यात्रा के रूट
विकास यात्रा विधानसभा क्षेत्र तेंदूखेड़ा के अंतर्गत 7 फरवरी को रूट क्रमांक 3 बिलगुवां क्लस्टर में ग्राम पंचायत बिलगुवां से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और यात्रा का समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत इमझिरा में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत बिलगुवां, पीपरपानी, बिजौरा, रम्पुरा, खमरिया व इमझिरा के ग्रामों को शामिल किया गया है। इसी तरह 8 फरवरी को रूट क्रमांक 4 काशीखैरी क्लस्टर में यात्रा ग्राम पंचायत काशीखैरी से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत सिमरियाकलां में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत काशीखैरी, महगुवां (दमो.), नैनवारा, छत्तरपुर, करहैया (बा.) एवं सिमरियाकलां के ग्रामों को शामिल किया गया है।
गाडरवारा विधानसभा क्षेत्र में 7 एवं 8 फरवरी को विकास यात्रा के रूट
विकास यात्रा विधानसभा क्षेत्र गाडरवारा के अंतर्गत 7 फरवरी को रूट क्रमांक 3 तूमड़ा/ बम्हौरीकलां क्लस्टर में ग्राम पंचायत पीपरपानी से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और यात्रा का समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत सोकलपुर में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत पीपरपानी, टुईयापानी, झिरियामाता, टेकापार, पिपरियाकलां एवं सोकलपुर के ग्रामों को शामिल किया गया है। इसी तरह 8 फरवरी को रूट क्रमांक 4 बम्हौरीकलां क्लस्टर में ग्राम पंचायत मड़गुला से प्रात: 9 बजे शुरू होगी और यात्रा का समापन शाम 6 बजे ग्राम पंचायत खुर्सीपार में होगा। इस क्लस्टर में ग्राम पंचायत मड़गुला, बम्हौरीकलां, गरधा, आमगांवछोटा, कामती एवं खुर्सीपार के ग्रामों को शामिल किया गया है।विकास यात्रा में विधानसभा क्षेत्र गोटेगांव के 25 क्लस्टर में 139 ग्राम पंचायत के 380 ग्राम व एक नगर पालिका क्षेत्र के 15 वार्ड, विधानसभा क्षेत्र नरसिंहपुर के 21 क्लस्टर में 101 ग्राम पंचायत के 218 ग्राम व दो नगर पालिका क्षेत्र के 43 वार्ड, विधानसभा क्षेत्र तेंदूखेड़ा के 21 क्लस्टर में 117 ग्राम पंचायत के 279 ग्राम व एक नगर परिषद क्षेत्र के 15 वार्ड और विधानसभा क्षेत्र गाडरवारा के 21 क्लस्टर में 93 ग्राम पंचायत के 171 ग्राम, एक नगर पालिका क्षेत्र के 24 वार्ड व तीन नगर परिषद क्षेत्र के 45 वार्ड शामिल किये गये हैं। इस तरह जिले के चारों विधानसभा क्षेत्रों में 88 क्लस्टर में 450 ग्राम पंचायत के 1048 ग्राम, 4 नगर पालिका क्षेत्र के 82 वार्ड और 4 नगर परिषद के 60 वार्ड समेत 8 नगरीय निकायों के 142 वार्ड शामिल किये गये हैं।विकास यात्रा के दौरान नुक्कड़ नाटक सभा का आयोजन होगा। इसमें बेटी बचाओ- बेटी पढ़ाओ अभियान, नशा मुक्ति अभियान, एनीमिया मुक्त ग्राम तथा विकास गाथा के बारे में बताया जायेगा और जागरूकता बढ़ाई जायेगी। विकास यात्रा के दौरान जन संवाद, हितग्राही संवाद, लोकार्पण, शिलान्यास, भूमिपूजन, आयुष्मान कार्ड व आधार कार्ड बनाने के शिविर, पौधरोपण कार्यक्रम, समस्या व शिकायत निवारण शिविर, पारंपरिक खेलों के आयोजन, स्वतंत्रता संग्राम सेनानी/ लोकतंत्र सेनानियों का सम्मान, गृह प्रवेश/ ओडीएफ प्लस व गौशाला की घोषणा, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के शेष लाभार्थियों को लाभ वितरण, जल जीवन मिशन के अंतर्गत ग्राम पंचायत/ ग्राम में हर घर जल की उपलब्धता, ऊर्जा साक्षरता अभियान के अंतर्गत पंजीयन एवं प्रमाणीकरण, संबल/ भवन संनिर्माण कर्मकार मंडल के कार्ड बनाने के शिविर, विकास गतिविधियों पर केन्द्रित सांस्कृतिक व भजन के कार्यक्रम, स्वच्छता कार्य व श्रमदान, प्रमुख ऐतिहासिक, धार्मिक व सांस्कृतिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों के भ्रमण, ग्राम के शहीदों की प्रतिमाओं पर माल्यार्पण, एक जिला- एक उत्पाद के अंतर्गत या स्वसहायता समूहों द्वारा बनाये गये उत्पादों, हस्तशिल्प आदि के प्रदर्शन की गतिविधियां संचालित की जायेंगी।
संत रविदास जयंती पर विकासखंड स्तर पर लगे नि:शुल्क आयुष मेले
नरसिंहपुर, 06 फरवरी 2023. संत रविदास जयंती के उपलक्ष्य में जिले में ब्लॉक स्तर पर नि:शुल्क आयुष मेलों का आयोजन किया गया। आयुष मेला विकासखंड नरसिंहपुर के अंतर्गत जिला चिकित्सालय परिसर नरसिंहपुर की आयुष विंग में, विकासखंड गोटेगांव के अंतर्गत ग्राम मवई में, विकासखंड चीचली के अंतर्गत बस स्टेंड के समीप राजमहल स्टेडियम में, विकासखंड चांवरपाठा के अंतर्गत राजमार्ग पर श्री लीला काम्पलैक्स के सामने, विकासखंड सांईखेड़ा के अंतर्गत ग्राम बम्हौरी के शासकीय विद्यालय परिसर में और विकासखंड करेली के अंतर्गत सांई मैरिज गार्डन आमगांव बड़ा में लगाये गये। मेलों का शुभारंभ दीप प्रज्जवलन भगवान धनवंतरि एवं संत शिरोमणि रविदास के चित्र पर माल्यार्पण कर किया गया।आयुष मेलों में आयुर्वेद, होम्योपैथी, प्राकृतिक चिकित्सा पद्धति से लोगों का उपचार किया गया। मेलों में औषधीय पौधों का नि:शुल्क वितरण किया गया। इस दौरान आयुष काढा़ का भी वितरण किया गया।आयुष मेला के अंतर्गत नरसिंहपुर ब्लॉक में 1071, करेली ब्लॉक में 915, चावरपाठा ब्लॉक में 1159, साइखेड़ा ब्लॉक में 883, चीचली ब्लॉक में 908 मरीजों सहित जिले के कुल 5481 मरीजों का स्वास्थ्य परीक्षण कर उन्हें नि:शुल्क औषधि एवं चिकित्सकीय परामर्श दिया गया। इस दौरान योगाभ्यास भी कराया गया।आयुष मेलों में प्रदर्शनी लगाकर लोगों को स्थानीय औषधीय महत्व के पौधों के उपयोग के बारे में जानकारी दी गई। ग्रामीणों को देवारण्य योजना के अंतर्गत औषधीय पौधों की खेती के बारे में बताया गया। आयुष चिकित्सा विशेषज्ञों से परामर्श करने के लिए ग्रामीणों को मोबाइल पर आयुष क्योर एप डाउनलोड करवाया गया।आयुष मेलों में चर्म रोग, श्वास, मधुमेह, स्त्रीरोग, उदर रोग, वात रोग, कास, प्रतिश्याय, रक्ताल्पता, बालरोग आदि का उपचार किया गया। रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिये आर्सेनिक एल्ब एवं त्रिकटु चूर्ण का वितरण भी मेलों में किया गया। यह जानकारी नोडल अधिकारी डॉ. सुभाष नागवंशी ने दी है।
: 11 फरवरी को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में अभिभाषक संघ गाडरवारा के अधिवक्तागणों के साथ बैठक का आयोजन
Mon, Feb 6, 2023
दिनांक 11.02.2023 को आयोजित होने वाली नेशनल लोक अदालत के संबंध में अभिभाषक संघ गाडरवारा के अधिवक्तागणों के साथ बैठक का आयोजनगाडरवारा / प्रधान जिला न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष श्री एम ० के ० शर्मा की अध्यक्षता में आगामी 11 फरवरी को आयोजित नेशनल लोक अदालत में अधिक संख्या में प्रकरणों के निराकरण हेतु बैठक का आयोजन तहसील विधिक सेवा समिति गाडरवारा द्वारा अधिवक्ता संघ के बार रूम में किया गया । बैठक का शुभारंभ कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रधान जिला न्यायाधीश श्री एम ० के ० शर्मा ने किया । " परस्पर सामंजस्य से विवाद का निराकरण पक्षकारों के मध्य किसी भी प्रकार की शत्रुता एवं वैमनस्यता को जड से नष्ट कर देता है , अतः सुलह समझौते जैसे वैकल्पिक समाधान माध्यमों का चयन विवाद हीन वातावरण के सृजन हेतु सहायक होते है । इससे समाज में सौहाद्रपूर्ण वातावरण निर्मित होता है " यह विचार प्रधान जिला न्यायाधीश एक ० के ० शर्मा ने मध्यस्थता एवं सुलह को प्रोत्साहित कर विवादों के सामंजस्यपूर्ण निराकरण हेतु नेशनल लोक अदालत की बैठक में व्यक्त किए । उपस्थित अधिवक्ताओं द्वारा उनके समक्ष प्रकट की गई उत्सुकता एवं समस्याओं के संबंध में प्रधान जिला न्यायाधीश ने मार्गदर्शन देकर तत्काल समाधान किया । कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा समिति गाडरवारा की अध्यक्ष डॉ ० श्रीमति अंजली पारे ने आगामी नेशनल लोक अदालत में राजीनामे के माध्यम से अधिक से अधिक प्रकरणों के निराकरण की अपील की । कार्यक्रम में तहसील विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री विवेक बुखारिया ने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण द्वारा आयोजित नेशनल लोक अदालत विवादो का निपटारा करने का एक वैकल्पिक तरीका है । इस अवसर पर अधिवक्ता संघ अध्यक्ष सर्वेश शर्मा ने आगामी नेशनल लोक अदालत में अधिक से अधिक प्रकरणों का निराकरण आपसी राजीनामें से कराए जाने के बारे में पूर्ण सहयोग प्रदान करने हेतु आश्रवस्त किया । कार्यक्रम के अंत में प्रथम जिला न्यायाधीश संजय वर्मा ने आभार प्रकट किया । कार्यक्रम में श्री राजेश शर्मा चतुर्थ अपर जिला न्यायाधीश एवं अन्य न्यायाधीशगण श्रीमति आरती ढींगरा , श्री अश्विन परमार , सुश्री भानु पण्डवार , श्रीमति हिमांशी ठाकुर गाडरवारा एवं अधिवक्ता संघ से समस्त अधिवक्तागण की उपस्थिति रही ।