: प्रदेश में जनता का राज चलेगा, गड़बड़ करने वाला नहीं बचेगा : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Fri, Dec 2, 2022
कमाने वाला खायेगा, लूटने वाला जेल जायेगा
मुख्यमंत्री ने बैतूल के सीएमएचओ और खनिज अधिकारी को किया निलंबित
बिजली विभाग के दो जेई को भी निलंबित किया
धर्मांतरण का कुचक्र मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं चलने दूंगा
शासकीय योजनाओं में गड़बड़ी करने वालों को नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा
दंबग, दलाल और बदमाशों के लिये वज्र से भी कठोर हूँ
जनता को कोई दिक्कत हुई तो मामा उसे नहीं छोड़ेगा
मुख्यमंत्री बैतूल के कुंडबकाजन में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान के स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि नया जमाना आ रहा है। अब प्रदेश में जनता का राज चलेगा, गड़बड़ करने वाला कोई भी व्यक्ति नहीं बचेगा। कमाने वाला खायेगा और लूटने वाला जेल जायेगा। मुख्यमंत्री, मंत्री, कमिश्नर, कलेक्टर जनता के पास जाकर उनका कार्य करेंगे। मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में गाँव, पंचायत, वार्ड में शिविर लगा कर जनता को विभिन्न योजनाओं का लाभ और उनके अधिकार प्रदान किये जायेंगे।मुख्यमंत्री श्री चौहान आज बैतूल जिले के ग्राम कुंडबकाजन में मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में चिन्हित हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र वितरण कार्यक्रम में शामिल हुए। मुख्यमंत्री ने जनता के कार्यों में गड़बड़ी करने वाले 4 अधिकारियों - बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, खनिज अधिकारी और बिजली विभाग के 2 उप यंत्रियों को मंच से ही निलंबित करने के निर्देश दिये।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-सेवा अभियान में हर पंचायत हर वार्ड में शिविर लगाए जाकर शासन की विभिन्न योजनाओं में स्वीकृति-पत्र वितरित किये जा रहे हैं। ग्रामीणों को उनके गाँव पहुँच कर लाभ दिया जा रहा है। अब उन्हें अपने कार्यों के लिए भटकना नहीं पड़ेगा। उन्होंने कहा कि किसी भी शासकीय योजना में किसी को एक पैसा भी मत देना। यदि कोई मांगता है, तो सीधे सी.एम. हाउस शिकायत करना। जो भी गड़बड़ी करेगा उसे नौकरी करने लायक नहीं छोडूंगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने क्षेत्रवासियों की मांग पर ग्राम बकाजन से भोजपुर मार्ग पर पुल निर्माण, भोजपुर-चिचोली मार्ग को चौड़ा करने और ग्राम पाटरैयत में 80 करोड़ की लागत से 132 के.व्ही. विद्युत सब स्टेशन बनाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री ने बताया कि ग्राम की वर्तमान वोल्टेज समस्या के निराकरण के लिये ग्राम चिंचोली से भीमपुर तक 22 कि.मी. लम्बी 33 कि.मी. की विद्युत लाइन डाली जा रही है। इसका कार्य आगामी 15 दिसम्बर तक पूरा कर लिया जाएगा। मुख्यमंत्री ने विद्युत समस्या संबंधी शिकायत मिलने पर संबंधित दो उप यंत्रियों को मंच से ही निलंबित करने की घोषणा की।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि जिले में स्वास्थ्य और खनिज से संबंधित शिकायतें भी मुझे मिली हैं। इन शिकायतों के आधार पर बैतूल के मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी और खनिज अधिकारी को भी निलंबित किया जाता है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट प्रदेश के 89 जनजाति विकासखण्डों में लागू होगा। यह किसी के खिलाफ नहीं है, सबके हक का है। ग्राम सभा में गैर जनजातीय बंधु भी शामिल होंगे और फैसला लेंगे। पेसा एक्ट गरीबों की जमीन, जंगल, जल, सुरक्षा के अधिकार, महिलाओं के सशक्तिकरण के अधिकार दे रहा है।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पेसा एक्ट के लागू हो जाने के बाद अब हर साल ग्राम की ग्राम सभा में पटवारी और फारेस्ट गार्ड नक्शा, खसरे की नकल, बी-1 की कापी लेकर आयेंगे और ग्रामवासियों को पढ़ कर सुनायेंगे। गड़बड़ी पाई गई तो ग्राम सभा सुधार करेगी। गड़बड़ी करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई होगी। ग्राम सभा में एक तिहाई सदस्य बहनें होंगी।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब किस सरकारी कार्य, योजना के लिये जमीन देना है, यह ग्राम सभा तय करेगी। ग्राम की भूमि का बिना ग्राम सभा की अनुमति के भू-अर्जन नहीं किया जा सकेगा। किसी जनजातीय भाई की जमीन पर कोई व्यक्ति बहला-फुसला कर, शादी के माध्यम से अथवा धर्मांतरण द्वारा कब्जा नहीं कर पायेगा। मैं धर्मांतरण का चक्र मध्यप्रदेश की धरती पर नहीं चलने दूँगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव की गिट्टी, पत्थर, रेती आदि की खदानों की नीलामी होनी है या नहीं यह ग्राम सभा तय करेगी। खदान पहले जनजातीय सोसायटी को, फिर ग्राम की बहन को और फिर पुरूष को प्राथमिकता के आधार पर दी जायेगी। गाँव के तालाबों का प्रबंधन, उनमें मछली पालन, सिंघाड़ा उत्पादन आदि का अधिकार ग्राम सभा का होगा और प्राप्त आमदनी पर ग्रामवासियों का हक होगा। सौ एकड़ तक के सिंचाई तालाब और बाँधों का प्रबंधन ग्राम सभा के पास होगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि अब इमारती लकड़ी की बिक्री से प्राप्त होने वाली राशि का 20 प्रतिशत वन समितियों के खाते में जायेगा। हर्र, बहेड़ा, ऑवला, गोंद, करंज आदि वनोपज संग्रह और बेचने का अधिकार ग्राम सभा को होगा। वह इनके मूल्य भी निर्धारित कर सकेगी। वनोपज की आमदनी भी ग्राम सभा के पास आयेगी। जनजातीय भाइयों को अब तेन्दूपत्ता तोड़ने और बेचने का अधिकार होगा। उन्हें इसका प्रशिक्षण भी दिया जायेगा। साथ ही आमदनी भी उनके खाते में जायेगी। आगामी 15 दिसम्बर तक ग्राम सभा तय कर ले कि वह इस वर्ष तेन्दूपत्ता संग्रहण करेगी अथवा नहीं।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्राम पंचायत में एक वर्ष में जो पैसा आता है उससे क्या किया जाये, यह ग्राम सभा तय करेगी। यदि गाँव के मजदूरों को कोई दूसरे स्थान पर ले जाता है तो उसे ग्राम सभा से इसकी अनुमति लेना होगी। बाहरी व्यक्ति गाँव में आता है तो उसे भी ग्राम सभा की अनुमति लेनी होगी। मनरेगा के कार्यों की मॉनिटरिंग ग्राम सभा करेगी। कार्य का मस्टर रोल भी ग्राम सभा में रखा जायेगा।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव में नई दारू दुकान खुले या नहीं, इसका फैसला ग्राम सभा करेगी। यदि दारू की दुकान, अस्पताल, स्कूल, धार्मिक स्थल के पास है तो ग्राम सभा उसे बंद करने अथवा दूसरी जगह ले जाने की अनुशंसा कर सकेगी। ग्राम सभा किसी दिन को ड्राय-डे घोषित करने के लिये कलेक्टर को अनुशंसा कर सकेगी। अवैध शराब का विक्रय सख्ती से रोका जायेगा। कोई निजी साहूकार, ब्याज देने वाला व्यक्ति लायसेंस लेकर और सरकार द्वारा तय ब्याज दर पर ही ग्रामीणों को ऋण दे सकेगा। अवैध रूप से दिये गये ऋण शून्य हो जायेंगे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गाँव के छोटे-छोटे झगड़ों के निराकरण के लिये ग्राम शांति एवं विवाद निवारण समिति गठित की जायेगी, जो उनका निपटारा करेगी। जिन मामलों में एफआईआर दर्ज होती है, उसकी जानकारी पुलिस द्वारा ग्राम सभा को देना होगी। बाजारों, मेलों, त्योहारों का प्रबंधन ग्राम सभा कर सकेगी। आँगनवाड़ी, छात्रावास, स्कूल, आश्रम शालाएँ, अस्पताल के प्रबंधन का अधिकार भी ग्राम सभाओं के पास होगा। कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने हितग्राहियों को स्वीकृति-पत्र सहित अनेक योजनाओं में हित लाभ भी वितरित किये। मुख्यमंत्री ने नर्मदापुरम संभाग के अनेक हितग्राहियों से वर्चुअल संवाद कर योजनाओं में मिले लाभ की जानकारी भी प्राप्त की।कृषि कल्याण एवं विकास मंत्री श्री कमल पटेल ने कहा कि मध्यप्रदेश में 17 अक्टूबर से 31 अक्टूबर तक जन-सेवा अभियान चलाया गया। अभियान में 83 लाख आवेदनों का निराकरण कर अब हितलाभ वितरण किया जा रहा है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ऐसे पहले मुख्यमंत्री है जिन्होंने प्रदेश में पेसा एक्ट लागू कर जनजातीय वर्ग को जल, जंगल और जमीन का अधिकार दिलाया है। पहली बार वन ग्रामों में फसलों का बीमा करवाया गया है। उन्होंने प्रदेश में सत्ता परिवर्तन कर व्यवस्था परिवर्तन किया है।सांसद श्री दुर्गादास उइके ने स्वागत भाषण में कहा कि मध्यप्रदेश में मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में जनजातीय समाज के कल्याण एवं उनके दुख दूर करने का कार्य युद्ध स्तर पर किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने 15 नवम्बर को जनजातीय गौरव दिवस घोषित किया गया। राष्ट्रपति श्रीमती द्रोपदी मुर्मु की उपस्थिति में मध्यप्रदेश में पेसा एक्ट पर अमल प्रारंभ हुआ।प्रारंभ में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 230 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का शिलान्यास और 160 करोड़ रूपये के विकास कार्यों का लोकार्पण किया। उन्होंने जनजातीय समाज की विभूतियों को सम्मानित भी किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान का सम्मान पारंपरिक मुकुट, माला और सिंगी से किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ कन्या पूजन के साथ किया गया। कार्यक्रम में विधायक, जन-प्रतिनिधि, अधिकारी और बड़ी संख्या में ग्रामीणजन उपस्थित थे।https://youtu.be/HlGdzSNShsE
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Fri, Dec 2, 2022
फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2023
मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने के लिए 3 एवं 4 दिसम्बर को विशेष कैम्प का आयोजन
नरसिंहपुर।
भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2023 के अंतर्गत शनिवार 3 दिसम्बर एवं रविवार 4 दिसम्बर को विशेष कैम्प का आयोजन किया जायेगा। विशेष कैम्प के दिन बीएलओ घर- घर जाकर पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने, अपात्र व्यक्तियों के नाम हटाने और संशोधन के लिए फार्म प्राप्त करेंगे। इन कैम्पों में दिव्यांग मतदाताओं की जानकारी, विशेष पिछड़ी जनजातियों के पात्र व्यक्तियों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाने की कार्रवाई की जायेगी।
यह जानकारी अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक कुमार वैद्य ने दी है। उन्होंने सभी अनुविभागीय राजस्व अधिकारियों एवं तहसीलदारों को विशेष कैम्प के आयोजन के लिए आवश्यक निर्देश दिये हैं। 3 दिसम्बर एवं 4 दिसम्बर को घर- घर जाकर उक्त कार्रवाई पूर्ण करने के लिए सभी बीएलओ को निर्देशित किया गया है।
फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2023
पिछड़ी जनजातियों के शतप्रतिशत नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने के लिए 3 एवं 4 दिसम्बर को विशेष कैम्प का आयोजन
नरसिंहपुर।
भारत निर्वाचन आयोग द्वारा फोटो मतदाता सूची का विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण- 2023 के अंतर्गत प्रदेश की विशेष पिछड़ी जनजातियों के शतप्रतिशत नाम मतदाता सूची में दर्ज करने के निर्देश दिये गये हैं। मतदाता सूची में 9 नवम्बर से विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण के अंतर्गत दावे- आपत्तियों को प्राप्त करने का कार्य जारी है, जो 8 दिसम्बर तक चलेगा। शनिवार 3 दिसम्बर एवं रविवार 4 दिसम्बर को मतदाता सूची में दावे- आपत्तियां प्राप्त करने के लिए विशेष कैम्पों का आयोजन किया जायेगा।
मध्यप्रदेश में मुख्य रूप से पिछड़ी जनजातियों में अबूझ मारिया, बैगा, भारिया, पहाड़ी कोरवा, कमर, सहरिया, बिरहोर आदि के शतप्रतिशत नाम मतदाता सूची में जोड़ने के लिए निर्देशित किया गया है।
इस सिलसिले में अपर कलेक्टर एवं उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्री दीपक कुमार वैद्य ने जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग को निर्देशित किया है कि वे मैदानी स्तर पर पदस्थ विभागीय कर्मचारियों को संबंधित निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी या बूथ लेबल अधिकारियों से सम्पर्क करके छूटे हुये पिछड़ी जनजातियों के शतप्रतिशत नाम मतदाता सूची में दर्ज कराने की कार्रवाई करें।
पिछड़ा वर्ग के कॉलेज के छात्रों के लिए छात्रावास में प्रवेश की प्रक्रिया पुन: शुरू
नरसिंहपुर।
पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक विभाग द्वारा शासकीय एवं अशासकीय कॉलेजों में नियमित विद्यार्थी के रूप में नामांकित व अध्ययनरत पिछड़ा वर्ग के छात्रों के लिए जिला मुख्यालय पर नरसिंहपुर में 100 सीटों वाले पिछड़ा वर्ग पोस्ट मैट्रिक बालक छात्रावास का संचालन किया जाता है। चालू शैक्षणिक सत्र के लिए छात्रावास में कॉलेज के छात्रों द्वारा प्रवेश लिये जाने के बाद भी यहां सीटें रिक्त हैं। छात्रावास की रिक्त सीटों पर प्रवेश के लिए प्रक्रिया पुन: शुरू की गई है। इच्छुक छात्र कार्यालयीन समय में कलेक्ट्रेट नरसिंह भवन स्थित पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण विभाग के कार्यालय और मुशरान वन स्थित छात्रावास में सम्पर्क कर प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी सहायक संचालक पिछड़ा वर्ग तथा अल्पसंख्यक कल्याण ने दी है।
अनुसूचित जाति- जनजाति के विद्यार्थियों के लिए छात्रावास में प्रवेश की प्रक्रिया पुन: शुरू
नरसिंहपुर।
जनजातीय कार्य तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग द्वारा अनुसूचित जाति- जनजाति वर्ग के शासकीय एवं अशासकीय कॉलेजों, माध्यमिक एवं उच्चतर माध्यमिक विद्यालयों में नियमित रूप से अध्ययनरत छात्र- छात्राओं को छात्रावास की सुविधा दी जाती है। चालू शैक्षणिक सत्र में छात्रावासों में रिक्त सीटों पर प्रवेश की प्रक्रिया पुन: शुरू की गई है। इच्छुक छात्र- छात्रायें जिले में संचालित अनुसूचित जाति- जनजाति के छात्रावासों/ आश्रमों में सम्पर्क कर प्रवेश के लिए आवेदन कर सकते हैं। यह जानकारी जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग नरसिंहपुर ने दी है।
1580 किलोग्राम महुआ लाहन व 23 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद
,
अवैध मदिरा के 9 प्रकरण दर्ज
नरसिंहपुर।
जिले में अवैध मदिरा के संग्रहण, परिवहन व विक्रय के विरूद्ध अभियान चलाया जा रहा है। इस अभियान के तहत बुधवार को वृत्त नरसिंहपुर के अंतर्गत ग्राम खमतरा में दबिश देकर 1580 किलोग्राम महुआ लाहन (शराब बनाने का कच्चा माल) व 23 लीटर हाथ भट्टी मदिरा बरामद की गई। जब्त की गई सामग्री एवं मदिरा का अनुमानित मूल्य 81 हजार 300 रूपये है। अभियान के दौरान अवैध मदिरा से संबंधित 9 आपराधिक प्रकरण दर्ज किये गये। ये प्रकरण मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम 1915 के प्रावधानों के तहत दर्ज किये गये।
अभियान जिला आबकारी अधिकारी श्रीमती अम्रता जैन व सहायक जिला आबकारी अधिकारी श्री डीसी चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में चलाया जा रहा है।
प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना के आवेदन आमंत्रित
नरसिंहपुर।
भारत सरकार की प्रधानमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना का लाभ लेने के लिए सभी जाति वर्ग के इच्छुक व्यक्तियों से आवेदन आमंत्रित किये गये हैं। इस योजना में नवीन तालाब निर्माण, मत्स्य बीज संवर्धन क्षेत्र निर्माण, मत्स्य बीज हैचरी की स्थापना, जलाशयों में मत्स्य अंगुलिकाओं का संचयन, बॉयोफ्लाक की स्थापना, आरएएस की स्थापना, आईस बॉक्स के साथ मोटरसाईकिल एवं साईकिल, ऑटो रिक्शा, कियोस्क निर्माण आदि शामिल हैं। इस संबंध में विस्तृत जानकारी के लिए जिला पंचायत कार्यालय परिसर नरसिंहपुर में सहायक संचालक मत्स्योद्योग के कार्यालय में सम्पर्क कर आवेदन जमा किये जा सकते हैं।
यह जानकारी सहायक संचालक मत्स्योद्योग ने दी है। उन्होंने बताया कि सभी वर्ग की महिलाओं और अनुसूचित जाति- जनजाति वर्ग के हितग्राहियों को इकाई लागत का 60 प्रतिशत और सामान्य व पिछड़े वर्ग के पुरूष हितग्राहियों को 40 प्रतिशत अनुदान दिये जाने का प्रावधान है।
जिले में औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा दिया जायेगा
देवारण्य योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक सम्पन्न
नरसिंहपुर।
राज्य शासन ने औषधीय पौधों की खेती को बढ़ावा देकर किसानों का आर्थिक उन्नयन करने के उद्देश्य से प्रदेश में देवारण्य योजना लागू की है। योजना का क्रियान्वयन आयुष विभाग और अन्य विभागों के समन्वय से किया जायेगा। देवारण्य योजना की जिला स्तरीय समिति की बैठक कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में सम्पन्न हुई।
बैठक में कलेक्टर ने निर्देशित किया कि जैव विविधता के आधार पर जिले में मांग के अनुरूप औषधीय पौधों को चिन्हांकित कर सूचीबद्ध किया जावे। इनमें आंवला, अश्वगंधा, तुलसी, कालमेघ, गिलोय, मुनगा, एलोवेरा, बहेड़ा, नागरमोथा, ईसबगोल आदि शामिल हैं। उन्होंने किसानों को चिन्हित कर सही मार्केट लिंकेज विकसित करने पर जोर दिया। मार्केटिंग लिंकेज प्रोसेसिंग यूनिट की स्थापना के लिए कार्य योजना तैयार करने पर बल दिया गया।
कलेक्टर ने वन विभाग के अधिकारी से औषधीय पौधों के रोपण एवं वन उत्पाद के बारे में जानकारी ली। योजना के क्रियान्वयन में वन विभाग, मनरेगा, कृषि विभाग, आजीविका मिशन आदि सहभागी होंगे।
बैठक में वन समितियों और अनुसूचित जाति- जनजाति बाहुल्य क्षेत्रों को योजना में शामिल करने पर जोर दिया गया है। सलिला हर्बल यूनिट बरमान के श्री नितिन रिछारिया ने औषधि निर्माण के लिए आवश्यक औषधीय उत्पादों की मांग के बारे में बताया।
जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह ने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से जिले में विभिन्न विभागों के समन्वय से देवारण्य योजना के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी दी।
कलेक्टर ने एड्स जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया
नरसिंहपुर।
विश्व एड्स दिवस पर एक दिसम्बर को कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने एड्स जागरूकता रैली को हरी झंडी दिखाकर जिला चिकित्सालय से रवाना किया। जागरूकता रैली शहर के मुख्य मार्गों से होते हुए वापस जिला चिकित्सालय पहुंची।
इस अवसर पर मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. एके जैन, आरएमओ डॉ. जीसी चौरसिया, डॉ. एसके निगम, डॉ. राजकुमार डेहरिया, जिला एड्स नियंत्रण प्रकोष्ठ के श्री प्रशांत कुमार सोनी, शासकीय जीएनएमटीसी नर्सिंग कॉलेज और विभिन्न नर्सिंग एवं कॉलेज के छात्र- छात्रायें मौजूद थी।
महाकौशल सुगर मिल प्रबंधक को पीडीसी चेक वाले गन्ना किसानों की जानकारी तत्काल उपलब्ध कराने के निर्देश
नरसिंहपुर।
अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य ने पीडीसी चेक वाले गन्ना किसानों के पूर्ण पते और कृषकवार मोबाइल नम्बर की जानकारी तत्काल कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध कराना सुनिश्चित करने के निर्देश प्रबंधक महाकौशल सुगर मिल बचई को दिये हैं, अन्यथा दंडात्मक कार्रवाई की चेतावनी दी गई है, जिसके लिए वे स्वयं जिम्मेदार होंगे।
उल्लेखनीय है कि पिराई सत्र 2021- 22 के गन्ना कृषकों के भुगतान की जानकारी महाकौशल सुगर मिल प्रबंधक द्वारा प्रस्तुत की गई थी, जिसमें उन्होंने दिसम्बर 2022 के कृषकों को ब्याज सहित पीडीसी चेक देने की जानकारी दी थी। प्रबंधक से पीडीसी चेक दिये गये किसानों की सम्पूर्ण जानकारी, चेक संख्या, राशि एवं किसानों के मोबाइल नम्बर मांगे गये थे, परंतु प्रबंधक द्वारा दी गई लिस्ट में किसानों के मोबाइल नम्बर नहीं दिये गये थे। इस संदर्भ में प्रबंधक को किसानों के मोबाइल नम्बर तुरंत उपलब्ध कराने के निर्देश दिये गये थे, परंतु प्रबंधक द्वारा अब तक किसानों के मोबाइल नम्बर कलेक्टर कार्यालय में उपलब्ध नहीं कराये गये हैं। इस कारण से प्रबंधक महाकौशल सुगर मिल को उक्त निर्देश दिये गये हैं।
कलेक्टर ने की ऊर्जा विभाग के कार्यों की समीक्षा
नरसिंहपुर।
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने जिले में ऊर्जा (विद्युत) विभाग के कार्यों की समीक्षा गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में की। उन्होंने जिले में विद्युत वितरण से संबंधित व्यवस्थाओं की जानकारी ली और आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में मप्रपूक्षेविविकंलि. के सभी कार्यपालन यंत्री, सहायक यंत्री एवं कनिष्ठ यंत्री मौजूद थे।
बैठक में कलेक्टर ने विद्युत वितरण कम्पनी के अधिकारियों को जिले में सतत विद्युत आपूर्ति बहाल रखने और जले हुए ट्रांसफार्मर समय सीमा में बदलने के निर्देश दिये। उन्होंने बकायादार विद्युत उपभोक्ताओं से बकाया राशि की वसूली कर राजस्व बढ़ाने पर जोर दिया। उन्होंने विद्युत वितरण के दौरान तकनीकी हानियों को कम करने के लिए निर्देशित किया। कलेक्टर ने जीआईएस टैगिंग, क्यूआर कोडिंग की जानकारी ली और जिले में ऊर्जा विभाग से संबंधित प्रोजेक्टों को समय सीमा में पूर्ण करने के लिए निर्देशित किया।
उपार्जन की सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रहें- कलेक्टर
लापरवाही व अनियमितता पर होगी सख्त कार्रवाई
नरसिंहपुर।
कलेक्टर एवं जिला सहकारी केन्द्रीय की प्रशासक सुश्री ऋजु बाफना ने जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक से संबंधित कार्यों की गुरूवार को बैंक सभाकक्ष में समीक्षा की। उन्होंने किसानों से जुड़ी शासन की योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के निर्देश दिये।
बैठक में कलेक्टर ने बैंक के शाखा प्रबंधक, पर्यवेक्षक एवं समिति प्रशासकों को निर्देशित किया कि जिले में उपार्जन की सभी व्यवस्थायें दुरूस्त रहें। उपार्जन में लापरवाही, अनियमितता, गड़बड़ी पाये जाने पर सख्त कार्रवाई की जायेगी। उन्होंने शाखा प्रबंधकों और प्रशासकों को निर्देशित किया कि वे उपार्जन केन्द्रों का लगातार भ्रमण कर वहां मूलभूत सुविधाओं और आधारभूत व्यवस्था की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर विशेष ध्यान दें। सभी उपार्जन केन्द्रों में किसानों के लिए छाया, बैठने की व्यवस्था, पीने के पानी, प्रसाधन आदि की समुचित व्यवस्था रहे। धान खरीदी व्यवस्थित तरीके से हो। उपार्जन केन्द्र में तौलकांटा, सिलाई मशीन, नमी मापक यंत्र आदि चालू रहें। उन्होंने किसानों की सहूलियत के लिए सभी व्यवस्थायें अच्छी रखने के निर्देश दिये। उन्होंने सख्त हिदायत दी कि खरीदी में कोई शिकायत नहीं मिलना चाहिये, अन्यथा संबंधित शाखा प्रबंधक जिम्मेदार होंगे।
कलेक्टर ने चालू वित्तीय वर्ष के ऋण वितरण, वसूली और अमानक संग्रहण के लक्ष्यों की पूर्ति करने के निर्देश भी शाखा प्रबंधकों को दिये। महाप्रबंधक जिला सहकारी केन्द्रीय बैंक श्री आरसी पटले ने समितियों को बहुउद्देशीय बनाने के लिए प्रारंभ किये गये कॉमन सर्विस सेंटर की कार्यप्रणाली के बारे में जानकारी दी। इस व्यवस्था से समितियों को लाभ होगा। श्री पटले ने बैंक की वित्तीय स्थिति से अगवत कराया। उन्होंने पॉवर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से मदवार विवरण प्रस्तुत किया।
बैठक में उपायुक्त सहकारिता श्री जीएस डेहरिया, बैंक मुख्यालय के अधिकारी और विभिन्न बैंक शाखाओं के प्रबंधक मौजूद थे।
ग्राम कटकुही में ग्रामवासियों को अब गर्मी के मौसम में नहीं होगी पानी की समस्या
अमृत सरोवर बनने से मिलने लगा भरपूर पानी
नरसिंहपुर।
जिले की जनपद पंचायत नरसिंहपुर की ग्राम पंचायत लिघारी के ग्राम कटकुही में ग्रामवासियों को गर्मी के मौसम में अनेक वर्षों से पानी की समस्या होती थी। अब यहां जल शक्ति अभियान/ मनरेगा के अंतर्गत अमृत सरोवर का निर्माण हो जाने से लोगों को भरपूर पानी मिलने लगा है और उनकी पानी की समस्या दूर हो गई है। सरोवर के चारों ओर हरियाली दिखने लगी है और पशु- पक्षियों को भी पीने के लिए पानी उपलब्ध हो गया है। इस कारण से ग्रामवासी बहुत खुश हैं।
कटकुही में अमृत सरोवर का निर्माण 23.40 लाख रुपये की लागत से हुआ है। सरोवर की जल भंडारण क्षमता 42 हजार घन मीटर है।
सरोवर निर्माण के पहले ग्रामवासियों ने बताया था कि कटकुही में जहां विगत 200 वर्षों से सिद्ध बाबा की मूर्ति स्थापित है, वहां बारिश का पानी पहाड़ों से आकर जमा होता है, परंतु बारिश समाप्त होने के बाद एक- दो महिने में ही पानी समाप्त हो जाता है। समीप ही पहाड़ी पर सरोवर से लगा हुआ शंकर जी का मंदिर भी है। ग्रामवासी पानी के लिए प्रार्थना भी करते थे। यहां श्रावणमास में शंकर जी के मंदिर के समीप मेला लगता है, इसमें आसपास के गांवों के लोग एकत्रित होकर पूजा अर्चना करते हैं। ग्रामवासियों की मनोकामना पूरी होने से वे बहुत खुश हैं। अमृत सरोवर कटकुही में सौंदर्यीकरण के लिए शेड निर्माण, चबूतरा, पार्क व पौधरोपण के कार्य भी कराये जायेंगे। इससे ग्रामवासियों में खुशी का माहौल है।
3 दिसम्बर को विश्व दिव्यांग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन नरसिंहपुर में
दिव्यांगों को वितरित होंगे हितलाभ
नरसिंहपुर।विश्व दिव्यांग दिवस पर जिला स्तरीय कार्यक्रम का आयोजन शनिवार 3 दिसम्बर को पूर्वान्ह 11 बजे से शासकीय स्वामी विवेकानंद स्नातकोत्तर महाविद्यालय- पीजी कॉलेज नरसिंहपुर के ऑडिटोरियम में किया जायेगा। कार्यक्रम में दिव्यांगों को हितलाभ एवं पुरस्कार वितरित किये जायेंगे। इस मौके पर दिव्यांगजन सामर्थ्य प्रदर्शन, खेलकूद प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी होगा। कार्यक्रम का आयोजन जिला शिक्षा केन्द्र एवं सामाजिक न्याय विभाग के तत्वावधान में किया जायेगा।उप संचालक सामाजिक न्याय एवं नि:शक्तजन कल्याण श्रीमती अंजना त्रिपाठी ने बताया कि एलिम्को की टीम द्वारा 5 मार्च 2022 को जिन दिव्यांगों का चिन्हांकन किया गया था, उन हितग्राहियों को इस कार्यक्रम में ट्रायसिकल, बैसाखी एवं कान की मशीन प्रदान की जायेगी। एलिम्को द्वारा अभी कृत्रिम अंग एवं मोट्रेट ट्रायसिकल उपलब्ध नहीं कराई गई हैं, इस कारण से संबंधित दिव्यांग हितग्राहियों को ये सामान उपलब्ध होने के पश्चात ही बाद में प्रदान किये जायेंगे। एलिम्को द्वारा जिन हितग्राहियों को सहायक उपकरण दिये जाना हैं, उन्हें टेलीफोन एवं ग्राम पंचायत सचिवों के माध्यम से सूचित कर दिया गया है।
जनजातीय कार्य विभाग के विशिष्ट विद्यालयों की कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए आवेदन की अंतिम तिथि 25 दिसम्बर
नरसिंहपुर। जनजातीय कार्य विभाग द्वारा संचालित विशिष्ट विद्यालयों एकलव्य आदर्श आवासीय विद्यालय, कन्या शिक्षा परिसर एवं आदर्श आवासीय विद्यालय की कक्षा 6 वीं में प्रवेश के लिए परीक्षा का आयोजन 29 जनवरी 2023 को होगा। इसके लिए विभागीय एमपीटास पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन करने की अंतिम तिथि 25 दिसम्बर 2022 है। यह जानकारी जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग श्री सुनील मरकाम ने दी है। उन्होंने बताया कि वर्तमान में कक्षा 5 वीं में अध्ययनरत अनुसूचित जनजाति के छात्र- छात्रा एमपीटास पोर्टल पर निर्धारित तिथि तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
खनिज राजस्व बकाया वसूली की समाधान योजना में बकायादार को मिलेगी राहत
नरसिंहपुर।राज्य शासन द्वारा खनिज साधन विभाग के अंतर्गत मुख्य एवं गौण खनिज के खनिज राजस्व बकाया वसूली के लिए समाधान योजना में त्वरित कार्रवाई के उद्देश्य से संबंधित बकायादार को राहत एवं शिथिलीकरण प्रदान करने का निर्णय लिया गया है। योजना में प्रस्तावित छूट 30 जनवरी 2023 तक लागू रहेगी। यह जानकारी प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा नरसिंहपुर ने दी है।प्रभारी अधिकारी खनिज शाखा के अनुसार समाधान योजना में 31 मार्च 2010 के पूर्व की बकाया राशि में ब्याज की पूरी छूट दी जायेगी। एक अप्रैल 2010 से 31 मार्च 2020 तक के ऐसे प्रकरण जिनमें बकाया राशि 5 लाख रुपये से कम है, उन पर ब्याज पूर्णत: माफ किया जायेगा। साथ ही एक अप्रैल 2020 से 31 मार्च 2020 तक ऐसे प्रकरण जिनमें बकाया राशि 5 लाख रुपये से अधिक है, उन पर ब्याज की राशि 24 प्रतिशत के स्थान पर 6 प्रतिशत की दर से बसूल की जायेगी। ऐसी बकाया राशि जिस पर न्यायालयीन वाद लंबित हैं, तब उपरोक्तानुसार राशि जमा होने पर वाद वापस लिया जा सकेगा। इस संबंध में सम्पूर्ण जानकारी के लिए बकायादार कलेक्टर कार्यालय नरसिंहपुर की खनिज शाखा में कार्यालयीन समय में सम्पर्क कर सकते हैं।
नगर गौरव दिवस पर करेली में रहा उत्सव का महौल
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुति
नरसिंहपुर।
मध्यप्रदेश शासन के निर्देशानुसार करेली में नगर गौरव दिवस के दो दिवसीय कार्यक्रम आयोजित किये गये। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी के एक दिसम्बर 1933 को करेली आगमन के उपलक्ष्य में इस दिन करेली में मनाये गये नगर गौरव दिवस पर उत्सव का महौल रहा। पुरानी गल्ला मंडी में आयोजित मुख्य समारोह का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम में विधायक श्री जालम सिंह पटैल, कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला ममार व उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता नेमा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा, वरिष्ठ पत्रकार श्री संजीव शर्मा शामिल हुये।
इतिहास की झलक पत्रक का विमोचन
मुख्य समारोह में अतिथियों ने "इतिहास की झलक" पत्रक का विमोचन किया, इसके संकलनकर्ता श्री संतोष तिहैया, श्री जितेन्द्र गुप्ता, श्री आशीष अग्रवाल एवं श्री प्रवीण कौरव हैं। विधायक श्री पटैल ने स्वच्छ सर्वेक्षण- 2023 के स्वच्छता सांग का विमोचन भी किया।
विशिष्टजनों को दिया गया नगर गौरव सम्मान
इस मौके पर अतिथियों ने नगर के विशिष्टजनों को नगर गौरव सम्मान देकर सम्मानित किया। नगर के डॉक्टर, इंजीनियर, सीए, पत्रकार, लोकतंत्र सेनानी, समाज सेवी समेत कला, आयुर्वेद, साहित्य एवं उद्योग क्षेत्र के विशिष्टजनों को सम्मानित किया गया।
सांस्कृतिक कार्यक्रमों की मनोहारी प्रस्तुति
मुख्य समारोह में करेली के खंजाची रामकली बाई स्कूल, प्रेमादेवी स्कूल, कारमेल स्कूल, सीएम राइज स्कूल, शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, डॉ. केएल पपनेजा स्कूल, बीएसएल पब्लिक स्कूल, एनजेएम इंग्लिश स्कूल के छात्र- छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों में मनोहारी प्रस्तुति दी, जिसे दर्शकों से भरपूर सराहना मिली।
कार्यक्रम की रूपरेखा श्री रजत चौहान एवं श्री संदीप ममार ने बताई। कार्यक्रम का संचालन श्री आशीष अग्रवाल एवं श्री सिद्धांत जैन ने और आभार प्रदर्शन नगर पालिका उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता नेमा ने किया।
चतुर्भुज सड़क नगर गौरव चौक के लिए भूमिपूजन
इसके पूर्व नगर गौरव दिवस पर पुरानी गल्ला मंडी में विधायक श्री जालम सिंह पटैल और अन्य अतिथियों ने 39 लाख रुपये लागत की चतुर्भुज सड़क नगर गौरव चौक के लिए भूमिपूजन किया। इस मौके पर नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सुशीला ममार व उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता नेमा, जिला भाजपा अध्यक्ष श्री अभिलाष मिश्रा, नगर पालिका की लोक निर्माण समिति के अध्यक्ष श्री अनिल दुबे, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्रीमती स्नेहा मिश्रा, अन्य जनप्रतिनिधि, पार्षदगण और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद थे।
: जबलपुर के प्रमुख समाचार
Fri, Dec 2, 2022
जिला जबलपुर में पदस्थ सेवा निवृत्त हुये 2 पुलिस अधिकारियों को पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा द्वारा दी गयी भावभीनी विदाई
आज शाम 6 बजे पुलिस कन्ट्रोलरूम जबलपुर में 62 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर थाना पनागर में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक श्री ब्रम्हदत्त दुबे, एवं थाना यातायात में पदस्थ कार्यवाहक सहायक उप निरीक्षक सुरेश कुमार तिवारी को पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक शहर श्री गोपाल खाण्डेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री शिवेश सिंह बघेल एवं नगर पुलिस अधीक्षक कोतवाली श्री प्रभात शुक्ला, उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री तुषार सिंह तथा रक्षित निरीक्षक जबलपुर श्री सौरभ तिवारी, की उपस्थिति में दीर्घायु की कामना करते हुये स्मृति चिन्ह के साथ साथ अवकाश नगदीकरण, बीमा, पैैंशन, ग्रेज्युटी, के दस्तावेज भेंट करते हुये भावभीनी विदाई दी गयी।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) ने कहा कि आप सभी ने 37 से 41 साल तक की सेवा अवधी को निष्ठा एवं ईमानदारी के साथ बखूबी अपने कर्तव्यों का निर्वहन किया, एवं जबलपुर पुलिस को सराहनीय योगदान दिया तथा हमेशा विभाग के लिये समर्पित रहे, आप सभी को लम्बे और सफल कार्यकाल के लिये बधाई। जिस प्रकार आप सभी की उज्जवल छवि रही है, एवं अपने आपको स्वस्थ बनाये रखा है, इसी प्रकार सेवा निवृत्त होने के बाद भी परिवार के साथ सुखमय एवं स्वस्थ जीवन व्यतीत करें, अपने स्वास्थ का हमेशा ख्याल रखें, यदि आपको किसी भी प्रकार की कोई समस्या आती है तो आप कभी भी किसी भी समय मुझे अपनी समस्या बता सकते है, आपकी समस्याओं का त्वरित प्राथमिकता के आधार पर निराकरण किया जावेगा।
आज रात्रि में कॉम्बिंग गस्त के दौरान 106 गैरम्यादी वारंटी , 268 गिरफ्तारी वारंटी तथा मामलों में फरार 07 आरोपी पकडे गये
*पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.)* के निर्देशानुसार अपराधों की रोकथाम हेतु आज दिनॉक 30-11-22 की रात्रि 12:00 बजे से प्रातः 5:00 बजे तक अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (शहर ) श्री गोपाल खांडेल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक दक्षिण श्री संजय कुमार अग्रवाल, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्री शिवेश सिंह बघेल, तथा समस्त नगर पुलिस अधीक्षकों/एसडीओपी के मार्गदर्शन में समस्त थाना प्रभारी शहर एवं देहात द्वारा हमराह स्टाफ के कॉम्बिग गस्त की गयी।कॉम्बिग गस्त के दौरान वारंटी एवं लंबित मामलों में फरार आरोपियों की गिरफ्तारी हेतु प्रत्येक थाने में 3-4 टीमें बनाई गई, एक टीम के प्रभारी थाना प्रभारी स्वयं थे, अन्य टीम के प्रभारी उप निरीक्षक / सहायक उप निरीक्षक स्तर के अधिकारी थे।टीमों के द्वारा दबिश देते हुए कॉम्बिंग गस्त मे 106 गैर म्यादी वारिटयों एवं 268 गिरफ्तारी वारंटियों को तथा लंबित मामलो मे फरार 07 आरोपियों को पकडा गया वहीं 118 जमानती वारंट भी तामील किये गये।
स्वच्छता सर्वेक्षण में कार्यालयों की स्वच्छता की क्षेणी में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर को मिला द्वितीय स्थान
स्वच्छ सर्वेक्षण अभियान 2023 में लगे सफाई योेद्धाओं, सफाई संरक्षकों, स्व सहायता समूह के प्रतिनिधियों आदि के साथ साथ स्वच्छता मित्रों को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से आज दिनॉक 1-12-22 को मानस भवन के प्रेक्षागृह में उत्कृष्ट कार्य करने वाले स्वच्छता सैनिकों, स्वच्छता मित्रों, संस्था के प्रभारियों नागरिक समूह, स्व सहायता समूह, एन.जी.ओ., रहवासी संघ मार्केट , स्वच्छ इनोवेशन के प्रतिनिधियों का एक सम्मान समारोह आयोजित किया गया।
स्वच्छता सर्वेक्षण में पुलिस अधीक्षक कार्यालय जबलपुर को कार्यालयों की स्वच्छता की क्षेणी में द्वितीय स्थान प्राप्त होेने पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) के निर्देशानुसार जबलपुर पुलिस की ओर से सम्मान समारोह में पहुंचे उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री तुषार सिंह को प्रशस्ती पत्र एवं मोमेन्टो देकर महापौर श्री जगतबहादुर सिंह ‘‘अन्नू’’ , नगर निगम अध्यक्ष श्री रिंकू विज, नेता प्रतिपक्ष श्री कमलेश अग्रवाल, स्वास्थ प्रभारी एम.आई.सी. सदस्य श्री अमरीश मिश्रा के साथ साथ अन्य जनप्रतिनिधियों कें द्वारा सम्मान किया गया।
उल्लेखनीय है कि पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) के आदेशानुसार पूरे पुलिस अधीक्षक कार्यालय परिसर की नियमित प्रतिदिन साफ सफाई रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी , उप पुलिस अधीक्षक मुख्यालय श्री तुषार सिंह, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ग्रामीण श्री शिवेश सिंह बघेल के निर्देशन में सफाई कर्मियों द्वारा करायी जाती है। समय समय पर पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.) द्वारा स्वयं भी औचक साफ सफाई का निरीक्षण किया जाता है।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा ने पुलिस लाईन का किया औचक निरीक्षण
*पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.)* आज दिनॉक 2-12-2022 को पुलिस लाईन जबलपुर का औचक निरीक्षण करने पहुंचे।आपने पुलिस लाईन जबलपुर में आरर्मोरी शाखा में आर्म्स के रख रखाव, साफ सफाई एवं स्टोर शाखा में बलवा ड्रिल सामग्री, डी.एफ.एम.डी, एच.एच.एम.डी. के रख रखाव का निरीक्षण करते हुये आर्म्स की नियमानुसार साफ सफाई होती रहे एवं ड्रोन कैमरे तथा डी.एफ.एम.डी, एच.एच.एम.डी. चालू एवं चार्ज हालत में हों रक्षित निरीक्षक श्री सौरभ तिवारी को निर्देशित किया, तत्पश्चात आपने वाहन शाखा में खडे वाहनों का भी निरीक्षण करते हुये वाहनों के पीए एवं सायरन सिस्टम चालू हालत में है कि नहीं को चैक किया।उल्लेखनीय है कि इसके पूर्व आपकंे द्वारा दिनॉक 18-11-22 को पुलिस लाईन का औचक निरीक्षण किया गया था, निरीक्षण के दौरान आर्म्स की साफ सफाई एवं शासकीय वाहनों को दुरूस्त हालत में रखने हेतु आदेशित किया गया था।आदेश के परिपालन में क्रेन एवं अन्य वाहनों में डेंट पैंट करवाते हुये वाहनों को दुरूस्त कराया गया है, आज औचक निरीक्षण के दौरान आपके द्वारा उक्त वाहनों को विशेष रूप से चैक किया गया।आपने पुलिस लाईन के कार्यालयीन स्टाफ को स्वच्छता के महत्व को बताते हुये साफ सफाई रखने हेतु आदेशित करते हुये रक्षित निरीक्षक सौरभ तिवारी को भी पुलिस लाईन परिसर में प्रतिदिन साफ सफाई कराने हेतु निर्देशित किया।
पुलिस अधीक्षक जबलपुर के निर्देश पर क्राईम ब्रांच की थाना अधारताल, घमापुर, ग्वारीघाट पुलिस के साथ संयुक्त कार्यवाही
अवैध शराब के कारोबार में लिप्त 5 आरोपी गिरफ्तार, 4 लीटर कच्ची, 269 पाव अंग्रेजी/देशी शराब कीमती 17 हजार 950 रूपये की एवं शराब बिक्री के नगद 1460 रूपये तथा मोटर सायकिल जप्त*पुलिस अधीक्षक जबलपुर श्री सिद्धार्थ बहुगुणा (भा.पु.से.)* द्वारा जिले मे पदस्थ समस्त राजपत्रित अधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को अवैध मादक पदार्थ/शराब की तस्करी मंे लिप्त लोगों को चिन्हित करते हुये उनके विरूद्ध कार्यवाही हेतु आदेशित किया गया है। आदेश के परिपालन में अति. पुलिस अधीक्षक अपराध श्री समर वर्मा के मार्ग निर्देशन में क्राईम ब्रांच की टीम द्वाराथाना ग्वारीघाट अंतर्गत पुराने रेल्वे स्टेशन के पास दबिश देते हुये गोलू महार उम्र 29 वर्ष निवासी ललपुर नई बस्ती ग्वारीघाट से 31 पाव अंग्रेजी, 29 पाव देशी शराब कीमती 5 हजार रूपये की जप्त की गयी।इसी प्रकार थाना ग्वारीघाट अंतर्गत पुरानी बस्ती रामलला मंदिर के आगे दबिश देते हुये उमेश पटेल उम्र 58 वर्ष निवासी पुरानी बस्ती ग्वारीघाट के कब्जे से 7 पाव अंग्रेजी एवं 13 पाव देशी शराब कीमती 1400 रूपये की जप्त की गयी।इसी प्रकार थाना घमापुर अंतर्गत चांदमारी टेस्टिंग रोड में मे दबिश देेकर श्रीमति रीता कुचबंधिया उम्र 35 वर्ष निवासी चांदमारी टेस्टिंग रोड के कब्जे से 43 पाव देशी एवं 2 लीटर कच्ची शराब कीमती 2350 रूपये की तथा शराब बिक्री के 1460 रूपये तथा शुभम कोरी उम्र 25 वर्ष निवासी चंादमारी तलैया के कब्जे से 42 पाव देशी एवं 2 लीटर कच्ची शराब कीमती 2300 रूपये की जप्त की गयी।इसी प्रकार थाना अधारताल अंतर्गत अमखेरा पानी की टंकी के पास दबिश देते हुये राज लखेरा उम्र 34 वर्ष निवासी बडी स्कूल के पास पनागर से 115 पाव देशी शराब कीमती 6 हजार 900 रूपये की एवं शराब परिवहन में प्रयुक्त मोटर सायकिल जप्त की गयी।उपरोक्त सभी के विरूद्ध थाना ग्वारीघाट, घमापुर एवं अधारताल में धारा 34 आबकारी एक्ट के तहत कार्यवाही की गयी है।*उल्लेखनीय भूमिका-* अवैध शराब के कारोबार में लिप्त आरोपियों को पकडने में क्राईम ब्रांच के सहायक उप निरीक्षक राम सनेह शर्मा, प्रमोद पाण्डेय, अजय पाण्डे, प्रधान आरक्षक हरिशंकर , आरविंद, राममिलन , अमित श्रीवास्तव, राकेश बहादुर सिंह आरक्षक राजेश केवट की सराहनीय भूमिका रही।