: कलेक्टर द्वारा सीएम राइज स्कूलों का निरीक्षण,विद्यार्थियों से किया संवाद
Fri, Nov 4, 2022
कलेक्टर द्वारा सीएम राइज स्कूलों का निरीक्षण,विद्यार्थियों से किया संवादनरसिंहपुर। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सीएम राइज स्कूल- एसडीएम शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला नरसिंहपुर और शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करेली का निरीक्षण किया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद किया और उन्हें अच्छे से पढ़ाई करके जीवन में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।सीएम राइज स्कूल नरसिंहपुर में उन्होंने 9 वीं, 10 वीं, 11 वीं एवं 12 वीं कक्षा की अंग्रेजी एवं हिन्दी माध्यम से पढ़ाई करने वाली छात्राओं से बात की। उन्होंने हिन्दी माध्यम की छात्राओं से कहा कि वे अंग्रेजी का भी अध्ययन करें, अच्छे से पढ़ाई करें। उन्होंने छात्राओं से पूछा कि उन्हें कोई दिक्कत तो नहीं है। शिक्षक समय पर आते हैं। पीने के पानी की समुचित व्यवस्था है। इस पर छात्राओं ने कहा कि उन्हें कोई दिक्कत नहीं है। कलेक्टर ने बताया कि मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के निर्देशानुसार सीएम राइज स्कूल की नई बिल्डिंग करीब 10 एकड़ में बनेगी, जिसमें विद्यार्थियों के शिक्षण हेतु सभी व्यवस्थायें रहेंगी। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से विभिन्न प्रश्न भी पूछे।कलेक्टर ने प्राचार्य को निर्देशित किया कि कक्षाओं की खिड़कियों में जाली लगवाई जाये। कक्षाओं में आवश्यकतानुसार पंखे और पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाये।करेली में विकासखंड स्तरीय कला उत्सव में शामिल हुए कलेक्टरसीएम राइज स्कूल शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय करेली में आयोजित विकासखंड स्तरीय कला उत्सव में कलेक्टर श्री रोहित सिंह शामिल हुए और विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। कला उत्सव में विकासखंड करेली के स्कूलों के छात्र- छात्राओं ने अपनी कला का प्रदर्शन किया। कला उत्सव में छात्र- छात्राओं द्वारा लोकगीत, पेंटिंग, लोक नृत्य, गायन, मिट्टी की मूर्तियों/ बर्तनों के निर्माण आदि का प्रस्तुतिकरण किया गया।कलेक्टर ने कला उत्सव के प्रतिभागी विद्यार्थियों से चर्चा की और कहा कि वे इन गतिविधियों में बढ़चढ़कर हिस्सा लें, ताकि उनका चहुंमुखी विकास हो। श्री सिंह ने कहा कि यह रोचक कार्यक्रम है। कलेक्टर के आग्रह पर नन्ही बच्ची यशस्वी पांडे ने गीत सुनाये और अन्य छात्र- छात्राओं ने लोक गीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किया। कलेक्टर ने प्रस्तुतिकरण की सराहना की और विद्यार्थियों को पेन देकर पुरस्कृत किया।इस अवसर पर जिला शिक्षा अधिकारी श्री कुर्मी, जिला परियोजना समन्वयक जिला शिक्षा केन्द्र श्री एसके कोष्टी, तहसीलदार श्री लालशाह जगेत, प्राचार्य, शिक्षक और विद्यार्थी मौजूद थे।
: चीचली विकासखण्ड के छात्र छात्राओं ने विज्ञान के प्रयोगों का किया प्रदर्शन
Fri, Nov 4, 2022
चीचली विकासखण्ड के छात्र छात्राओं ने विज्ञान के प्रयोगों का किया प्रदर्शनरायपुर के स्कूल में हुआ विकासखण्ड स्तरीय विज्ञान मेले का आयोजनगाडरवारा। गत दिवस चीचली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम रायपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में विकासखंड स्तरीय जादू नहीं विज्ञान है समझना-समझाना आसान है अंतर्गत विज्ञान मेले का आयोजन जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय के निर्देशन एवं संस्था प्रभारी प्राचार्य गजेंद्र कौरव के कुशल नेतृत्व में किया गया। कार्यक्रम में विकासखंड चीचली के समस्त हाई स्कूल, हायर सेकेंडरी विद्यालय से आए विद्यार्थियों ने अपने मार्गदर्शी शिक्षकों के मार्गदर्शन में सहभगिता कर अपने प्रस्तुतीकरण से सभी को प्रभावित कर दिया। कार्यक्रम के अंतर्गत पानी में आग लगाना, नारियल में आग उत्पन्न करना, ससंजक असजंक बल का प्रदर्शन, नींबू से खून निकलना , सफेद कपड़े पर रंगीन अक्षर लिख जाना इत्यादि प्रयोगों से सभी विद्यालयों के छात्र छात्राओं ने प्रस्तुति देकर खूब प्रशंसा प्राप्त की। विज्ञान मेले में संस्था प्राचार्य गजेंद्र कौरव ने विज्ञान मेले की जानकारी देते कहा कि मेले के आयोजन का प्रमुख उद्देश्य समाज मे जादू के नाम पर व्याप्त अंधविश्वास को दूर करना एवं छात्र छात्राओं में वैज्ञानिक दृष्टिकोण विकसित करना है । मेले में बतौर अतिथि जनपद अध्यक्ष श्रीमति राधा बाई , उपाध्यक्ष मनीष कौरव , बीईओ एएस मसराम , जनपद सदस्य छाया पचौरी, ईश्वर पचौरी सहित ग्राम सरपंच आनंद विश्वकर्मा , प्रेमबाई कौरव, छोटेराजा कौरव ने विज्ञान मेले में प्रथम स्थान के लिए मधु कौरव शा उ मा विद्यालय सूखाखेरी, द्वितीय स्थान के लिए नेहा ठाकुर शासकीय हाईस्कूल सीरेगांव, तृतीय स्थान के लिए माधुरी मेहरा उत्कृष्ट चीचली, चतुर्थ स्थान के लिए साक्षी पिपरोनिया कन्या हाईस्कूल चीचली एवं पंचम स्थान के लिए सुहानी कुशवाहा शा उ मा विद्यालय कल्याणपुर को पुरुस्कृत किया। कार्यक्रम का संचालन अनिल दुबे एवं अम्बर शर्मा एवं आभार प्रदर्शन ओमप्रकाश कौरव ने किया। विज्ञान मेले में पार्षद आनंद दुबे, पूजा तिवारी, चन्द्रकांत शर्मा, श्रीकांत राय , पूर्व पार्षद संजय राजौरिया ने भी अपने विचार रखे। विज्ञान मेले में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर प्रथम स्थान बीटीआई स्कूल से शिवाजी राजपूत, पवन कुमार द्वितीय स्थान कन्या नवीन गाडरवारा से यशोदा खंगार,तृतीय स्थान हाईस्कूल झाँझनखेड़ा से साक्षी कौरव , चतुर्थ स्थान मिढवानी से प्रियांशी पटैल एवं पाँचवा स्थान तूमड़ा से महक राजपूत ने हासिल किया जो जिला स्तर पर साईंखेड़ा ब्लॉक का प्रतिनिधित्व करेंगे। कार्यक्रम में प्रतिभागियों को प्रशस्ति पत्र दिये गए। विज्ञान मेले के सफल आयोजन में शिक्षको एवं छात्र छात्राओं का सहयोग सराहनीय रहा।
: सी एम राइज विद्यालय में कला उत्सव सम्पन्न
Fri, Nov 4, 2022
सी एम राइज विद्यालय में कला उत्सव सम्पन्नगाडरवारा। कला उत्सव, स्कूल शिक्षा और साक्षरता विभाग, शिक्षा मंत्रालय, भारत सरकार, की वर्ष 2022 की एक ऐसी पहल हैजिसका उद्देश्य माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों की कलात्मक प्रतिभा को पहचानना, उसे पोषित करना, प्रस्तुत करना और शिक्षा में कला को बढ़ावा देना है। शिक्षा मंत्रालय माध्यमिक स्तर के विद्यार्थियों में सौंदर्यबोध और कलात्मक अनुभवों की आवश्यकता और इसके द्वारा विद्यार्थियों में भारत की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत और विविधता के ज्ञान प्रदान करने को मान्यता देता रहा है। कला शिक्षा (संगीत, नाटक, नृत्य, दृश्यकलाएँ एवं ललित कलाएँ) के संदर्भ में की जा रही यह पहल राष्ट्रीय पाठ्यचर्या की रूपरेखा - 2005 की अनुशंसाओं पर आधारित है।इसी तारतम्य में गत दिवस विकास खण्ड स्तरीय कला उत्सव साईंखेड़ा स्थित सी एम राइज विद्यालय में सम्पन्न हुआ। कार्यक्रम का उदघाटन विभिन्न विद्यालयों से उपस्थित हुए विद्यार्थियों और शिक्षकों की उपस्थिति में संस्था प्रधान सी के विश्वकर्मा द्वारा दीप प्रज्वलित कर किया गया इसके बाद मंचीय कार्यक्रम सम्पन्न हुए जिसमें शास्त्रीय नृत्य, लोक नृत्य, गायन और वादन विधाओं का शानदार प्रदर्शन किया गया। जिनमें टी वी एन विद्यालय गाडरवारा के प्रतिभागियों ने अव्वल स्थान प्राप्त किया। कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय , क्राइस्ट चर्च विद्यालय, बी टी आई गाडरवारा और सी एम राइज विद्यालय ने विभिन्न विधाओं में जिला स्तरीय कला उत्सव हेतु अपना स्थान सुरक्षित किया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रफुल्ल दीक्षित और विनोद चौकसे के साथ वेणी शंकर पटेल, सरदार सिंह राजपूत, भानु राजपूत, अखिलेश मेहरा, जी एस मेहरा, लाल सिंह लोधी, पूनम बसेडिया, मनीषा चौकसे, सीमा कोरी, तृप्ति नेमा आदि उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन मनीष शंकर तिवारी ने किया।