: जबलपुर राष्ट्रपति जी के प्रस्तावित प्रवास के मद्देनज़र की जा रही तैयारियों का कलेक्टर ने किया निरीक्षण
Thu, Feb 25, 2021
जबलपुर महामहिम राष्ट्रपति जी के 6 मार्च के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास के मद्देनजर कलेक्टर श्री कर्मवीर शर्मा ने आज सर्किट हॉउस क्रमांक - एक एवं दो, कल्चुरी होटल, मानस भवन, भेड़ाघाट व ग्वारीघाट पहुँचकर वहाँ चल रही तैयारियों का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने तैयारियों का निरीक्षण करते हुए आवश्यक सुधार के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिये। सर्किट हॉउस क्रमांक - एक एवं दो, कल्चुरी होटल, मानस भवन के निरीक्षण के मौके पर उनके साथ नगर निगम आयुक्त सन्दीप जी आर, अपर कलेक्टर हर्ष दीक्षित एवं अन्य अधिकारी मौजूद थे।
भेड़ाघाट पहुँचकर कलेक्टर श्री शर्मा, पुलिस अधीक्षक श्री सिद्धार्थ बहुगुणा, अपर कलेक्टर श्री हर्ष दीक्षित सहित अन्य अधिकारियों ने लिफ्ट के परीक्षण के साथ घाट में नावों की समुचित व्यवस्था सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिये। साथ ही धुंआधार जलप्रपात के पॉइंट पर जाकर भी व्यवस्थाओं को बेहतर करने के निर्देश दिये। महामहिम राष्ट्रपति के 6 मार्च के प्रस्तावित जबलपुर प्रवास के मद्देनजर कलेक्टर श्री शर्मा ने शाम को ग्वारीघाट पहुँचकर भी तैयारियों का जायजा लिया गया।
: दतिया जिला स्तरीय रोजगार मेले में 306 युवाओं का हुआ चयन
Thu, Feb 25, 2021
दतिया। आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के तहत् जिला स्तरीय रोजगार मेला शासकीय हाई स्कूल सिविल लाईन दतिया में सम्पन्न हुआ। जिसमें 610 आवेदकों का पंजीयन किया गया। मेले में विभिन्न कंपनियों द्वारा 306 आवेदकों का रोजगार हेतु चयन किया गया तथा 163 आवेदकों को प्रशिक्षण हेतु चयनित किया गया।
कलेक्टर श्री संजय कुमार के मार्गदर्शन में जिले में आत्म निर्भर मध्यप्रदेश के तहत् रोजगार मेलों का आयोजन किया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला मुख्यालय पर शासकीय हाई सकूल सिविल लाईन दतिया में जिला स्तरीय रोजगार मेला सम्पनन हुआ। जिसके माध्यम से जिले के 610 आवेदकों का पंजीयन कर 306 आवेदकों का चयन किया गया। मेले में देश के विभिन्न हिस्सों से लगभग 15 निजी क्षेत्र की कंपनियों ने भाग लिया। मेले का शुभारंभ कन्यापूजन से किया गया।
इस अवसर पर जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री अतेन्द्र सिंह गुर्जर, अतिरिक्त मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री धनंजय मिश्रा, जिला रोजगार अधिकारी ग्वालियर श्रीमती प्रियंका कुलश्रेष्ठ, जिला प्रबंधक एनआरएलएम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, कर्मचारीगण उपस्थित थे।
: भोपाल की सभी ग्राम पंचायतों में आज से कबड्डी प्रतियोगिता आरम्भ
Thu, Feb 25, 2021
भोपाल। युवाओं में अनुशासित जीवन और टीम भावना से कार्य को बढ़ावा स्वास्थ्य के लिये पारंपरिक खेल गतिविधियों को बढ़ावा देने और ग्रामीण युवाओं को आगे लाने के लिए ग्राम पंचायतों से संभाग स्तर तक कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है। एडीएम श्री विकास मिश्रा ने बताया कि 25 फरवरी से 28 फरवरी तक ग्राम पंचायत स्तर तक, 1 मार्च से 2 मार्च क्लस्टर स्तर पर, 3 से 4 मार्च ब्लॉक लेवल पर
सेमीफाइनल, 7 मार्च को भोपाल जिले में टीटी नगर स्टेडियम में कबड्डी का फाइनल मैच खेला जाएगा। कबड्डी का फाइनल मैच 10 मार्च को टीटी नगर स्टेडियम में आयोजित होगा। भोपाल जिले की फंदा एवं बैरसिया की ग्राम पंचायत की दो ग्रामों की टीमों के बीच मैच कराए जाएंगे। भोपाल के ग्राम ईटखेड़ी, नरोन्हा साकल, मुगालियाहाट ईंटखेड़ी सहित अन्य ग्राम पंचायतों में आज कबड्डी मैच खेले गए। विजेता टीम को पुरस्कृत किया गया। ग्राम पंचायतों की विजेता टीमों का ग्राम पंचायतों के समूह या क्लस्टर स्तर पर टूर्नामेंट होगा। ग्राम स्तर की विजेता टीम का मुकाबला विकासखंड स्तर पर होगा और विकासखंड की विजेता टीम जिला स्तरीय टूर्नामेंट खेलेगी। जीत दर्ज करने वाली जिला टीम संभाग स्तरीय प्रतियोगिता में भाग लेगी। ग्राम पंचायत से जिला स्तर तक होने वाली इस टूर्नामेंट में हितग्राहीमूलक शासन की योजनाओं का प्रचार-प्रसार भी किया जा रहा है।