: गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन : मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sun, Apr 23, 2023
गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं के लिए बनेगा विशाल भवन :
मुख्यमंत्री श्री चौहान
ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की होगी स्थापना
भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में बनेगा श्री परशुराम लोक
परशुराम जी का जीवन-चरित्र अब पाठ्यपुस्तक में, संस्कृत अध्ययन पर प्रोत्साहन
मुख्यमंत्री श्री चौहान भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव में हुए शामिल
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि गुफा मंदिर परिसर में श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए विशाल भवन का निर्माण किया जाएगा। प्रदेश में ब्राह्मण कल्याण बोर्ड की स्थापना की जाएगी। भगवान परशुराम न्याय के देवता थे। उन्होंने आततायियों का नाश करने शस्त्र उठाए थे। उनकी प्रेरणा से मध्यप्रदेश की धरती पर गुण्डे, बदमाश और नक्सलियों के विरुद्ध सख्त कार्यवाही की जा रही है। प्रदेश में कक्षा 8वीं के पाठ्यक्रम में भगवान परशुराम के जीवन-चरित्र को शामिल करने, संस्कृत और कर्मकांड का अध्ययन करने वाले विद्यार्थियों को छात्रवृत्ति देने और पुजारियों को मानदेय देने की व्यवस्था की गई है। प्रदेश में आवश्यकता पड़ने पर संस्कृत शिक्षकों को नियुक्त करने का कार्य किया जाएगा। साथ ही मंदिरों की भूमि के संबंध में आवश्यक अधिकार भी रहेंगे। मुख्यमंत्री श्री चौहान आज गुफा मंदिर परिसर भोपाल में बागेश्वर धाम के स्वामी श्री धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री महाराज जी के सानिध्य में भगवान श्री परशुराम जन्मोत्सव पर अक्षयोत्सव-2023 को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि भगवान परशुराम की जन्म-स्थली जानापाव में श्रीपरशुराम लोक का निर्माण किया जाएगा।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि धर्म और संस्कृति की रक्षा के कार्य में ब्राह्मणों ने विशेष योगदान दिया है। विभिन्न अवसरों पर आवश्यक कर्मकांड के लिए शिक्षित और दीक्षित ब्राम्हण अपने दायित्व पूरे करते हैं। प्रदेश में 3547 संस्कृत शिक्षक नियुक्त किए गए हैं। शासकीय विद्यालयों में संस्कृत शिक्षकों की आवश्यकता को देखते हुए और भी नियुक्तियाँ की जाएंगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि श्री धीरेन्द्र कृष्ण शास्त्री महाराज द्वारा दिए गए सुझावों के अनुरूप राज्य सरकार आवश्यक कदम उठाएगी।
जन्मोत्सव कार्यक्रम में गुफा मंदिर के महंत श्री रामप्रवेश दास, चिकित्सा शिक्षा मंत्री श्री विश्वास सारंग, सांसद श्री विष्णु दत्त शर्मा, पूर्व केन्द्रीय मंत्री श्री सुरेश पचौरी, विधायक श्री रामेश्वर शर्मा, भोपाल महापौर श्रीमती मालती राय, भोपाल के पूर्व महापौर श्री आलोक शर्मा, श्री शशि भाई सेठ, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इसके पूर्व लालघाटी चौराहा स्थित दुर्गा मंदिर पहुँच कर अक्षय तृतीया पर पूजा अर्चना की। दुर्गा मंदिर से गुफा मंदिर परिसर तक शोभा यात्रा भी निकाली गई, जिसमें नागरिकों ने पुष्प-वर्षा कर मुख्यमंत्री श्री चौहान का स्वागत किया। शोभायात्रा में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भागीदारी की।
: सालीचौका,पृथ्वी दिवस पर काव्य गोष्ठी का आयोजन
Sun, Apr 23, 2023
पृथ्वी दिवस पर काव्य गोष्ठी का आयोजन।सालीचौका। विगत दिवस श्री सिद्ध हनुमान मंदिर रेलवे कॉलोनी सालीचौका में बागेश्वरी साहित्य परिषद के तत्वधान में पृथ्वी दिवस के अवसर पर काव्य गोष्ठी का आयोजन किया गया। गोष्ठी का मंच संचालन संतोष अग्रवाल सागर द्वारा किया गया।दीपक गुप्ता द्वारा गीत ग़ज़ल, धनराज विश्वकर्मा द्वारा सरस्वती वंदना, संतोष अग्रवाल सागर द्वारा हास्य व्यंग्य विचार उमेश पाली ने व्यक्त किए आभार योगेंद्र सिंह द्वारा किया। कार्यक्रम में राम सहाय पटेल उमेश पाली दीपक गुप्ता योगेंद्र सिंह संतोष अग्रवाल सागर वीरेंद्र सर धनराज विश्वकर्माउपस्थित नागरिक साहित्यकार पत्रकार आदि ने अपने विचार रखे।
: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
Sat, Apr 22, 2023
जिला जनसम्पर्क कार्यालय, नरसिंहपुर
(
म.प्र.
)
गांव- गांव पहुंच रहा प्रचार रथ
दे रहा शासन की योजनाओं की जानकारी
नरसिंहपुर।
मुख्यमंत्री लाड़ली बहना योजना पर केन्द्रित प्रचार रथ जिले में चलाया जा रहा है। प्रचार रथ गांव- गांव पहुंच रहा है। कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना के मार्गदर्शन में जिले में प्रचार रथ द्वारा शासन की उपलब्धियों और योजनाओं का प्रचार- प्रसार कर जिलावासियों को योजनाओं की जानकारी प्रदान की जा रही है। इसी क्रम में प्रचार रथ ने 22 अप्रैल को सांईखेड़ा विकासखंड के ग्राम गिरधा, निवारी व खुरसीपार का भ्रमण किया और लोगों को शासन की योजनाओं की जानकारी दी।
2.0 छात्रवृत्ति पोर्टल 30 अप्रैल तक खुला
नरसिंहपुर।
वर्ष 2022- 23 में अनुसूचित जाति- जनजाति पोस्ट मैट्रिक छात्रवृत्ति एवं आवास सहायता योजना के नवीनीकरण आवेदन प्राप्त करने के लिए एनआईसी का छात्रवृत्ति पोर्टल 2.0 को 30 अप्रैल 2023 तक पुन: खोला जा रहा है, पहले इसे 15 अप्रैल को बंद करने के निर्देश दिये गये थे। जिला संयोजक जनजातीय कार्य विभाग ने सभी संस्था प्रमुख एवं विद्यार्थियों से अपेक्षा की है कि पोर्टल खोलने की बढ़ाई गई तारीख के अनुसार सभी पात्र विद्यार्थी समय सीमा में आवेदन करें।
जिला विकास एवं निगरानी समिति- दिशा की बैठक 24 अप्रैल को
नरसिंहपुर।
जिला विकास एवं निगरानी समिति- दिशा की बैठक का आयोजन लोकसभा सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में 24 अप्रैल को दोपहर 1.30 बजे से कलेक्टर कार्यालय के सभाकक्ष में किया जायेगा। बैठक में पीएम स्वामित्व योजना, ई- उपार्जन- 2023 के अंतर्गत रबी फसल चना, मसूर, गेहूं खरीदी व मूंग उपार्जन की तैयारी, मनरेगा के तहत सुदूर सड़क योजना के नवीन एवं पूर्व प्रस्तावित मार्गों की स्वीकृति व वर्तमान स्थिति, केन्द्र सरकार द्वारा संचालित आरडीएसएस विद्युत योजना आदि की समीक्षा की जायेगी। अध्यक्ष की अनुमति से अन्य विषय पर चर्चा होगी।
प्रधानमंत्री आवास के गृह प्रवेशम् का कार्यक्रम 24 अप्रैल को
नरसिंहपुर।
प्रधानमंत्री आवास योजना- ग्रामीण के अंतर्गत प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी व मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान की मौजूदगी में प्रदेश में 4.11 लाख आवासों में 24 अप्रैल को हितग्राहियों को कर्टनरेजर द्वारा गृह प्रवेश कराया जायेगा। इस दौरान जिले के 10 हजार 475 आवासों में भी जिले के हितग्राहियों का गृह प्रवेश होगा। गृह प्रवेशम् कार्यक्रम हेतु जनपद पंचायत चीचली में 1520, चांवरपाठा में 1622, गोटेगांव में 1412, करेली में 1794, नरसिंहपुर में 1463 एवं सांईखेड़ा में 1664 आवास पूर्ण हो चुके हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की गरिमामय उपस्थिति में राज्य स्तरीय कार्यक्रम का सीधा प्रसारण रीवा जिले से किया जायेगा। गृह प्रवेशम् कार्यक्रम का आयोजन राज्य, जिला पंचायत, जनपद पंचायत, ग्राम पंचायत स्तर पर जनप्रतिनिधियों की मौजूदगी में किया जायेगा। राज्य स्तरीय मुख्य कार्यक्रम का सीधा प्रसारण जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर किया जायेगा।
इस सिलसिले में मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत सुश्री सुनीता खंडायत ने सभी जनपदों के मुख्य कार्यपालन अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
रिपोर्टर संदीप राजपूत नरसिंहपुर