: डमरूघाटी में करीब चार क्विंटल एकत्रित की हरित सामग्री।
Wed, Feb 22, 2023
डमरूघाटी में करीब चार क्विंटल एकत्रित की हरित सामग्री।श्री साईं श्रद्धा सेवा समिति का ऐतिहासिक कार्य से डमरूघाटी मंदिर देश के अन्य धर्मिक मंदिरो के लिए बना प्रेरक।गाडरवारा। शिवधाम डमरूघाटी में महाशिवरात्रि पर लाखों लोगों ने दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया। डमरूघाटी में सुबह से ही श्रद्धालुओं का आवागमन चालू हो गया जो देर रात तक चलता रहा। महाशिवरात्रि पर्व एवं मेले के चलते श्रद्धालुओं का उत्साह भी देखने को मिला। स्थानीय प्रशासन की मेले की व्यवस्थाओं के लिये राजस्व से लेकर पुलिस, नगरपालिका, स्वास्थ एवं विधुत विभाग के अधिकारी कर्मचारी मेले में तैनात रहे। साथ ही इस वर्ष महाशिव रात्रि पर्व में पूर्व वर्ष की भांति इस वर्ष भी ऐतिहासिक पहल समाजसेवी संगठन श्री साईं श्रद्धा सेवा समिति द्वारा देखने को मिली। जहां भगवान शंकर पर श्रद्धालुओं द्वारा बेलपत्र, फूल, धतूरा, दूवा आदि सामग्री चढ़ाई जाती थी जिसे विसर्जित किया जाता था लेकिन इस वर्ष भी श्री साईं श्रद्धा सेवा समिति की पहल पर इस हरित सामग्री से कॉम्पैट खाद हेतु एकत्रित किया गया। जिसे शहर के समस्त धार्मिक पेड़ पोधो में उपयोग किया जायेगा। इसी तारतम्य में समिति संस्थापक आशीष राय के नेतृत्व में समिति सदस्यों द्वारा सात घंटे की सेवा में करीब चार क्विंटल से अधिक हरित्र सामग्री एकत्रित की गई। जिसे कॉम्पैट खाद हेतु नगर पालिका प्रशासन को सौंपा गया।जिसे शमशान घाट स्थ्ति प्लांट में तैयार किया जायेगा। एसडीएम सृष्टि देशमुख एवं डमरूघाटी समिति ने साईं समिति की पहल को सराहा।महाशिवरात्रि की सम्पूर्ण व्यवस्था में प्रशासन की महत्वपूर्ण भूमिका रहती है। लाखों श्रद्धालुओं के दर्शन एवं मैले व्यवस्था में क्या अच्छा हो सकता है इसके लिया प्रशासनिक अधिकारी की इक्छाशक्ति विशेष महत्व रखती है। यही कारण है जब महाशिवरात्रि पर्व के पूर्व अनुविभागीय राजस्व अधिकारी सृष्टि देशमुख ने बैठक का आयोजन किया गया था तब साईं श्रद्धा सेवा समिति ने मंदिर में चढ़ने वाले हरित सामग्री से खाद बनाने का सुझाव के साथ पूर्व सहयोग दने की बात कही थी। इस पर एसडीएम सृष्टि देशमुख ने इस वर्ष भी मंदिर में चढ़ने वाली हरित सामग्री से कॉम्पेक्ट खाद बनाने पर समिति के क्रियावन्त कार्य की सराहना की। साथ ही डमरूघाटी समिति अध्यक्ष हंसराज मालपानी, बसंत डागा,रविशेखर जायसवाल,मुकेश जैन,संदीप पलोड,चंद्रकांत शर्मा इत्यादि ने साईं श्रद्धा सेवा समिति के इस कार्य की सराहना करते हुए कहा की साईं समिति की पहल के चलते डमरूघाटी मंदिर देश के अन्य धार्मिक मंदिरो के लिए एक प्रेरणा का स्त्रोत बन गया है। जो की हम सभी के लिए गौरव की बात है। स्वच्छता पर करीब बारहा वर्ष से सेवा प्रदान कर रहा है संगठन।महाशिवरात्रि पर आयोजित शिवधाम डमरूघाटी मेले में नंदी प्रांगण में करीब बारहा वर्ष से श्री साईं श्रद्धा सेवा समिति ने साफ सफाई की व्यवस्था की जिम्मेदारी को बखुबी निभाते हुये स्वच्छता अभियान चलाती आ रही है। इस वर्ष भी समिति ने हरित सामग्री पृथीकारण के साथ साथ अगरबत्ती,पैकिट,नारियल बूछो इत्यादि कचड़े को साफ किया। एवं स्वच्छता के प्रति जनजागरण भी किया गया। इस अवसर पर समिति संस्थापक आशीष राय,अमित श्रीवास,देवेन्द्र कुर्मी,नीलेश वर्मा,दीपेश श्रीवास,धनराज यादव,गुड्डू जाटव,अमित कोरी,मोहित सोनी,फरमान खान,राहुल रजक,आर्यन राय,अमीन खान,यश कुर्मी,मनोहर जाटव इत्यादी सदस्यों का विशेष सहयोग रहा।
: वन विहार नेचर कैम्प में 140 प्रतिभागी ने लिया भाग
Tue, Feb 21, 2023
प्रदेश के वन, वन्य-प्राणियों और पर्यावरण के प्रति जागरूकता, प्रकृति-संरक्षण के प्रति युवाओं में जागरूकता एवं संवेदनशीलता विकसित करने के उद्देश्य से वन विभाग द्वारा "नेचर कैम्प" लगाये जा रहे है।प्रकृति-संरक्षण और जागरूकता के इस अभियान में वन विहार राष्ट्रीय उद्यान जू भोपाल में 21 फरवरी को शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय खजूरीकला के 40 छात्र-छात्राओं ने नेचर कैम्प में भाग लिया। डॉ. एस.आर. बाघमारे सेवानिवृत्त उप वन संरक्षक स्त्रोत व्यक्ति के रूप में मौजूद थे।विषय-विशेषज्ञों द्वारा प्रतिभागियों को पक्षी दर्शन, वन्य-प्राणी दर्शन और स्थल पर विद्यमान वानिकी गतिविधियों की जानकारी से अवगत कराया गया। साथ ही छात्र-छात्राओं की जिज्ञासाओं का समाधान भी किया। प्रतिभागियों ने वन विहार में मौजूद बाघ, तेन्दुआ, भालू, मगर, घड़ियाल, चीतल सांभर, और नीलगाय वन्य-प्राणियों का अवलोकन भी किया। अगला नेचर कैम्प वन विहार भोपाल में 28 फरवरी 2023 को होगा। इसमें शासकीय हाई स्कूल बरखेड़ा पठानी भोपाल के विद्यार्थी भाग लेंगे।
: इंदौर नगर निगम ने सौर ऊर्जा के लिए ग्रीन बॉण्ड जारी कर रचा नया इतिहास - मुख्यमंत्री श्री चौहान
Tue, Feb 21, 2023
इंदौर नगर निगम ने सौर ऊर्जा के लिए ग्रीन बॉण्ड जारी कर रचा नया इतिहास - मुख्यमंत्री श्री चौहान
साँची होगी देश की पहली सोलर सिटी
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने डंका बजा कर इंदौर नगर निगम के ग्रीन बॉण्ड का शुभारंभ किया
इंदौर ने नया इतिहास रच कर अन्य शहरों को दिशा दिखाई
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि ग्लोबल वार्मिंग और जलवायु परिवर्तन साधारण खतरे नहीं हैं। यदि इनसे निपटने के प्रभावी उपाय नहीं किए गए, तो आने वाले समय में हम जीवन ढूंढते रह जाएंगे। मुझे यह कहते हुए गर्व है कि इंदौर नगर निगम क्षेत्र के जन-प्रतिनिधि, अधिकारी और इंदौरवासियों ने इस दिशा में प्रभावी कदम उठाए हैं। सौर ऊर्जा से बिजली उत्पादन के लिए ग्रीन बॉण्ड जारी करना कोई साधारण कार्य नहीं है। यह धरती को बचाने का महाअभियान है। ग्रीन एनर्जी की दिशा में इंदौर द्वारा किए जा रहे प्रयत्नों को देख कर गर्व होता है। मेरे सपनों का शहर इंदौर, दुनिया के सपनों का शहर होगा। इंदौर ने नया इतिहास रचा है और कई शहरों को दिशा दिखाई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान इंदौर नगर निगम द्वारा जारी ग्रीन बॉण्ड की नेशनल स्टाक एक्सचेंज में लिस्टिंग के लिए कुशभाऊ ठाकरे सभागार भोपाल में हुए कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे।मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मध्यप्रदेश गान के साथ दीप प्रज्ज्वलित कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेल रिगिंग सेरेमनी में गोंग (घण्टा) बजा कर इंदौर नगर पालिक निगम के ग्रीन बॉण्ड की नेशनल स्टाक एक्सचेंज में लिस्टिंग की।उल्लेखनीय है कि इंदौर शहर की जल आपूर्ति के लिए इंदौर से 90 किलोमीटर दूर खरगोन जिले के जलूद जल संयंत्र से पानी लाने के लिए विद्युत व्यय को कम करने की दृष्टि से इंदौर नगर पालिका निगम द्वारा जलूद में 60 मेगावॉट का सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित कर उसे क्रियान्वित करने के लिए वित्तीय संसाधन जुटाने के उद्देश्य से ग्रीन बॉण्ड के पब्लिक इश्यू जारी कर धन एकत्र करने का निर्णय लिया है।
कार्बन क्रेडिट से अर्जित हुई 9 करोड़ की आय
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि इंदौर लीक से हट कर सोचता है और लीक से हट कर कार्य करता है। इंदौर शहर की सिटी बस सेवा में सीएनजी बसों और इलेक्ट्रिक बसों का समावेश, इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहन के लिए 126 चार्जिंग स्टेशन तैयार करना,शहर के गीले कचरे के निपटान के लिए संयंत्र स्थापित कर उससे उत्पन्न होने वाली बॉयो सीएनजी का उपयोग सिटी बसों के संचालन के लिए करना, शहर में 100 अहिल्या वन और 4 नगर वन विकसित करना तथा शहर के ट्रेंचिंग ग्राउंड पर पौध-रोपण जैसे उल्लेखनीय कार्य हैं। इन नवाचारों से कार्बन उत्सर्जन को कम कर लगभग 4 लाख कार्बन क्रेडिट अर्जित किए जा चुके हैं। इनकी वैश्विक बाजार में ट्रेडिंग कर 9 करोड़ रूपये की आय अर्जित हुई है। नगर निगम इंदौर ने कार्बन उत्सर्जन को रोकने और कार्बन क्रेडिट अर्जित करने के लिए जो बिजनेस मॉडल बनाया है, वह अन्य निकायों को नए नवाचार करने के लिए प्रोत्साहित करेगा। यह इस तथ्य का भी द्योतक है कि विश्वसनीयता और भरोसा हो तो पैसे की कमी नहीं रहती।
लाइफ फॉर एन्वायरमेंट के लिए मध्यप्रदेश प्रतिबद्ध
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने विश्व को लाइफ अर्थात लाइफ स्टाइल फॉर एन्वायरमेंट का मंत्र देकर पर्यावरण-संरक्षण को वैश्विक प्राथमिकताओं की सूची में सबसे ऊपर स्थापित किया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी द्वारा भारत के लिए तय किए गए पंचामृत लक्ष्यों को प्राप्त करने के लिए मध्यप्रदेश यथासंभव अपना योगदान देगा। भारत 2070 तक नेट जीरो का लक्ष्य प्राप्त करेगा। मुख्यमंत्री ने कहा कि जहाँ चाह होती है वहाँ राह को निकलना ही पड़ता है।
प्रदेश के महानगर इस वर्ष जारी करेंगे बॉण्ड
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने अमृत और स्मार्ट सिटी मिशन के साथ शहरों को अपनी क्रेडिट रेटिंग कराना अनिवार्य किया था, जो म्यूनिस्पिल बांड जारी करने की दिशा में पहला कदम था। इंदौर देश का ऐसा पहला नगर है जिसने राष्ट्रीय स्टॉक एक्सचेंज में अपने बाण्ड की लिस्टिंग 2018 में करवाई थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि हमें इस साल 5 और महानगरों में यह लक्ष्य हासिल करना है। प्रदेश के बेहतर वित्तीय प्रबंधन, प्रशासनिक दक्षता और विकास के प्रति प्रतिबद्धता से हम रोड मेप निर्धारित कर अगले 8-10 माह में यह उपलब्धि प्राप्त करेंगे। बांड से राशि प्राप्त होगी तो शहरों के विकास में तेजी आएगी।
इंदौर सोलर सिटी बनने की दिशा में आगे बढ़े
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि साँची देश की पहली सोलर सिटी होगी। वर्ल्ड हेरीटेज साँची अंतर्राष्ट्रीय सौर दिवस 3 मई को सोलर सिटी बनेगा, जो पर्यावरण को बचाने की दृष्टि से बड़ी उपलब्धि होगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इंदौर के जन-प्रतिनिधि और अधिकारियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे बड़े शहरों में इंदौर को सौर नगर के रूप में विकसित करने का संकल्प लें। इंदौर में इस प्रकार की चुनौतियों और नवाचारों को क्रियान्वित करने का सामर्थ्य है। उन्होंने कहा कि जनता से संवाद, आवश्यक प्रावधान और व्यवस्थाएँ करते हुए इंदौर इस दिशा में आगे बढ़े।
प्रदेश की बढ़ती रफ्तार को हम थमने नहीं देंगे
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि मध्यप्रदेश आर्थिक प्रगति के पथ पर निरंतर अग्रसर है। हमारा प्रदेश अगला इंडस्ट्रियल हब होगा। आईटी, टेक्सटाईल, खाद्य प्र-संस्करण के क्षेत्र में प्रदेश में निरंतर गतिविधियाँ बढ़ रही हैं। वन्य-प्राणी संरक्षण में भी मध्यप्रदेश ने उल्लेखनीय कार्य किया है। मध्यप्रदेश में अपार संभावनाएँ हैं, प्रदेश की बढ़ती रफ्तार को हम थमने नहीं देंगे।इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री मोदी ने कहा है कि इंदौर एक दौर है जो समय से आगे चलता है। इंदौर ने स्वच्छता के क्षेत्र में यह सिद्ध कर दिखाया है। प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारा देश कार्बन उत्सर्जन कम करने में विश्व का नेतृत्व कर रहा है। इंदौर नगर निगम की पहल इसी दिशा में एक कड़ी है। सांसद श्री लालवानी ने इंदौर में अमृत -2 योजना के क्रियान्वयन में राज्य सरकार की ओर से अतिरिक्त सहयोग उपलब्ध कराने का आग्रह किया।सांसद श्री वी. डी. शर्मा ने कहा कि केन्द्रीय बजट में नगरीय निकायों द्वारा बांड लाने की अनुशंसा की गई है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने नेतृत्व में प्रदेश में हर क्षेत्र में हो रहे नवाचारों के क्रम में इंदौर नगर निगम द्वारा सौर ऊर्जा के लिए किया गया यह प्रयास सराहनीय है।
जन-संवाद, जन-भागीदारी और जन-संकल्प होंगे इंदौर के नवाचारों की सफलता के आधार
इंदौर नगर निगम के महापौर श्री पुष्यमित्र भार्गव ने कहा कि स्वच्छता के लिए इंदौर की सतत् प्रतिबद्धता ने इंदौर की बॉन्ड इमेज को स्थापित किया है। ग्रीन बॉन्ड जैसे नवाचार, जन-संवाद, जन-भागीदारी और जन-संकल्प के साथ इंदौर नगर निगम करता रहेगा। श्री भार्गव में ग्रीन बॉन्ड की अवधारणा और उसके कार्यात्मक पक्ष पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम को नेशनल स्टाक एक्सजेंच के चेयरमेन श्री आशीष, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री नीरज मण्डलोई ने भी संबोधित किया। प्रमुख सचिव ऊर्जा श्री संजय दुबे, एसबीआई केपिटल एवं ए.के. केपिटल के पदाधिकारी उपस्थित थे। कार्यक्रम में समस्त अतिथियों को स्मृति-चिन्ह भेंट किए गए।