: प्राथमिक शाला ढिंगसरा में आयोजित हुआ गणतंत्र दिवस का कार्यक्रम
Thu, Jan 26, 2023
प्राथमिक शाला ढिंगसरा में आयोजित हुआ गणतंत्र दिवस का कार्यक्रमग्राम ढिंगसरा के साथ की प्राथमिक शाला में आज 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस का राष्ट्रीय पर्व महोत्सव के रूप में मनाया गया।जिसमें ग्राम की प्रथम नागरिक महिला सरपंच श्रीमती प्रीतिबाई पटेल के द्वारा ध्वजारोहण किया गया।संविधान निर्माता बाबा साहेब के चित्र पर माल्यार्पण किया गया।साथ ही बच्चों को पारितोषिक प्रदान किए गए। उक्त अवसर पर सरपंच प्रतिनिधि के रूप में राजकुमार पटेल उपस्थित रहे।साथ ही ग्राम पंचायत के सचिव प्रशांत सिंह तोमर एवं ग्राम पंचायत रोजगार सहायक राजकुमार अहिरवार,उपसरपंच जयनारायण पटेल,पंचगण,आंगनवाड़ी कार्यकर्ता हरि विश्वकर्मा,ममता कहार तथा प्राथमिक शाला के प्रधान पाठक शभैयालाल ठाकुर,मानक लाल अहिरवार,सहित ग्राम के तमाम नागरिकों ने बच्चों के साथ मिलकर आयोजन का लाभ उठाया।बच्चों को टोपी,बलून,पट्टा,झंडा,बैच,पेन कॉपी,प्रसाद,आदि का वितरण किया गया।आज उद्बोधन की श्रंखला में प्राथमिक शाला में बताया गया कि नर्मदा शुगर मिल के संचालक विनीत माहेश्वरी जी के द्वारा शाला के बच्चों को बैठक व्यवस्था हेतु बेंच प्रदान की गई है इस पर ग्राम के नागरिकों ने नर्मदा शुगर मिल परिवार का आभार जताया। जिन्होंने उनके बच्चों को बैठने के लिए ऐसी व्यवस्था दी।पूर्व में भी सरपंच ग्राम पंचायत पूर्व सरपँच परसोत्तम पटेल के द्वारा भी विद्युत व्यवस्था व अन्य कार्यों को किया गया था जिस पर भी धन्यवाद प्रेषित किया गया।साथ ही ग्राम सरपंच प्रतिनिधि राजकुमार पटेल ने कहा कि ग्राम पंचायत की तरफ से शालाके लिये स्मार्ट एंड्रॉयड टेलीविजन कनेक्शन के साथ दिया जाएगा जिससे बच्चों को पढ़ने में सहूलियत होगी।1963 से खुली स्कूल में अब धीरे-धीरे नागरिकों के सहयोग से व्यवस्थाएं होने लगी हैं उक्त अवसर पर बच्चों में बड़ा ही हर्षोल्लास रहा।
: कलेक्टर ने दिलाई निष्पक्ष लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने की शपथ
Wed, Jan 25, 2023
कलेक्टर ने दिलाई निष्पक्ष लोकतांत्रिक परंपराओं की मर्यादा बनाए रखने की शपथराष्ट्रीय मतदाता दिवस का हुआ आयोजननरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023. 13 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस 25 जनवरी के जिला स्तरीय कार्यक्रम में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी सुश्री ऋजु बाफना ने शासकीय अधिकारी- कर्मचारियों व युवा मतदाताओं को शपथ दिलाई कि हम भारत के नागरिक लोकतंत्र में अपनी पूर्ण आस्था रखते हुए यह शपथ लेते हैं कि हम अपने देश की लोकतांत्रिक परम्पराओं की मर्यादा को बनाए रखेंगे तथा स्वतंत्र, निष्पक्ष एवं शांतिपूर्ण निर्वाचन की गरिमा को अक्षुण्ण रखते हुए निर्भीक होकर धर्म, वर्ग, जाति, समुदाय, भाषा अथवा अन्य किसी भी प्रलोभन से प्रभावित हुए बिना सभी निर्वाचनों में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। कार्यक्रम का आयोजन कलेक्ट्रेट के जनसुनवाई हाल में बुधवार को किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ दीप प्रज्जवलित कर किया गया। कार्यक्रम में 13 वें राष्ट्रीय मतदाता दिवस के अवसर पर भारत के मुख्य निर्वाचन आयुक्त श्री राजीव कुमार के संदेश का प्रसारण किया गया, इसे मौजूद लोगों ने देखा व सुना। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कलेक्टर सुश्री बाफना ने कहा कि लोकतंत्र का पर्व है निर्वाचन। निर्वाचन कार्य से जुड़े अमले की जिम्मेदारी है कि ऐसा माहौल बनायें कि मतदाता बगैर प्रलोभन एवं भय के अपना वोट डालें। लोगों को अपनी वोट की ताकत का एहसास होना चाहिये। नागरिक अपने वोट का महत्व समझें और ऐसे जनप्रतिनिधि को चुनें, जो अच्छा कार्य करें और उनके निकाय व क्षेत्र में विकास के कार्यों को आगे ले जायें। लोकतंत्र में एक- एक वोट महत्वपूर्ण है। उन्होंने मतदाताओं को जागरूक करने पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची के शुद्धिकरण का कार्य सबसे महत्वपूर्ण कार्य है। इसमें निर्वाचन से जुड़े अमले ने बहुत मेहनत कर अच्छा कार्य किया है। इसके लिए उन्होंने बधाई दी। पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव ने युवा मतदाताओं से उम्मीद जताई कि वे अपने मताधिकार का महत्व जानेंगे और इसका सही उपयोग करेंगे। न केवल अधिकार बल्कि अपनी जिम्मेदारी के प्रति भी सजग रहेंगे। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। बगैर प्रलोभन एवं भय के मताधिकार का उपयोग करें। सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने मतदाता दिवस के उद्देश्यों पर प्रकाश डाला। उन्होंने मतदाता जागरूकता पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि युवा मतदाता अपने वोट का महत्व समझें और अपने मताधिकार का प्रयोग अवश्य करें। कार्यक्रम में एसडीएम श्रीमती सृष्टि जयंत देशमुख एवं श्रीमती निधि सिंह गोहल और तहसीलदार श्रीमती नीता कोरी ने मतदाता सूची शुद्धिकरण पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि सभी मतदाता अपने मताधिकार का न केवल स्वयं उपयोग करें, बल्कि दूसरों को भी प्रेरित करें। इस मौके पर आधार नम्बर संग्रहण व मतदाता सूची के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में उत्कृष्ट कार्य करने वाले अधिकारियों व कर्मचारियों को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर पुरस्कृत किया गया। इनमें एसडीएम श्रीमती सृष्टि जयंत देशमुख गौड़ा, श्री मणिन्द्र कुमार सिंह व श्रीमती निधि सिंह गोहल, तहसीलदार सुश्री श्वेता बम्होरे, श्रीमती नीता कोरी, श्री महेन्द्र पटैल, श्री लालशाह जगेत एवं श्री पंकज मिश्रा शामिल हैं। उत्कृष्ट कार्य करने वाले बीएलओ को भी सम्मानित किया गया। इनमें सहायक शिक्षक प्रा.शा. नयाखेड़ा श्री ओमकार सेन, जीआरएस बारूरेवा श्री शैलेन्द्र कुमार लोधी, नगर पालिका गोटेगांव के श्री दिलीप पिप्रोलिया, जीआरएस सांकल श्री अरूण महोबिया, प्रा. शिक्षक शा.प्रा. शाला महका श्री बालमुकुंद पटैल, मा. शिक्षक शा.मा. शाला हिरनपुर श्री लेखराम चौधरी, जीआरएस रामपिपरिया श्री छोटेलाल गड़रिया, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता नरसिंहपुर श्रीमती गायत्री रैकवार, जीआरएस ग्राम नीमच श्री भागचंद्र कुशवाहा, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता दुधवारा श्रीमती नर्मदा वर्मा, ग्राम पंचायत सचिव इमलिया श्री संत कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता लिलवानी श्रीमती ज्योति मालवीय, जीआरएस रूकवारा श्री दीपक कुमार पटैल, सहा. शिक्षक शा.प्रा. शाला खैरी श्री नारायण प्रसाद द्विवेदी, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता महगुवां खुर्द श्रीमती किरन कौरव, ग्राम पंचायत सचिव रहमा श्री वीरललाल, जीआरएस पिठवानी श्री अशोक साहू, ग्राम पंचायत सचिव कठौतिया श्री देवेन्द्र साहू, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता गाडरवारा श्रीमती रजनी कोरी और अध्यापक शा.प्रा. शाला बम्हौरीकलां श्री चंद्रभान गूजर के नाम शामिल हैं। इन बीएलओ द्वारा आधार कार्ड संग्रहण, महिला मतदाताओं व अन्य मतदाताओं के नाम जोड़ने में अच्छा कार्य किया गया। कार्यक्रम में राष्ट्रीय मतदाता दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित निबंध प्रतियोगिता में पहले तीन स्थानों पर आये क्रमश: पीजी कॉलेज नरसिंहपुर की सुश्री हर्षिता मेहरा, कु. अमृता माझी और श्री देवांश पचौरी को प्रशस्ति पत्र एवं स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। अतिथियों का स्वागत बैज लगाकर व पौधा देकर किया गया। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री ने और आभार प्रदर्शन डॉ. अशोक उदेनिया ने किया। नरसिंहपुर में कलेक्टर करेंगी ध्वजारोहणनरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023. गणतंत्र दिवस 26 जनवरी 2023 को नरसिंहपुर जिले के मुख्य समारोह में कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ध्वजारोहण करेंगी। जिला मुख्यालय पर नरसिंहपुर के स्टेडियम ग्राउन्ड पर आयोजित होने वाले मुख्य समारोह में कलेक्टर सुश्री बाफना सुबह 9 बजे राष्ट्रीय ध्वज फहरायेंगी और मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन करेंगे। गणतंत्र दिवस के निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार मुख्य अतिथि द्वारा प्रात: 9 बजे ध्वजारोहण किया जाएगा। इसके पश्चात राष्ट्र धुन एवं सलामी, गुब्बारे छोड़े जायेंगे। प्रात: 9.05 बजे परेड कमांडर द्वारा परेड निरीक्षण हेतु अनुरोध व प्रात: 9.07 बजे मुख्य अतिथि द्वारा परेड निरीक्षण होगा। प्रात: 9.15 बजे मुख्य अतिथि द्वारा मुख्यमंत्री के संदेश का वाचन किया जायेगा। प्रात: 9.30 बजे जयघोष एवं हर्ष- फायर के बाद प्रात: 9.36 बजे परेड द्वारा मार्च- पास्ट किया जायेगा। प्रात: 9.45 बजे मुख्य अतिथि परेड कमांडरों से परिचय प्राप्त करेंगी। प्रात: 9.50 बजे मध्यप्रदेश गान और प्रात: 10 बजे सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। इसके बाद प्रात: 10.30 बजे झांकियों का चल प्रदर्शन किया जायेगा और पूर्वान्ह 11 बजे मुख्य अतिथि द्वारा पुरस्कार वितरण के पश्चात पूर्वान्ह 11.30 बजे कार्यक्रम का समापन होगा। गणतंत्र दिवस की संध्या पर नरसिंह तालाब परिसर में होगा भारत पर्व का आयोजननरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023. लोकतंत्र का उत्सव भारत पर्व का आयोजन 26 जनवरी 2023 को जिला मुख्यालय पर नरसिंह मंदिर तालाब परिसर में शाम 5 बजे से किया जायेगा। भारत पर्व पर सांस्कृतिक कार्यक्रमों का आयोजन होगा। इस दौरान लोक गायन की प्रस्तुति हरदा की निमाड़ी लोक गायिका सुश्री मीशा शर्मा का 7 सदस्यीय दल देगा। साथ ही जबलपुर की सुश्री काजल चक्रवर्ती का 15 सदस्यीय दल बधाई लोक नृत्य प्रस्तुत करेगा। लोगों से इस आयोजन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है। जनसम्पर्क विभाग द्वारा प्रदर्शनी भी लगाई जायेगी। इस मौके पर नगर पालिका द्वारा चौपाटी की व्यवस्था भी की जायेगी। 26 जनवरी गणतंत्र दिवस पर शासकीय भवनों पर रोशनी की जायेगी नरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023. राज्य शासन के सामान्य प्रशासन विभाग के निर्देशानुसार 26 जनवरी 2023 को गणतंत्र दिवस के अवसर पर एक दिन शासकीय भवनों एवं राष्ट्रीय महत्व के स्मारकों पर रोशनी की जायेगी। इस संबंध में सभी विभागों के जिला प्रमुख को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिये गये हैं।
: नरसिंहपुर, 26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों को विशेष भोज
Wed, Jan 25, 2023
26 जनवरी को गणतंत्र दिवस पर स्कूली विद्यार्थियों को विशेष भोज
मुंगवानी में आयोजित विशेष भोज में विद्यार्थियों के साथ शामिल होंगी कलेक्टर
नरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023.
राज्य समन्वयक प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण योजना, पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के निर्देशानुसार गणतंत्र दिवस के अवसर पर 26 जनवरी को प्रधानमंत्री पोषण शक्ति निर्माण के अंतर्गत लक्षित सभी शासकीय एवं शासन से अनुदान प्राप्त प्राथमिक एवं माध्यमिक शालाओं के विद्यार्थियों को विशेष भोज दिया जायेगा। विशेष भोज में विद्यार्थियों को सब्जी- पूरी- खीर अथवा सब्जी- पूरी- हलवा तथा इसके साथ लड्डू का वितरण किया जाना है।
गणतंत्र दिवस समारोह 2023 की मुख्य अतिथि कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव एवं सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे जनपद पंचायत नरसिंहपुर के अंतर्गत शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय मुंगवानी में आयोजित विशेष भोज के कार्यक्रम में विद्यार्थियों के साथ भोजन ग्रहण करेंगे। इस सिलसिले में सीईओ जिला पंचायत ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये हैं।
बरमान में 28 जनवरी को नर्मदा जयंती पर सांस्कृतिक संध्या "निर्झरणी महोत्सव" का होगा आयोजन
नरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023.
नर्मदा जयंती पर 28 जनवरी को सायं 6.30 बजे से बरमानकलां में नर्मदा तट के समीप सांस्कृतिक संध्या "निर्झरणी महोत्सव" का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग द्वारा जिला प्रशासन के सहयोग से किया जायेगा। इस अवसर पर नर्मदा केन्द्रित नृत्य जबलपुर की सुश्री शालिनी खरे एवं साथी प्रस्तुत करेंगे। भक्ति गायन ग्वालियर की सुश्री यखिलेश- अनुज प्रताप एवं साथी करेंगे। नर्मदा केन्द्रित लोक गायन उमरिया के श्री डीएल दाहिया एवं साथी प्रस्तुत करेंगे। लोगों से कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने का आग्रह किया गया है।
किसान पीएम कुसुम योजना के तहत सोलर पम्प लगाने के नाम पर होने वाली धोखाधड़ी से बचें
नरसिंहपुर, 25 जनवरी 2023.
जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी ने बताया है कि पीएम कुसुम योजना के नाम से प्रदेश में कुछ शरारती तत्वों द्वारा कृषकों को गुमराह कर सोलर पम्प स्थापना के नाम पर अवैध रूप से वसूली की जानकारी मिल रही है। इस संबंध में उन्होंने जानकारी दी है कि प्रदेश में सोलर पम्पों की स्थापना
"मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना"
के तहत मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम लिमिटेड द्वारा की जाती है। इसमें पंजीयन एवं हितग्राही के अंश की राशि का भुगतान केवल ऑनलाइन पोर्टल
cmsolarpump.mp.gov.in
के माध्यम से ही किया जाता है। इस कारण से जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी ने इससे संबंधित अफवाहों से बचने और शरारती तत्वों के फोन व मैसेज आने पर स्थानीय पुलिस को सूचित करने का आग्रह लोगों से किया है, ताकि इस तरह की धोखाधड़ी से बचा जा सके।
मुख्यमंत्री सोलर पम्प योजना की विस्तृत जानकारी मध्यप्रदेश ऊर्जा विकास निगम के अंतर्गत नरसिंहपुर के शंकराचार्य वार्ड में आशीष हॉस्पिटल के पीछे स्थित जिला अक्षय ऊर्जा अधिकारी के कार्यालय या मुख्यालय भोपाल में सम्पर्क कर प्राप्त की जा सकती है। इस संबंध में टेलीफोन नम्बर 07792- 231139 और ईमेल
dreonarsinghpur.mpuvn1982@gmail.com
पर सम्पर्क किया जा सकता है।