: नरसिंहपुर, कलेक्टर ने की मुख्ममंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा
Mon, Oct 17, 2022
कलेक्टर ने की मुख्ममंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा
नरसिंहपुर।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सोमवार को समय सीमा की बैठक में टीएल पत्रों और मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की विस्तार से समीक्षा की और अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिये। बैठक में सभी एसडीएम, विभागों के जिला प्रमुख, मुख्यमंत्री जन सेवा अभियान के नोडल अधिकारी, जनपदों के सीईओ, नगरीय निकायों के सीएमओ और अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक की शुरूआत राष्ट्रगान के सामूहिक गायन से हुई।
बैठक में कलेक्टर ने मुख्यमंत्री जनसेवा अभियान की समीक्षा करते हुए कहा कि जिले में शिविर पूरे हो चुके हैं और सर्वे का कार्य भी पूर्ण हो चुका है, परंतु एंट्री पूरी नहीं हुई है। जाति प्रमाण पत्र जारी करने और एंट्री करने की स्थिति संतोषजनक नहीं है। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना के आवेदन लंबित हैं। इन सभी कार्यों में तेजी से प्रगति लाई जाये। उन्होंने निर्देशित किया कि आयुष्मान कार्ड बनवाकर शतप्रतिशत एंट्री हो। शिविर लगाकर किसान क्रेडिट कार्ड की एंट्री सुनिश्चित करवायें।
बैठक में अटल पेंशन योजना, कल्याणी विवाह योजना, कन्या अभिभावक योजना की समीक्षा कर कलेक्टर ने आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि कोविड- 19 के दौरान अपने माता- पिता को खो चुके बच्चों को बुलाकर महिला एवं बाल विकास विभाग कार्यक्रम आयोजित करे और बच्चों को शासन की योजनाओं का लाभ दिलाना सुनिश्चित करें।
पुख्ता कारण होने पर ही करें आवेदन अस्वीकृत
कलेक्टर ने नामांतरण, सीमांकन, बंटवारा व नक्शा शुद्धिकरण के कार्यों की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने नगरीय क्षेत्रों के शिविरों और लंबित प्रकरणों की जानकारी ली। उन्होंने कहा कि शिविर के दौरान आये आवेदनों को अस्वीकृत करने का पुख्ता कारण हो। आयुष्मान कार्ड, सार्वजनिक वितरण प्रणाली एवं मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना की प्रगति की जानकारी कलेक्टर ने ली। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश स्थापना सप्ताह के दौरान एक नवम्बर को दोपहर एक बजे हितलाभ का वितरण कराना सुनिश्चित किया जाये। प्रधानमंत्री उज्जवला योजना का सत्यापन दो दिवस के भीतर करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये। उन्होंने मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना और किसान क्रेडिट कार्ड की प्रगति के बारे में भी जानकारी ली। समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने निर्देशित किया कि सभी जनपदों के सीईओ मुख्यमंत्री पथ विक्रेता योजना के सभी प्रकरणों का निराकरण सुनिश्चित करें। इस योजना में कोई भी प्रकरण लंबित नहीं रहना चाहिये।
असंतोषजनक कार्य पर वेतन वृद्धि रोकने व वेतन काटने के निर्देश
समीक्षा के दौरान कलेक्टर ने आपसी विभागीय समन्वय से स्वच्छ भारत मिशन के कार्य करने के निर्देश दिये। उन्होंने लंबित आवेदनों का यथाशीघ्र निराकरण करने और निर्माण श्रमिकों का पंजीयन सुनिश्चित करने पर जोर दिया। आयुष्मान भारत योजना में सीएमओ चीचली के असंतोषजनक कार्य पर उन्होंने एक वेतन वृद्धि रोकने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश दिये। स्वच्छता सर्वेक्षण में असंतोषजनक कार्य करने पर उन्होंने सीएमओ नरसिंहपुर की दो वेतन वृद्धि रोकने के निर्देश बैठक में दिये। बगैर सूचना के मुख्यालय से बाहर रहने पर कलेक्टर ने सहायक जिला आबकारी अधिकारी का एक दिन का वेतन काटने के निर्देश दिये।
सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के निराकरण के लिए प्रभारी नियुक्त
सीएम हेल्पलाइन की समीक्षा के दौरान उन्होंने सीएमओ करेली को नगरीय निकायों की शिकायतों के निराकरण के लिए प्रभारी अधिकारी का दायित्व दिया एवं राजस्व की शिकायतों के निराकरण के लिए एसडीएम गाडरवारा को प्रभारी नियुक्त किया। इसके अलावा सी एवं डी कैटेगिरी में आने वाले विभागों के अधिकारियों की एक- एक वेतन वृद्धि रोकने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश कलेक्टर ने दिये।
कलेक्टर ने सभी एसडीएम को निर्देशित किया कि वे अपने स्तर से सुगर मिलों के गोदामों का स्टॉक वैरीफिकेशन सुनिश्चित करायें।
: मातृभाषा हिंदी में मेडिकल की पढाई से होगा लाभ: फौजदार
Mon, Oct 17, 2022
मातृभाषा हिंदी में मेडिकल की पढाई से होगा लाभ: फौजदारकल्याणपुर स्कूल की संगोष्ठी में राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान प्राप्त शिक्षक ने छात्रों को दिया मार्गदर्शनगाडरवारा। गत दिवस क्षेत्र के चीचली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम कल्याणपुर के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में " हिंदी में ज्ञान के प्रकाश" विषय पर संगोष्ठी का आयोजन किया गया ।उक्त कार्यक्रम में मुख्य वक्ता के तौर पर हिंदी के विद्वान और मध्यप्रदेश शासन द्वारा " राज्य स्तरीय शिक्षक सम्मान" प्राप्त शिक्षक विपिन बिहारी फौजदार द्वारा हिन्दी भाषा के महत्त्व पर प्रकाश डाला गया । उन्होने कहा कि मातृभाषा में मेडिकल की पढ़ाई से छात्र छात्राओं को सुगमता होगी। कार्यक्रम में संस्था प्राचार्य ओमप्रकाश कौरव द्वारा बताया गया कि पूरे भारत में सिर्फ मध्यप्रदेश ही इकलौता और पहला राज्य है जहां मेडिकल की पढ़ाई अब हिंदी भाषा में भी हो सकेगी जिससे ना केवल ग्रामीण और दूरस्थ इलाकों के युवाओं को मेडिकल की पढ़ाई में सुविधा होगी वरन् हिंदी भाषा के प्रचार प्रसार में अमूल्य योगदान मिलेगा । कार्यक्रम का संचालन राजेश पटेल प्राथमिक शिक्षक द्वारा किया गया । कार्यक्रम में संस्था के समस्त छात्र छात्राओं सहित धनसिंह कौरव, नितिन दुबे, नीरज कौरव एवम् सुशांत जोशी ने अपनी सहभागिता प्रदान की ।
: गाडरवारा, जिला स्तरीय शालेय हेंडवाल प्रतियोगिता आयोजित
Mon, Oct 17, 2022
जिला स्तरीय शालेय हेंडवाल प्रतियोगिता आयोजितगाडरवारा। गत दिवस संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर संभाग के वार्षिक खेल कैलेंडर 2022-23 के जिला स्तरीय शालेय बालक/बालिका हेंडवाल प्रतियोगिता का आयोजन एनटीपीसी के बाल भारती पब्लिक स्कूल में किया गया। प्रतियोगिता के संयोजक बीटीआई प्राचार्य जयमोहन शर्मा के मार्गदर्शन में आयोजित जिला स्तरीय हेंडवाल प्रतियोगिता में संपूर्ण जिले से 14 एवं 17 वर्ष बालक/बालिका आयु वर्ग के प्रतिभागियों ने सहभागिता की। प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ एनटीपीसी के सीजीएम कमलेश सोनी ,बालभारती पब्लिक स्कूल की प्राचार्य गीता भारद्वाज एवं श्रीमती सुनीता शर्मा द्वारा खिलाड़ियों से परिचय कर किया गया। प्रतियोगिता में साईंखेड़ा, चीचली एवं गोटेगांव विकासखण्ड की टीमो ने हिस्सा लिया। प्रतियोगिता उपरांत जिले की टीम का चयन किया जाएगा जो संभाग स्तरीय हेंडबाल प्रतियोगिता में सहभागिता करेगी। प्रतियोगिता में माध्यमिक शिक्षक पवन राजौरिया ने मंच संचालन एवं कामेंट्री कर खूब तालियां बटोरीं। प्रतियोगिता के सफल आयोजन में पीटीआई अनुज जैन, मुकेश पटैल, विक्रम शर्मा, अजय सोनी , जितेंद्र दुबे, उमाकांत पटैल,मनीष कोष्टी, राहुल नामदेव सहित एन टी पी सी स्कूल की पीटीआई फरहीन शेख, हैंडबॉल कोच बालकृष्ण के अलावा अमित कोष्टी ने सराहनीय सहयोग किया । विदित हो कि प्रतियोगिता के सुचारू संचालन की दृष्टि से जिला शिक्षा अधिकारी सुंदरलाल धुर्वे ने विभिन्न समितियों का गठन किया था।