: गाडरवारा,झिकोली घाट में बेटी शिक्षा प्रोत्साहन के साथ मनायी नर्मदा जयंती
Wed, Feb 9, 2022
गाडरवारा। प्रतिवर्ष अनुसार माँ रेवा के प्रकाट्यउत्सव पर झिकोली घाट में गाडरवारा नगर के वरिष्ठ समाजसेवी मुकेश बसेड़िया ने पुण्य सलिला माँ नर्मदाजी का पूजन,अर्चन तीनो काल की महाआरती कर बेटियों के पैर पखारकर उन्हें वस्त्र,पठन लेखन सामग्री वितरण कर कन्याओ आशीर्वाद लिया ,वृद्ध व विप्र जनो को कंबल वस्त्र भेंट किये।पंडाल में कोरोना जागरुकता,वैक्सिनेशन व बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ के फ़्लेक्स ,बेनर लगाकर जागरूक किया।माँ रेवा के सभी भक्तजनों को खिचड़ी, खीर प्रसादी वितरण के साथ मास्क भी वितरण किये।उपरोक्त आयोजन में माँ विजयासन की बेटियां , स्टाफ व बसेड़िया परिवार,अनुज शर्मा ,मनोज शर्मा, कृष्णा राजपूत,महेन्द्र राजपूत, चंदन कुशवाहा, रुस्तम कुशवाहा,का विशेष सहयोग रहा।
: नरसिंहपुर जिले के खास समाचार
Wed, Feb 9, 2022
नर्मदा जयंती पर बरमान घाट पर हुई महाआरती,
विधायक एवं कलेक्टर हुए शामिल
नरसिंहपुर।
नर्मदा जयंती पर जिले में नर्मदा तट के बरमानकलां घाट पर मां नर्मदा की भव्य एवं दिव्य महाआरती की गई। महाआरती में विधायक श्री जालम सिंह पटैल, कलेक्टर श्री रोहित सिंह, सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारीगण और बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। विधायक पटैल एवं कलेक्टर सिंह ने मां नर्मदा की आरती की।
नर्मदा जयंती पर जगमगाए घाट और नर्मदा की जलधारा
जिले में नर्मदा जयंती महोत्सव उमंग, उल्लास और उत्साह के साथ मनाया गया। नर्मदा जयंती पर जिले में मां नर्मदा के तट के प्रमुख घाटों पर विशेष विद्युत साज- सज्जा की गई, जिसकी रंग बिरंगी रोशनी से घाट जगमग हो रहे थे। श्रद्धालुओं द्वारा बड़ी संख्या में दीपदान किया गया। बरमान घाट सहित जिले के अन्य घाटों पर बड़ी संख्या में श्रद्धालु नर्मदा जयंती के आयोजन में शामिल हुए।
सेंट्रल जेल में आयुष स्वास्थ्य कैम्प का हुआ आयोजन
नरसिंहपुर।
सेंट्रल जेल नरसिंहपुर में बंदियों के लिए आयुष विभाग द्वारा स्वास्थ्य कैम्प का आयोजन किया गया। इसमें स्वास्थ्य परीक्षण के बाद 120 बंदियों का उपचार किया गया। मौसमी बीमारियों एवं कोविड संक्रमण से बचाव के लिए इम्युनिटी बढ़ाने के उद्देश्य से काढ़े का वितरण भी किया गया। बंदियों के लिए योग सत्र का आयोजन कर उन्हें आसन- प्राणायाम एवं ध्यान का अभ्यास कराया गया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह ने बताया कि असंयमित जीवनचर्या, अनियमित खान- पान एवं बदलती जीवन शैली के कारण गैर संचारी रोग बढ़ते हैं। इससे बचाव के लिए नियमित योग करना लाभदायक है।
बरमानकलां घाट पर हुआ निर्झरणी महोत्सव का आयोजन
विधायक श्री पटैल व कलेक्टर श्री सिंह ने किया शुभारंभ
नरसिंहपुर
।नर्मदा जयंती पर मंगलवार को नर्मदा तट के समीप बरमानकलां घाट पर सांस्कृतिक संध्या "निर्झरणी महोत्सव" का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विधायक श्री जालम सिंह पटैल एवं कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने दीप प्रज्जवलित कर किया।
पवित्र माँ नर्मदा के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित करने के लिए "निर्झरणी महोत्सव" का आयोजन मध्यप्रदेश शासन के संस्कृति विभाग के तत्वावधान में जिला प्रशासन के सहयोग से किया गया।
"निर्झरणी महोत्सव" के दौरान नर्मदा केन्द्रित नृत्य नाटिका की प्रस्तुति उज्जैन की सुश्री कीर्ति प्रमाणिक एवं साथियों ने दी। भक्ति गायन की प्रस्तुतियां बालाघाट की सुश्री मुस्कान चौरसिया एवं साथियों ने दी। नर्मदा केन्द्रित लोक गायन सागर के श्री आशीष श्रीवास्तव एवं साथियों ने प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर "जीवन रेखा" व "राग ऑफ रिवर नर्मदा" फ़िल्म का प्रदर्शन भी किया गया। इस फिल्म की परिकल्पना, छायांकन एवं निर्देशन श्री राजेन्द्र जांगले का है।
निर्झरणी महोत्सव में कलाकारों ने बांधा समां
सांस्कृतिक संध्या "निर्झरणी महोत्सव" में कलाकारों ने समां बाँध दिया। कलाकारों ने बरमान घाट पर मौजूद दर्शकों का मन मोह लिया।
सागर के श्री आशीष श्रीवास्तव एवं साथियों ने लोक गायन की मनोरम प्रस्तुतियां दी। उन्होंने
"गणेश वंदना", "माई नर्मदा के निर्मल नीरा- चलो चलकें नहां लईयें...", नरबदा हो...", "क्वांरी हैं रेवा मईया, जगत की पार लगईया..", "तन्नक पूजा कर लो रे, भोलेनाथ हैं अटल वरदानी..."
लोक गीतों की शानदार प्रस्तुति दी।
उज्जैन की सुश्री कीर्ति प्रमाणिक एवं साथियों ने नर्मदाष्टक
"त्वदीयपाद पंकजम्- नमामि देवी नर्मदे..."
गणेश वंदना
" जय देव- जय देव..."
, शंकर वंदना
"जय शिव शंकर- जय गंगाधर... जय त्रिपुरारी..."
, श्री राम स्तुति
"श्री रामचंद्र कृपालु भज मन, हरण भाव भय दारूणम्..."
को शास्त्रीय धुनों पर नृत्य नाटिका के रूप में प्रस्तुत किया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों का मन मोह लिया।
बालाघाट की सुश्री मुस्कान चौरसिया एवं साथियों ने भक्ति गायन की मनमोहक प्रस्तुतियां दी। उन्होंने गणेश वंदना
"तेरी जय हो गणेश, तेरी जय हो गणेश...", "बजाओ रे बाजा- बजाओ रे बाजा, जीत गये- जीत गये देखो गणराजा...",
नर्मदा भक्ति गीत
"नर्मदे- नर्मदे- नर्मदे... मां पतित पावनी- तू है भवतारिणी...", "आज है जगराता माई का, मां को मना लेना..", "मेरे भोले से भोले बाबा- भक्त आये हैं तेरे द्वारे भोले बाबा..."
आदि भक्ति गीतों को लोगों ने खूब सराहा। इन गीतों में मां नर्मदा, भगवान शंकर, नंदी व उनके गणों की झांकी भी प्रस्तुत की गई।
कलाकारों को पौधा देकर किया सम्मान
विधायक श्री जालम सिंह पटैल, कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने निर्झरणी महोत्सव में आये कलाकारों को पौधा देकर सम्मानित किया।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, अपर कलेक्टर श्री दीपक कुमार वैद्य, एसडीएम सुश्री सृष्टि जयंत देशमुख व श्री राजेश शाह, ठा. राजीव सिंह, श्री रामनारायण सोनी, अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी और श्रद्धालु मौजूद थे।
शासकीय कार्य में लापरवाही पर राजस्व निरीक्षक जगत सिंह ठाकुर निलंबित
,
विभागीय जांच भी होगी
नरसिंहपुर।
कलेक्टर रोहित सिंह ने शासकीय कार्य में लापरवाही करने पर राजस्व निरीक्षक मंडल करेली तहसील करेली जगत सिंह ठाकुर को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया है। उनकी विभागीय जांच करने का आदेश भी दिया गया है। निलंबन अवधि में राजस्व निरीक्षक श्री ठाकुर का मुख्यालय तहसील कार्यालय करेली रहेगा। उन्हें नियमानुसार जीवन निर्वाह भत्ते की पात्रता होगी। यह आदेश मप्र सिविल सेवा वर्गीकरण नियंत्रण तथा अपील नियम 1966 के प्रावधानों के तहत जारी किया गया है।
उल्लेखनीय है कि राजस्व निरीक्षक जगत सिंह ठाकुर द्वारा सीमांकन के प्रकरणों का निराकरण समय सीमा में नहीं किया गया। राजस्व निरीक्षक मंडल करेली तहसील करेली के अंतर्गत 31 दिसम्बर 2021 की स्थिति में उनके सीमांकन के कुल लंबित प्रकरणों की संख्या 177 थी, जो 31 जनवरी 2022 की स्थिति में बढ़कर 186 हो गई। इनमें से इसी अवधि में तुलनात्मक रूप से श्री ठाकुर के तीन माह से लंबित प्रकरणों की संख्या 72 से 68 तथा 3 से 6 माह तक के लंबित प्रकरणों की संख्या यथावत 6 एवं 6 माह से एक वर्ष तक के लंबित प्रकरणों की संख्या 85 से 96 और एक से दो वर्ष तक के सीमांकन के लंबित प्रकरणों की संख्या 14 से बढ़कर 16 हो गई। सीमांकन के उक्त प्रकरण का निराकरण एक सप्ताह में करने के निर्देश श्री ठाकुर को दिये गये, परंतु समय सीमा में उनका निराकरण नहीं किया गया। राजस्व अधिकारियों की बैठक में की गई समीक्षा में पाया गया कि श्री ठाकुर के पूर्व माह के लंबित प्रकरणों की संख्या पहले की तुलना में अधिक हो गई है। निर्देशों के बावजूद कार्य नहीं करने पर वरिष्ठ अधिकारियों द्वारा दिये गये निर्देशों की अवहेलना करना पाया गया। फलस्वरूप राजस्व निरीक्षक श्री जगत सिंह ठाकुर को निलंबित किया गया।
: गाडरवारा,सुषमा तिवारी सम्मानित
Wed, Feb 9, 2022
गाडरवारा। साईंखेड़ा के शासकीय प्राथमिक शाला ख़िरका टोला में पदस्थ प्राथमिक शिक्षक श्रीमती सुषमा तिवारी को शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय साईखेड़ा में आयोजित कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन एवं तूमड़ा संकुल में आयोजित कार्यक्रम में प्रभारी प्राचार्य कैलाश पटैल ने प्रशस्ति पत्र से सम्मानित किया। विदित हो की श्रीमती तिवारी को अरबिंदो सोसाइटी द्वारा आयोजित ऑनलाइन टीएलएम प्रदर्शनी मे उत्कृष्ट प्रदर्शन करने पर सम्मानित किया गया है। उनके सम्मानित होने पर क्षेत्रीय शिक्षको ने शुभकामनाएं दी है।