: नरसिंहपुर, ग्रामीण आबादी को सम्पत्ति का मालिकाना हक व कानूनी अधिकार पत्रों का वितरण
Thu, Oct 7, 2021
नरसिंहपुर ।
गांव की आबादी भूमि पर दशकों से काबिज लोगों को सम्पत्ति का मालिकाना हक व कानूनी अधिकार पत्र प्रदाय करने का जिला स्तरीय कार्यक्रम पीजी कॉलेज आडिटोरियम नरसिंहपुर में आयोजित किया गया। उक्त कार्यक्रम में मुख्य अतिथि राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी द्वारा हितग्राहियों को प्रतीक स्वरूप अधिकार पत्र प्रदाय किए गए। कार्यक्रम में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी एवं मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान के लाइव उद्बोधन एवं हितग्राहियों से संवाद तथा हरदा जिले में आयोजित प्रदेश स्तरीय आयोजन का सीधा प्रसारण देखा एवं सुना गया। इसमें कलेक्टर श्री रोहित सिंह, अपर कलेक्टर श्री मनोज ठाकुर, एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, श्री विवेक मूले सहित अन्य अधिकारी एवं अन्य जनप्रतिनिधि मौजूद थे।
कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए सांसद श्री सोनी ने कहा कि यह योजना ग्रामीण क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन लाने की है। गरीबों को चिंतामुक्त करने का यह प्रयास प्रधानमंत्री के नेतृत्व में किया गया है। स्वामित्व योजना के तहत ग्राम आबादी का सर्वे कर स्वामित्व प्रमाण पत्र संबंधित व्यक्ति को दिया जायेगा। इसके लाभ ग्रामवासियों को मिलेंगे। हर संपत्तिधारक को संपत्ति का प्रमाण पत्र एवं भूमिस्वामित्व प्राप्त होगा। संपत्ति का सरकारी दस्तावेज प्राप्त होने से मकान पर बैंक से ऋण लेना आसान होगा।
श्री अभिलाष मिश्रा ने कार्यक्रम को संबोधित करते हुये कहा कि कई वर्षों से निवास कर रहे लोगों को पहले मलिकाना हक प्राप्त नहीं होता था। प्रधानमंत्री श्री मोदी ने उन गरीबों के बारे में सोचा जिनके पास मकान के कोई दस्तावेज नहीं होते थे। अधिकार अभिलेख मिलने से गरीबों को भय की शंका से मुक्ति मिली है । सरकार की मंशा अंत्योदय की सेवा करने की है। गरीबों के हितों के लिये अनेक योजनाएं संचालित की है जिसमें पीएम जन-धन योजना, प्रधानमंत्री आवास योजना, बिजली एवं पेयजल आदि शामिल है।
कार्यक्रम में श्री शब्बीर उस्मानी, ठाकुर राजीव सिंह, श्री हरगोविन्द पटैल, श्री लाल साहब जाट, श्री रमाकांत धाकड़, श्री नंदकिशोर ठाकुर, श्री मनीष ठाकुर, अन्य जनप्रतिनिधि, गणमान्य नागरिक, हितग्राही, विभिन्न विभागों के अधिकारी- कर्मचारी मौजूद थे। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री ने किया।
: गाडरवारा,जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय विज्ञान प्रकोष्ठ का हुआ गठन
Wed, Oct 6, 2021
गाडरवारा। जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन ने आयुक्त लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल के निर्देशानुसार विद्यालयीन छात्र छात्राओं को विज्ञान की उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने हेतु जिला एवं विकासखण्ड स्तरीय विज्ञान प्रकोष्ठ का गठन किया है। उक्ताशय की जानकारी देते हुए स्कूल शिक्षा विभाग के जिला स्तरीय मीडिया दल के सदस्य मधुसूदन पटैल ने बताया की जिला स्तर पर प्राचार्य आर के श्रीवास्तव को जिला विज्ञान अधिकारी एवं एपीसी धीरज पटेरिया को सहायक जिला विज्ञान अधिकारी बनाया गया है। इसके अलावा साईखेड़ा विकासखण्ड में उच्च माध्यमिक शिक्षक के के राजोरिया को विकासखण्ड विज्ञान अधिकारी, चंद्रकांत साहू को सहायक विज्ञान अधिकारी, चीचली विकासखण्ड में उच्च माध्यमिक शिक्षक ओमप्रकाश कौरव को विकासखण्ड विज्ञान अधिकारी , गजेंद्र कौरव को सहायक विकासखण्ड विज्ञान अधिकारी बनाया गया है। जिले के शेष विकासखंडों में भी इसी तरह विकासखण्ड विज्ञान एवं सहायक विज्ञान अधिकारी बनाये गये है। नियुक्त किये गए सभी अधिकारी जिले में विज्ञान विषय से संबंधित कार्यक्रमो एवं प्रतियोगिताओं में छात्र छात्राओं की सहभागिता हेतु कार्य करेंगे।
: गाडरवारा, दिव्यांग छात्र छात्राओं हेतु शिविर 9 अक्टूबर को चीचली में
Wed, Oct 6, 2021
गाडरवारा। चीचली विकासखण्ड की समस्त शालाओं में कक्षा 1 से 8 तक के दिव्यांग छात्र छात्राओं के चिकित्सीय मूल्यांकन एवं उपकरण चिन्हाकन हेतु विकासखण्ड स्तरीय शिविर का आयोजन 9 अक्टूबर को उत्कृष्ट विद्यालय चीचली में आयोजित किया जा रहा है। उक्ताशय की जानकारी देते हुए चीचली बीआरसी डी के पटैल ने बताया की जिला शिक्षा केन्द्र के आदेशानुसार आयोजित शिविर में दिव्यांग बच्चों को निःशक्तता प्रमाणपत्र शिविर स्थल पर ही प्रदान की जाने की व्यवस्था की जाएगी । इसके अलावा प्रमाणपत्र का नवीनीकरण भी किया जाएगा। शिविर की सुचारू व्यवस्थाओं के संचालन हेतु शिक्षको की ड्यूटी लगा दी गई है। उन्होंने समस्त चीचली विकासखंड के शाला प्रभारियों से दिव्यांग बच्चों को लेकर शिविर में उपस्थिति की अपील की है ।