: सतना,बरहना में खुलेगा सीएम राईज स्कूल - मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sun, Sep 26, 2021
जनदर्शन यात्रा का जगह-जगह पुष्पवर्षा से स्वागत
सतना। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने ग्राम बरहना में संवाद करते हुए कहा कि फूलों की वर्षा कर जनदर्शन यात्रा का अभूतपूर्व स्वागत हुआ है। बरहना के विकास में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होंने कहा कि द्वितीय चरण में बरहना में भी सीएम राइज स्कूल खोला जायेगा। उन्होंने ग्राम भटिया में प्राइमरी स्कूल खोलने और नवस्ता के तालाब की चौड़ाई बढ़ाने की घोषणा की। रिमझिम फुहारों के बीच सीएम श्री चौहान ने जनदर्शन यात्रा के बीच आने वाले गांवों और ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों की अनेक सौगाते दीं। ग्राम झाली में 10 लाख रूपये की लागत से सामुदायिक भवन और सवा-सवा करोड़ की दो सड़कों का निर्माण किये जाने की बात भी कही। ग्राम पंचायत गोरइया में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि पटिहर बांध को पुर्नजीवन देने में कोई कसर नहीं छोड़ी जायेगी। उन्होने ढइयाडग पौंड के गहरीकरण के लिये 15 लाख और प्राथमिक शाला रमपुरा की बाउण्ड्रीवाल बनाने की स्वीकृति प्रदान की।
दिंदौध में स्वतंत्रता संग्राम सेनानी स्व. श्यामलाल मिश्रा को श्रद्धासुमन अर्पित करते हुये मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि स्वतंत्रता सेनानी के परिवार को पर्याप्त आर्थिक सहायता दी जायेगी। नैना मोड़ पर जनदर्शन यात्रा के स्वागत के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मुख्य मार्ग से आंगनवाड़ी भटिया बस्ती तक 7 किलोमीटर की पक्की सड़क बनवाने और नैना से पोंड़ी तक पक्की सड़क बनवाने के निर्देश लोक निर्माण विभाग को दिये। ग्राम मौहार में जनदर्शन यात्रा के दौरान मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि तीन टोले छिटिया, भटिया टोला और बहेर को राजस्व ग्राम का दर्जा दिया जायेगा। उन्होंने माध्यमिक शाला भवन के पास नाले पर स्टॉप डैम बनाने 15 लाख की स्वीकृति एवं आंगनवाड़ी केन्द्र भवन के लिये 7.80 लाख रूपये स्वीकृत किये। छिटिया, भटिया की सड़क सुदूर संपर्क योजना से बनेगी। बढौर में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि गरीब और जरूरतमंदों को सर्वे कर काबिज भूमि का पट्टा और आवास योजना से घर बनाने आर्थिक सहायता दी जायेगी। मुख्यमंत्री श्री चौहान की जनदर्शन यात्रा का अंतिम पड़ाव नगर परिषद कोठी में रहा। यहाँ कोठी नगर की गलियों से निकलते हुये मुख्यमंत्री की जनदर्शन यात्रा का सड़क के दोनों तरफ खड़े नागरिकों, महिलाओं ने पुष्पवर्षा कर भव्य स्वागत किया।
: सतना,मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोठी में किया 745 निर्माण कार्यों का शिलान्यास और लोकार्पण
Sun, Sep 26, 2021
सतना। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने रैगांव से कोठी तक जनदर्शन यात्रा में आमजनों से संवाद किया। कोठी में जनदर्शन समारोह में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 24 करोड़ 75 लाख रूपये लागत के 745 निर्माण कार्यों का भूमि-पूजन तथा लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कोठी में 15 करोड़ 6 लाख 34 हजार रूपये के 389 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। इसमें पीएचई विभाग के 4, नगर पंचायत कोठी के 4, गौशाला निर्माण का एक और नवीन पंचायत भवन के 6 निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने रैगांव विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न गांवों में सीसी रोड, पुलिया, चेकडैम तथा अन्य निर्माण कार्यों सहित 5 करोड़ 43 लाख 28 हजार रूपये के 123 निर्माण कार्यों का शिलान्यास किया। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बाउण्ड्रीवाल तथा पेवर ब्लॉक लगाने के 16 कार्यों, जल संवर्धन के 161 कार्यों, स्वच्छता से जुड़े 61 निर्माण कार्यों और 13 भवनों के निर्माण कार्य का भी शिलान्यास किया।
जनदर्शन में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने 9 करोड़ 68 लाख 60 हजार रूपये की लागत के 356 निर्माण कार्यो का लोकार्पण किया। इन निर्माण कार्यों में दो गौशाला, एक पंचायत भवन, 49 बाउण्ड्रीवाल तथा पेवर ब्लॉक निर्माण और 16 स्वच्छता संबंधी निर्माण कार्य शामिल हैं। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने विभिन्न ग्राम पंचायतों में जल संवर्धन के 153 निर्माण कार्यों, सीसी रोड तथा पुलिया निर्माण के 114 कार्यों और ग्राम पंचायत स्तर पर बनाये गये 21 नवीन भवनों का लोकार्पण किया। समारोह में वन मंत्री तथा जिले के प्रभारी मंत्री डॉ. कुंवर विजय शाह, खनिज एवं श्रम मंत्री श्री बृजेन्द्र प्रताप सिंह, पिछड़ा वर्ग एवं अल्प संख्यक कल्याण राज्यमंत्री श्री रामखेलावन पटेल, सांसद गणेश सिंह, पिछड़ा वर्ग के सदस्य एवं विधायक मउगंज श्री प्रदीप पटेल, पूर्व मंत्री एवं विधायक रीवा श्री राजेन्द्र शुक्ला, विधायक रामपुर बघेलान श्री विक्रम सिंह, जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती सुधा सिंह, जन-प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में आमजन उपस्थित रहे।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ठा. रणमत सिंह की प्रतिमा पर किया माल्यार्पण
मुख्यमंत्री श्रीशिवराज सिंह चौहान ने जनदर्शन यात्रा के अंतिम पड़ाव सतना के कोठी में अमर शहीद ठाकुर रणमत सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर उन्हें आदरांजलि दी।
: कलेक्टर श्री रोहित सिंह भ्रमण पर पहुंचे ग्राम लिंगा- पिपरिया
Sat, Sep 25, 2021
नरसिंहपुर।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने शनिवार को जिले के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ ग्रामीण क्षेत्रों का दौरा किया। इस दौरान कलेक्टर ग्राम लिंगा- पिपरिया पहुंचे। उन्होंने ग्रामवासियों से प्रधानमंत्री आवास योजना का लाभ मिलने के बारे में जानकारी ली। उन्होंने ग्राम पंचायत भवन पर चस्पा की गई प्रधानमंत्री आवास योजना के हितग्राहियों की सूची का अवलोकन किया। उन्होंने ग्रामवासियों से आमने- सामने चर्चा कर उनकी समस्याओं के बारे में और शासन की योजनाओं के क्रियान्वयन के बारे में जानकारी ली। कलेक्टर ने ग्रामीणों से पूछा कि कोई समस्या तो नहीं है। उन्होंने स्थानीय अमले के बारे में भी जानकारी ली।
इस अवसर पर सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, एसडीएम श्री राजेश शाह, जिला पंचायत सदस्य श्रीमती वंदना पटैल, अन्य अधिकारी और ग्रामीणजन मौजूद थे।