: नरसिंहपुर, स्वच्छता की जगी अलख, कलेक्टर ने किया कैम्पस का पैदल भ्रमण
Mon, Sep 13, 2021
नरसिंहपुर।कलेक्ट्रेट कार्यालय में संचालित विभिन्न विभागों के अधिकारियों कर्मचारियों ने स्वच्छता का संदेश देने के लिए रविवार सुबह 7 बजे से कलेक्ट्रेट कार्यालय में श्रमदान किया। कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने इस कार्य के लिए सभी को प्रोत्साहित कर उनका उत्साहवर्धन किया।उन्होंने कहा कि स्वच्छता के प्रति यह समर्पण सभी की ज़िम्मेदारी है।
इस दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने अधिकारियों के साथ कैम्पस का पैदल भ्रमण भी किया।
कलेक्टर ने खेल मैदानों का लिया जायज़ा
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने रविवार को मुख्यालय के प्रमुख खेल मैदानों का निरीक्षण किया। इनमे हॉकी स्टेडीयम,चर्च ग्राउंड एवं नरसिंह ऑफ़िसर्स क्लब शामिल थे।
हॉकी स्टेडियम के निरीक्षण के दौरान उन्होंने यहाँ खेल रहे युवाओं से चर्चा की। ज़िला क्रीडा अधिकारी को खेल गतिविधियों के निरंतर संचालन,मैदान के रखरखाव,खेल सामग्री उपलब्धता के लिए भी निर्देश दिए।
: नरसिंहपुर,कलेक्टर ने किया जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण
Sun, Sep 12, 2021
नरसिंहपुर ।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने शनिवार को जिला चिकित्सालय का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दवा वितरण केन्द्र, सोनोग्राफी रूम, प्रसव पूर्व कक्ष, ट्राइऐज रूम, ओपीडी, लिफ्ट, प्रसाधन, शिशु वार्ड, नवजात शिशु गहन चिकित्सा इकाई, आईसीयू, जिला टीकाकरण केन्द्र, ऑक्सीजन प्लांट, सेंट्रल पैथोलॉजी लैब, रसोई, आदि की स्थिति को देखा और मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देशित किया।
अस्पताल में हो बेहतर साफ- सफाई
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने सख्त लहजे में कहा कि अस्पताल में गंदगी नहीं हो। मरीजों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो। लिफ्ट में गंदगी होने पर तत्काल इसे साफ करवाने कहा। उन्होंने कहा कि अस्पताल को बेहतर बनाने के लिए कक्षों में आकर्षक पोस्टर एवं पेंटिंग कार्य करवाया जाये। मरीजों को सभी स्वास्थ्य संबंधी मूलभूत सुविधायें उपलब्ध हो।
अस्पताल में हो परिजनों के लिए बेहतर बैठक व्यवस्था
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों एवं उनके परिजनों की अस्पताल एवं परिसर में बेहतर बैठक व्यवस्था हो। अस्पताल में स्थित रसेाई का निरीक्षण करते हुए कहा कि पेयजल एवं भोजन की बेहतर गुणवत्ता हो। मरीजों को दिये जाने वाले भोजन की गुणवत्ता के साथ किसी भी प्रकार का समझौता नहीं हो। प्रसाधनों में साफ- सफाई नियमित रूप से की जायें। परिजनों के बैठने वाले स्थानों पर पंखे एवं बिजली की व्यवस्था रहे। परिसर में बंद पड़ी लिफ्ट को सुधरवाने के निर्देश भी उन्होंने दिये। उन्होंने कहा कि एक मरीज के लिए एक बेड हो इसकी व्यवस्था की जाये।
कक्षों के बाहर हो स्पष्ट नाम
कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने कहा कि अस्पताल के विभिन्न कक्षों के बाहर उनका नाम बड़े अक्षरों में हिंदी में सरल एवं स्पष्ट शब्दों में उल्लेखित हो, जिससे कि मरीजों का उनके साथ आये परिजनों को किसी भी प्रकार की तकलीफ नहीं हो। अस्पताल में फायर सेफ्टी उपकरण चालू रहे।
दवा वितरण केन्द्र से ली दवाईयों की जानकारी
निरीक्षण में कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने नि:शुल्क दवा वितरण केन्द्र पर जाकर वहां उपलब्ध दवाईयों की जानकारी ली। उन्होंने मौजूद स्टाफ से कहा कि दवाईयां जो उपलब्ध नहीं हैं, उसकी सूची बनाकर प्रदान करें। आयुष्मान कार्ड केन्द्र में जाकर वहां बनने वाले कार्डों की भी विस्तृत जानकारी ली।
मरीजों से की चर्चा
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री रोहित सिंह ने इलाज के लिए आये मरीजों एवं उनके परिजनों से भी चर्चा की। कन्हारपानी से इलाज के लिए आयी श्रीमती कौशल्याबाई का कुशलक्षेम पूछते हुए उन्होंने कहा कि दवाई, भोजन समय पर मिलता है या नहीं। इलाज में किसी प्रकार की समस्या तो नहीं। इसके पश्चात उन्होंने जिला टीकाकरण स्टोर कक्ष, आईसीयू एवं परिसर में स्थित ऑक्सीजन प्लांट का भी निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे, सहायक कलेक्टर श्री नागार्जुन बी गौंड़ा, एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, सीएमएचओ डॉ. मुकेश जैन, सिविल सर्जन डॉ. अनीता अग्रवाल, अन्य अधिकारी और स्वास्थ्य विभाग का अमला मौजूद था।
: नरसिंहपुर,कलेक्टर एवं एसपी ने किया ग्रामीण अंचलों का भ्रमण
Sun, Sep 12, 2021
नरसिंहपुर ।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने शनिवार को जिले के ग्रामीण वनांचलों ऊसरी, गौरछापर, आलोद एवं गोरखपुर का भ्रमण किया। भ्रमण के दौरान आलाधिकारियों ने ग्रामीणों से विस्तृत चर्चा कर उनकी समस्यायें जानी एवं मौके पर मौजूद अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
खाद्यान्न वितरण में नहीं हो किसी भी प्रकार की लापरवाही
सेवा सहकारी समिति मर्यादित ऊसरी सेल्समेन से चर्चा करते हुए हितग्राहियों को खाद्यान्न वितरण की जानकारी ली। उनसे खाद्य स्टाक उपलब्धता एवं उसकी गुणवत्ता एवं अन्न उत्सव कार्यक्रम के बारे में भी पूछा। समिति प्रबंधक को सख्त निर्देश देते हुए कलेक्टर श्री सिंह ने राशन दुकान के बाहर खाद्यान्नों की दर की सूची भी प्रदर्शित कर दुकान की पुताई एवं आवश्यक दस्तावेज संधारण करने कहा। मौके पर मौजूद पटवारी से गिरदावरी की प्रगति एवं प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी भी प्राप्त की।
ग्रामीणों से चर्चा के दौरान कलेक्टर श्री सिंह ने हितग्राहीमूलक योजनाओं जैसे पेंशन योजना, आयुष्मान कार्ड, बीपीएल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास- ग्रामीण की भी जानकारी प्राप्त की। इसके अलावा आलाधिकारियों ने कोविड टीकाकरण में सभी को सहभागी बनने एवं मास्क लगाने के लिए प्रेरित किया।
सैला नृत्य के माध्यम से ग्रामीणों ने किया आलाधिकारियों का स्वागत
ग्राम गौरछापर में अधिकारियों द्वारा पौधरोपण भी किया गया। इस दौरान ग्रामीणों ने आदिवासी परम्परा के अनुरूप सैला नृत्य की प्रस्तुति दी और अधिकारियों का स्वागत किया।
“आन विराजे गांव हमारे- जिले के मुखिया महोदय”
की आकर्षक प्रस्तुति नृत्य के माध्यम से की। गांव का भ्रमण करते हुए सरपंच श्री विनोद कुमार से कोविड टीकाकरण, मवेशी टीकाकरण, समग्र आईडी, वनाधिकार पट्टे वितरण, प्रधानमंत्री आवास योजना एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की प्रगति एवं उसके क्रियान्वयन के बारे में पूछा। ग्रामीणों द्वारा पीने के पानी की समस्या को बताया गया, जिसमें कलेक्टर श्री सिंह ने सभी को आश्वस्त करते हुए कहा कि गांव में पेयजल की समस्या का शीघ्र ही निदान किया जायेगा। बच्चों के मनोरंजन व खेलकूद के लिए खेल सामग्री का वितरण एवं खेल मैदान को बेहतर कराने के निर्देश ग्राम पंचायत सचिव को दिये।
हितग्राही श्री रामकुमार को कराया गृह प्रवेश
कलेक्टर श्री रोहित सिंह, पुलिस अधीक्षक श्री विपुल श्रीवास्तव एवं जिला पंचायत सीईओ डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने ग्राम गौरछापर में प्रधानमंत्री आवास- ग्रामीण योजना के हितग्राही श्री रामकुमार को गृह प्रवेश करवाकर शुभकामनायें प्रेषित की।
हितग्राहीमूलक योजनाओं का मिले लाभ
ग्राम पंचायत आलोद के पंचायत कक्ष में ग्रामीणों से चर्चा की । ग्राम रोजगार सहायक को पंचायतों की दीवारों का सदुपयोग शासकीय योजनाओं के प्रचार- प्रसार करने के लिए निर्देश कलेक्टर श्री सिंह ने दिये। उन्होंने कहा कि हितग्राहीमूलक योजनाओं के क्रियान्वयन में किसी भी प्रकार की कोताही बर्दाश्त नहीं की जायेगी। पात्र हितग्राहियों के गरीबी रेखा के कार्ड, समग्र आईडी एवं आयुष्मान कार्ड भी बने, इस बात का विशेष ध्यान रखा जाये। इसके पश्चात ग्राम पंचायत गोरखपुर में भ्रमण के दौरान निर्मल नीर, कपिल धारा कूप, स्टाप डेम निर्माण कर जल संरक्षण के कार्यों को बढ़ाने के लिए भी ग्रामीणों को प्रोत्साहित किया।