: गाडरवारा,छात्र छात्राओं को सूखा राशन एवं गणवेश वितरित
Sat, Mar 27, 2021
गाडरवारा। समीपी ग्राम साँगई की एकीकृत शासकीय नवीन माध्यमिक शाला में प्राथमिक एवं माध्यमिक स्तर के छात्र छात्राओं को प्रधानपाठक डी एस धानक सहित स्कूल स्टाफ द्वारा कोरोना गाइडलाइन का पालन करते हुए सूखा राशन के तहत दाल एवं तेल के पेकिटों के साथ गणवेश भी वितरित की गई । इस अवसर पर माध्यमिक शिक्षक मधुसूदन पटैल ने बताया की स्कूल शिक्षा विभाग के निर्देशानुसार शैक्षणिक सत्र 2020-21 में छात्र छात्राओं को गणवेश हेतु राशि न देकर स्व सहायता समूहों द्वारा तैयार की गई गणवेशें प्रत्येक छात्र छात्रा को 2 जोड़ी दी गई हैं। 31 मार्च तक स्कूल के शेष छात्र छात्राओं को गणवेश वितरित कर दी जाएंगी। इसके अलावा मध्यान्ह भोजन कार्यक्रम अतर्गत कोरोनाकाल में स्कूल बंद होने की स्तिथि में अभी माह अगस्त से अकटुबर कुल 73 शेक्षणिक दिवस का सूखा राशन प्रदाय किया गया है।इस अवसर पर दशरथ प्रसाद जाटव, विवेक नाईक, सुरेश चौहान, देवेंद्र ठाकुर, किरणलता ठाकुर, लता कहार एवं शिवप्रसाद केवट सहित छात्र छात्राएं उपस्थित रहे।
: रोको- टोको अभियान के तहत गाडरवारा में मास्क नहीं लगाने वाले 323 व्यक्तियों पर लगा 31 हजार 110 रूपये का जुर्माना
Sat, Mar 27, 2021
नरसिंहपुर ।
रोको टोको अभियान के तहत कोरोना संक्रमण की रोकथाम प्रभावी तरीके से करने के उद्देश्य से कलेक्टर श्री वेद प्रकाश के निर्देशानुसार लोगों को जागरूक करने के लिए कोरोना की प्रभावी तरीके से रोकथाम के लिए मास्क लगाना बेहद जरूरी है। सोशल डिस्टेंसिंग का पालन करना और सेनेटाइजर का उपयोग करना अत्यावश्यक है। इस तरह की सावधानी बरतने से कोरोना से बचाव किया जा सकता है।
निर्देशों के परिपालन में एसडीएम राजेन्द्र पटैल एवं तहसीलदार राजेश मरावी के मार्गदर्शन में गाडरवारा अनुविभाग में रोको- टोको अभियान चलाया गया। गाडरवारा अनुविभाग अंतर्गत गाडरवारा में 204 व्यक्तियों पर 20350 रूपये, सालीचौका में 54 व्यक्तियों पर 4750 रूपये, सांईंखेड़ा में 35 व्यक्तियों पर 4500 रूपये एवं चीचली में 30 व्यक्तियों पर 1500 रूपये का जुर्माना लगाया गया। इस तरह कुल 323 व्यक्तियों पर 31 हजार 110 रूपये का जुर्माना लगाया गया। संयुक्त टीमों द्वारा 800 लोगों को नि:शुल्क मास्क का वितरण भी किया गया।
: नरसिंहपुर,जिला आपदा प्रबंधन समिति की बैठक संपन्न
Sat, Mar 27, 2021
नरसिंहपुर ।
जिले में कोरोना के बढ़ते संक्रमण के मद्देनजर नरसिंहपुर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में जिला स्तरीय आपदा प्रबंधन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में लोकसभा सांसद रावउदय प्रताप सिंह, विधायकद्वय जालम सिंह पटैल, संजय शर्मा, जिला पंचायत अध्यक्ष संदीप पटैल, कलेक्टर वेद प्रकाश, पुलिस अधीक्षक विपुल श्रीवास्तव, अपर कलेक्टर मनोज ठाकुर, एएसपी सुनील कुमार शिवहरे, जिला पंचायत सीईओ केके भार्गव सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे। बैठक में समिति के सदस्यों द्वारा कोरोना से बचाव एवं रोकथाम के लिए सुझाव भी प्रस्तुत किये।
कोरोना संक्रमण की रोकथाम एवं बचाव के लिए जिले में की जा रही आवश्यक तैयारियों की जानकारी कलेक्टर वेद प्रकाश द्वारा बैठक में दी गई। उन्होंने बताया कि जिले में विगत 6 दिवस में 2387 सैम्पल लिये गये, जिसमें से 151 कोरोना पॉजिटिव पाये गये हैं। जिले की पॉजिटिविटी रेट 6.33 है।
जिलेवासियों से मेरी होली- मेरा परिवार मनाने की अपील
बैठक में सर्वसम्मति से निर्णय लेते हुए होलिका दहन एवं शब-ए-बारात को सांकेतिक रूप से मनाया जाये, इसके लिए रात्रि 9 बजे से रात्रि 11 बजे तक का समय निर्धारित किया गया। इनमें किसी भी प्रकार की भीड़ नहीं हो, इसका विशेष ध्यान रखे जाने के निर्देश भी संबंधित अधिकारियों को दिये गये। बैठक में निर्णय लेते हुए कहा गया कि रंगपंचमी के दिन किसी भी प्रकार के जुलूस आदि नहीं निकाला जाये। मेरी होली- मेरा परिवार की अपील करते हुए अपनों के साथ होली का त्यौहार मनाया जाये, जिससे कोरोना संक्रमण की चेन को तोड़ा जा सके। गांवों में मुनादी करवाई जाये कि बाहर से आने वाले व्यक्तियों की जानकारी स्थानीय स्तर पर प्रदान की जाये। इसी तरह की व्यवस्था नगरीय क्षेत्रों में भी की जाये।
लॉक डाउन अवधि में रहेगी पूर्णत: सख्ती
कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा गृह विभाग द्वारा जारी निर्देशों से भी अवगत कराया गया। इसके अंतर्गत आगामी निर्देशों तक नरसिंहपुर शहर में प्रत्येक रविवार को लॉक डाउन रखा जायेगा। शनिवार रात्रि 10 बजे से सोमवार सुबह 6 बजे तक लॉक डाउन प्रभावी रहेगा। उक्त अवधि में मेडिकल दुकानें, शासकीय उचित मूल्य राशन दुकानें, चिकित्सालय सुचारू रूप से संचालित रहेंगे। समिति सदस्यों द्वारा सुझाव स्वरूप कहा गया कि नरसिंहपुर शहर के अलावा अन्य क्षेत्रों में भी लॉक डाउन किया जाना उचित होगा, इसके लिए शासन स्तर पर प्रस्ताव प्रेषित किये जाने का सर्वसम्मति से निर्णय लिया गया। कलेक्टर श्री वेद प्रकाश ने बताया कि लगातार कोविड- 19 की सैंपलिंग भी की जा रही है। जिला चिकित्सालय के अलावा सांईखेड़ा, गाडरवारा, गोटेगांव में कोविड केयर सेंटर प्रारंभ हो चुके हैं। कोविड- 19 के गंभीर मरीजों को जिला चिकित्सालय में भर्ती कर उपचार किया जायेगा।
निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के लिए अस्थायी जेल का प्रावधान
बैठक में समिति सदस्यों द्वारा कहा गया कि शासन के निर्देशों का उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कार्रवाई हो। बैठक में जानकारी दी गई कि जिले में अस्थाई जेल का प्रावधान किया गया है। उल्लंघन करने वालों के विरूद्ध कड़ी कार्रवाई की जा रही है। साथ ही जिले में रोको- टोको अभियान सख्ती से चलाया जा रहा है। बैठक के दौरान कलेक्टर श्री वेद प्रकाश द्वारा वैक्सीनेशन की प्रगति की भी जानकारी दी। उन्होंने बताया कि जिले में कोविड टीकाकरण का प्रतिशत बेहतर है। जिले में चिन्हित कोविड वैक्सीनेशन सेंटरों पर पर्याप्त व्यवस्थायें उपलब्ध हैं। समिति सदस्यों द्वारा कहा गया कि टीकाकरण के दौरान डोज व्यर्थ न हो, इसका भी स्वास्थ्य विभाग का अमला विशेष रूप से ध्यान रखे।
बैठक में ठा. राजीव सिंह, नीरज महाराज, श्री नवीन अग्रवाल, अरूण गुप्ता, राजकुमार पटैल, श्री भगवान सिंह पटैल, सुनील पटैल, रामसनेही पाठक, शिवम नेमा सहित समिति के अन्य सदस्यगण मौजूद थे।