: अशोकनगर,जनसुनवाई में कलेक्टर अभय वर्मा ने सुनी समस्याएं
Tue, Jan 5, 2021
अशोकनगर । कलेक्टर अभय वर्मा ने मंगलवार को जिले के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्र से आने वाले आवेदकों की समस्याओं एवं शिकायतों को समक्ष में सुना। आवेदकों द्वारा बताई गई शिकायतों एवं समस्याओं का निराकरण करने के निर्देश उपस्थित संबंधित अधिकारियों को दिए। साथ ही जनसुनवाई में आने वाले आवेदकों ने अपनी अपनी समस्याओं से अवगत कराया। जनसुनवाई में 94 आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश संबंधित विभागों के जिला अधिकारियों को दिए।
जनसुनवाई में ग्राम भोरा नई निवासी शिशुपाल जाटव द्वारा फसल बीमा की राशि दिलाए जाने संबंधी, ग्राम पाली निवासी रहीस सिंह यादव द्वारा 2019 फसल बीमा की राशि दिलाये जाने,ग्राम रॉवसर निवासी फूलबाई कुशवाह द्वारा बीपीएल कार्ड बनवाये जाने,ईसागढ निवासी ख्यालीराम कुशवाह द्वारा पंप कनेक्शन जुडवाए जाने,ग्राम मूडरा बहादरा निवासी माखन सिंह यादव द्वारा 2018 की फसल बीमा की राशि दिलाए जाने अशोकनगर निवासी रामप्रसाद साहू द्वारा बीपीएल कार्ड चालू कराए जाने,ग्राम फतेहबाद निवासी भूरी कुशवाह द्वारा रसोईया का वेतन दिलाए जाने,ग्राम बडेरा निवासी जयराम लोधी द्वारा जमीन पर जबरन कब्जा किए जाने,ग्राम मथनेर निवासी रामकली बाई द्वारा मृत्यु प्रमाण पत्र बनवाए जाने,अशोकनगर निवासी रीना शर्मा द्वारा पात्रता पर्ची बनवाए जाने,ग्राम बमनावर निवासी अशोक सिंह रघुवंशी द्वारा पानी की पाईप लाईन डलवाए जाने,ग्राम रूसल्ला निवासी रीना बाई अहिरवार द्वारा आहार अनुदान की 1000 राशि दिलाए जाने संबंधी आवेदन प्राप्त हुए। प्राप्त आवेदनों का निराकरण करने के निर्देश संबंधित अधिकारियों को दिए गए।
जनसुनवाई में सीईओ जिला पंचायत बी.एस.जाटव सहित समस्त जिला अधिकारी उपस्थित थे।
: होशंगाबाद,धान उपार्जन कार्य में होशंगाबाद प्रदेश में अग्रणी
Tue, Jan 5, 2021
होशंगाबाद। खरीफ विपणन वर्ष 2020- 21 अंतर्गत समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन कार्य में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर होशंगाबाद प्रदेश में अग्रणी जिला बना है। मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने उपार्जन कार्य में बेहतर प्रदर्शन के लिए जिले की प्रशंसा की है एवं जिला प्रशासन की टीम को बधाई दी है।
उल्लेखनीय है कि कलेक्टर होशंगाबाद श्री धनंजय सिंह के निर्देशन में जिले में धान उपार्जन में बेहतर कार्य किया जा रहा है। कलेक्टर द्वारा लगातार खरीदी केंद्रों का मौका निरीक्षण एवं बैठकों के माध्यम से नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है।
जिले में किसानों की सुविधाओं के दृष्टिगत केंद्रों की संख्या बढ़ाकर 45 खरीदी केंद्रों का निर्धारण किया गया है। केंद्रों पर खरीदी हेतु सभी सुसंगत व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई है। जिले में अभी तक समर्थन मूल्य पर 12182 किसानों से 119234 मीट्रिक टन धान की खरीदी की जा चुकी है। साथ ही 115355 मीट्रिक टन धान का परिवहन किया गया है जो की कुल खरीदी मात्रा का 97 प्रतिशत है। किसानों को 175.63 करोड़ का भुगतान किया गया है।
धान उपार्जन की त्रि-स्तरीय सघन निगरानी
कलेक्टर श्री धनंजय सिंह के निर्देशानुसार खरीदी केन्द्रों समुचित व्यवस्था हेतु जिला,अनुविभाग एवं तहसील स्तर के प्रत्येक केंद्रों पर नोडल अधिकारी नियुक्त किए गए हैं, जिनके द्वारा खरीदी कार्य की सघन मॉनिटरिंग की जा रही है। साथ ही किसानों की समस्याओं का मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित किया जा रहा है।
कंट्रोल रूम का प्रभावी क्रियान्वयन
जिले में धान खरीदी के संबंध में किसानों की समस्याओं का निराकरण हेतु स्थापित कंट्रोल रूम का प्रभावी क्रियान्वयन किया जा रहा। किसानों की समस्याओं का त्वरित निराकरण किया जा रहा है। साथ ही खरीदी केंद्रों पर बारदाना सहित अन्य लॉजिस्टिक्स की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने एवं समीक्षा हेतु कंट्रोल रूम में नियुक्त नियुक्त नोडल अधिकारी द्वारा प्रतिदिन सभी 45 केंद्रों पर उपार्जन केंद्र प्रभारी से चर्चा की जा रही है।
: इन्दौर,मुख्यमंत्री श्री चौहान की मानवीय संवेदना से जरूरतमंदों को मिली तत्काल सहायताएं "सफलता की कहानी"
Tue, Jan 5, 2021
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने मानवीय संवेदनाओं का परिचय देते हुये अपने नव वर्ष की शुरूआत इंदौर में एक जनवरी को समाज के अंतिम छोर के व्यक्तियों के बीच पहुंचकर की थी। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने इस दौरान नागरिकों से चर्चा की और उनके दु:ख दर्द सुने। मुख्यमंत्री जी ने जरूरतमंदों को उनकी आवश्यकता के अनुसार सहायता मुहैया कराने के निर्देश अधिकारियों को दिये थे। मुख्यमंत्री जी के निर्देश के परिपालन में जरूरमंदों को तत्काल सहायताएं उपलब्ध करा दी गई।
मुख्यमंत्री शिवराजसिंह चौहान ने एक जनवरी को सुबह एयरपोर्ट रोड पर पंचशील नगर में गरीब परिवारों के साथ नया साल मनाया था। इस दौरान वे लकवाग्रस्त द्वारिकाबाई इंगले के घर भी पहुंचे| बीमारी और गरीबी से त्रस्त द्वारिका बाई मुख्यमंत्री को गले लगाकर रो पड़ीं। इससे द्रवित मुख्यमंत्रीजी ने उन्हें शासकीय सहायता देने का वादा किया। बाद में एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्रीजी ने द्वारिका बाई के बेटे गोविंदा को एक लाख रुपये की राशि स्वीकृत करने का पत्र सौंपा। यह राशि गोविंदा के खाते में जमा भी हो गई। यह राशि रेडक्रॉस सोसायटी से दी गई। मुख्यमंत्रीजी ने इस महिला का समुचित इलाज कराने के निर्देश भी दिये।
मुख्यमंत्रीजी ने पंचशील नगर बस्ती में विभिन्न लोगों से भी मुलाकात की। साथ ही जरूरतमंद और कमजोर वर्ग के लोगों को कई तरह की सहायता उपलब्ध कराई। मुख्यमंत्री चौहान ने अपने भ्रमण के दौरान पंचशील नगर की ही शुभांगी पिता विक्की कांबले को लैपटॉप और ट्राइसिकल प्रदान की। दीपाली पति स्व. गौतम तेलंग को कल्याणी पेंशन योजना का स्वीकृति पत्र और सिलाई मशीन दी।
शुभागी कांबले ने अपने जीवन के 18 बरस दिव्यांग पांवों के साथ गुजारे। दिन-प्रतिदिन, पल-प्रतिपल मन में एक टीस रहती कि काश, मैं भी औरों की तरह चल पाती, दौड़ पाती। मन में उड़ान भरने का सपना था, लेकिन पांव थे कि साथ ही नहीं देते थे। श्री चौहान ने इस बालिका के सपने को साकार किया और उसे बैटरी से चलने वाली ट्रायसिकल भेंट में दी। इससे शुभांगी का हौसला बढ़ गया। उसके हौसले को नई ऊड़ान मिली।