: नरसिंहपुर, परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने पर रहें फोकस स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा
Thu, Dec 21, 2023
परीक्षा परिणाम बेहतर बनाने पर रहें फोकस
स्कूल शिक्षा विभाग की समीक्षा
कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना की अध्यक्षता में स्कूल शिक्षा विभाग की गतिविधियों के संबंध में समीक्षा बैठक गुरूवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित की गई।बैठक में शैक्षणिक सत्र 2023-24 में परीक्षा परिणाम में सुधार लाने के लिए कार्य योजना पर चर्चा की गई। एफएलएन समीक्षा कर माह जनवरी में होने वाले मिडलाईन टेस्ट में राज्य द्वारा निर्धारित लक्ष्य प्राप्त करने के लिए निर्देशित किया। इसके लिए एफएलएन की विशेष मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये। कक्षा 5 वीं तथा 8 वीं की वार्षिक परीक्षा की तैयारी के लिए प्रतिदिन एक घंटे की अतिरिक्त कक्षायें संचालित करने और वीडियो कॉल के माध्यम से मॉनीटरिंग करने के निर्देश दिये। यू-ट्यूब लिंक के माध्यम से कठिन बिन्दुओं के शिक्षण के लिए शिक्षकों को टेबलेट के उपयोग करने के संबंध में निर्देश दिये। जिला अधिकारियों के माध्यम से औचक निरीक्षण कर शालाओं की शैक्षणिक गतिविधियों की समीक्षा करने के निर्देश दिये। आईसीटी व स्मार्ट क्लास स्थापित विद्यालयों में विद्यार्थियों के उपयोग में लाये जाने के लिए निर्देशित किया।कक्षा 10 वीं तथा 12 वीं की बोर्ड परीक्षा के परिणामों में सुधार के लिए विद्यालयों में साप्ताहिक टेस्ट आयोजित करने के निर्देश दिये। विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी को निर्देशित किया कि संकुल अंतर्गत प्राथमिक व माध्यमिक शालाओं में पोस्ट ग्रेज्युएट शिक्षक उपलब्ध होने पर विषय शिक्षकों की कमी वाले विद्यालयों में शैक्षणिक व्यवस्था की जा सकती है। पिछले वर्ष जिन विद्यार्थियों ने मेरिट सूची में स्थान प्राप्त किया है, उनके मोटीवेशनल वीडियो बनाये जायें तथा विद्यार्थियों को दिखाये जायें, जिससे बच्चों में शिक्षा में रूचि जागृत हो सके।बैठक में जिला शिक्षा अधिकारी, सहायक संचालक, जिला परियोजना समन्वयक, जिला शिक्षा केन्द्र नरसिंहपुर, अतिरिक्त जिला परियोजना समन्वयक, समग्र शिक्षा अभियान (सेकेण्डरी एज्यूकेशन) नरसिंहपुर, योजना अधिकारी, समस्त विकासखण्ड शिक्षा अधिकारी, एपीसी, समस्त विकासखण्ड स्त्रोत समन्वयक, बीएसी, निपुण प्रोफेशनल, सहायक यंत्री, जिला शिक्षा केन्द्र और अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद थे।
: अजाक्स प्रांताध्यक्ष से की सौजन्य भेंट
Thu, Dec 21, 2023
अजाक्स प्रांताध्यक्ष से की सौजन्य भेंटम.प्र.अजाक्स जिला नरसिंहपुर के पदाधिकारियों ने भोपाल प्रवास के दौरान माननीय जे.एन. कांसोटिया जी (आई.ए. एस.) अपर मुख्य सचिव म.प्र. शासन भोपाल व प्रांताध्यक्ष म.प्र.अजाक्स से वल्लभ भवन (मंत्रालय) में औपचारिक मुलाकात कर संगठन की विगत वर्षों की गतिविधियों से अवगत कराते हुए आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा व कार्ययोजना पर विस्तृत विचार विमर्श कर मार्गदर्शन प्राप्त किया एवं कर्मचारियों की विभिन्न लंबित मांगों व समस्याओं से अवगत कराते शासन स्तर से निराकरण कराने का आग्रह किया एवं आगामी कार्यक्रम में माननीय प्रांताध्यक्ष महोदय से नरसिंहपुर आगमन हेतु अनुरोध किया।साथ ही म.प्र.अजाक्स जिला इकाई नरसिंहपुर द्वारा प्रकाशित वर्ष 2024 का वार्षिक कैलेंडर भी माननीय प्रांताध्यक्ष महोदय जी को सप्रेम भेंट कर नरसिंहपुर जिले के संगठन के आजीवन सदस्यों के परिचय पत्रों पर हस्ताक्षर प्राप्त किए।उक्त अवसर पर जे.एस.धुर्वे जिलाध्यक्ष म.प्र.अजाक्स नरसिंहपुर एवं बंशीलाल अहिरवार तह.अध्यक्ष म.प्र.अजाक्स गाडरवारा विशेष रूप से उपस्थित रहे।
: 4 से 8 वी की अर्धवार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ
Thu, Dec 21, 2023
4 से 8 वी की अर्धवार्षिक परीक्षाएं प्रारंभगाडरवारा। गत बुधवार से क्षेत्र के शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक स्कूलों मे कक्षा 4 से 8 वी तक की कक्षाओ की अर्धवार्षिक परीक्षाएं प्रारंभ हो गई । प्राप्त जानकारी के अनुसार चौथी एवं पांचवी की अर्धवार्षिक परीक्षाएं सुबह 10 बजे से 12:30 बजे तक एवं 6 से 8 वी की परीक्षाएं दोपहर 2:00 से प्रारंभ होकर शाम 4:30 बजे तक की अवधि में निर्धारित समय सारिणी में आयोजित होती है । अर्धवार्षिक परीक्षा में राज्य शिक्षा केन्द्र द्वारा निर्धारित पाठ्यक्रम के अंतर्गत ही प्रश्न ढाई घंटे के प्रश्नपत्र में दिए जा रहे है। परीक्षा के पहले दिन 4 से 8 वी कक्षाओ में हिंदी एवं दूसरे दिन बीते गुरुवार को गणित विषय के प्रश्नपत्र छात्र छात्राओं ने हल किए। परीक्षा का निरीक्षण भी निरीक्षणकर्ताओं द्वारा सतत रूप से किया जा रहा है। 28 दिसंबर को अर्धवार्षिक परीक्षा समाप्त होगी। विदित हो कि विभिन्न समीक्षा बैठकों में जिला परियोजना समन्वयक डॉ आर पी चतुर्वेदी द्वारा सभी बीआरसी एवम समस्त प्रधानपाठको को अर्धवार्षिक परीक्षाओ के पहले पाठ्यक्रम पूर्ण कराने के निर्देश पहले ही दिए जा चुके थे ।