: स्थानीय युवाओं को मिले उद्योगों में नियोजन :मुख्यमंत्री श्री चौहान
Sat, Nov 6, 2021
विकास कार्यों की बैठक में मुख्यमंत्री श्री चौहान ने दिए निर्देश
मुख्यमंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा है कि स्थानीय युवाओं को विभिन्न औद्योगिक संस्थानों में नियोजन के लिए जिला प्रशासन अपने प्रयासों में वृद्धि करें। रोजगार मेले लगाकर भी युवाओं को विभिन्न रोजगार योजनाओं से जोड़ा जाए। लघु, मध्यम और सूक्ष्म औद्योगिक इकाइयों में बेरोजगार युवाओं को जोड़ने के प्रयासों की कलेक्टर द्वारा सतत् समीक्षा भी की जाए।
मुख्यमंत्री श्री चौहान आज निवास पर सीहोर के बुधनी क्षेत्र के विकास कार्यों पर अधिकारियों से चर्चा कर रहे थे। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बुधनी में लकड़ी के खिलौनों के व्यवसाय को प्रोत्साहित करने, लघु व्यवसायियों को लाभान्वित करने, उनके व्यवसाय की कठिनाइयों को दूर करने और अंचल में टॉय क्लस्टर के विकास के कार्य को गति देने के निर्देश दिए। मुख्यमंत्री के प्रमुख सचिव श्री मनीष रस्तोगी, सचिव श्री एम. सेलवेन्द्रन, प्रमुख सचिव नगरीय विकास एवं आवास श्री मनीष सिंह, सचिव सूक्ष्म, लघु, मध्यम एवं उद्ययम उद्योग और आयुक्त उद्योग श्री पी. नरहरि तथा अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना और स्ट्रीट वेण्डर्स योजना में लाभ दें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने बेरोजगारों को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना, मुद्रा योजना के साथ ही स्ट्रीट वेण्डर्स कल्याण योजना में लाभान्वित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में पथ विक्रेताओं के आर्थिक उन्नयन के लिए उनके सर्वे का कार्य किया गया है। पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया जाए।
स्व-सहायता समूहों को गतिविधियों से जोड़े
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने पंचायत एवं ग्रामीण विकास विभाग के अधिकारियों को निर्देश दिए कि महिला स्व-सहायता समूहों को विभिन्न आजीविका गतिविधियों से जोड़ा जाए। समूहों को प्रावधान के अनुसार आवश्यक सुविधाएँ उपलब्ध करवाई जाएँ।
संचार, विद्युत और सड़क सुविधाओं का विकास करें
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में संचार, विद्युत और सड़क सुविधाओं का विकास किया जाए। विभिन्न संचार कंपनियों के टॉवर स्थापित करने और नए विद्युत उप केन्द्र की स्थापना के लिए प्राप्त प्रस्तावों पर क्रियान्वयन की कार्यवाही की जाए। शहरी क्षेत्रों में जिस तरह वर्षाकाल में क्षतिग्रस्त सड़कों के सुधार का कार्य सतत् रूप से किया जा रहा है। उसी तरह ग्रामीण क्षेत्रों में भी कार्यों को पूर्ण करें।
मुख्यमंत्री श्री चौहान ने ग्रामीण क्षेत्र में आवश्यकतानुसार वाटर टैंक निर्माण, बायपास निर्माण और सी.एम. राइज स्कूलों के प्रस्ताव, सामुदायिक भवन, नर्मदा घाट का विकास और पंचायत भवन में अतिरिक्त कक्ष निर्माण की समीक्षा भी की।
: नरसिंहपुर,राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस का हुआ आयोजन
Tue, Nov 2, 2021
नरसिंहपुर ।
भगवान धन्वंतरि की जयंती/ धनतेरस के उपलक्ष्य में छटवें आयुर्वेद दिवस का आयोजन मानस भवन परिसर में किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ राज्यसभा सांसद श्री कैलाश सोनी, लोकसभा सांसद श्री राव उदय प्रताप सिंह, कलेक्टर श्री रोहित सिंह एवं सीईओ जिला पंचायत डॉ. सौरभ संजय सोनवणे ने भगवान धन्वंतरि की पूजा और दीप प्रज्जवलित कर किया।
इस अवसर पर आयुष विभाग द्वारा पंचकर्म एवं नवग्रह वाटिका का डिस्प्ले किया गया। इस वर्ष आयुर्वेद दिवस “ पोषण के लिये आयुर्वेद की भूमिका पर केंद्रित है। इसके लिये आयुर्वेदिक आषौधियों और कुपोषित बच्चों के लिये पोषण आहार का वितरण व प्रस्तुतिकरण किया गया।
इसी क्रम में आयुष विभाग द्वारा जिला कार्यालय की आयुष विंग, जिले के आयुष ग्राम कठौतिया व झामर में स्वास्थ्य शिविरों का आयोजन किया गया।
उल्लेखनीय है कि हर साल धन्वंतरि जयंती/ धनतेरस के दिन राष्ट्रीय आयुर्वेद दिवस मनाया जाता है, इसकी शुरूआत वर्ष 2016 से हुई।
इस अवसर पर एसडीएम श्री राधेश्याम बघेल, जिला आयुष अधिकारी डॉ. सुरत्ना सिंह चौहान सहित अन्य अधिकारी मौजूद थे।
: नरसिंहपुर,जिले में खाद्य सामग्रियों की सघन जांच का अभियान जारी
Tue, Nov 2, 2021
नरसिंहपुर ।
कलेक्टर श्री रोहित सिंह के निर्देशानुसार दीपावली के त्यौहार को दृष्टिगत रखते हुए जिले में मावा, मिठाईयों एवं अन्य खाद्य सामग्रियों की जांच के लिए अभियान चलाया जा रहा है। खाद्य एवं औषधीय प्रशासन की टीम दूध, मावा एवं बेसन से बनी मिठाईयों की जांच के लिए सघन निरीक्षण कर रही है।
अभियान के अंतर्गत खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित गुप्ता, सारिका दुबे द्वारा गाडरवारा में खेतेश्वर बीकानेर स्वीट्स एण्ड बेकरी, मां शारदा बीकानेर मिष्ठान भंडार, आनंद स्वीट्स, भोले भंडार स्वीट्स, बीकानेर मिष्ठान, बायपास स्थित दीपक खोवा वाले, करेली- आमगांव में केसरिया मिष्ठान भंडार, चौरसिया मिष्ठान भंडार से मावा, सोनपपड़ी, मिल्क केक, मलाई कतली आदि के 7 नमूने लिये गये। इन नमूनों को राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा गया है। निरीक्षण एवं नमूना संग्रहण की कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।
आमजनता से अपील की गई है कि किसी भी प्रकार की मिलावटी एवं दूषित खाद्य सामग्री पाये जाने पर सूचना दें। यह सूचना मुख्यालय खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री अमित गुप्ता के मोबाइल नम्बर 9425862117 पर दी जा सकती है।
गोटेगांव में संयुक्त टीम ने की कार्रवाई
इसी तरह गोटेगांव में मिष्ठान एवं किराना दुकानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नगरपालिका, पुलिस एवं राजस्व विभाग की सयुंक्त टीम द्वारा कार्रवाई की गई। इस दौरान मिठाई के नमूने लिए गये और एक्सपायरी डेट की खाद्य सामगी नष्ट कराई गई। जिन दुकानों में साफ- सफाई नहीं पाई गई और पॉलीथिन मिलने पर जुर्माना लगाया गया।