: सिंचाई परियोजनाओं का कार्य तेज गति से पूरा करें,मुख्यमंत्री
Wed, Dec 1, 2021
हरदा को सौ फीसदी सिंचित जिला बनाये
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने कहा कि नर्मदा घाटी विकास विभाग प्रदेश में सिंचाई परियोजनाओं का कार्य तेज गति से पूरा कराने के प्रयास करें। जिन परियोजनाओं का कार्य अभी प्रारंभ नहीं हुआ है उन्हें शीघ्रता से प्रारंभ कराया जाए। प्रदेश में सिंचाई की क्षमता बढ़ाना हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। मुख्यमंत्री श्री चौहान ने मंत्रालय में नर्मदा नियंत्रण मंडल की 72वीं बैठक की अध्यक्षता करते हुए यह निर्देश दिए।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में हरदा जिले को शत-प्रतिशत सिंचित जिला बनाये। प्रदेश के लिए यह बड़ी उपलब्धि होगी। हरदा शत-प्रतिशत सिंचित जिला बनकर अन्य जिलों के लिए आदर्श मॉडल बन सकेगा। बैठक में जल संसाधन मंत्री श्री तुलसीराम सिलावट, किसान-कल्याण एवं कृषि विकास मंत्री श्री कमल पटेल, मुख्य सचिव श्री इकबाल सिंह बैंस सहित अन्य अधिकारी उपस्थित थे।
चिंकी–बौरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय माइक्रो सिंचाई परियोजना
जानकारी दी गई कि चिंकी–बौरास बराज संयुक्त बहुउद्देशीय माइक्रो सिंचाई परियोजना के अंतर्गत चिंकी एवं बौरास बराज, पावर हाउस, पम्प हाउस आदि का निर्माण किया जाएगा। इस परियोजना से नरसिंहपुर-रायसेन एवं होशंगाबाद जिले के 396 ग्राम लाभान्वित होंगे तथा एक लाख 31 हजार 925 हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
सांवेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना
सांवेर माइक्रो उद्वहन सिंचाई परियोजना के अंतर्गत खरगोन-इंदौर में प्रेशराईज्ड पाइप्ड सिंचाई प्रणाली का निर्माण किया जाएगा। परियोजना से 272 ग्राम लाभान्वित होंगे और 80 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधाएँ उपलब्ध हो सकेंगी।
भीकनगाँव बिंजलवाड़ा माईक्रो सिंचाई परियोजना
बैठक में भीकनगाँव बिंजलवाड़ा माईक्रो सिंचाई परियोजना के अंतर्गत खरगोन जिले में माइक्रो सिंचाई पद्धति से सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराने की समय-सीमा 30 जून 2023 तक बढ़ाने की स्वीकृति दी गई। परियोजना के पूर्ण होने पर 50 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में सिंचाई सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
: एमएसएमई मंत्री सखलेचा की मौजूदगी में वालमार्ट और फ्लिपकार्ट के बीच एमओयू
Tue, Nov 30, 2021
एमएसएमई सेक्टर को राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय पहचान मिलेगी
मध्यप्रदेश को आत्म-निर्भर बनाने की सुनियोजित नीति के तहत मंगलवार को एमएसएमई विभाग ने मध्यप्रदेश के 14 लाख से अधिक नवउद्यमियों के उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय गुणवत्ता का बनाने और प्रतिस्पर्धा तथा मार्केटिंग चेन बनाने के लिए वालमार्ट एवं फ्लिपकार्ट के साथ एमओयू पर हस्ताक्षर किए। सूक्ष्म, लघु एवं मध्यम उद्यम मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा की उपस्थिति में विभाग के सचिव श्री पी नरहरि और वालमार्ट के डायरेक्टर श्री जोसफ जूलियन के बीच एमओयू पर हस्ताक्षर तथा आदान-प्रदान हुआ। फ्लिपकार्ट के रीजनल हेड श्री डी पी वानकानी भी इस अवसर पर उपस्थित थे।
कुशाभाऊ ठाकरे हाल (मिंटो हाल) में सम्पन्न हुए समारोह में मंत्री श्री सखलेचा ने कहा कि चाहे कलस्टर आधारित उद्यम हों, एक जिला-एक उत्पाद हों अथवा नव उद्यमियों के स्वयं के उत्पाद, राष्ट्रीय और अंतर्राष्ट्रीय मार्केटिंग के साथ प्रतिस्पर्धात्मक लागत और मूल्य एवं तकनीकी के इस्तेमाल से नव उद्यमियों को इस एमओयू से संबल मिलेगा। यह एमओयू रिटेल और होलसेल मार्केटिंग के साथ ही उत्पाद की पैकिंग, प्रतिस्पर्धा, गुणवत्ता और लागत को उपभोक्ता के हिसाब से सुनिश्चित करने के लिए नवउद्यमियों को प्रशिक्षित भी करेगा।
मंत्री श्री ओमप्रकाश सखलेचा ने कहा कि आज प्रदेश के तकरीबन 14 लाख उद्यमी एमएसएमई सेक्टर में पंजीबद्ध हैं । उन्होंने कहा कि उत्पादों की ग्रेडिंग और मार्केटिंग के लिए ख्यातिलब्ध ई-कॉमर्स संस्थाओं के नेटवर्किंग का हिस्सा बने बिना प्रदेश के उद्यमियों के लिए अपने उत्पाद की पहचान बना पाना असंभव सा है। उन्होंने कहा कि इससे पहले देश की सीएसआईआर की 36 लैब से एमओयू के पीछे भी यह धारणा थी कि एमएसएमई सेक्टर को प्रौद्योगिकी और लगातार परिवर्तित हो रही तकनीकी से सतत मदद मिलती रहे।
मंत्री श्री सखलेचा ने उम्मीद जताई कि वालमार्ट और फ्लिपकार्ट अन्य राज्यों की तुलना में मध्यप्रदेश को विशेष दर्जा देकर यहां के उत्पादों का प्रचार अंतिम उपभोक्ता तक करेंगे। उन्होंने कहा कि आज की यह छोटी शुरूआत धीरे - धीरे रंग लाएगी और प्रदेश के उत्पाद अंतर्राष्ट्रीय स्तर तक धूम मचाएंगे।
आयुक्त और एमएसएमई सचिव श्री पी. नरहरि ने कहा कि इस एमओयू से मध्यप्रदेश के उद्यमियों के उत्पादों के लिए देश और अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपभोक्ताओं के बीच नए द्वार खुलेंगे। इस एमओयू में नए-नए माड्यूल, उद्योगों के विकास, प्रशिक्षण, सेमीनार आदि को भी समाहित किया गया है। राज्य के नव उद्यमी इससे लाभांवित होंगे। नेटवर्किंग आज बड़ी जरूरत है और सही प्लेटफार्म के कारण उत्पादों की मार्केंटिंग में होने वाली कमी को भरने में इस एमओयू से मदद मिलेगी। उन्होंने कहा कि एमएसएमई विभाग कलस्टर, 'एक जिला-एक उत्पाद' के उत्पादों का जिला स्तर पर हब बनाए जाने के लिए प्रयासरत है ।
वालमार्ट वृद्धि के डायरेक्टर श्री जोसफ जूलियन ने उनकी संस्था को यह अवसर देने के लिए मध्यप्रदेश शासन का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे उद्योगों के विकास, बाजार और प्रतिस्पर्धा के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम चलाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश के अनेक उत्पादों को अंतर्राष्ट्रीय पहचान तथा मार्केट उपलब्ध करवाना उनका ध्येय होगा। फ्लिपकार्ट के रीजनल हेड श्री डी पी वेलीकान ने कहा कि मध्यप्रदेश की उद्योग मित्र नीतियां उनके नेटवर्क के अनुकूल हैं। उन्होंने कोरोना काल में राज्य शासन द्वारा उद्योगों को दी गई सहूलियतों का उल्लेख करते हुए कहा कि फ्लिपकार्ट एमएसएमई सेक्टर को आगे ले जाने का हर संभव प्रयास करेगा।
: कटनी स्टोन को बढ़ावा देने सरकार की ओर से करेंगे हर संभव प्रयास- प्रभारी मंत्री देवड़ा
Mon, Nov 29, 2021
एक जिला एक उत्पाद में कटनी में हुआ सबसे बेहतर काम- विधायक संजय पाठक, आधारशिला स्टोन फेस्टिवल का समापन, प्रभारी मंत्री देवड़ा ने किया शिल्पकारों का सम्
मान
कटनी।
एक जिला एक उत्पाद के अंतर्गत कटनी स्टोन को बढ़ावा देने के लिए जागृति पार्क में आयोजित 20 दिवसीय कटनी स्टोन आर्ट फेस्टिवल आधारशिला का रविवार को समापन किया गया। समापन कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रुप में प्रदेश सरकार के वित्त, वाणिज्य कर एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री जगदीश देवड़ा मौजूद रहे। प्रभारी मंत्री श्री देवडा के साथ अतिथि के रुप में विजयराघवगढ़ विधायक संजय सत्येंद्र पाठक, प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश श्यामाचरण उपाध्याय मौजूद थे। कार्यक्रम के दौरान प्रभारी मंत्री देवड़ा सहित अन्य अतिथियों ने देश भर से कटनी के स्टोन पर शिल्पकारी करने आए शिल्पकारों का प्रशस्ति पत्र व स्मृति चिन्ह भेंट कर सम्मान किया। शिल्पकारों के सम्मान में जागृति पार्क का ओपन थिएटर तालियों से गूंजता रहा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि प्रभारी मंत्री श्री देवड़ा ने कहा कि कटनी के स्टोन को पहचान दिलाने के साथ ही अब सबसे बड़ी जिम्मेदारी इसकी मार्केटिंग की है। देवड़ा ने कहा कि इसके लिए हम सब मिलकर काम करेंगे। उन्होंने स्टोन को अच्छा बाजार मिले, इसके लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री से चर्चा करने की बात कही और कहा कि सरकार की ओर से स्टोन को बढ़ावा देने जो सकता है, वह काम किया जाएगा।
विजयराघवगढ़ विधायक संजय सतेन्द्र पाठक ने आयोजन की तारीफ की और कहा कटनी स्टोन को नई पहचान दिलाने का जिला प्रशासन ने जो काम प्रारंभ किया, उससे देश विदेश में इसकी पहचान बनेगी और निश्चित ही स्टोन के माध्यम से नए अवसरों को सृजन होगा। श्री पाठक ने कहा कि पूरे प्रदेश में एक जिला एक उत्पाद को लेकर कटनी में सबसे बेहतर काम हुआ है।
नगर की प्रतिभाओं का भी किया गया मंच से सम्मान
कटनी स्टोन आर्ट फेस्टिवल आधारशिला के आयोजन के दौरान जिले की प्रतिभाओं को आगे लाने भी विभिन्न कार्यक्रमों व प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया था। बाल दिवस पर पेंटिंग, भाषण, कविता प्रतियोगिता आयोजित की गई थी जबकि कटनी गॉट टैलेंट के माध्यम से जिले के कलाकारों को भी मंच प्रदान किया गया था। विभिन्न प्रतियोगिताओं और कटनी गॉट टैलेंट में सहभागिता कर श्रेष्ठ प्रदर्शन करने वाले कलाकारों को मुख्य अतिथि सहित अन्य अतिथियों ने मंच से प्रशस्ति पत्र व मोमेंटो भेंट कर सम्मान किया।
शिल्पों पर आधारित कैटलॉग का किया गया विमोचन
आधारशिला कटनी स्टोन ऑर्ट फेस्टिवल के समापन कार्यक्रम में कटनी के स्टोन पर शिल्पकारों के द्वारा बनाए गए शिल्पों पर आधारित कैटलॉग का विमोचन किया गया। इस कैटलॉग में आधारशिला आयोजन में शिल्पकारों द्वारा बनाई गई प्रत्येक कलाकृति के छायाचित्र के साथ ही उसके संदेश को भी स्थान दिया गया है।
डीएमएफ के लोगो का हुआ विमोचन
जिला खनिज प्रतिष्ठान मद के लोगो का विमोचन भी आधारशिला के समापन कार्यक्रम में अतिथियों द्वारा किया गया। उल्लेखनीय है कि एमपी मायगॉव के माध्यम से ऑनलाइन एंट्री डिजायन के लिए मंगाई गई थी, इसके लिए ऑनलाइन प्रतियोगिता का आयोजन किया गया था। जिसमें छतरपुर निवासी नरेश अग्रवाल के द्वारा डिजायन किए गए लोगो का चयन किया गया, जिसका विमोचन कार्यक्रम में किया गया।
शिल्पकारों ने भी बांटे अपने अनुभव
आधारशिला स्टोन फेस्टिवल में देश के अलग-अलग प्रदेशों से आए शिल्पकारों ने भी मंच से आयोजन को लेकर अपने अनुभव शेयर किए। शिल्पकारों ने कटनी के स्टोन को शानदार स्टोन बताते हुए कहा कि इसमें बहुत ही संभावनाएं हैं और उसे तराशने का काम जिला प्रशासन कर रहा है। शिल्पकारों ने कटनी में आयोजन के दौरान की गई व्यवस्थाओं को लेकर भी जिला प्रशासन और आयोजकों की प्रशंसा की। इस दौरान प्रधान जिला पंचायत ममता पटेल, भाजपा जिलाध्यक्ष रामरतन पायल, पूर्व भाजपा जिलाध्यक्ष पीताम्बर टोपनानी, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, पुलिस अधीक्षक सुनील कुमार जैन,सीईओ जिला पंचायत जगदीश चंद्र गोमे सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि मौजूद थे।