: नरसिंहपुर जिले के प्रमुख समाचार
कलेक्टर द्वारा नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा
लोगों को अपने काम के लिए भटकना नहीं पड़े- कलेक्टर
नरसिंहपुर,।कलेक्टर सुश्री ऋजु बाफना ने मुख्य नगर पालिका अधिकारियों की बैठक लेकर जिले के 8 नगरीय निकायों के कार्यों की समीक्षा की और आवश्यक निर्देश दिये। उन्होंने निर्देशित किया कि नगरीय निकाय समय पर अपनी सेवायें लोगों को मुहैया करायें। किसी भी व्यक्ति को अपने काम के लिए भटकना नहीं पड़े। सभी सीएमओ सुनिश्चित करें कि पात्रता के अनुसार लोगों को योजनाओं का समय पर लाभ मिले, कोई शिकायत नहीं आये।
कलेक्टर ने निर्देशित किया कि लोगों के प्रधानमंत्री आवास, नल कनेक्शन, समग्र आईडी जैसे सभी कार्य आसानी से हों। ज्यादा कागजी कार्रवाई नहीं की जाये। नगरीय निकाय राजस्व संग्रह कर वसूली पर विशेष ध्यान दें। लोक अदालत के आयोजन के पहले कर वसूली पर फोकस करें, मुनादी करायें। बड़े बकायादारों से बात करें। लक्ष्य निर्धारित कर वसूली की जाये।
सुश्री बाफना ने कहा कि स्वच्छता महत्वपूर्ण है। साफ- सफाई पर ध्यान दें। नियमित रूप से साफ- सफाई हो। सभी क्षेत्रों में कचरा गाड़ी जायें, इसका परीक्षण कर लें। सीएमओ भ्रमण करें। घर- घर जाकर कचरा संग्रहण हो, इसका समुचित निष्पादन सुनिश्चित किया जावे। कचरा के सेग्रीगेशन पर विशेष ध्यान दें। पेयजल आपूर्ति सुचारू रूप से हो। स्वच्छ पेयजल की आपूर्ति सुनिश्चित की जाये। सप्लाई लाइन में लीकेज को तत्काल सुधरवाया जाये। लाइट की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाये। नगरीय निकायों के प्रगतिरत कामों को सूचीबद्ध कर अवगत करायें।
बैठक में कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना- शहरी, स्वच्छता सर्वेक्षण रैंकिंग, प्रधानमंत्री स्ट्रीट वेंडर स्वनिधि योजना, स्वसहायता समूह बैंक लिंकेज, स्वरोजगार योजनाओं, अमृत 2.0 योजना की नगरीय निकायवार विस्तार से समीक्षा की। उन्होंने निर्देश दिये कि अमृत 2.0 योजना के कार्य वैज्ञानिक तरीके से किये जायें।
बैंकिंग सेवाओं के बारे में लोगों को किया गया जागरूक
नरसिंहपुर।भारतीय रिजर्व बैंक के निर्देशानुसार जिले में बैंकिंग के क्षेत्र में लोगों को जागरूक करने विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक के अंतर्गत ग्राम सूरवारी में मप्र ग्रामीण बैंक शाखा सूरवारी द्वारा बुधवार को विशेष अभियान चलाया गया। इस दौरान ग्रामीणों को बैंकिंग से जुड़ी सुविधाओं और बैंकिंग के विभिन्न क्षेत्रों से अवगत कराया गया।
इस मौके पर एलडीएम श्री जयदेव विश्वास, प्रभारी वित्तीय साक्षरता मिशन श्री आरएस पटेल, शाखा प्रबंधक सूरवारी श्री प्रतीक जैन, समूह के सदस्य और ग्रामीणजन मौजूद थे।
ग्रामीणों को बताया गया कि वर्तमान में बैंकिंग सेवा अत्यावश्यक है। बैंकिंग को समझना आवश्यक है। कभी किसी अनजान व्यक्ति को फोन पर अपना पासवर्ड या ओटीपी नहीं बताना चाहिये। बैंक बिजनेस के लिए सबसे अच्छा साथी है। बैंक ऋण की किस्त की समय पर अदायगी करना चाहिये, इसमें तनिक भी लापरवाही नहीं बरतना चाहिये जिससे बैंक संबंधित व्यक्ति को डिफाल्टर घोषित नहीं करे। सिविल डाटा खराब नहीं हो। इस दौरान ग्रामीणों को प्रधानमंत्री दुर्घटना बीमा, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना से अवगत कराया और इसका लाभ लेने के लिए कहा गया। स्वयं का स्वरोजगार स्थापित करने के लिए जिले में सेंट आरसेटी द्वारा नि:शुल्क प्रशिक्षण दिया जाता है। विभिन्न गतिविधियों में प्रशिक्षण लेने के लिए इसका लाभ जरूर उठायें।
Tags :