: 5 वी एव 8 वी की परीक्षाओ का मूल्यांकन जारी
Wed, Apr 20, 2022
गाडरवारा। राज्य शिक्षा केन्द्र भोपाल द्वारा जारी निर्देशों के अनुसार एवं जिला शिक्षा अधिकारी श्रीमती जे एस विल्सन द्वारा जारी आदेश के परिपालन में क्षेत्र के साईंखेड़ा एवं चीचली ब्लॉक के चयनित मूल्यांकन केंद्रों पर पांचवीं एवं आठवी की वार्षिक परीक्षाओ की अमूल्यांकित कापियों का मुल्यांकन जारी है । विदित हो कि साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत नगर गाडरवारा के शासकीय आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मूल्यांकन सोमवार से शुरू हो गया है । इसके अलावा ग्राम आमगांव छोटा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में मुल्यांकन् एक दिन में ही निपट चुका है। कन्या शाला गाडरवारा में 19 अप्रेल दिन मंगलवार से शुरू होगा। विदित हो कि क्षेत्र के चीचली ब्लॉक अंतर्गत सालीचौका के शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक विद्यालय , ग्राम सूखाखेरी के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय एवं करपगांव के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में भी मूल्यांकन सतत रूप से जारी है। उल्लेखनीय है कि इस बार संकुल बदलकर अमूल्यांकित कापियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। मूल्यांकन कार्य मे शिक्षको का सहयोग सतत रूप से मिल रहा है। मूल्यांकन में न आने वाले शिक्षको को भी अधिकारियों द्वारा सूचना देकर बुलाया जा रहा है।
: क्षेत्र की चयनित शालाओं में छात्र छात्राओं का निदानात्मक आंकलन किया गया
Wed, Apr 20, 2022
बीते सोमवार को क्षेत्र के साईंखेड़ा एवं चीचली ब्लॉक की चयनित शालाओं में सुबह 9 बजे से 12 बजे तक छात्र छात्राओं का निदानात्मक आकलन किया गया। डीईओ कार्यालय द्वारा गठित जिला मीडिया दल सदस्य मधुसूदन पटैल ने उपरोक्त जानकारी देते हुए बताया कि अपर संचालक लोक शिक्षण संचालनालय भोपाल द्वारा दिये गए निर्देशों के परिपालन में डीईओ श्रीमती जे एस विल्सन द्वारा जारी आदेशानुसार साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत गाडरवारा के बीटीआई स्कूल, आदर्श उच्चतर माध्यमिक विद्यालय , कन्या उच्चतर माध्यमिक शाला एवं ग्राम बम्होरी कलां की शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला के अलावा चीचली ब्लॉक अंतर्गत सालीचौका की शासकीय बालक उच्चतर माध्यमिक शाला एवं चीचली के शासकीय उत्कृष्ट उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में 9 वी एवं 11 वी के छात्र छात्राओं हेतु निदानात्मक आंकलन किया गया। आकलन हेतु साईंखेड़ा ब्लॉक की शालाओं में प्राचार्य राजेंश बरसैयां, आरती पाठक, एस के मिश्रा एवं मुमताज खान तथा चीचली ब्लॉक में प्राचार्य एम के चक्रवर्ती एवं व्ही के कौरव को मॉनिटरिंग हेउ केन्द्रवार आब्जर्बर नियुक्त किया गया था।
: बगदरा की विद्युत विहीन शाला में सोलर पैनल की हुई स्थापना
Thu, Apr 14, 2022
रोटरी क्लब ने रास सांसद विवेक तन्खा द्वारा राशि दिलाकर लगवाया सोलर पैनल
गाडरवारा। क्षेत्र के साईंखेड़ा ब्लॉक अंतर्गत समीपी ग्राम बगदरा की विद्युत विहीन शासकीय माध्यमिक शाला में रोटरी क्लब के सार्थक प्रयासों के चलते राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा द्वारा सांसद निधि से प्रदत्त डेढ़ लाख रुपये की राशि से सोलर पैनल स्थापित हो गया है । स्कूल में सोलर पैनल लगने से सौर ऊर्जा के जरिए विद्युत व्यवस्था हो गई है। विद्युत व्यवस्था होने के परिणामस्वरूप स्कूल में लाइट, पंखे आदि भी लग गए है जिसके चलते स्कूल के शिक्षको एवं छात्र छात्राओं को विद्युत संबंधी समस्या से निजात मिली है । विदित हो कि गत वर्ष रोटरी क्लब के बगदरा स्कूल में आयोजित कार्यक्रम में शिक्षको ने स्कूल में विद्युत न होने संबंधी समस्या से रोटरी क्लब के सदस्यों को अवगत कराया था। उसी समय से रोटरी क्लब के पूर्व असिस्टेंट गवर्नर मिनेन्द्र डागा, अध्य्क्ष राजेंश गुप्ता एवं सचिव राहुल पालीवाल ने सक्रिय होकर राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा को उक्त समस्या से अवगत कराते हुए उनसे स्कूल में सोलर पैनल हेतु डेढ़ लाख रुपये की राशि स्वीकृत कराई। उल्लेखनीय है कि बगदरा की माध्यमिक शाला गाँव से बाहर बनी हुई है जिसके चलते विद्युत खम्बे न होने की वजह से शाला बहुत वर्षों से विद्युत विहीन थी । पिछले साल दीपावली के समय बगदरा की विद्युत विहीन माध्यमिक शाला उस समय चर्चा में आई थी जब वहां पदस्थ माध्यमिक शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता ने रात्रि समय दीपक जलाकर दीपावली मनाते हुए शाला परिसर को प्रकाशमान किया था। राशि जारी होने के बाद स्कूल मे सोलर पैनल की जल्द स्थापना में स्कूल के माध्यमिक शिक्षक राजेन्द्र गुप्ता का अहम योगदान रहा है। स्कूल के प्रधानपाठक टीकाराम कोरी,मदन गोपाल चोधरी, अनिल पटैल, राजेन्द्र गुप्ता ने स्कूल में सोलर पैनल स्थापित होने पर राज्य सभा सांसद विवेक तन्खा सहित रोटरी क्लब के प्रति आभार जताया है।