: गाडरवारा, जिला स्तरीय रोप स्किपिंग प्रतियोगिता आयोजित
Tue, Nov 8, 2022
जिला स्तरीय रोप स्किपिंग प्रतियोगिता आयोजितगाडरवारा। गत दिवस समीपी ग्राम आमगांव छोटा के शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय में जिला स्तरीय शालेय रोप स्किपिंग प्रतियोगिता का आयोजन किया गया । प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विकासखण्डों से चयनित प्रतिभागियों ने सहभागिता की और उनके साथ उनके कोच एवं खेलकूद शिक्षक भी प्रतियोगिता में शामिल हुए। प्रतियोगिता में प्रतिभागी छात्र-छात्राओं ने अपने कौशल का सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन कर सम्भाग स्तरीय प्रतियोगिता के लिए अपना स्थान पक्का किया। उक्त आयोजन में ग्राम के सरपंच प्रसन्न कुमार शर्मा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए एवं संस्था के प्राचार्य मोहन मुरारी दुबे इस प्रतियोगिता के संयोजक रहे। प्रतियोगिता में ग्राम के सचिव बाबूलाल कहार और निवर्तमान सरपंच गेंदालाल वर्मा विशेष अतिथि के रूप में शामिल हुए। प्रतियोगिता की चयनकर्ता समिति मे पीटीआई मुकेश पटेल और अन्य शालाओं के खेलकूद शिक्षक उपस्थित रहे। प्रतियोगिता के आयोजन में पीटीआई अजय सोनी एवं देवेंद्र रजक के अलावा विद्यालय के उच्च माध्यमिक शिक्षक विजेंद्र पटैल, श्रीमती लेखा साहू, अभिषेक सोनी, कपिल उपाध्याय, आरिज खान सहित समस्त स्टाफ का सहयोग सराहनीय रहा।प्रतियोगिता के अंत मे माध्यमिक शिक्षक श्रीमती लेखा साहू ने आभार प्रदर्शन किया।
: पत्रकार एकादश ने जीता टॉस, प्रशासन एकादश रही विजेता
Sun, Nov 6, 2022
प्रभारी मंत्री श्री पटेल के मुख्य आतिथ्य में प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच मैत्री क्रिकेट मैच संपन्न प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मैच का शुभारंभ कर बैटिंग की और दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया मध्प्रदेश के 67 वें स्थापना दिवस कार्यक्रमों की श्रृंखला के अंतर्गत प्रदेश के कृषि विकास और कृषक कल्याण मंत्री एवं छिंदवाड़ा जिले के प्रभारी मंत्री श्री कमल पटेल ने आज प्रातः शुक्ला ग्राउंड छिंदवाड़ा में प्रशासन एकादश और पत्रकार एकादश के बीच आयोजित मैत्री क्रिकेट मैच का शुभारंभ किया। प्रभारी मंत्री श्री पटेल ने मैच का शुभारंभ कर दोनों टीमों के खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त कर शुभकामनाएं दीं और कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन की बॉल पर स्वयं बैटिंग भी की एवं दोनों टीमों का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर जिला आपदा प्रबंधन समिति के सदस्य श्री विवेक साहू ने विकेट कीपर की भूमिका निभाई। प्रशासन एकादश में जहां कलेक्टर श्री सौरभ कुमार सुमन, पुलिस अधीक्षक श्री विनायक वर्मा, जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी श्री हरेंद्र नारायण, एडीएम श्री ओ.पी. सनोडिया व एसडीएम श्री अतुल सिंह सहित अन्य अधिकारी/कर्मचारी शामिल रहे, वहीं पत्रकार एकादश में जिले के वरिष्ठ पत्रकारों के साथ ही युवा पत्रकार भी शामिल थे। टॉस पत्रकार एकादश ने जीता और बैटिंग चुनी। पत्रकार एकादश ने 18 ओवर में कुल 109 रन बनाए। प्रशासन एकादश 14 वें ओवर में ही 110 रन बनाकर विजेता रही।कार्यक्रम का समापन श्रीमती अनुश्रूति जयपुरिया सुमन के मुख्य आतिथ्य में हुआ, जिन्होंने विजेता व उपविजेता टीमों को शील्ड प्रदाय कर सम्मानित किया। इस अवसर पर जिला क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष श्री जे.पी.सिंह, वरिष्ठ पत्रकार साथी और श्रीमती छाया सनोडिया, श्रीमती माधवी सिंह व श्रीमती प्रीति सिंह विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद थीं। इस मैत्री क्रिकेट मैच के दौरान अन्य स्थानीय जनप्रतिनिधिगण, गणमान्य नागरिक, पत्रकार साथी, आमजन और विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी और उनके परिजन भी उपस्थित थे ।