गाडरवारा में रामनवमी पर निकली भव्य श्रीराम रथ यात्रा : भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर निकली रथ यात्रा में उमड़ा श्रद्धालुओं का सैलाब
Aditi News Team
Sun, Mar 29, 2026
गाडरवारा में रामनवमी पर निकली भव्य श्रीराम रथ यात्रा, उमड़ा आस्था का सैलाब
गाडरवारा। रामनवमी के पावन अवसर पर नगर में श्रीराम रथ यात्रा महोत्सव समिति द्वारा भव्य एवं दिव्य श्रीराम रथ यात्रा का आयोजन किया गया। मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के जन्मोत्सव पर निकली इस रथ यात्रा में हजारों श्रद्धालुओं ने उत्साहपूर्वक भाग लिया और पूरा नगर भक्तिमय माहौल में सराबोर हो गया।
कार्यक्रम की शुरुआत मध्यप्रदेश शासन के कैबिनेट मंत्री राव उदय प्रताप सिंह द्वारा भगवान श्रीराम की पूजा-अर्चना और दीप प्रज्वलन के साथ हुई। इसके बाद वे रथ यात्रा में शामिल हुए और श्रद्धालुओं का उत्साह बढ़ाया। इस अवसर पर नगरपालिका अध्यक्ष शिवाकांत मिश्रा सहित अनेक जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
रथ यात्रा का शुभारंभ नगर के प्रसिद्ध नरसिंह मंदिर से हुआ, जहां विराजित भगवान श्रीराम, माता जानकी और लक्ष्मण जी की प्राचीन प्रतिमाओं को सुसज्जित रथ में विराजमान कर नगर के प्रमुख मार्गों से भव्य शोभायात्रा निकाली गई। यात्रा मार्ग पर श्रद्धालुओं ने जगह-जगह पुष्प वर्षा कर भगवान श्रीराम का स्वागत किया।
रथ यात्रा में लोक संस्कृति की आकर्षक झलक भी देखने को मिली। लोक नृत्य दलों की प्रस्तुतियों, गुडुम बाजा की गूंज, जीवंत झांकियों, बैंड-बाजों और अखाड़ों के प्रदर्शन ने यात्रा को और अधिक भव्य बना दिया। श्रद्धालु पूरे मार्ग में जय श्रीराम के जयकारे लगाते हुए भक्ति में लीन दिखाई दिए।
यात्रा के समापन पर प्रतिमाओं को विधि-विधान के साथ पुनः मंदिर में स्थापित किया गया। विशाल जनसमूह की सहभागिता और श्रद्धा से यह आयोजन नगर के प्रमुख धार्मिक आयोजनों में शामिल हो गया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
श्रीराम रथ यात्रा महोत्सव समिति
रामनवमी
सचिन जैन गाडरवारा