गाडरवारा सड़को के गड्ढे दुर्घटनाओं को दे रहे न्यौता : नरसिंहपुर जिले के जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गण ध्यान दे, गाडरवारा क्षेत्र की अधिकांश सड़के मरम्मत लायक
Aditi News Team
Sun, Aug 30, 2026
गाडरवारा–ककराघाट रोड के बड़े बड़े गड्ढे जानलेवा बन रहे
गाडरवारा करेली मार्ग की हालत भी ठीक नहीं जहां तन्हा गड्ढे से परेशान आम जनता
गाडरवारा सांईखेड़ा मार्ग पर मिढ़बानी देवरी का गड्ढा जग जाहिर कई शिकायतों के बाद आज भी जैसा का तैसा
गाडरवारा बायपास रोड की हालत भी जर्जर जैसी हर जगह गड्ढे ही गड्ढे
जिम्मेदार जनप्रतिनिधि एवं अधिकारी गण ध्यान दे
गाडरवारा। गाडरवारा से ककराघाट जाने वाले प्रमुख मार्ग की इन दिनों बदहाल स्थिति राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह बने बड़े-बड़े गड्ढों में बारिश का पानी भर जाने से मार्ग पर आवागमन बेहद जोखिमभरा हो गया है। तस्वीरें सड़क की मौजूदा स्थिति की गंभीरता को साफ तौर पर बयां कर रही हैं।
यह मार्ग केवल स्थानीय आवागमन का रास्ता नहीं, बल्कि आसपास के क्षेत्रों से नर्मदा नदी जाने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी एक महत्वपूर्ण मार्ग है। सावन के दौरान इसी क्षेत्र से बड़ी संख्या में कांवड़ यात्राएं भी निकलीं, जिनमें राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोग भी शामिल हुए। बावजूद इसके, सवाल यह है कि इन यात्राओं के दौरान भी क्या किसी जिम्मेदार व्यक्ति की नजर इस बदहाल सड़क पर नहीं पड़ी?
जरूरत इस बात की है कि संबंधित विभाग और जनप्रतिनिधि इस प्रमुख मार्ग का तत्काल निरीक्षण कराकर गड्ढों की मरम्मत एवं सड़क के स्थायी सुधार की दिशा में ठोस कदम उठाएं, ताकि क्षेत्रवासियों और नर्मदा भक्तों को सुरक्षित आवागमन मिल सके।
कांवड़ यात्राओं में दिखी सक्रियता, सड़क की बदहाली क्यों नहीं दिखी?
सावन में धार्मिक आयोजनों और कांवड़ यात्राओं के दौरान जनप्रतिनिधियों एवं राजनीतिक कार्यकर्ताओं की सक्रियता देखने को मिली। लेकिन अब जब आम लोगों के सामने इसी मार्ग की खस्ताहाल तस्वीर सामने है, तो स्थानीय लोगों के मन में कई सवाल उठ रहे हैं।
गाडरवारा-करेली मार्ग भी बदहाल, गड्ढों से परेशान आम जनता
सड़क पर जगह-जगह गड्ढे, वाहन चालकों को हो रही परेशानी, हादसों का बढ़ा खतरा
गाडरवारा-करेली मार्ग की बदहाल स्थिति भी आम लोगों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। मार्ग पर जगह-जगह बने गड्ढों के कारण वाहन चालकों को आवागमन में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है।
स्थानीय लोगों के अनुसार सड़क पर मौजूद गड्ढों के चलते आए दिन वाहन चालक असहज स्थिति में नजर आते हैं।
गाडरवारा-सांईखेड़ा मार्ग पर मिढ़बानी देवरी का गड्ढा बना परेशानी का सबब
कई शिकायतों के बाद भी हालात जस के तस, हादसे की आशंका से राहगीर चिंतित
गाडरवारा-सांईखेड़ा मार्ग पर मिढ़बानी देवरी के समीप सड़क पर बना बड़ा गड्ढा लंबे समय से राहगीरों के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है। सड़क की बदहाल स्थिति स्थानीय लोगों और वाहन चालकों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है।
बताया जाता है कि उक्त गड्ढे को लेकर संबंधित विभाग और जिम्मेदार अधिकारियों से कई बार शिकायतें की जा चुकी हैं, लेकिन इसके बावजूद आज भी स्थिति जस की तस बनी हुई है। मार्ग पर दिनभर छोटे-बड़े वाहनों की आवाजाही रहती है। ऐसे में सड़क पर मौजूद गड्ढा कभी भी गंभीर दुर्घटना का कारण बन सकता है।
स्थानीय नागरिकों का कहना है कि बारिश के दौरान गड्ढे में पानी भर जाने से उसकी गहराई का अंदाजा लगाना और भी मुश्किल हो जाता है। दोपहिया वाहन चालकों को विशेष रूप से परेशानी का सामना करना पड़ता है। लोगों ने संबंधित विभाग से सड़क का निरीक्षण कर गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराने की मांग की है।
अब देखना यह है कि कई शिकायतों के बावजूद जगजाहिर इस समस्या पर जिम्मेदारों की नजर कब पड़ती है और राहगीरों को इस परेशानी से कब निजात मिलती है।।
गाडरवारा बायपास रोड की हालत जर्जर, जगह-जगह गड्ढों ने बढ़ाई राहगीरों की परेशानी
गाडरवारा नगर के बायपास रोड की बदहाल स्थिति इन दिनों आम राहगीरों और वाहन चालकों के लिए परेशानी का सबब बनी हुई है। सड़क पर जगह-जगह गहरे गड्ढे नजर आ रहे हैं, जिससे आवागमन प्रभावित हो रहा है और दुर्घटना का खतरा भी बना हुआ है।
स्थानीय लोगों के अनुसार बारिश के चलते सड़क की स्थिति और अधिक खराब हो गई है। कई स्थानों पर सड़क का डामर उखड़ चुका है और गड्ढों में पानी भर जाने से उनकी गहराई का अंदाजा लगाना भी मुश्किल हो जाता है। ऐसे में दोपहिया वाहन चालकों को विशेष सावधानी बरतनी पड़ रही है।
बायपास मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहनों का आवागमन होता है। सड़क की जर्जर हालत के कारण वाहन चालकों को गड्ढों से बचते हुए निकलना पड़ता है, जिससे कई बार यातायात की स्थिति भी प्रभावित होती है।
गौरतलब है कि गाडरवारा क्षेत्र के अन्य प्रमुख मार्गों की खराब स्थिति को लेकर भी समय-समय पर सवाल उठते रहे हैं। स्थानीय स्तर पर सड़क मरम्मत की मांग उठने के बावजूद समस्या का स्थायी समाधान नहीं होने से लोगों में नाराजगी दिखाई दे रही है।
जिम्मेदारों से स्थायी मरम्मत की मांग
स्थानीय नागरिकों ने संबंधित विभाग एवं प्रशासन से बायपास रोड का निरीक्षण कर गड्ढों की तत्काल मरम्मत कराने तथा सड़क का स्थायी सुधार कार्य कराने की मांग की है। लोगों का कहना है कि केवल अस्थायी पैचवर्क के बजाय गुणवत्तापूर्ण सड़क निर्माण और नियमित रखरखाव पर ध्यान दिया जाना चाहिए, ताकि वाहन चालकों और आम जनता को राहत मिल सके।
आखिर इन सड़कोकी मरम्मत की सुध कब ली जाएगी?
क्या किसी बड़े हादसे का इंतजार किया जा रहा है?
सरकार और जनप्रतिनिधियों से विकास की उम्मीद रखने वाले क्षेत्रवासियों का सवाल सीधा है—जब सड़क जैसी मूलभूत सुविधा की स्थिति इतनी खराब हो जाए, तो इसकी आवाज कौन उठाएगा?
खबर के माध्यम से आम जनता की जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों से यह मांग है कि शीघ्र ही सड़कों पर बने गड्ढों को भरा जाए जिससे कोई जान माल की हानि न होर।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह
पंचायत एवं ग्रामीण विकास व श्रम मंत्री प्रहलाद सिंह पटेल
लोक निर्माण मंत्री राकेश सिंह,
गाडरवारा एसडीएम प्रगति वर्मा
लोक निर्माण विभाग नरसिंहपुर