Monday 26th of October 2026

ब्रेकिंग

बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित किसानों की समृद्धि और कृषि विकास पर दिया जोर

नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता — कृषि उपकरणों की चोरी करने वाले 4 शातिर चोर 48 घंटे के भीतर गिरफ्तार

70 वी राज्य स्तरीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता में रीवा, सागर, नर्मदापुरम एवं जबलपुर संभाग ने बनाई सेमीफाइनल में जगह

जुआ खेलते 16 जुआड़ी रंगे हाथ पकड़े गये, नगद 13 हजार 70 रूपये जप्त

नोटों के ये बंडल भिलाई-3 चरोदा में एक पिकअप गाड़ी में मिले, जिसे रायपुर से नागपुर ले जाया जा रहा था।

नरसिंहपुर जिले की उन्नत कृषि विशिष्ट पहचान रखती है CM : बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित किसानों की समृद्धि और कृषि विकास पर दिया जोर

Aditi News Team

Mon, Oct 26, 2026

नरसिंहपुर जिले की उन्नत कृषि विशिष्ट पहचान रखती है : मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव

बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग से किया संबोधित

किसानों की समृद्धि और कृषि विकास पर दिया जोर

प्रगतिशील कृषकों ने साझा किए अपने अनुभव

प्राकृतिक खेती व कृषि यंत्रों की लगी प्रदर्शनी

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कृषि उपज मंडी समिति प्रांगण नरसिंहपुर में आयोजित बलराम कृषि महोत्सव को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग (वीसी) के माध्यम से संबोधित किया। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने बलराम कृषि महोत्सव के आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि नरसिंहपुर जिला खेती-किसानी और उन्नत कृषि पद्धतियों के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां की कृषि और किसानों की मेहनत के उदाहरण देशभर में देखने को मिलते हैं। भगवान बलराम के नाम पर आयोजित यह महोत्सव किसानों के सम्मान, कृषि विकास और उनकी समृद्धि के संकल्प को आगे बढ़ाने का महत्वपूर्ण अवसर है।

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि किसानों की समृद्धि के लिए कृषि के साथ-साथ सिंचाई, जल संसाधनों के बेहतर उपयोग और आधुनिक कृषि तकनीकों को बढ़ावा देना आवश्यक है। सरकार नदी जोड़ो अभियान सहित विभिन्न क्षेत्रों में विकास के प्रयास कर रही है। कृषि क्षेत्र को मजबूत बनाने और किसानों के जीवन में खुशहाली लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने बलराम कृषि महोत्सव को किसानों के बीच कृषि संबंधी जानकारी, आधुनिक तकनीकों और उन्नत खेती के तरीकों को साझा करने का महत्वपूर्ण मंच बताया। उन्होंने किसानों से नई कृषि पद्धतियों को अपनाने तथा खेती को अधिक उन्नत एवं समृद्ध बनाने की दिशा में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों, पदाधिकारियों, आयोजकों और किसान भाइयों का अभिवादन करते हुए महोत्सव के सफल आयोजन के लिए शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जिले से उनका विशेष स्नेह और जुड़ाव रहा है। अपने संबोधन के अंत में मुख्यमंत्री ने भगवान महाकाल और मां नर्मदा से सभी के कल्याण एवं समृद्धि की कामना की तथा उपस्थित किसान भाइयों को दीपावली पर्व की शुभकामनाएं दीं।

अपैक्स बैंक के प्रशासक श्री महेंद्र सिंह यादव ने बलराम कृषि महोत्सव में कहा कि किसान देश का अन्नदाता है और उसकी समृद्धि से ही ग्रामीण अर्थव्यवस्था मजबूत होगी। भगवान बलराम की जयंती को किसान दिवस के रूप में मनाने की पहल किसानों के सम्मान और कृषि विकास को प्रोत्साहित करने का महत्वपूर्ण प्रयास है। उन्होंने कहा कि किसानों को आधुनिक कृषि तकनीकों के साथ जैविक खाद, वर्मी कम्पोस्ट और संतुलित उर्वरक उपयोग अपनाना चाहिए, ताकि मिट्टी की उर्वरता और प्राकृतिक संसाधनों का संरक्षण हो सके। कृषि के साथ पशुपालन एवं दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा देकर किसानों की आय बढ़ाने की दिशा में भी कार्य करना आवश्यक है।

प्रशासक श्री यादव ने किसान क्रेडिट कार्ड, किसान सम्मान निधि, स्वामित्व योजना तथा ग्रामीण सड़क, परिवहन और शिक्षा सुविधाओं का उल्लेख करते हुए कहा कि इन प्रयासों से ग्रामीण क्षेत्रों में सुविधाओं का विस्तार हो रहा है। उन्होंने गोपाल कृष्ण पुरस्कार योजना के माध्यम से देशी नस्ल की गायों के पालन और दुग्ध उत्पादन को प्रोत्साहन देने की बात कही।

तेंदूखेड़ा विधायक श्री विश्वनाथ सिंह पटेल ने कहा कि सरकार का उद्देश्य किसानों के कृषि उत्पादन में वृद्धि करना, उनकी आय बढ़ाना तथा खेती-किसानी को अधिक सुविधाजनक बनाना है। उन्होंने कहा कि किसानों को बैंकिंग सुविधाओं से जोड़ने, कृषि कार्यों के लिए ऋण उपलब्ध कराने तथा किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से विभिन्न शासकीय सुविधाओं का लाभ पहुंचाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

गोटेगांव विधायक श्री महेंद्र सिंह नागेश ने कहा कि किसान देश की रीढ़ हैं। उनकी मेहनत से ही खेतों में हरियाली और देश में खुशहाली आती है। किसानों की आय बढ़ाना, खेती को लाभ का व्यवसाय बनाना तथा कृषि को आधुनिक तकनीकों से जोड़ना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि नरसिंहपुर जिले के किसान कृषि के क्षेत्र में विशिष्ट पहचान रखते हैं।

पूर्व राज्य मंत्री श्री जालम सिंह पटेल ने कहा कि नरसिंहपुर जिला अपनी उपजाऊ भूमि और कृषि उत्पादन के लिए विशेष पहचान रखता है। यहां के किसानों ने आधुनिक कृषि तकनीकों को अपनाकर कृषि के क्षेत्र में उल्लेखनीय कार्य किया है। हालांकि, भूजल स्तर में गिरावट, रासायनिक उर्वरकों के अत्यधिक उपयोग और फसल चक्र में बदलाव जैसी चुनौतियों पर गंभीरता से विचार करने की आवश्यकता है।

श्री कप्तान सिंह यादव ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ यादव किसानों के सुझावों को गंभीरता से लेते हुए आवश्यकतानुसार योजनाओं में सुधार करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। हमारा उद्देश्य है कि शासन की योजनाओं का लाभ प्रत्येक पात्र किसान तक पहुंचे और किसान समृद्ध एवं आत्मनिर्भर बनें।

श्री रामसनेही पाठक ने कहा कि सरकार के द्वारा किसानों के हित में चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं से किसानों के जीवन में आए बदलाव से ग्रामीण अर्थव्यवस्था में सुधार हुआ है।

मंडी प्रांगण में आधुनिक कृषि यंत्रों, ड्रिप-स्प्रिंकलर सिंचाई प्रणालियों एवं कृषि नवाचारों की भव्य प्रदर्शनी भी लगाई गई। अतिथियों ने उक्त प्रदर्शनी का अवलोकन किया। समारोह के दौरान जिले के प्रगतिशील किसानों ने अपने नवाचारों के अनुभव भी साझा किए। ग्राम चीलाचौनकलां, विकासखंड नरसिंहपुर के श्री इन्द्रपाल पटेल शामिल हैं, जो नरवाई प्रबंधन एवं सुपर सीडर से बोनी के क्षेत्र में कार्य कर रहे हैं। इसी प्रकार विकासखंड चीचली के ग्राम पुसारिया की श्रीमती शिवानी कौरव प्राकृतिक खेती एवं केंचुआ खाद इकाई के माध्यम से कृषि को प्रोत्साहित कर रही हैं। विकासखंड गोटेगांव के ग्राम रीछा के श्री लक्ष्मण पटेल बीआरसी कृषक एवं प्राकृतिक ढाई/ड्रिप-डाल उत्पादन से संबंधित गतिविधियों में अपने अनुभव साझा किए। विकासखंड करेली के ग्राम करताज के श्री राकेश दुबे उद्यानिकी फसल उत्पादन एवं उद्यानिकी गतिविधियों से जुड़े अपने अनुभव बताएं। वहीं, विकासखंड चांवरपाठा के ग्राम डेगुवां के श्री लक्ष्मण रघुवंशी मत्स्य पालन के क्षेत्र में अपने अनुभव साझा किए ।

कार्यक्रम में कृषि, पशुपालन एवं नवाचार के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले प्रगतिशील किसानों श्री संजय पटेल, श्री कृष्णकुमार वर्मा, श्री लक्ष्मण रघुवंशी, श्री राजकुमार चौधरी व श्री विकास कौरव को मंच से सम्मानित किया गया। साथ ही मेधावी विद्यार्थियों शिल्पा पटेल, मानव पटेल, लता वर्मा, दिव्यांकर लोधी व नाममि कुर्मी को को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया। इस अवसर पर प्रदेश संयोजक श्री कपिल यारदे, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती अनीता राजेन्द्र ठाकुर, नगर पालिका अध्यक्ष श्री नीरज दुबे, जिला पंचायत सदस्य श्री सीताराम नामदेव, श्री राजकुमार गुमास्ता, श्री संतोष राय, श्रीमती कल्पना सिंह, श्री राहुल कौरव, श्री सुदेश कोठारी, श्री देवेन्द्र गंगोलिया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, सीईओ जिला पंचायत श्री गजेन्द्र सिंह नागेश, अपर कलेक्टर श्री अरविंद कुमार सिंह, उप संचालक कृषि श्री सुरेन्द्र कुमार अमरूते, आत्मा संचालक श्रीमती नमिता श्रीवास्तव व अन्य अधिकारी-कर्मचारी, प्रगतिशील कृषक और गणमान्य नागरिक मौजूद थे।

Tags :

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

पूर्व राज्यमंत्री जालम सिंह पटेल

विधायक गोटेगांव महेन्द्र नागेश

तेंदूखेड़ा विधायक विश्वनाथ सिंह पटेल

जरूरी खबरें