Monday 5th of October 2026

ब्रेकिंग

गाडरवारा सीरेगांव के सम्मेलन में युवाओं को समाजसेवा, अनुशासन, संस्कार और सकारात्मक गतिविधियों से जोड़ने पर जोर दिया

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई

‘उर्दू शेरो-अदब में राष्ट्रीय चेतना’ विषय पर विमर्श के साथ क्षेत्रीय साहित्यकारों एवं शायरों ने अपनी रचनाएं प्रस्तुत कीं

नरसिंहपुर में टिफिन कम आने पर भड़का गार्ड: बैंक में बंदूक से कर दी फायरिंग, कोतवाली पुलिस ने किया गिरफ्तार

सालीचौका से दर्जनों गांव जुड़े हुए हैं और यहां बड़ी संख्या में धान का उत्पादन होता है, फिर भी नगर में सेंटर नहीं बनाया

नवरात्र-दशहरा आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट : नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई

Aditi News Team

Mon, Oct 5, 2026

नवरात्र-दशहरा आयोजन को लेकर प्रशासन अलर्ट, मिट्टी की प्रतिमाओं पर जोर

नरसिंहपुर। आगामी 11 अक्टूबर से शारदीय नवरात्र और 20 अक्टूबर को दशहरा पर्व को लेकर कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में जिला स्तरीय शांति समिति की बैठक आयोजित हुई। बैठक में पर्व को शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के लिए सुरक्षा, यातायात, बिजली, स्वास्थ्य और विसर्जन व्यवस्थाओं की समीक्षा की गई।

कलेक्टर ने निर्देश दिए कि दुर्गा प्रतिमाएं मिट्टी की ही हों और पीओपी की प्रतिमाओं की बिक्री पर रोक सुनिश्चित की जाए। तहसीलदार और नगरपालिका अधिकारियों को संयुक्त रूप से जांच के निर्देश दिए गए। नागरिकों से भी मिट्टी से निर्मित प्रतिमाएं खरीदने की अपील की गई।

प्रशासन ने सभी दुर्गा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने और 24 घंटे निगरानी रखने के निर्देश दिए हैं। पंडाल वाटरप्रूफ रखने, निर्धारित स्थान पर ही प्रतिमा स्थापित करने और आवागमन बाधित नहीं होने देने को कहा गया है। जबरन चंदा वसूली पर भी रोक रहेगी।

विद्युत विभाग को पंडालों में नियमानुसार अस्थायी कनेक्शन उपलब्ध कराने और विद्युत सुरक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं। पंडालों के आसपास साफ-सफाई, पेयजल व्यवस्था तथा सड़क के गड्ढों को त्योहार से पहले दुरुस्त करने के निर्देश भी दिए गए।

लाउड स्पीकर निर्धारित ध्वनि सीमा में और अनुमति के बाद ही बजेंगे। आपत्तिजनक गीत-संगीत के प्रसारण पर रोक रहेगी। पंडाल समितियों को अपने पदाधिकारियों के मोबाइल नंबर और प्रतिदिन के कार्यक्रमों की जानकारी प्रशासन व पुलिस को देने के निर्देश दिए गए हैं।

नवरात्र के दौरान सदर मढ़िया में सुबह 4 बजे से पहुंचने वाले श्रद्धालुओं को देखते हुए पर्याप्त पुलिस बल तैनात करने के निर्देश दिए गए हैं। जिले के अन्य प्रमुख धार्मिक स्थलों पर भी आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित की जाएगी।

विसर्जन स्थलों पर तैराक और मेडिकल टीम रहेगी तैनात

दुर्गा प्रतिमाओं का विसर्जन निर्धारित नर्मदा तटों और कुंडों में ही कराया जाएगा। विसर्जन स्थलों पर तैराक, पुलिस बल, एम्बुलेंस, डॉक्टर और आवश्यक चिकित्सा सामग्री उपलब्ध रहेगी। श्रद्धालुओं को नदी में स्नान करने और गहरे पानी में जाने से रोकने के लिए विशेष निगरानी रखी जाएगी।

विसर्जन जुलूस के दौरान अखाड़ों में आग्नेय एवं धारदार हथियार ले जाना प्रतिबंधित रहेगा। यातायात को सुचारू रखने के लिए प्रत्येक मंडल के विसर्जन रूट की जानकारी पहले से पुलिस एवं प्रशासन को देनी होगी।

दशहरा पर्व पर रावण दहन के लिए स्थान का चयन भी सुरक्षा एवं यातायात व्यवस्था को ध्यान में रखकर किया जाएगा। कलेक्टर ने शांति समिति के सदस्यों से जिले में नवरात्र और दशहरा पर्व शांति, सौहार्द और भाईचारे के साथ मनाने के लिए नागरिकों को प्रेरित करने की अपील की।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

जरूरी खबरें