शुगर मिलों व अवैध रेत उत्खनन पर गंभीर आरोप भाजपा नेता पवन पटेल ने : प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात कर समस्याओं से कराया अवगत
Aditi News Team
Thu, Jan 15, 2026
शुगर मिलों व अवैध रेत उत्खनन पर गंभीर आरोप भाजपा नेता पवन पटेल ने
प्रभारी मंत्री गोविंद सिंह राजपूत से मुलाकात कर समस्याओं से कराया अवगत
भोपाल। शुगर मिलों द्वारा गन्ना उत्पादक किसानों के आर्थिक शोषण और माँ नर्मदा व उसकी सहायक नदियों में बड़े पैमाने पर हो रहे अवैध रेत उत्खनन को लेकर भाजपा नेता एवं सामाजिक कार्यकर्ता पवन पटेल ने गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने इस संबंध में प्रधानमंत्री, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्री एवं संबंधित विभागों को विस्तृत लिखित शिकायत भेजकर कठोर कार्रवाई की मांग की है।
पवन पटेल ने बताया कि प्रदेश में संचालित शुगर मिलें विगत लगभग 20 वर्षों से गन्ना किसानों को सरकार द्वारा निर्धारित उचित एवं लाभकारी मूल्य (FRP) का पूर्ण भुगतान नहीं कर रही हैं। गन्ना नियंत्रण आदेश 1966 (खंड–3) के तहत 14 दिनों में भुगतान का स्पष्ट प्रावधान होने के बावजूद किसानों को समय पर भुगतान नहीं किया जा रहा, जिससे किसानों को प्रति क्विंटल ₹130 से ₹150 तथा प्रति एकड़ ₹35,000 से ₹40,000 तक का वार्षिक नुकसान हो रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि शुगर मिलों द्वारा डबल ट्रॉली का अवैध संचालन, अव्यवस्थित पार्किंग और मूलभूत सुविधाओं के अभाव के कारण राष्ट्रीय व राज्य मार्गों पर जाम और दुर्घटनाएं बढ़ रही हैं। साथ ही कई शुगर मिलों से निकलने वाला दूषित अपशिष्ट जल बिना शोधन के नदियों व नालों में छोड़ा जा रहा है, जिससे पर्यावरण और जनस्वास्थ्य को गंभीर खतरा उत्पन्न हो रहा है।
इसी के साथ पवन पटेल ने माँ नर्मदा एवं उसकी सहायक नदियों में जारी अवैध रेत उत्खनन को भी गंभीर विषय बताते हुए कहा कि नरसिंहपुर, नर्मदापुरम सहित कई जिलों में दिन-रात अवैध उत्खनन और परिवहन हो रहा है। शासन द्वारा तय मूल्य से तीन गुना अधिक कीमत पर अवैध रेत की बिक्री की जा रही है। इससे न केवल नदी का प्राकृतिक स्वरूप नष्ट हो रहा है, बल्कि शासन को भारी राजस्व हानि भी हो रही है।
उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ स्थानों पर खनन माफिया और अधिकारियों की मिलीभगत से नियमों की खुलेआम अनदेखी की जा रही है। नदी के किनारों पर गहरी खुदाई से जलस्तर प्रभावित हो रहा है, जिससे किसानों की सिंचाई, पेयजल योजनाएं और पर्यावरण संतुलन खतरे में पड़ गया है।
इन सभी मुद्दों को लेकर भाजपा नेता पवन पटेल ने प्रदेश के प्रभारी मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत से भाजपा कार्यालय भोपाल में होने वाली जनसुनवाई में मुलाकात कर उन्हें स्थिति से अवगत कराया। उन्होंने किसानों की समस्याओं, शुगर मिलों की मनमानी और नर्मदा नदी में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल रोक, निष्पक्ष जांच और कठोर कार्रवाई की मांग की।
पवन पटेल की प्रमुख मांगें—
शुगर मिलों की शुगर रिकवरी की जांच स्वतंत्र शासकीय प्रयोगशालाओं से कराई जाए
किसानों का बकाया भुगतान ब्याज सहित कराया जाए
गन्ना नियंत्रण आदेश 1966 के उल्लंघन पर शुगर मिल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई हो
माँ नर्मदा व सहायक नदियों में अवैध रेत उत्खनन पर तत्काल प्रभाव से रोक लगे
अवैध खनन की सैटेलाइट व ड्रोन से निगरानी कर दोषियों पर कठोर दंडात्मक कार्रवाई की जाए
इस शिकायत की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेश नेतृत्व सहित केंद्र एवं राज्य सरकार के संबंधित मंत्रियों, पर्यावरण विभाग, खनिज विभाग और प्रशासनिक अधिकारियों को भी भेजी गई है। अब गन्ना किसानों और नर्मदा संरक्षण से जुड़े संगठनों की निगाहें सरकार और प्रभारी मंत्री द्वारा होने वाली कार्रवाई पर टिकी हुई हैं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)