हाईवे पर हुई मोटरसायकल लूट का 24 घंटे के अंदर खुलासा, : नरसिंहपुर,चोरी की एक अन्य वारदात भी उजागर,थाना कोतवाली पुलिस ने 03 आरोपियों को किया गिरफ्तार,
Aditi News Team
Sun, Oct 4, 2026
नरसिंहपुर पुलिस की बड़ी सफलता,
हाईवे पर हुई मोटरसायकल लूट का 24 घंटे के अंदर खुलासा,
चोरी की एक अन्य वारदात भी उजागर
थाना कोतवाली पुलिस ने 03 आरोपियों को किया गिरफ्तार।
लूट की स्पेलेण्डर मोटरसायकल सहित चोरी की सीडी डीलक्स मोटरसायकल एवं मोबाइल फोन बरामद।
पूछताछ में एक अन्य मोटरसायकल एवं मोबाइल चोरी की वारदात का भी खुलासा।
कुल ₹2.20 लाख का मशरूका बरामद।
पुलिस अधीक्षक नरसिंहपुर डॉ. ऋषिकेश मीना के निर्देशन में नरसिंहपुर पुलिस द्वारा अपराधियों के विरुद्ध लगातार प्रभावी कार्यवाही की जा रही है। इसी क्रम में थाना कोतवाली पुलिस ने हाईवे रोड कठौतिया तिराहा के पास हुई मोटरसायकल लूट की घटना का महज 24 घंटे के अंदर खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। साथ ही पूछताछ में सामने आई एक अन्य मोटरसायकल एवं मोबाइल चोरी की वारदात का भी खुलासा कर एक अन्य आरोपी को गिरफ्तार किया है।
*घटना का विवरण एवं पुलिस कार्यवाही :*
दिनांक 28 सितंबर 2026 को फरियादी अर्जुन धानक निवासी मानेगांव, बरमान द्वारा थाना कोतवाली में रिपोर्ट दर्ज कराई गई कि वह बरमान से नरसिंहपुर आ रहा था। इसी दौरान कठौतिया तिराहे के पास दो अज्ञात व्यक्तियों ने चेहरे पर काला कपड़ा बांधकर उसे डराया-धमकाया एवं झूमाझटकी कर उसकी मोटरसायकल लूटकर फरार हो गए। रिपोर्ट पर थाना कोतवाली में धारा 309(4) बीएनएस के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना में लिया गया।
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना द्वारा अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री संदीप भूरिया के मार्गदर्शन मेँ एवं एसडीओपी नरसिंहपुर श्री देवेन्द्र सिंह चौहान के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई। पुलिस टीम द्वारा घटनास्थल एवं आसपास के सीसीटीवी कैमरों की जांच, तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर तंत्र की सहायता से आरोपियों की तलाश की गई।
इसी दौरान मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई कि दो व्यक्ति करेली हाईवे की ओर लूटी गई मोटरसायकल बेचने की फिराक में हैं। सूचना पर त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस टीम ने करेली बस्ती के पास से आरोपी शैलेन्द्र राजपूत एवं छोटेलाल उर्फ भूरा ठाकुर को अभिरक्षा में लेकर पूछताछ की। दोनों आरोपियों ने लूट की घटना स्वीकार की, जिनके कब्जे से लूटी गई स्पेलेण्डर मोटरसायकल बरामद कर उन्हें गिरफ्तार किया गया।
*पूछताछ में चोरी की एक अन्य वारदात का खुलासा :*
गिरफ्तार आरोपियों से अन्य अपराधों के संबंध में पूछताछ करने पर उन्होंने अपने साथी लखन राजपूत के साथ मिलकर दिनांक 06 सितंबर 2026 को कठौतिया के पास एक मोटरसायकल एवं मोबाइल फोन चोरी करना स्वीकार किया। उक्त घटना के संबंध में थाना कोतवाली में पूर्व से धारा 303(2) बीएनएस पंजीबद्ध था। पुलिस द्वारा चोरी की सीडी डीलक्स मोटरसायकल एवं मोबाइल फोन भी बरामद कर इस प्रकरण में भी आरोपियों के विरुद्ध कार्यवाही की गई।
*गिरफ्तार आरोपी :*
1. लखन राजपूत पिता राजेन्द्र राजपूत उम्र 32 वर्ष, निवासी हिरनपुर, थाना देवरी, जिला सागर।
2. शैलेन्द्र राजपूत पिता प्रकाश राजपूत उम्र 28 वर्ष, निवासी रिछई, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर।
3. छोटेलाल उर्फ भूरा ठाकुर पिता एकम सिंह ठाकुर उम्र 31 वर्ष, निवासी बिलगुवां, थाना सुआतला, जिला नरसिंहपुर।
*बरामद मशरूका :*
- 01 स्पेलेण्डर मोटरसायकल (लूट की)।
- 01 सीडी डीलक्स मोटरसायकल (चोरी की)।
- 01 मोबाइल फोन।
- कुल मशरूका कीमत लगभग ₹2,20,000/-।
*कार्यवाही मेँ सराहनीय भूमिका :*
उक्त कार्यवाही में थाना प्रभारी निरीक्षक गौरव चाटे, उपनिरीक्षक आशीष बोपचे, प्रधान आरक्षक राजेश बागरी, आरक्षक प्रहलाद माधवे, रोहित चनपुरिया, महेन्द्र ठाकुर, साइबर सेल से महिला आरक्षक कुमुद पाठक एवं आरक्षक हेमंत तथा नगर रक्षा समिति सदस्य शुभम मालवीय की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना