सराफा दुकान में चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार : सांईखेड़ा थाना क्षेत्र में 8 माह पूर्व सराफा दुकान से चांदी के आभूषण चोरी की घटना की थी,गोटेगांव से पकड़ा तीनों को
Aditi News Team
Sat, Sep 26, 2026
सराफा दुकान में चोरी करने वाली तीन महिलाएं गिरफ्तार
8 माह पूर्व हुई थी घटना, गोटेगांव से पकड़ा
नरसिंहपुर। जिले के सांईखेड़ा थाना क्षेत्र में करीब आठ माह पूर्व सराफा दुकान से चांदी के आभूषण चोरी करने के मामले में पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने वारदात में शामिल तीन महिलाओं को गोटेगांव स्थित उनके ठिकानों से गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें जेल भेज दिया गया। पकड़ी गई आरोपियों में दो युवतियां और एक विवाहिता शामिल हैं।
सीसीटीवी से हुई थी पहचान
पुलिस के अनुसार, बीती 31 जनवरी को सांईखेड़ा की एक सराफा दुकान से चांदी के जेवर चोरी हुए थे। दुकानदार की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई थी। पुलिस टीम सीसीटीवी फुटेज के आधार पर लगातार संदिग्धों की तलाश में जुटी हुई थी।
मुखबिर की सूचना पर गठित हुई टीम
तीन दिन पूर्व पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि फुटेज में नजर आए हुलिए की तीन संदिग्ध महिलाएं गोटेगांव में देखी गई हैं। सूचना पर एसपी डॉ. ऋषिकेश मीणा के निर्देशन में सांईखेड़ा थाना प्रभारी निरीक्षक संध्या चंदेल के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की गई। टीम में निरीक्षक वर्षा धाकड़, प्रधान आरक्षक भास्कर पटेल, आरक्षक शिवम पटेल एवं महिला आरक्षक रुचि तिवारी को शामिल किया गया।
ये आरोपी हुईं गिरफ्तार
गठित टीम ने दबिश देकर गोटेगांव से तीनों आरोपियों को हिरासत में लिया:
तरुणा भदौरिया (29), पिता प्रहलाद भदौरिया, निवासी कुम्हारी मोहल्ला, रुद्र वार्ड, गोटेगांव।
दुर्गा भदौरिया (53), पति अशोक भदौरिया, निवासी किसानी मोहल्ला, गोटेगांव।
नेहा भदौरिया (25), पिता राजेश भदौरिया, निवासी नेहरू वार्ड, गोटेगांव।
पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ अग्रिम वैधानिक कार्रवाई करते हुए उन्हें न्यायालय भेज दिया है।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर पुलिस अधीक्षक ऋषिकेश मीना