गाडरवारा के नदी मोहल्ला छिड़ाव घाट पर जगमगाए हजारों दीप : प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के विकास के दीप का प्रकाश देशभर में फैल रहा है –मंत्री उदय प्रताप सिंह
Aditi News Team
Fri, Sep 18, 2026
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विकास के दीप का प्रकाश देशभर में फैल रहा है – मंत्री श्री सिंह
गाडरवारा के नदी मोहल्ला छिड़ाव घाट पर जगमगाए हजारों दीप

प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के जन्मदिवस के उपलक्ष्य में जिले में संचालित सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत गुरुवार शाम गाडरवारा के नदी मोहल्ला स्थित छिड़ाव घाट परिसर में वृहद दीप प्रज्वलन कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में प्रदेश के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह ने जनप्रतिनिधियों, नागरिकों, मातृशक्ति एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारियों के साथ बड़ी संख्या में दीप प्रज्वलित किए।
दीप प्रज्वलन के पश्चात आयोजित मंचीय कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी द्वारा प्रज्ज्वलित विकास के दीप का प्रकाश आज देशभर में फैल रहा है। यह प्रकाश देश की प्रगति, सेवा और जनकल्याण की दिशा में निरंतर आगे बढ़ने का प्रतीक है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों के देश के प्रति समर्पण और सेवा को यह अभियान समर्पित है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि प्रदेश में सेवा संकल्प अभियान 17 सितम्बर से 17 अक्टूबर तक संचालित किया जा रहा है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर बड़ी संख्या में दीप प्रज्ज्वलित कर उनके प्रति आभार एवं सम्मान व्यक्त किया गया। उन्होंने कहा कि दीप प्रज्वलन कार्यक्रम में नागरिकों की उत्साहपूर्ण सहभागिता सेवा और राष्ट्र निर्माण के संकल्प को दर्शाती है।
राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में भारत ने वैश्विक स्तर पर अपनी एक विशिष्ट पहचान बनाई है। राष्ट्र के विकास और जनकल्याण के लिए किए जा रहे कार्यों में उनका महत्वपूर्ण योगदान है।
नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश निरंतर प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। उनके कुशल नेतृत्व में भारत ने विकास के क्षेत्र में नए आयाम स्थापित किए हैं।
कार्यक्रम को श्री घनश्याम राजपूत ने भी संबोधित किया। इस अवसर पर विभिन्न योजनाओं के हितग्राहियों को मंत्री श्री सिंह एवं मंचासीन अतिथियों द्वारा चेक वितरित किए गए। साथ ही उत्कृष्ट कार्य करने वाली आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन मंडल अध्यक्ष श्री चंद्रकांत शर्मा ने किया।
इस अवसर पर श्री अनूप जैन, श्री अनिल लूनावत, श्री मुकेश मरैया, श्री राव संदीप सिंह, श्री रीतेश राय, श्री कमल खटीक, श्री शुभम राजपूत, श्रीमती पूजा तिवारी, श्री अशोक सराठे, श्री हर्ष पाठक सहित एसडीएम श्रीमती प्रगति वर्मा, नगर पालिका सीएमओ श्रीमती रितु मेहरा, जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा, डीपीसी श्री प्रदीप कुमार द्विवेदी, तहसीलदार श्रीमती प्रियंका नेताम सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी, जनप्रतिनिधि एवं बड़ी संख्या में नागरिक उपस्थित रहे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री उदयप्रताप सिंह