: रायसेन गांवों में खेत पाठशाला आयोजित कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की दें जानकारी- संभागायुक्त
Thu, Nov 19, 2020
गांवों में रोजगार उपलब्ध कराने मनरेगा के तहत स्वीकृत किए जाएं निर्माण कार्य- संभागायुक्त
भोपाल संभागायुक्त कविन्द्र कियावत द्वारा कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में आयोजित बैठक के दूसरे चरण में कृषि, ग्रामीण तथा नगरीय विकास निर्माण विभाग, स्वास्थ्य विभाग, महिला बाल विकास विभाग, लोक निर्माण विभाग, पीएचई तथा सामाजिक न्याय विभाग की समीक्षा की गई। समीक्षा के दौरान संभागायुक्त ने कहा कि गांवों में खेत पाठशाला आयोजित कर किसानों को उन्नत कृषि तकनीकों की जानकारी दी जाए। उन्होंने पंचायत ग्रामीण विकास विभाग की समीक्षा के दौरान मनरेगा के तहत अधिक से अधिक विकास कार्य स्वीकृत करने के निर्देश दिए ताकि ग्रामीणों को रोजगार मिल सके। बैठक में कलेक्टर श्री उमाशंकर भार्गव द्वारा जिले में संचालित विकास कार्यो तथा शासकीय योजनाओं की प्रगति से अवगत कराया गया।
संभागायुक्त श्री कियावत ने कृषि विभाग की समीक्षा करते हुए कहा कि किसानों की आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करने के लिए उन्हें उन्नत तथा जैविक खेती करने के लिए प्रेरित किया जाए। गांवों में किसान खेत पाठशाला के माध्यम से किसानों को खेती की नई-नई तकनीकों और पद्धतियों की जानकारी दी जाएं। गाय तथा भैंस की उन्नत नस्लों, पशु आवास तथा आहार प्रबंधन, पशुओं का स्वास्थ्य तथा टीकाकरण के संबंध में भी जानकारी दी जाए, जिससे कि किसान खेती के साथ-साथ पशुपालन के लिए भी प्रेरित हो। कृषि अमले द्वारा गांवों में जाकर किसानों के कल्याण के लिए चलाई जा रही योजनाओं, कृषि यंत्रों पर दिए जा रहे अनुदान, उद्यानिकी खेती, मत्स्यपालन से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देने के साथ ही आवेदन करने की प्रक्रिया के संबंध में भी अवगत कराया जाए।
संभागायुक्त ने कहा कि चने की बोनी के लिए तिबड़ा रहित बीज का उपयोग करने के लिए किसानों को समझाईश दी जाए। जायद फसलें मूंग, उड़द, मक्का की उत्पादकता और रकबे में वृद्धि के लिए भी किसानों को उन्नत बीज और खेती की जानकारी दी जाए। उन्होंने विकासखण्ड स्तर पर उद्यानिकी विभाग द्वारा मेला आयोजित किए जाने के संबंध में निर्देश दिए जिसमें फसलदार पौधों किसानों को दिए जाएंगे। उन्होंने किसानों को नरवाई नहीं जलाने की समझाईश देने और हार्वेस्टर संचालकों को स्ट्रारीपर का उपयोग करने हेतु निर्देशित करने के लिए कहा।
: विदिशा एसडीएम ने संजय सागर बांध की नहरों का लिया जायजा
Thu, Nov 19, 2020
संजय सागर बांध की नहरों का आज नटेरन शमशाबाद एसडीएम प्रवीण प्रजापति ने जल संसाधन विभाग के अधिकारियों के साथ भ्रमण कर वस्तु स्थिति का जायजा लिया है।
एसडीएम प्रजापति ने बताया कि ग्राम मक्षेरा से रिनिया तक की नहर का निरीक्षण किया गया है। वहीं d1 नहर की रफ्तार को कम कर d2की ओर पानी की पूर्ति बढ़ाई गई है।
श्री प्रजापति ने बताया कि किसानों को सिंचाई हेतु नहरों से पानी की आपूर्ति सुनिश्चित कराई गई है।
इस कार्य में कोई व्यवधान उत्पन्न ना हो इसके लिए जल संसाधन विभाग के कार्यपालन यंत्री सहित अन्य को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि नहर क्षेत्रों का समय अंतराल में स्वयं एवं अधीनस्थ अमले को भ्रमण कराने के निर्देश देते रहें ताकि किसी प्रकार की समस्या नजर आती है तो उसका समाधान शीघ्र किया जा सके।
निरीक्षण भ्रमण के दौरान संजय सागर बांध के कार्यपालन यंत्री श्री मुकेश रैकवार तथा एसडीओ एवं अन्य स्टाफ भी साथ मौजूद रहा ।
: गाडरवारा वार्ड वासी गंदगी से परेशान
Wed, Nov 18, 2020
गाडरवारा। नगर के इंद्रा वार्ड की त्रिवेदी कालोनी में खाली जगह पर बेतहाशा गंदगी से वार्डवासी परेशान है। कालोनी में खाली जगह पर घरों का गंदा पानी एकत्रित होता है जिसके चलते झाड़ियां उग आई है। वार्डवासी शिक्षक टीकाराम कोरी ने बताया की गंदे पानी का जमाव काफी गहराई में है जिसके चलते जहरीले जीव जंतुओं की आवाजाही वहां शुरू हो जाती है जो लोगो के घरों में भी घुसने लगते है। गंदे पानी की बजह से मच्छर भी पनप रहे है।वार्डवासी संजीव दुबे ने बताया की हम लोगो ने नगर पालिका में भी गंदे पानी के भराव की जानकारी दी नपा के कर्मचारी देखने भी आये लेकिन तत्सबन्ध में उनके द्वारा कोई कार्यवाही न किये जाने के कारण हम लोगो को बड़ी परेशानी का सामना करना पड़ता है । वार्डवासी कनछेदी अवस्थी, सोबरन मेहरा, खेमचंद साहू, अनिल यादव, कमल पटेल, रघुवर पटैल, आलोक शर्मा, कनछेदी धानक, कमलेश कौरव सहित अन्य ने नपा प्रशासन से एकत्रित गंदगी एवं झाड़ियों की सफाई की मांग की है ताकि वार्डवासियों को समस्या से निजात मिल सके ।