गाडरवारा पुनर्मूल्यांकन में छात्र के 33 अंक बढ़ गए : मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की मूल्यांकन प्रक्रिया पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं
Aditi News Team
Sat, May 9, 2026
गाडरवारा।मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल की मूल्यांकन प्रक्रिया पर अब बड़े सवाल खड़े हो रहे हैं। नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा से एक ऐसा मामला सामने आया है, जहां पुनर्मूल्यांकन में छात्र के 33 अंक बढ़ गए, लेकिन बोर्ड के ऑनलाइन पोर्टल पर अब भी “No Change” दिखाया जा रहा है। छात्र ने इसे विद्यार्थियों के भविष्य से खिलवाड़ बताते हुए मुख्यमंत्री से निष्पक्ष जांच की मांग की है। देखिए हमारी ये खास खबर।
गाडरवारा तहसील के ग्राम सूकरी निवासी छात्र अभय कौरव ने माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए हैं। छात्र का कहना है कि कक्षा 12वीं बोर्ड परीक्षा 2026 में हिंदी विषय में उसे प्रारंभिक परिणाम में केवल 40 अंक मिले थे, जबकि उसने परीक्षा बेहतर दी थी। कम अंक आने पर छात्र ने रीटोटलिंग और पुनर्मूल्यांकन के लिए आवेदन किया। इसके बाद मंडल द्वारा जीमेल पर उपलब्ध कराई गई पुनर्मूल्यांकित उत्तरपुस्तिका में उसके अंक 40 से बढ़कर 73 हो गए। यानी छात्र को सीधे 33 अंकों का फायदा मिला।
लेकिन सबसे बड़ा सवाल यह है कि इतनी बड़ी अंक वृद्धि के बावजूद माध्यमिक शिक्षा मंडल के ऑनलाइन पोर्टल पर आवेदन की स्थिति अब भी “No Change” दिखाई दे रही है। इसे लेकर छात्र और परिजनों ने शिक्षा मंडल की तकनीकी और मूल्यांकन व्यवस्था पर सवाल उठाए हैं।
वहीं छात्र अभय कौरव ने गंभीर आरोप लगाया है कि “अगर मैंने पुनर्मूल्यांकन नहीं कराया होता तो मेरे साथ अन्याय हो जाता। इतने अंक बढ़ने के बाद भी पोर्टल पर ‘नो चेंज’ दिखना बहुत गंभीर मामला है। इसकी निष्पक्ष जांच होनी चाहिए।” ऐसी लापरवाही विद्यार्थियों के मानसिक तनाव और भविष्य पर गंभीर असर डाल सकती है। मामले को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव, स्कूल शिक्षा मंत्री, प्रमुख सचिव स्कूल शिक्षा, माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल, आयुक्त लोक शिक्षण और कलेक्टर नरसिंहपुर सहित कई अधिकारियों को शिकायत भेजी गई है।
अब यह मामला केवल एक छात्र तक सीमित नहीं रह गया है, बल्कि पूरी शिक्षा व्यवस्था की पारदर्शिता और विश्वसनीयता पर सवाल खड़े कर रहा है। देखना होगा कि शासन और शिक्षा मंडल इस मामले में क्या कार्रवाई करते हैं।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह
नरसिंहपुर जिला शिक्षा अधिकारी
मध्यप्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल भोपाल