Wednesday 9th of September 2026

ब्रेकिंग

तस्करी में प्रयुक्त एक अल्टो कार भी जप्त।* • *जप्त शराब एवं वाहन की कुल अनुमानित कीमत लगभग ₹4.8 लाख।

दो दिन में दूसरी बड़ी कार्रवाई, 500 पेटी शराब बरामद

पढ़ाई से वंचित छात्रा ने राष्ट्रपति महोदया को रजिस्टर्ड डाक से आवेदन भेजकर इच्छा मृत्यु की लगाई गुहार

सांसद एवं विधायक ने मधुवन (मोतिया तालाब) बोहानी में लगाया पौधा

प्रतिबंधित प्लास्टिक के उपयोग पर,4 हजार 350 रुपये का जुर्माना वसूला

किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस : संयुक्त प्रयासों से ही मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

Aditi News Team

Fri, Jul 17, 2026

संयुक्त प्रयासों से ही मातृ-शिशु स्वास्थ्य एवं कुपोषण पर प्रभावी नियंत्रण संभव- कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

किशोरी बालिकाओं, गर्भवती एवं धात्री महिलाओं के स्वास्थ्य पर विशेष फोकस के निर्देश

बेहतर कार्य करने वाले आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं को किया जाएगा सम्मानित

नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह की अध्यक्षता में करेली में स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग की संयुक्त स्वास्थ्य एवं पोषण प्रबंधन कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला में दोनों विभागों के मैदानी अमले को समन्वित रूप से कार्य करते हुए मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य में सुधार तथा कुपोषण उन्मूलन के लिए प्रभावी प्रयास करने के निर्देश दिए गए।

कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि स्वास्थ्य एवं पोषण से जुड़े कार्य केवल विभागीय जिम्मेदारी नहीं, बल्कि समाज के भविष्य को संवारने का महत्वपूर्ण दायित्व हैं। ऐसे कार्यों से मन को आत्मिक संतोष मिलता है, क्योंकि इनके माध्यम से सीधे लोगों के जीवन में सकारात्मक परिवर्तन आता है। उन्होंने कहा कि आप सभी मैदानी स्तर पर अच्छा कार्य कर रहे हैं और बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों एवं कर्मचारियों को सम्मानित भी किया जाएगा।

कलेक्टर ने कहा कि दोनों विभाग संयुक्त रूप से कार्य करते हुए तीन प्रमुख वर्गों पर विशेष ध्यान केंद्रित करें। इनमें किशोरी बालिकाएं, गर्भवती महिलाएं तथा धात्री महिलाएं शामिल हैं। इन वर्गों का नियमित स्वास्थ्य परीक्षण, पोषण संबंधी परामर्श एवं समय पर आवश्यक सेवाएं सुनिश्चित करने से कुपोषण, एनीमिया तथा मातृ-शिशु मृत्यु दर में प्रभावी कमी लाई जा सकती है। उन्होंने निर्देश दिए कि कुपोषण दूर करने के लिए बच्चों का नियमित हेल्थ चेकअप किया जाए तथा गंभीर रूप से कुपोषित बच्चों की सतत निगरानी एवं रूटीन स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित किए जाएं। हाई रिस्क प्रेग्नेंसी (एचआरपी) वाली गर्भवती महिलाओं की समय पर पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार एवं विशेषज्ञ चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। साथ ही नवजात शिशुओं की समुचित देखभाल, दस्तक अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन तथा किशोरी बालिकाओं के स्वास्थ्य एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने के निर्देश भी दिए।

कार्यशाला के दौरान कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने आशा एवं आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं से संवाद करते हुए उनके कार्यों और उनसे समाज में आए सकारात्मक बदलाव के अनुभव भी साझा कराए। उन्होंने कहा कि जमीनी स्तर पर कार्य करने वाले कर्मचारियों के अनुभव नई कार्ययोजनाओं को अधिक प्रभावी बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। कार्यशाला में उत्कृष्ट कार्य करने वाली आशा कार्यकर्ताओं सरस्वती झारिया, नीतू परिहार, अंजना पाठक, विनीता ठाकुर एवं लक्ष्मी मेहरा तथा महिला एवं बाल विकास विभाग करेली की आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं विनीता तिवारी, बबीता जाट, रजनी यादव, रामप्यारी पटेल एवं रमा पाठक के कार्यों की सराहना की गई। कलेक्टर ने कहा कि ऐसे समर्पित कार्यकर्ताओं के प्रयास अन्य कर्मचारियों के लिए भी प्रेरणास्रोत हैं।

कार्यशाला में सीएमएचओ डॉ मनीष मिश्रा ,डॉ जी पी भनारिया ,डॉ विनय ठाकुर,सीडीपीओ श्री आदित्य मोहन पटेल सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला एवं बाल विकास विभाग के अधिकारी, पर्यवेक्षक, आशा कार्यकर्ता, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तथा संबंधित मैदानी अमला उपस्थित रहा।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नरसिंहपुर,कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह

सीएमएचओ डॉ मनीष मिश्रा

जरूरी खबरें