बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर अहम निर्णय : मंत्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक
Aditi News Team
Sat, Jul 11, 2026
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में सम्पन्न हुई रोगी कल्याण समिति की बैठक
बैठक में स्वास्थ्य सुविधाओं के विस्तार पर अहम निर्णय
प्रदेश शासन के परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में शासकीय सिविल अस्पताल गाडरवारा में शनिवार को रोगी कल्याण समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में गाडरवारा सहित साईंखेड़ा, सालीचौका एवं चीचली क्षेत्र के स्वास्थ्य संस्थानों में चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार और मरीजों को बेहतर सेवाएं उपलब्ध कराने के संबंध में कई महत्वपूर्ण निर्णय लिए गए। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि नागरिकों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने जनभागीदारी को बढ़ावा देने के लिए समाजसेवियों एवं दानदाताओं से अस्पताल में आवश्यक सुविधाओं के विकास हेतु सहयोग करने का आह्वान किया।
बैठक में अस्पताल में 24 घंटे निर्बाध विद्युत व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए प्रस्ताव तैयार करने, ओपीडी पंजीयन के लिए कंप्यूटरीकृत तीन काउंटर स्थापित करने, नए भवन में रैंप सहित मरीजों की सुविधा अनुरूप आवश्यक व्यवस्थाएं विकसित करने तथा रिक्त पदों पर आउटसोर्स के माध्यम से आवश्यक स्टाफ की नियुक्ति की स्वीकृति प्रदान की गई। इसके अलावा दो मॉर्चुरी बॉक्स उपलब्ध कराने एवं अस्पताल के मुख्य प्रवेश मार्ग के निर्माण का भी निर्णय लिया गया।
अस्पताल परिसर की शांति एवं सुरक्षा बनाए रखने के उद्देश्य से कोचर कॉलोनी मार्ग पर भारी वाहनों, डीजे वाहनों एवं अनावश्यक शोर-शराबे पर नियंत्रण के लिए बैरिकेडिंग लगाने तथा जुलूसों के आवागमन को प्रतिबंधित करने संबंधी प्रस्ताव भी पारित किया गया।
इस बैठक में नगर पालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, श्री मिनेन्द्र डागा, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश, रोगी कल्याण समिति के सदस्य श्रीमती बसंती पालीवाल, श्री शैलेंद्र जैन, श्री अरुण बड़कुर, श्री चंद्रकांत शर्मा, श्री राव संदीप सिंह, एसडीएम श्री मणिन्द्र सिंह, एसडीओपी श्री ललित डागुर, अस्पताल अधीक्षक डॉ. उपेंद्र वस्त्रकर, सभी बीएमओ एवं स्वास्थ्य विभाग का स्टाफ उपस्थित रहा।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह