नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गौ सेवक से किया सीधा संवाद : दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की प्रगति का किया निरीक्षण
Aditi News Team
Wed, Jul 15, 2026
कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने गौ सेवक से किया सीधा संवाद
दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान की प्रगति का किया निरीक्षण
जिले में पशुपालन को प्रोत्साहन देने एवं दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के उद्देश्य से संचालित दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान के तृतीय चरण के अंतर्गत कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह ने करेली क्षेत्र का दौरा कर अभियान की जमीनी प्रगति का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गौ सेवक श्री उदय ठाकुर के निवास पहुंचकर पशुपालन गतिविधियों का अवलोकन किया तथा उनसे सीधे संवाद कर अभियान के प्रभाव, पशुपालन की वर्तमान स्थिति और सामने आने वाली चुनौतियों की जानकारी ली। यहां गौवंशों को चारा एवं गुड़ भी खिलाया।
कलेक्टर श्रीमती सिंह ने कहा कि दुग्ध समृद्धि संपर्क अभियान ग्रामीण परिवारों की आय बढ़ाने, स्वरोजगार को प्रोत्साहित करने और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को सशक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। उन्होंने पशुपालकों से उन्नत नस्ल के पशुओं का पालन, वैज्ञानिक पद्धति से देखभाल, संतुलित आहार, स्वच्छता तथा नियमित स्वास्थ्य परीक्षण सुनिश्चित करने की अपील करते हुए आधुनिक पशुपालन तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया।
उन्होंने कहा कि प्रदेश शासन द्वारा 13 जुलाई से 21 जुलाई 2026 तक दुग्ध समृद्धि अभियान का तृतीय चरण संचालित किया जा रहा है। अभियान के अंतर्गत 3 से 4 गौवंशीय एवं भैंसवंशीय पशु रखने वाले पशुपालकों के घर-घर पहुंचकर संपर्क किया जा रहा है। इस दौरान उन्हें उन्नत नस्ल सुधार, वैज्ञानिक एवं संतुलित पशु आहार, पशु स्वास्थ्य प्रबंधन तथा दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के प्रभावी उपायों की जानकारी दी जा रही है। साथ ही हरे चारे के महत्व, साइलेज के उपयोग एवं उपलब्धता के संबंध में जागरूक किया जा रहा है।
विदित है कि अभियान के तहत पशुपालकों को उन्नत पशुपालन संबंधी शैक्षणिक वीडियो (रील) भी उपलब्ध कराए जा रहे हैं तथा वैज्ञानिक पशु पोषण को सरल बनाने के लिए शासन द्वारा विकसित “गोरस ऐप” डाउनलोड कराया जा रहा है। इसके साथ ही पशुपालकों के पास उपलब्ध गौवंश एवं भैंसवंशीय पशुओं का ऑनलाइन पंजीयन एवं विवरण अद्यतन करने का कार्य भी किया जा रहा है। पशुपालन का अमला घर-घर पहुंचकर जनसंपर्क, तकनीकी मार्गदर्शन एवं जागरूकता गतिविधियों से लोगों को अवगत करा रहा है, जिससे जिले में दुग्ध उत्पादन बढ़ाने के लक्ष्य को गति मिलेगी। निरीक्षण के दौरान उपसंचालक पशुपालन डॉ. सुनील कुमार बृजपुरिया, डॉ. नीतेश जैन, डॉ. श्रेया दुबे, डॉ. शैलेंद्र ठाकुर, एवीएफओ श्री दीपक कौरव सहित पशुपालन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
नरसिंहपुर कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह