मंत्री उदय प्रताप सिंह और नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने बांटे पुरस्कार : जबलपुर ने बालक एवं रीवा ने बालिका वर्ग मे जीती राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता
Aditi News Team
Fri, Oct 17, 2025
जबलपुर ने बालक एवं रीवा ने बालिका वर्ग मे जीती राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता
खेल हमें अपने जीवन को अनुशासित होकर जीने की प्रेरणा देता है
हारने पर निराश नहीं होना चाहिए, हार ही जीत की पहली सीढ़ी होती है
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह और राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता का समापन किया
गाडरवारा। बीते शुक्रवार को नगर के रूद्र कॉलेज मैदान पर 69 वी राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल प्रतियोगिता आयु वर्ग 19 बालक /बालिका का समापन हों गया। समापन के पूर्व गुरुवार की देर रात्रि दूधिया रौशनी मे खेले गये बालक वर्ग के फाइनल मैच मे जबलपुर संभाग ने रीवा को एवं बालिका वर्ग के फाइनल मैच मे रीवा संभाग ने जबलपुर संभाग को 2-0 से हराकर विजेता बनने का गौरव हासिल किया। प्रतियोगिता मे तृतीय स्थान बालक वर्ग इंदौर संभाग एवं बालिका वर्ग मे नर्मदापुरम को मिला।
विदित हों कि बालक वर्ग के सेमीफ़ाइनल मैचो मे जबलपुर ने इंदौर,रीवा ने भोपाल एवं बालिका वर्ग के सेमीफ़ाइनल मैचो मे रीवा ने ग्वालियर एवं जबलपुर संभाग ने नर्मदापुरम को हराया था।
इस अवसर पर प्रदेश शासन के स्कूल शिक्षा एवं परिवहन मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि खेल में अनुशासन होता है, हार- जीत होती है और खेल से ही हमें अपने जीवन को अनुशासित होकर जीने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने देश में खेलों को प्राथमिकता दी है, स्पेस प्रोग्राम बढ़ाएं हैं, सैनिक अभियान चलाए हैं, चिकित्सा सुविधा बढ़ाई है, शिक्षा व्यवस्था बेहतर किया है, अर्थ व्यवस्था में सुधार सहित विभिन्न क्षेत्रों में क्रांतिकारी परिवर्तन किए हैं। जिससे भारत देश विश्व में अपनी विशिष्ट पहचान बना रहा है। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह शुक्रवार को नरसिंहपुर जिले के गाडरवारा में आयोजित 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता 2025- 26 के समापन के अवसर पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। इस अवसर पर प्रदेश शासन के लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, श्री रामसनेही पाठक सहित विभागीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि, प्रतियोगिता में भाग लेने वाले खिलाड़ी और गणमान्य नागरिक मौजूद थे। मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने 69 वीं राज्य स्तरीय शालेय व्हालीबॉल क्रीड़ा प्रतियोगिता में विभिन्न संभागों के पहुंचे सभी खिलाड़ियों को बधाई व शुभकामनाएं दी। उन्होंने इस अवसर पर विजेता और उप विजेता टीम सहित उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले खिलाड़ियों को पुरस्कृत किया। मां सरस्वती जी के चित्र पर माल्यार्पण कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर मंत्री द्वय को एक पेड़ मां के नाम अभियान के तहत पौधा भेंट किया गया। आयोजित कार्यक्रम में स्कूली बच्चों ने सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए।
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि खेल में अनुशासन होता है, जो हमारे जीवन के लिए भी आवश्यक है। अनुशासित व्यक्ति ही खेल प्रतियोगिता, समाज सेवा, शासकीय सेवा सहित विभिन्न क्षेत्रों में आगे बढ़कर देश सेवा का काम करता है। उन्होंने कहा कि हम सभी को अपने माता- पिता व गुरूजनों से शिक्षा व मार्गदर्शन जरूर लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में शिक्षा के साथ- साथ हम खेल प्रतियोगिता के माध्यम से भी अपना बेहतर भविष्य बना सकते हैं। खेल को अपने जीवन का आधार बनाकर इससे अपनी पहचान, संपन्नता और धन कमा सकते हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में हम शिक्षा व विभिन्न खेलों के क्षेत्रों में आगे बढ़ रहे हैं। मंत्री श्री सिंह ने कहा कि आप लोग लगातार मेहनत करें और आगे बढ़ें। हारे हुए खिलाड़ी निराश न हो। हार ही जीत की पहली सीढ़ी होती है। उन्होंने सभी खिलाड़ियों को सच्चे मनोयोग व संकल्प के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित किया।
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि नरसिंहपुर जिले में गाडरवारा धार्मिंक आस्था का केन्द्र है। आचार्य ओशो रजनीश की प्रारंभिक शिक्षा गाडरवारा में हुई थी। आचार्य रजनीश ने आगे चलकर दार्शनिक और आध्यात्मिक शिक्षा का ज्ञान प्राप्त किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश से पहुंचे सभी खिलाड़ी आचार्य रजनीश जी की प्राथमिक शिक्षा प्राप्त विद्यालय का भ्रमण जरूर करें।
प्रदेश शासन के राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल ने कहा कि जिस व्यक्ति में जीत की ललक होगी वह व्यक्ति परिश्रम करता है और आगे बढ़ता है। उन्होंने कहा कि व्यक्ति का जन्म और मृत्यु पर वश नहीं है, किंतु जीवन हमारा कैसा रहेगा, इस पर हर व्यक्ति का वश है। जीवन हमें कैसा जीना है, यह हमारी सोच पर निर्भर है। गीता में लिखा है कि हम जैसा सोचते हैं, वैसा ही बन जाते हैं। अपने मन को एकाग्र कर लक्ष्य पर केन्द्रित करें। इससे सफलता जरूर मिलती है। राज्यमंत्री श्री पटेल ने आयोजित कार्यक्रम में भगवान श्री राम की वानर सेना के परिश्रम और रणनीति के बारे में भी बताया। उन्होंने कहा कि खेल में अनुशासन का होना जरूरी होता है। खेल हमेशा खेल भावना के साथ ही खेलना चाहिए। हार होने पर ज्यादा हताश नहीं होना चाहिए, क्योंकि आपका अगला प्रयास आपको जीत दिला सकता है। उन्होंने कहा कि हमारी सफलता पर माता- पिता, शिक्षक व कोच का महत्वपूर्ण योगदान होता है।
राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव एक साधारण परिवार से थे, जो अपने परिश्रम से आगे बढ़कर प्रदेश का नेतृत्व कर रहे हैं। प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने भी अपने बचपन के जीवन में गरीबी देखी है, लेकिन वे इससे विचलित नहीं हुए और परिश्रम कर आगे बढ़ते हुए आज देश का नेतृत्व कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी जी के संकल्प को पूरा करते हुए भारत देश वर्ष 2047 तक विकसित भारत जरूर बनेगा। राज्यमंत्री श्री पटेल ने कहा कि महान दार्शनिक आचार्य ओशो रजनीश की शिक्षा का केन्द्र गाडरवारा की इस धरती को मैं नमन करता हूं।
कलेक्टर श्रीमति रजनी सिंह ने कहा कि पढ़ाई के साथ विद्यार्थियो के लिए खेल भी जरुरी है।ज़ब आप लोग जीतते है, ट्राफी लेते है ऐसा देखकर बेहद अच्छा लगता है। कार्यक्रम मे जिला शिक्षा अधिकारी संदीप नेमा ने प्रतिवेदन का वाचन किया। सरस्वती पूजन से प्रारम्भ हुए कार्यक्रम मे मंचासीन अतिथियों का स्वागत अधिकारियो एवं कर्मचारियों ने किया। इस दौरान छात्र छात्राओं ने सरस्वती वंदना, नृत्य की शानदार प्रस्तुति दी। कार्यक्रम मे विजेता, उपविजेता, तृतीय स्थान प्राप्त टीमों को ट्राफी सहित उत्कृष्ट खिलाड़ियों मे सर्वश्रेष्ठ लिब्रो के लिए साहिल सोनी, आयुषी ठाकुर, सर्वश्रेष्ठ सेटर के लिए अभय यादव, सौम्या तोमर, अटेकर के लिए शानू विश्वकर्मा, अनमोल सिंह एवं ऑल राउंडर के लिए सूरज पासवान, मानवी यादव को स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। प्रतियोगिता के अंत मे मुख्य अतिथि द्वारा ध्वज अवरोहण कर समापन की घोषणा की गई। कार्यक्रम का मंच संचालन दीपक अग्निहोत्री, संजय चौबे, मनीष शंकर तिवारी एवं अंत मे आभार प्रदर्शन जिला क्रीड़ा अधिकारी अनुज जैन ने किया। इस अवसर पर पूर्व विधायक साधना स्थापक, नरेश पाठक एसपी ऋषिकेश मीणा, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण जबलपुर अरुण इंगले,एसडीएम कलावती ब्यारे, तहसीलदार प्रियंका नेताम, सहित पूर्व नपा अध्यक्ष ममता पांडे, मिनेन्द्र डागा, डॉ योगेश कौरव, धनंजय पटैल, अनूप जैन, घनश्याम राजपूत, भूपेंद्र ठाकुर, सुरेश श्रीवास्तव,धर्मपाल सिंह,राव संदीप सिंह, चंद्रकांत शर्मा, आनंद दुबे, शुभम राजपूत राजेश गुर्जर, सूरेश मामूलिया, नरेश कौरव, दिग्विजय राजपूत, अशोक भार्गव,सहायक संचालक सीमा डोंगरे, नीलम मरावी, बीआरसी डी के पटैल, संदीप स्थापक एवं गणमान्य नागरिक, पत्रकार, शिक्षक, छात्र छात्राएँ, टीमों के खिलाडी उपस्थित रहे।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
राज्य स्तरीय वालीबॉल प्रतियोगता