Wednesday 11th of November 2026

ब्रेकिंग

खेल केवल जीत-हार नहीं, अनुशासन, संयम और जीवन में सफलता का माध्यम- मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग

मंत्री श्री विश्वास सारंग एवं श्री उदय प्रताप सिंह ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

लगभग 2 किलोग्राम गांजा, कीमत लगभग ₹50,000, बरामद। • अवैध मादक पदार्थ गांजे के साथ एक आरोपी गिरफ्तार।

भव्य ऐतिहासिक कुण्डलगिरी बड़ेबाबा पर्वतराज परिक्रमा मुनिश्री ससंघ के साथ हजारों श्रद्धालु भक्तों द्वारा की गई

समृद्धि यज्ञ में किया 1000 विभिन्न वस्तुओं से लक्ष्मीजी का सहस्त्रार्चन

चीचली में 21.21 करोड़ रु.के विकास कार्यों की मिली सौगात : मंत्री श्री विश्वास सारंग एवं श्री उदय प्रताप सिंह ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

Aditi News Team

Wed, Nov 11, 2026

स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को संजोए हुए है चीचली की धरती – मंत्री श्री सारंग

कबड्डी स्टेडियम के लिए 75 लाख रुपये देने की मंत्री श्री सारंग ने की घोषणा

चीचली में 20 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा सांदीपनि विद्यालय- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह

पीतल उद्योग को नई पहचान दिलाने तैयार होगी विशेष कार्ययोजना- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह

चीचली में 21.21 करोड़ रुपये के विकास कार्यों की मिली सौगात

मंत्री श्री विश्वास सारंग एवं श्री उदय प्रताप सिंह ने किया विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन

नरसिंहपुर।प्रदेश शासन के सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग के मुख्य आतिथ्य तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह की अध्यक्षता में बुधवार को जिले के चीचली में विभिन्न विकास कार्यों के लोकार्पण एवं भूमिपूजन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर मंत्रीद्वय श्री सारंग एवं श्री सिंह तथा अन्य अतिथियों ने कुल 21 करोड़ 21 लाख 57 हजार रुपये के विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इनमें 16 करोड़ 60 लाख रुपये के कार्यों का लोकार्पण तथा 4 करोड़ 61 लाख 57 हजार रुपये के कार्यों का भूमिपूजन शामिल है।

मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग ने अपने संबोधन में कहा कि चीचली स्वतंत्रता संग्राम की गौरवशाली विरासत को संजोए हुए ऐतिहासिक क्षेत्र है। इस भूमि का देश की आजादी के आंदोलन में महत्वपूर्ण योगदान रहा है। उन्होंने शहीद मंशाराम जी, शहीद श्यामचंद पैगवार जी एवं शहीद गोरा बाई को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि इस मिट्टी के बलिदान और देशभक्ति की भावना को सदैव स्मरण किया जाना चाहिए।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित शासकीय आईटीआई भवन क्षेत्र के युवाओं के भविष्य को संवारने की दिशा में महत्वपूर्ण सौगात है। यहां युवाओं को तकनीकी शिक्षा, कौशल प्रशिक्षण और रोजगार के नए अवसर उपलब्ध होंगे। इससे स्थानीय युवाओं को अपने क्षेत्र में ही आगे बढ़ने के अवसर मिलेंगे।उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश विकास के नए मार्ग पर आगे बढ़ रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश में भी विकास और जनकल्याण के नए आयाम स्थापित हो रहे हैं। उन्होंने मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के नेतृत्व में मध्यप्रदेश की स्कूली शिक्षा व्यवस्था में हो रहे बदलावों का उल्लेख करते हुए कहा कि प्रदेश में सरकारी स्कूलों को आधुनिक सुविधाओं से युक्त बनाने की दिशा में काम किया जा रहा है। विद्यालयों के लिए बेहतर भवन, परिवहन सुविधा और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।

चीचली में खेल सुविधाओं के विस्तार का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि स्टेडियम का निर्माण क्षेत्र के युवाओं और खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि है। इससे स्थानीय खेल प्रतिभाओं को अपनी क्षमता प्रदर्शित करने का बेहतर मंच मिलेगा। इस अवसर पर उन्होंने कबड्डी स्टेडियम के निर्माण एवं विकास के लिए 75 लाख रुपये देने की घोषणा भी की।

मंत्री श्री सारंग ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने वर्ष 2047 तक विकसित भारत के निर्माण का संकल्प रखा है। हमें ऐसा भारत बनाना है, जो शक्तिशाली, आत्मनिर्भर और लोकतांत्रिक हो तथा विश्व में अग्रणी भूमिका निभाए। उन्होंने नागरिकों से क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में सहभागी बनने का आह्वान किया।

मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित आईटीआई भवन चीचली एवं आसपास के क्षेत्र के युवाओं के लिए महत्वपूर्ण सौगात है। इस परिसर में शैक्षणिक भवन के साथ छात्र-छात्राओं के लिए अलग-अलग छात्रावास तथा स्टाफ के लिए आवासीय सुविधाएं विकसित की गई हैं। उन्होंने कहा कि आईटीआई को एनटीपीसी से जोड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं, ताकि यहां प्रशिक्षण प्राप्त करने वाले युवाओं को एनटीपीसी में इंटर्नशिप एवं व्यावहारिक प्रशिक्षण के अवसर मिल सकें।

मंत्री श्री सिंह ने एनटीपीसी की स्थापना के लिए किए गए प्रयासों को याद करते हुए कहा कि वर्ष 2011-12 में इस परियोजना को लेकर क्षेत्र में आंदोलन एवं जल सत्याग्रह हुए थे। उस समय उनका प्रयास था कि एनटीपीसी की स्थापना से केवल गाडरवारा ही नहीं, बल्कि पूरे जिले और प्रदेश को लाभ मिले। अनेक लोगों के सामूहिक प्रयासों से यह परियोजना साकार हुई और आज क्षेत्र में विकास एवं रोजगार की नई संभावनाएं विकसित हुई हैं। उन्होंने बताया कि क्षेत्र में खेल सुविधाओं के विस्तार के लिए भी निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। यहां निर्मित स्टेडियम का नामकरण पूर्व सांसद श्री कैलाश सोनी के नाम पर किया गया है। इससे क्षेत्र के खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध होंगी।

मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा प्रदेश में 200 सांदीपनि विद्यालयों की घोषणा की गई है। इन विद्यालयों के माध्यम से विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण एवं उत्कृष्ट शिक्षा उपलब्ध कराने का प्रयास किया जा रहा है। इससे ग्रामीण एवं छोटे शहरों के विद्यार्थियों को भी बेहतर शैक्षणिक सुविधाएं मिल सकेंगी। इसी क्रम में चीचली में लगभग 20 करोड़ रुपये की लागत से सांदीपनि विद्यालय का निर्माण किया जाएगा।

मंत्री श्री सिंह ने क्षेत्र के पारंपरिक पीतल उद्योग के विकास पर जोर देते हुए कहा कि चीचली की पीतल उत्पाद निर्माण में महत्वपूर्ण पहचान रही है। इस उद्योग से जुड़े 28 लोगों को प्रशिक्षण के लिए मुरादाबाद भेजा गया था। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव से भी इस संबंध में चर्चा की गई है। क्षेत्र के पीतल उद्योग को नई पहचान दिलाने, कारीगरों के कौशल विकास तथा रोजगार के बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से संबंधित विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक कर विशेष कार्ययोजना तैयार की जाएगी।

सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि इस क्षेत्र के युवाओं के सपने अब साकार होने की दिशा में आगे बढ़ रहे हैं। एक समय क्षेत्र में रोजगार के सीमित अवसर थे, लेकिन एनटीपीसी की स्थापना एवं औद्योगिक विकास से युवाओं के लिए रोजगार के नए रास्ते खुल रहे हैं। उन्होंने कहा कि मध्यप्रदेश सरकार युवाओं के कौशल विकास और रोजगार के अवसर बढ़ाने के लिए निरंतर प्रयासरत है। केंद्र सरकार भी आईटीआई संस्थानों के आधुनिकीकरण एवं कौशल विकास के माध्यम से युवाओं को रोजगार से जोड़ने के लिए महत्वपूर्ण पहल कर रही है।

कार्यक्रम में पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, नगर पालिका गाडरवारा के अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, नगर परिषद साईंखेड़ा की अध्यक्ष श्रीमती स्वाति अग्रवाल, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव, डॉ. हरगोविंद पटेल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीना, श्री अशोक मार्सकोले, ठाकुर राजीव सिंह, श्री मुकेश मरैया सहित अन्य जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी एवं बड़ी संख्या में गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।

इन विकास कार्यों का हुआ लोकार्पण एवं भूमिपूजन

कार्यक्रम में मंत्रीद्वय श्री सारंग एवं श्री सिंह तथा अन्य अतिथियों ने नगर परिषद चीचली के अंतर्गत वार्ड क्रमांक 5 में 14 करोड़ रुपये की लागत से नवनिर्मित शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) भवन का लोकार्पण किया। इसके अलावा मुख्यमंत्री अधोसंरचना शहरी विकास योजना के चतुर्थ चरण के अंतर्गत 2 करोड़ रुपये की लागत से पप्पू बड़ारया के धर्मकांटे से बबलू कहार तक सीसी रोड, नाली एवं डिवाइडर निर्माण कार्य तथा 60 लाख रुपये की लागत से खेल मैदान निर्माण कार्य का लोकार्पण किया गया।

इसी तरह नगर परिषद चीचली में 3.96 करोड़ रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 1 में सीवरेज ट्रीटमेंट प्लांट, 18.56 लाख रुपये की लागत से वार्ड क्रमांक 2 में विनीत नामदेव के घर से ज्ञानी बड़ारया होते हुए मुरारी ठेकेदार तक सीसी रोड निर्माण तथा 16.89 लाख रुपये की लागत से नलकूप से श्रीकांत ताम्रकार के घर तक सड़क मरम्मत कार्य का भूमिपूजन किया गया।

इसके अतिरिक्त वार्ड क्रमांक 6 में 15.22 लाख रुपये की लागत से सोवरन साहू के घर से गणेश मंदिर तक सीसी रोड निर्माण तथा वार्ड क्रमांक 15 में 14.90 लाख रुपये की लागत से श्मशान घाट का सौंदर्यीकरण, बाउंड्रीवॉल एवं हैंडपंप खनन कार्य का भूमिपूजन किया गया।

आधुनिक सुविधाओं से युक्त आईटीआई परिसर का हुआ लोकार्पण

बाबई-चीचली में तकनीकी शिक्षा, कौशल विकास एवं रोजगार विभाग के अंतर्गत लगभग 14 करोड़ रुपये की लागत से शासकीय औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान (आईटीआई) के नवीन भवन का निर्माण पूर्ण किया गया है। कुल 5163.90 वर्गमीटर क्षेत्रफल में विकसित इस परिसर में 6 ट्रेड के लिए आईटीआई कॉलेज भवन बनाया गया है।

परिसर में विद्यार्थियों की आवासीय सुविधा के लिए 60-60 सीटर बालक एवं बालिका छात्रावास का निर्माण किया गया है। इसके साथ ही एक ई-टाइप, दो एच-टाइप एवं चार आई-टाइप आवासगृह भी बनाए गए हैं। परिसर में आवागमन के लिए 320 मीटर लंबी आंतरिक सीसी रोड तथा 710 मीटर लंबी बाउंड्रीवॉल का निर्माण किया गया है। संस्थान में आंतरिक एवं बाह्य विद्युतीकरण के साथ निर्बाध विद्युत आपूर्ति के लिए 100 केवीए का ट्रांसफार्मर एवं 63 केवीए का डीजी सेट स्थापित किया गया है।

Tags :

अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)

नर्मदापुरम नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी

परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री राव उदय प्रताप सिंह

सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग

जरूरी खबरें