70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का शुभारंभ : खेल केवल जीत-हार नहीं, अनुशासन, संयम और जीवन में सफलता का माध्यम- मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग
Aditi News Team
Wed, Nov 11, 2026
खेल केवल जीत-हार नहीं, अनुशासन, संयम और जीवन में सफलता का माध्यम- मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग
क्रिकेट सहित सभी खेलों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध मध्यप्रदेश सरकार- मंत्री श्री सारंग
अनुशासन, समर्पण और परिश्रम से देश का नाम रोशन करेंगे युवा खिलाड़ी- मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह
गाडरवारा के लिए राष्ट्रीय प्रतियोगिता की मेजबानी गौरव का अवसर- मंत्री श्री सिंह
70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता का भव्य शुभारंभ
देशभर से पहुंचे खिलाड़ियों ने किया मार्चपास्ट
स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ध्वजारोहण के साथ शुरू हुई प्रतियोगिता
गाडरवारा।प्रदेश शासन के खेल एवं युवा कल्याण मंत्री विश्वास कैलाश सारंग तथा परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह एवं नर्मदापुरम सांसद दर्शन सिंह चौधरी की मौजूदगी में रूद्र मैदान गाडरवारा में 11 से 17 नवंबर तक आयोजित होने वाली 70वीं राष्ट्रीय शालेय क्रिकेट प्रतियोगिता अंडर-19 बालक वर्ग का भव्य शुभारंभ बुधवार को हुआ। इस अवसर पर देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों ने आकर्षक मार्चपास्ट किया। इसके पश्चात स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया के ध्वजारोहण के साथ प्रतियोगिता का शुभारंभ हुआ।
मंत्री श्री सारंग ने कहा गाडरवारा के इस खेल मैदान पर दूसरी बार आने का अवसर मिला है और दोनों ही बार यहां खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन हुआ है। उन्होंने कहा कि स्कूल शिक्षा मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह के प्रयासों से मध्यप्रदेश में स्कूली स्तर पर खेल प्रतियोगिताओं को बढ़ावा मिल रहा है।मंत्री श्री सारंग ने कहा कि किसी भी व्यक्ति के जीवन में खेल का अत्यंत महत्वपूर्ण स्थान है। खेल व्यक्ति को अनुशासन, संयम, समर्पण और संघर्ष करना सिखाते हैं। खेलों के माध्यम से व्यक्ति केवल खेल के मैदान में ही नहीं, बल्कि जीवन के मैदान में भी सफलता प्राप्त कर सकता है। उन्होंने खेल भावना का महत्व बताते हुए कहा कि क्रिकेट में गेंदबाज और बल्लेबाज मैदान पर एक-दूसरे के प्रतिद्वंद्वी होते हैं, लेकिन खेल समाप्त होने के बाद वही खिलाड़ी आपस में मित्रवत व्यवहार करते हैं। यही वास्तविक खेल भावना है। यह भावना केवल खेल के मैदान तक सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि जीवन में भी इसे अपनाना आवश्यक है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी का संदेश है कि खेलोगे तो खिलोगे और देश को फिट बनाना है तो नागरिकों का फिट होना आवश्यक है। इसके लिए युवाओं को खेलों से जोड़ना और उन्हें बेहतर अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।
मंत्री श्री सारंग ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में मध्यप्रदेश सरकार खेलों, खिलाड़ियों और खेल अधोसंरचना के विकास के लिए निरंतर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि तीन वर्ष पहले राष्ट्रीय स्तर पर खेलों में मध्यप्रदेश की स्थिति 16वें-17वें स्थान के आसपास थी, लेकिन पिछले दो वर्षों से प्रदेश देश में तीसरे स्थान पर पहुंचा है। यह खेलों के विकास और खिलाड़ियों को मिल रही सुविधाओं का परिणाम है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की प्रत्येक विधानसभा में खेल परिसर विकसित करने की योजना पर कार्य किया जा रहा है, ताकि आने वाले समय में मध्यप्रदेश खेल अधोसंरचना के मामले में देश का अग्रणी राज्य बन सके। उन्होंने बताया कि पहली बार मध्यप्रदेश में एशियन महिला हॉकी चैंपियनशिप का आयोजन भी किया जाएगा। उन्होंने बताया कि प्रदेश में लगभग 11 आवासीय खेल अकादमियां संचालित हैं, जिनमें 18 खेलों के खिलाड़ियों को प्रशिक्षण दिया जा रहा है। इन अकादमियों का पूरा खर्च राज्य सरकार वहन करती है।
क्रिकेट के संबंध में मंत्री श्री सारंग ने कहा कि सामान्यतः खेल विभागों में क्रिकेट को अपेक्षित स्थान नहीं मिल पाता, लेकिन क्रिकेट की लोकप्रियता को देखते हुए प्रदेश सरकार ने इसे भी खेल गतिविधियों में शामिल करने की पहल की है। पिछले एमपी खेलो यूथ गेम्स में क्रिकेट को शामिल किया गया था। राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता के आयोजन पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए उन्होंने देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों का मध्यप्रदेश की धरती पर स्वागत किया। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह अपने क्षेत्र में इस प्रतियोगिता को सफल बनाने के लिए विशेष प्रयास कर रहे हैं। उपलब्ध संसाधनों के अतिरिक्त व्यवस्थाओं का विस्तार कर प्रतियोगिता को बेहतर स्तर पर आयोजित किया जा रहा है।मंत्री श्री सारंग ने खिलाड़ियों को प्रोत्साहित करते हुए कहा कि वे पूरे उत्साह, अनुशासन और खेल भावना के साथ प्रतियोगिता में भाग लें तथा अपने प्रदेश, देश, माता-पिता और गुरुजनों का नाम रोशन करें।
मंत्री श्री उदय प्रताप सिंह ने कहा कि स्थानीय जनप्रतिनिधि होने के नाते यह हमारी जिम्मेदारी है कि राष्ट्रीय अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता में देशभर से आए खिलाड़ियों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएं। यहां खिलाड़ियों के लिए गुणवत्तापूर्ण भोजन, अच्छी आवास व्यवस्था और सुरक्षित वातावरण सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे आनंदपूर्वक प्रतियोगिता में भाग ले सकें और 17 नवंबर तक यह आयोजन निर्विघ्न एवं सफलतापूर्वक संपन्न हो। उन्होंने कहा कि प्रतियोगिता के सफल आयोजन में प्रशासनिक अधिकारियों, कर्मचारियों, विभिन्न विभागों, नगर पालिका परिषद, सामाजिक संस्थाओं और स्थानीय नागरिकों की महत्वपूर्ण भूमिका है। सभी मिलकर यह सुनिश्चित करें कि खिलाड़ियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि मंत्री श्री सारंग ने जिस भी विभाग की जिम्मेदारी संभाली है, वहां पूरी प्रतिबद्धता और समर्पण के साथ कार्य किया है।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में प्रदेश में खेलों के क्षेत्र में व्यापक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। आज प्रदेश के खिलाड़ियों की राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भागीदारी बढ़ रही है। पहले खेलों के क्षेत्र में हरियाणा, पंजाब और महाराष्ट्र जैसे राज्य आगे माने जाते थे, लेकिन अब मध्यप्रदेश भी अपनी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने और उन्हें बेहतर अवसर देने की दिशा में तेजी से काम कर रहा है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का संदेश है कि खेलो इंडिया- जीतो इंडिया। जीवन में परिश्रम के बिना परिणाम प्राप्त नहीं किया जा सकता। समर्पण और अनुशासन सफलता के लिए सबसे आवश्यक गुण हैं। राष्ट्रीय प्रतियोगिता में शामिल सभी खिलाड़ी अपने-अपने राज्यों के प्रतिभाशाली खिलाड़ी हैं। देशभर के करोड़ों विद्यार्थियों में से चयनित होकर यहां पहुंचे इन खिलाड़ियों ने अपनी मेहनत और प्रतिभा से यह स्थान हासिल किया है।
मंत्री श्री सिंह ने विश्वास व्यक्त किया कि इन्हीं खिलाड़ियों में से कोई भविष्य में सचिन तेंदुलकर, महेंद्र सिंह धोनी और वीरेंद्र सहवाग जैसे महान क्रिकेटरों की तरह देश का नाम रोशन करेगा। उन्होंने मध्यप्रदेश की महिला क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ का उदाहरण देते हुए कहा कि प्रदेश की बेटियां भी खेलों में नई उपलब्धियां हासिल कर रही हैं।
मंत्री श्री सिंह ने कहा कि गाडरवारा के लिए यह गौरव का विषय है कि राष्ट्रीय स्तर की अंडर-19 क्रिकेट प्रतियोगिता की मेजबानी का अवसर मिला है। इस आयोजन में भाषाई और सांस्कृतिक विविधता भी एक चुनौती है, क्योंकि देश के अलग-अलग राज्यों से आए खिलाड़ियों की भाषाएं और रहन-सहन अलग-अलग हैं। उन्होंने कहा कि भारत की विविधता ही उसकी विशेषता है और स्थानीय नागरिकों एवं आयोजन से जुड़े सभी लोगों को खिलाड़ियों की भाषा, संस्कृति और आवश्यकताओं का सम्मान करते हुए उनका सहयोग करना चाहिए। उन्होंने बताया कि पिछले दो वर्षों में आयोजित प्रतियोगिताओं में स्थानीय नागरिकों और प्रशासन ने सराहनीय भूमिका निभाई है। इस बार भी सभी से अपेक्षा है कि वे पूरी जिम्मेदारी के साथ खिलाड़ियों, उनके प्रशिक्षकों और सहयोगी स्टाफ की सुविधाओं का ध्यान रखें। मीडिया की भूमिका की सराहना करते हुए उन्होंने कहा कि पत्रकारों की सकारात्मक खबरें खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करती हैं। राष्ट्रीय स्तर पर प्रतियोगिता की जानकारी अन्य राज्यों तक पहुंचाने में मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है। उन्होंने पत्रकारों से भी आग्रह किया कि वे खिलाड़ियों के प्रदर्शन, उपलब्धियों और प्रतियोगिता की गतिविधियों को सकारात्मक रूप से सामने लाएं।
सांसद श्री दर्शन सिंह चौधरी ने कहा कि गाडरवारा की इस पावन धरा पर देश के विभिन्न राज्यों से टीमें आई है। उन्होंने भारतीय क्रिकेट की उपलब्धियों का उल्लेख करते हुए कहा कि अंडर-19 क्रिकेट में भारतीय युवाओं ने अंतरराष्ट्रीय स्तर पर शानदार प्रदर्शन किया है। उन्होंने महिला क्रिकेट टीम की खिलाड़ियों की सफलता का उल्लेख करते हुए विशेष रूप से क्षेत्र की बेटी सुनीता सराथे एवं क्रिकेट खिलाड़ी क्रांति गौड़ की उपलब्धियों की सराहना की। उन्होंने कहा कि वर्ष 2028 में लॉस एंजिल्स में होने वाले ओलंपिक खेलों में क्रिकेट को शामिल किया गया है। वहीं वर्ष 2030 के कॉमनवेल्थ गेम्स में भी क्रिकेट को स्थान मिला है। यह भारतीय क्रिकेट और देश के युवा खिलाड़ियों के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि आज प्रतियोगिता में भाग ले रहे खिलाड़ी भविष्य में अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भारत का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों के विकास और खिलाड़ियों को प्रोत्साहन देने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। केंद्र सरकार द्वारा खेलों के बजट में वृद्धि कर इसे अब तक के सर्वोच्च स्तर पर पहुंचाया गया है। मध्यप्रदेश में भी मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के नेतृत्व में खेल सुविधाओं के विस्तार और खिलाड़ियों को बेहतर अवसर उपलब्ध कराने के लिए महत्वपूर्ण कार्य किए जा रहे हैं।
अतिथियों द्वारा स्कूल गेम्स फेडरेशन ऑफ इंडिया का ध्वजारोहण कर प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ किया गया। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ियों के दलों ने काबरा मेमोरियल स्कूल के बैंड दल की अगुवाई में आकर्षक मार्चपास्ट किया। इस दौरान खिलाड़ियों ने अनुशासन और खेल भावना का परिचय दिया। इसके पश्चात क्रेयॉन स्कूल एवं काबरा मेमोरियल स्कूल के विद्यार्थियों द्वारा रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों की शानदार प्रस्तुतियां दी गईं। कार्यक्रम में जिला शिक्षा अधिकारी डॉ. अनिल कुशवाहा ने प्रतिवेदन प्रस्तुत करते हुए प्रतियोगिता के आयोजन एवं व्यवस्थाओं से संबंधित जानकारी दी। देवांश तिवारी ने उपस्थित खिलाड़ियों को खेल भावना एवं अनुशासन बनाए रखने की शपथ दिलाई। मंत्री श्री विश्वास सारंग ने प्रतियोगिता के शुभारंभ की औपचारिक घोषणा की। कार्यक्रम के अंत में राज्य महिला आयोग की सदस्य श्रीमती साधना स्थापक ने आभार प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम में जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीमती ज्योति काकोड़िया, पूर्व विधायक श्री नरेश पाठक, नगरपालिका अध्यक्ष श्री शिवाकांत मिश्रा, नगर परिषद साईंखेड़ा अध्यक्ष श्रीमती स्वाति अग्रवाल, कलेक्टर श्रीमती रजनी सिंह, पुलिस अधीक्षक डॉ. ऋषिकेश मीणा, राजेंद्र साहू, ममता पांडे, जिला पंचायत सदस्य डॉ. योगेश कौरव एवं ऋचा स्थापक, मुकेश मरैया, डॉ. हरगोविंद पटेल, ठाकुर राजीव सिंह, नंदकिशोर ठाकुर, प्रियंक जैन, राव संदीप सिंह एवं चंद्रकांत शर्मा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, संयुक्त संचालक लोक शिक्षण घनश्याम सोनी, एसडीएम प्रगति वर्मा, बीईओ सीमा डोंगरे, वीरेंद्र राजपूत, बीआरसी डीके पटेल, संदीप स्थापक सहित शिक्षा विभाग, गणमान्य नागरिक, पत्रकार, अधिकारी-कर्मचारी एवं विभिन्न राज्यों से आए खिलाड़ी,कोच उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन श्री दीपक अग्निहोत्री एवं श्री मनीष शंकर तिवारी ने किया।
Tags :
अदिति न्यूज,(सतीश लमानिया)
परिवहन एवं स्कूल शिक्षा मंत्री उदय प्रताप सिंह
नर्मदापुरम नरसिंहपुर सांसद दर्शन सिंह चौधरी
खेल एवं युवा कल्याण मंत्री श्री विश्वास कैलाश सारंग